ओमान के सलालाह पोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला, आग की लपटों में घिरा पोर्ट

By Alok Ranjan

Published On:

Date:

iran-drone-attack-salalah-port-oman-energy-crisis

  • ईरान ने ओमान के पोर्ट पर हमला किया
  • ऑयल स्टोरेज टैंकर्स में जबरदस्त आग लगी
  • ओमान लड़ाई में तटस्थ है फिर भी हमला हुआ
  • ओमान के सुल्तान ने ईरानी प्रेसीडेंट से बात की

ओमान के बड़े पोर्ट पर ईरानी हमला

ओमान के सलालाह पोर्ट पर हुए ड्रोन हमले ने पूरे खाड़ी क्षेत्र को हिला दिया है। ब्रिटिश सुरक्षा फर्म Ambrey ने पुष्टि की है कि ईंधन भंडारण टैंकों को निशाना बनाकर हमला किया गया, जिसके बाद भारी धुआं और आग की लपटें आसमान में उठती देखी गईं। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, जबकि ओमानी एयर डिफेंस ने कई ड्रोन को गिराने का दावा किया। इसके बावजूद कुछ टैंक सीधे हमले की चपेट में आए और पोर्ट का संचालन अस्थायी रूप से बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी की जान नहीं गयी है और ना ही किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि ही हुई है। आग और धुएं के कारण पोर्ट के आसपास के इलाकों में अस्थायी रूप से सुरक्षा खतरा पैदा हो गया। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

हमले का तरीका और नुकसान

इस हमले में ईरानी ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जो आधुनिक तकनीक से लैस थे और सीधे ईंधन भंडारण टैंकों को निशाना बनाने में सफल रहे। ओमान के एयर डिफेंस ने इस ड्रोन स्ट्राइक को न्यूट्रलाइज करने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसमें पूरी तरह कामयाबी नहीं मिली। कुछ ड्रोन एयर डिफेंस से बच कर निकल गए और वहां पर मौजूद ऑयल स्टोरेज टैंक्स पर जा गिरे। देखते ही देखते आग का गुबार सैकड़ों फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया। आग लगने के कारण पोर्ट के दक्षिणी हिस्से का संचालन रोकना पड़ा। हालांकि किसी व्यापारी जहाज़ को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन तेल भंडारण क्षमता पर गंभीर असर पड़ा है।

तटस्थ ओमान पर ईरान का हमला क्यों ?

ईरान ने यह हमला अमेरिकी और इज़रायली सैन्य कार्रवाइयों के जवाब में किया है। पिछले कुछ महीनों से ईरान खाड़ी क्षेत्र के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर्स को निशाना बना रहा है ताकि वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव बनाया जा सके। सलालाह पोर्ट, जो ओमान का सबसे बड़ा और रणनीतिक तेल भंडारण केंद्र है, पर हमला होना इस बात का संकेत है कि ईरान अब उन स्थानों को चुन रहा है जिनका वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में अहम योगदान है। ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने ईरानी राष्ट्रपति से बातचीत कर इस हमले की निंदा की और अपनी तटस्थ नीति को दोहराया। ओमान हमेशा से क्षेत्रीय संघर्षों में मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है, लेकिन इस हमले ने उसकी सुरक्षा नीति पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

वैश्विक असर और तेल बाज़ार पर दबाव

इस हमले का सबसे बड़ा असर वैश्विक तेल बाज़ार पर पड़ने वाला है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसे हमले जारी रहे तो तेल की कीमतें $200 प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। यह स्थिति न केवल खाड़ी क्षेत्र बल्कि पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा सकती है।
स्ट्रेट ऑफ़ हॉरमूज़ और खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उठे हैं, क्योंकि यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की धुरी है। यदि इस तरह के हमले जारी रहे तो जहाज़रानी कंपनियां और ऊर्जा आयातक देशों को वैकल्पिक मार्गों की तलाश करनी पड़ेगी, जिससे लागत और जोखिम दोनों बढ़ेंगे।

जियो पॉलिटिकल एनालिसिस

सलालाह पोर्ट पर हुआ यह हमला खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते जियो पॉलिटिकल तनाव और ऊर्जा सुरक्षा संकट की ओर इशारा करता है। ईरान की रणनीति साफ़ है—वह अमेरिकी और इज़रायली दबाव का जवाब एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर्स को निशाना बनाकर देना चाहता है। इससे न केवल क्षेत्रीय देशों की सुरक्षा प्रभावित होगी बल्कि वैश्विक शक्तियों को भी अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना पड़ेगा। ओमान जैसे तटस्थ देश पर हमला होना यह दर्शाता है कि संघर्ष अब केवल सीधे विरोधी देशों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। इससे खाड़ी देशों के बीच सहयोग और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ेगा। कुल मिलाकर, सलालाह पोर्ट पर हुआ यह हमला खाड़ी क्षेत्र की ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि ओमान और अन्य खाड़ी देश अपने इंफ्रास्ट्रक्चर्स की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं और वैश्विक शक्तियां इस संकट को कैसे संभालती हैं। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर्स पर हमला केवल क्षेत्रीय संघर्ष नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की स्थिरता और आर्थिक संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

2 thoughts on “ओमान के सलालाह पोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमला, आग की लपटों में घिरा पोर्ट”

Leave a Comment