तेजस Mk1A फाइटर जेट से लैस होने जा रही इंडियन एयरफोर्स, जानिए पूरे प्रोजेक्ट का ए टू जेड

By Defence Detective

Updated On:

Date:

Indian Air Force Tejas light combat aircraft.

भारतीय डिफेंस सेक्टर और Indigenous Aviation Industry (स्वदेशी विमानन उद्योग) के लिए एक बेहद उत्साहजनक खबर सामने आई है। लंबे इंतजार, तकनीकी अड़चनों और इंजन आपूर्ति में हुई देरी के बाद अब हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) हल्के लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1A (Tejas Mk1A) की डिलीवरी करने के बेहद करीब पहुंच गया है। ThePrint की 13 नवंबर, 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जनवरी 2027 में इंडियन एयरफोर्स को शुरुआती एक-दो विमान सौंपे दिए जाएंगे।  

हालांकि, कंपनी ने तारीख की पुष्टि नहीं की है। डिलीवरी की संभावना तकनीकी जरूरतें पूरी होने और आवश्यक मंजूरियों पर निर्भर है। ThePrint का कहना है कि रडार से जुड़ी कुछ क्षमताओं, सॉफ्टवेयर और सिस्टम इंटीग्रेशन पर काम चल रहा है। कुछ जरूरतें शुरुआती विमान सौंपने के बाद पूरी करने के लिए वायुसेना से अस्थायी छूट ली जा सकती है। वायुसेना की प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम, HAL और प्रमाणन एजेंसी मिलकर प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं।

यह तैयारी ऐसे समय हो रही है, जब वायुसेना को नए लड़ाकू विमानों की जरूरत है। पहले Tejas Mk1A की डिलीवरी बेंगलुरु में होने वाले द्विवार्षिक एयर शो ‘एयरो इंडिया 2027′ (8 से 12 फरवरी 2027) से ठीक पहले होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद रेगुलर सप्लाई की रफ्तार महत्वपूर्ण होगी।

डिलीवरी में क्यों और कितने साल की देरी  ?

तेजस Mk1A की डिलीवरी में देरी की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी कंपनी GE Aerospace के F404-IN20 इंजनों की आपूर्ति में पिछड़ना रही है। इंजन मिलने में देरी के साथ विमान के हथियारों, रडार और एवियोनिक्स को एक साथ निर्धारित मानकों पर काम करने योग्य बनाने की प्रक्रिया भी लंबी खिंची। अब इंजन सप्लाई आगे बढ़ी है, लेकिन रडार की कुछ क्षमताओं, सॉफ्टवेयर और सिस्टम इंटीग्रेशन से जुड़ी जरूरतें पूरी करने पर काम जारी है।

  • पहली डिलीवरी फरवरी 2024 में होनी थी। जबकि होने अब जा रही है। यानी लगभग तीन साल की देरी। शुरुआती ऑर्डर की आपूर्ति फरवरी 2028 तक पूरी करने का कार्यक्रम था।
  • HAL ने 2021 में GE से 99 इंजन खरीदने का समझौता किया था। GE के अनुसार, करीब पाँच साल से बंद उत्पादन लाइन दोबारा शुरू करने और वैश्विक सप्लायर नेटवर्क सक्रिय करने की जरूरत पड़ी।
  • इंजन की आपूर्ति 2023 में शुरू होनी थी, लेकिन पहला इंजन मार्च 2025 में मिला। ThePrint के मुताबिक, सितंबर 2026 तक GE ने 14 इंजन भेजे थे।
  • इजरायली EL/M-2052 AESA रडार की कुछ क्षमताओं से जुड़ी जरूरतें लंबित रही हैं। रिपोर्ट में सॉफ्टवेयर और इंटीग्रेशन सुधारने का जिक्र है।
  • Mk1A ने 28 मार्च 2024 को पहली उड़ान भरी थी। अक्टूबर 2025 में नासिक में निर्मित पहला विमान भी प्रदर्शित हुआ। लेकिन पहली उड़ान, उत्पादन और वायुसेना द्वारा स्वीकृति अलग चरण हैं।

विमान के उपकरणों और हथियारों का निर्धारित जरूरतों के अनुसार काम करना भी आवश्यक है। इसलिए उड़ते विमान की तस्वीर का अर्थ औपचारिक डिलीवरी नहीं होता।

क्यों खास है तेजस Mk1A?

