अमेरिका की एक संघीय अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक आसिफ रजा मर्चेंट (Asif Raza Merchant) को शीर्ष अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश रचने के मामले में 27 साल , छह महीने(330 महीने) की जेल की सजा सुनाई है। 17 नवंबर 2026 को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन की अदालत में डिस्ट्रिक्ट जज एरिक कोमिटी ने सजा सुनाते समय इस अपराध को बेहद गंभीर बताया। साल 2024 की साजिश के तहत निशाने पर मुख्य रूप से तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और तब पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थे।
48 साल का आसिफ रजा मर्चेंट ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का प्रशिक्षित एजेंट था। मार्च 2026 में एक संघीय जूरी ने उसे राष्ट्रीय सीमाओं से परे आतंकवादी कृत्य को अंजाम देने की कोशिश और पैसे देकर हत्या कराने का साजिश के मामले में दोषी ठहराया था।
अभियोजकों ने इस मामले में आजीवन कारावास की मांग की थी। आतंकी करतूत के दोषी आसिफ मर्चेंट ने सुनवाई के दौरान अदालत में कुछ नहीं कहा। उनके वकील अब्राहम मोस्कोविट्ज़ ने अदालत के बाहर बताया कि फैसले के खिलाफ अपील करने की तैयारी कर रहे हैं।
जज ने किसी अमेरिकी राष्ट्रपति या वरिष्ठ अधिकारी की टारगेटेड हत्या के प्लान को बेहद गंभीर माना। सजा तय करते समय उन्होंने विदेशी ताकत की भूमिका को भी ध्यान में रखा।
क्या थी पूरी साजिश, कब और क्यों रची गई थी?
पाकिस्तानी नागरिक आसिफ रजा मर्चेंट ने 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान एक अमेरिकी राजनेता या वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की हत्या कराने की साजिश रची थी। वह अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा और वहां इस योजना को अंजाम देने के लिए लोगों की तलाश शुरू की। इस समय राष्ट्रपति जो बाइडेन थे।
अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने उसे अपने शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने के लिए भेजा था। सुलेमानी जनवरी 2020 में बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए थे। उस हमले का आदेश तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया था।
- कौन था निशाने पर? अमेरिकी न्याय विभाग ने डोनाल्ड ट्रंप को आसिफ मर्चेंट की साजिश के निशाने पर बताया। मर्चेंट ने अदालत में गवाही दी कि उसके ईरानी संपर्क ने ट्रंप, तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली के नाम लिए थे।
- साजिश 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रची गई थी। ट्रंप उस समय पूर्व राष्ट्रपति थे और दोबारा चुनाव लड़ रहे थे। जो बाइडन तब राष्ट्रपति थे। निक्की हेली रिपब्लिकन पार्टी की राष्ट्रपति उम्मीदवारी की दौड़ में ट्रंप की प्रतिद्वंद्वी भी रह चुकी थीं।
- योजना में और क्या शामिल था? जांच के मुताबिक, मर्चेंट अमेरिका में लोगों को पैसे देकर तीन तरह के काम कराना चाहता था। इनमें दस्तावेज चुराना, राजनीतिक रैलियों में विरोध प्रदर्शन कराना और किसी अमेरिकी राजनेता या सरकारी अधिकारी की हत्या कराना शामिल था।
- मर्चेंट ने अपनी गवाही में भी सुलेमानी की मौत का बदला लेने को साजिश की वजह बताया था।
- उसके सोशल मीडिया खातों से सुलेमानी की तारीफ और अमेरिका विरोधी पोस्ट भी मिलीं, जिन्हें अभियोजन ने अदालत में पेश किया।
- हालांकि ईरान ने ट्रंप या अन्य वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने से इनकार किया।
साजिश का खुलासा कैसे हुआ?
मर्चेंट ने अमेरिका पहुंचने के बाद एक ऐसे परिचित शख्स से संपर्क किया, जिससे उसे साजिश में मदद मिलने की उम्मीद थी। उसी शख्स ने अमेरिकी जांच एजेंसियों को मर्चेंट की गतिविधियों की जानकारी दी और जांच में उनका गोपनीय सूत्र बन गया। इसके बाद FBI ने अपने अंडरकवर एजेंटों को भाड़े के हत्यारों के रूप में मर्चेंट के सामने पेश किया।
- जून 2024 में मर्चेंट ने न्यूयॉर्क में उन लोगों से मुलाकात की, जिन्हें वह भाड़े का हत्यारा समझ रहा था (जबकि वह वास्तव में एफबीआइ के अंडरकवर एजेंट थे)। उसने उनसे एक अमेरिकी राजनेता की हत्या कराने की बात की और बाद में 5,000 डॉलर बतौर अग्रिम भुगतान दिए।
- मर्चेंट को 12 जुलाई 2024 को टेक्सास प्रांत के रिचमंड में गिरफ्तार किया। तब वह अमेरिका से रवाना होने वाला था। इसी के अगले दिन पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर गोली चली। हालांकि बटलर की गोलीबारी में मर्चेंट की भूमिका इस मुकदमे में स्थापित नहीं हुई।
- मुकदमे के दौरान अभियोजन पक्ष ने उसके फोन, लैपटॉप और सोशल मीडिया खातों से मिले सबूत भी पेश किए। इनमें चुनावी रैलियों से जुड़ी उसकी ऑनलाइन खोजें और न्यू जर्सी में ट्रंप की एक रैली की जगह ढूंढने का रिकॉर्ड शामिल था।
कौन है आसिफ मर्चेंट, IRGC के संपर्क में कैसे आया?
पाकिस्तान के कराची के आसिफ मर्चेंट ने अपने देश में करीब दो दशक तक बैंकिंग क्षेत्र में काम किया। बाद में वह कपड़ों के कारोबार, गाड़ियों की बिक्री, केले के निर्यात और इंसुलेशन सामग्री के इंपोर्ट से जुड़ा और कारोबारी के तौर पर पहचाना जाने लगा।
आसिफ मर्चेंट की एक पत्नी और उनके बच्चे पाकिस्तान में रहते हैं। उसकी दूसरी पत्नी और उनका एक बच्चा ईरान में रहते हैं। मर्चेंट का ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से संपर्क 2022 में एक रिश्तेदार के जरिए हुआ।
मर्चेंट ने अदालत में बताया कि वह धार्मिक यात्राओं के लिए ईरान जाता था। इसी दौरान एक रिश्तेदार ने उसे यूसुफ मेहरदाद से मिलवाया, जो आगे चलकर उसका IRGC हैंडलर बना।
- 2023 से करीब डेढ़ साल के दौरान मर्चेंट ने तेहरान में मेहरदाद से लगभग 15 बार मुलाकात की।
- इन मुलाकातों के दौरान मेहरदाद ने उसे खुफिया काम का प्रशिक्षण दिया।
- मेहरदाद ने उसे अमेरिका जाकर वहां के नेताओं और सरकारी अधिकारियों की हत्या की व्यवस्था करने का जिम्मा सौंपा।
- मर्चेंट इस काम के लिए अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था।
मर्चेंट ने अदालत में अपने बचाव में क्या कहा था ?
मर्चेंट ने अदालत में IRGC में अपनी भर्ती की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने दावा किया कि बाद में उसने आदेश इसलिए माना क्योंकि उसे ईरान में रह रहे अपनी पत्नी और बच्चे की सुरक्षा का डर था।
उसका दावा था कि आदेश ठुकराने पर वहां रह रहे उसकी पत्नी और बच्चे को नुकसान पहुंचाया जा सकता था। जज ने परिवार की चिंता को संभव माना, लेकिन कहा कि सबूतों से मर्चेंट की अपनी मंशा भी दिखती है।
- बचाव पक्ष ने कहा कि मर्चेंट को बेहद सीमित संसाधन दिए गए थे और योजना के सफल होने की संभावना कम थी।
- अभियोजन ने रिकॉर्ड की गई बातचीत और मर्चेंट के अपने बयानों का हवाला देकर कहा कि वह योजना को आगे बढ़ाने में सक्रिय था।
इस मामले में पाकिस्तान की भूमिका ?
मर्चेंट की गिरफ्तारी सामने आने के बाद पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने अगस्त 2024 में कहा था कि उसने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है। इस्लामाबाद ने उस समय मामले की जानकारी मिलने का इंतजार करने की बात कही थी।
- अमेरिकी अभियोजन के सार्वजनिक दस्तावेजों में पाकिस्तान की सरकार या उसकी किसी एजेंसी पर साजिश में शामिल होने का आरोप नहीं है।
- मर्चेंट को पाकिस्तानी नागरिक के तौर पर पहचाना गया है। अमेरिकी अभियोजन ने साजिश का निर्देश देने की भूमिका में ईरान के IRGC को अंडरलाइन किया।