तेजस Mk1A, तेजस Mk1 का उन्नत संस्करण है। इसमें आधुनिक रडार, इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े सुधार शामिल हैं। रक्षा मंत्रालय ने इसे 4+ पीढ़ी का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान बताया है:-

  • अत्याधुनिक रडार: इसका एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे (AESA) रडार एक साथ कई लक्ष्य ट्रैक कर सकता है। यह दुश्मन को खोजने और हथियारों से निशाना साधने में मदद करता है।
  • इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर (EW) सूट: रडार वार्निंग और सेल्फ-प्रोटेक्शन जैमिंग सिस्टम पायलट को खतरे से सचेत करने तथा दुश्मन के रडार और रडार-निर्देशित हथियारों की प्रभावशीलता घटाने में मदद करते हैं।
  • आधुनिक हथियार क्षमता: इसमें BVR मिसाइलों और सटीक निर्देशित हथियारों के इस्तेमाल की क्षमता शामिल है। स्वदेशी अस्त्र का तेजस Mk1 प्रोटोटाइप से परीक्षण हुआ है। उत्पादन वाले Mk1A पर एकीकरण और प्रमाणन अलग प्रक्रिया है।
  • आसान रखरखाव और हवाई रिफ्यूलिंग की क्षमता भी: हवा में ईंधन भरने से मिशन की अवधि और पहुँच बढ़ सकती है। रखरखाव में सुधारों का उद्देश्य विमान को सर्विस करना आसान बनाना और अगली उड़ान के लिए जल्दी तैयार करना है।
  • स्वदेशी उत्तम रडार का क्या होगा? ThePrint के अनुसार, उत्तम के प्रमाणन में समय लगने पर HAL ने पहले बैच के लिए इजरायली EL/M-2052 चुना। दूसरे ऑर्डर के विमानों में उत्तम लगाने की सरकारी घोषणा है।

तेजस के दो बड़े सौदे: कब हुआ ऑर्डर, कितने विमान और कितनी कीमत?

भारतीय वायुसेना के लिए तेजस Mk1A कार्यक्रम के तहत दो अलग-अलग खरीद डील हुई है। पहली डील 2021 में 83 विमानों के लिए हुआ था। इसके बाद सितंबर 2025 में 97 अतिरिक्त विमान की डील। दोनों पैकेज मिलाकर कुल 180 विमान होते हैं, जिनमें लड़ाकू और प्रशिक्षण विमान शामिल हैं।

  • 13 जनवरी 2021—पहले पैकेज को मंजूरी: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 73 तेजस Mk1A लड़ाकू विमान और 10 तेजस Mk1 ट्रेनर, यानी कुल 83 विमान खरीदने की मंजूरी दी। विमान पैकेज के लिए ₹45,696 करोड़ और डिजाइन, विकास तथा संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अतिरिक्त ₹1,202 करोड़ स्वीकृत हुए। दोनों मदों की कुल स्वीकृत राशि ₹46,898 करोड़ थी।
  • 3 फरवरी 2021—HAL को अनुबंध सौंपा गया: Aero India 2021 के उद्घाटन समारोह में इस खरीद का अनुबंध HAL को सौंपा गया। सरकारी विज्ञप्ति में इसे लगभग ₹48,000 करोड़ का अनुबंध कहा गया। यह जनवरी में मंजूर उसी 83-विमान पैकेज का अगला चरण था।  
  • पहले ऑर्डर की डिलीवरी में देरी: शुरुआती विमान फरवरी 2024 में मिलना था और आपूर्ति फरवरी 2028 तक पूरी होनी थी। इंजन तथा सिस्टम इंटीग्रेशन की देरी के बाद अब जनवरी 2027 में शुरुआती एक-दो विमान मिलने की संभावना बताई गई है।
  • 25 सितंबर 2025—97 अतिरिक्त विमानों की दूसरी डील-  रक्षा मंत्रालय ने HAL के साथ 68 लड़ाकू विमान और 29 ट्विन-सीटर, यानी कुल 97 अतिरिक्त विमान खरीदने का अलग डील किया। इसकी कीमत संबंधित उपकरणों सहित ₹62,370 करोड़ से अधिक है। यानी यह अतिरिक्त विमानों की नई खरीद है।
  • दूसरे ऑर्डर की सप्पालाई का कार्यक्रम: इन 97 विमानों की डिलीवरी वित्त वर्ष 2027–28 में शुरू करके छह साल में पूरी करने का कार्यक्रम है। इनमें 64% से अधिक स्वदेशी सामग्री और पहले अनुबंध की तुलना में 67 अतिरिक्त स्वदेशी आइटम शामिल करने की घोषणा है।

आगे के विमानों के इंजन कहाँ से आएँगे, HAL साल में कितने विमान बना सकती है?

HAL ने 7 नवंबर 2025 को GE के साथ 113 F404-GE-IN20 इंजन और सपोर्ट पैकेज का समझौता किया था। यह 97 विमानों वाले कार्यक्रम के लिए है। इन इंजनों की आपूर्ति 2027 से 2032 के बीच निर्धारित है। यह शुरुआती 99 इंजनों के समझौते से अलग व्यवस्था है।

नासिक में तीसरी उत्पादन लाइन जुड़ने से HAL की घोषित क्षमता 24 विमान प्रतिवर्ष हुई है। नासिक लाइन अकेले सालाना आठ विमान बना सकती है। इसका उद्घाटन 17 अक्टूबर 2025 को हुआ था।

तेजस Mk1A से कैसे बढ़ेगी भारतीय वायुसेना की ताकत ?

तेजस Mk1A की डिलीवरी शुरू होने से भारतीय वायुसेना को लड़ाकू विमानों की संख्या बढ़ाने और पुराने विमानों के रिटायरमेंट से पैदा हो रही कमी भरने में मदद मिलेगी। वायुसेना के पास 42 स्वीकृत लड़ाकू स्क्वॉड्रन के मुकाबले 29 सक्रिय स्क्वॉड्रन हैं।

ऐसे में नए विमानों की नियमित आपूर्ति जरूरी है। इसकी अहमियत संख्या के साथ आधुनिक रडार, इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा और दूर से हमला करने की क्षमता में भी है (ऊपर बताया जा चुका है)।

शुरुआती विमान मिलने से लंबे समय से अटकी आपूर्ति खुल सकती है। लेकिन स्क्वॉड्रन की कमी दूर करने के लिए उसके बाद लगातार पर्याप्त संख्या में विमान मिलना जरूरी होगा।

क्या है तेजस प्रोजेक्ट, कब शुरू हुआ ?

तेजस भारत में हल्का, आधुनिक और कई तरह के मिशन करने वाला लड़ाकू विमान विकसित करने का कार्यक्रम है। इसके जरिए देश में लड़ाकू विमानों के डिजाइन, विकास और उत्पादन की क्षमता खड़ी की गई। तेजस Mk1A इसी कार्यक्रम के तहत विकसित तेजस का उन्नत संस्करण है।

  • मूल लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट यानी LCA कार्यक्रम को अगस्त 1983 में मंजूरी मिली थी। इसके शुरुआती प्रोजेक्ट डेफिनिशन चरण के लिए ₹560 करोड़ स्वीकृत हुए थे।
  • तेजस परिवार को पाँच मुख्य समूहों में समझ सकते हैं—Mk1, Mk1A, दो सीट वाला ट्रेनर, नौसैनिक संस्करण और Mk2।
  • कौन विकसित और निर्मित करता है: कार्यक्रम में एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एजेंसी यानी ADA, DRDO, HAL और भारतीय वायुसेना की भूमिका है, जबकि विमानों का उत्पादन HAL करती है।

तेजस के संस्करण, खूबियाँ और मौजूदा स्थिति–

संस्करणमुख्य भूमिकाप्रमुख खूबियाँ और क्षमताएँमौजूदा स्थिति
तेजस Mk1 IOC (Initial Operational Clearance)हल्का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमाननजदीकी हवाई मुकाबला, हेलमेट माउंटेड डिस्प्ले, लेजर गाइडेड और सामान्य बमों से हमलाजुलाई 2016 से वायुसेना में शामिल
तेजस Mk1 FOC (Final Operational Clearance)Mk1 का अधिक सक्षम लड़ाकू मानकBVR मिसाइल क्षमता, हवा में ईंधन भरना, विस्तारित उड़ान सीमा और अतिरिक्त एयर-टू-ग्राउंड हथियारों की मंजूरीवायुसेना में शामिल; मई 2020 में पहली FOC स्क्वॉड्रन में इंडक्शन
तेजस Mk1Aबेहतर रडार और इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा वाला उन्नत तेजसAESA रडार, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट, BVR हथियार, बेहतर एवियोनिक्स और रखरखाव में सुधारउत्पादन और प्रमाणन प्रक्रिया जारी; जनवरी 2027 में शुरुआती डिलीवरी की संभावना
तेजस ट्विन-सीटर ट्रेनरपायलटों का तेजस पर प्रशिक्षण और ऑपरेशनल कन्वर्जनप्रशिक्षक और प्रशिक्षु के लिए दो सीट; मूल लड़ाकू विमान के प्रमुख सिस्टम और युद्धक क्षमता बरकरारवायुसेना को आपूर्ति हुई
LCA Navy Mk1विमानवाहक पोत से संचालन की तकनीक विकसित करनास्की-जंप टेकऑफ और अरेस्टर वायर से लैंडिंग का प्रदर्शन; सिंगल-सीट फाइटर तथा ट्विन-सीट प्रोटोटाइपपरीक्षण एवं तकनीकी विकास वाला संस्करण; नियमित नौसैनिक लड़ाकू बेड़े में शामिल नहीं
तेजस Mk2 / MWFअधिक शक्तिशाली मध्यम वजन का बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमानबड़ा एयरफ्रेम, F414 इंजन, कैनार्ड, अधिक हथियार स्टेशन, आधुनिक सेंसर और नया कॉकपिट प्रस्तावितविकासाधीन; पहली प्रोटोटाइप उड़ान बाकी

नौसैनिक प्रोटोटाइप ने INS विक्रमादित्य और INS विक्रांत पर लैंडिंग प्रदर्शित की है।

 मुख्य लड़ाकू संस्करणों का टेक्निकल तुलनात्मक चार्ट–

तकनीकी विशेषतातेजस Mk1तेजस Mk1Aतेजस Mk2 — प्रस्तावित
वर्गहल्का लड़ाकू विमानउन्नत हल्का लड़ाकू विमानमध्यम वजन का लड़ाकू विमान
लड़ाकू संस्करण में सीट111
इंजन की संख्या111
इंजनGE F404-IN20GE F404-IN20GE F414 परिवार
लंबाईलगभग 13.2 मीटर13.2 मीटर14.65 मीटर
पंखों का फैलावलगभग 8.2 मीटर8.2 मीटर8.5 मीटर
ऊँचाईलगभग 4.4 मीटर4.4 मीटर4.87 मीटर
अधिकतम टेकऑफ वजन13,500 किग्रा13,500 किग्रा17,500 किग्रा
अधिकतम गतिआधिकारिक उत्पाद विवरण में Mach 1.6HAL ब्रोशर में Mach 1.6जाँचे गए HAL ब्रोशर में नहीं दी गई
अधिकतम परिचालन ऊँचाईलगभग 50,000 फीट50,000 फीटजाँचे गए ब्रोशर में नहीं दी गई
G सीमा+8 / −3.5 G+8 / −3.5 G+9 / −3.2 G
हथियार/बाहरी उपकरण लगाने के स्टेशनसरकारी उत्पाद विवरण में 9कॉन्फिगरेशन के अनुसार; अलग संख्या यहाँ नहीं दी गई11 प्रस्तावित
एयरफ्रेम डिजाइनबिना क्षैतिज टेल वाला डेल्टा विंगMk1 आधारित डेल्टा विंगडेल्टा विंग के साथ आगे कैनार्ड
रडार और इलेक्ट्रॉनिक्समूल Mk1 कॉन्फिगरेशनAESA रडार, उन्नत EW सूटउन्नत सेंसर और एवियोनिक्स प्रस्तावित
कॉकपिटग्लास कॉकपिटउन्नत डिस्प्ले और मिशन सिस्टमबड़ा Large Area Display, साइड कंट्रोल स्टिक
हवा में ईंधन भरनाFOC मानक मेंजनवरी 2027 में शामिल होन की संभावनाप्रस्तावित मिशन कॉन्फिगरेशन का हिस्सा

ट्रेनर और नौसैनिक संस्करण में मुख्य अंतर–

पहलूतेजस ट्रेनरLCA Navy
मुख्य उपयोगकर्ताभारतीय वायुसेनानौसैनिक परीक्षण एवं विकास कार्यक्रम
सीट व्यवस्थादो सीटNP1 दो सीट वाला; NP2 एक सीट वाला प्रोटोटाइप
मुख्य उद्देश्यपायलट को तेजस उड़ाने और उसके सिस्टम इस्तेमाल करने का प्रशिक्षणविमानवाहक पोत से उड़ान और लैंडिंग की तकनीक प्रमाणित करना
प्रमुख उपलब्धिउत्पादन वाले ट्रेनर वायुसेना को सौंपे गएजनवरी 2020 में INS विक्रमादित्य और फरवरी 2023 में INS विक्रांत पर लैंडिंग
क्षमता का अर्थप्रशिक्षण के साथ लड़ाकू क्षमता भीसफल कैरियर परीक्षण; नियमित फाइटर स्क्वॉड्रन में इंडक्शन से अलग चरण

Leave a Comment

Related News