मुस्लिम आबादी में पहले नंबर पर आ सकता है पाकिस्तान, तब कहां होगा भारत ? बदल रहा दुनिया का धार्मिक नक्शा

By Defence Detective

Published On:

Date:

A gathering of Muslims in a representative image

ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स, नेशनल सिक्योरिटी और आबादी की बहसों में एक चर्चित कहावत है, “Demography is Destiny” यानी जनसांख्यिकी भविष्य की दिशा तय करती है। अमेरिकी थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) ने 18 नवंबर को जारी अपने ग्लोबल स्टडी (demographic रिपोर्ट) में अनुमान लगाया है कि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहे, तो 2070 तक दुनिया का धार्मिक नक्शा कैसे बदल सकता है।

आबादी की उम्र (age), प्रजनन दर (fertility rate) और प्रवासन (migration) जैसे कारकों पर बेस्ड इस अध्ययन में साउथ एशिया में एक बड़ा बदलाव दिखता है। भारत के नजरिए से रिपोर्ट का सबसे अहम निष्कर्ष यह है कि 2070 तक पाकिस्तान, इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है।

और खुद भारत इस सूची में दूसरे स्थान पर आ सकता है। इस तरह दुनिया की दो सबसे बड़ी मुस्लिम आबादियां दक्षिण एशिया के दो पड़ोसी देशों में होंगी। इसके इतर इंडोनेशिया चौथे पर खिसक सकता है। पाकिस्तान और इंडोनेशिया की प्रजनन दरों में बड़ा अंतर दोनों के इस स्थान बदलाव की एक प्रमुख वजह है।

वहीं दुनिया के स्तर पर इससे पहले एक और बड़ा बदलाव हो सकता है। Pew के मुताबिक, हालिया जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहे तो 2035 तक मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है। इसके बाद इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा और ईसाई धर्म दूसरा सबसे बड़ा धार्मिक समूह होगा

यह कौन-सी रिपोर्ट है और इसका आधार क्या है ?

Pew ने 18 नवंबर 2026 को The Future of World Religions: Population Growth Projections, 2020–2070 रिपोर्ट जारी की। इसमें 201 देशों और क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन जगहों पर दुनिया की 99.98% आबादी रहती है। प्रकाशित रिपोर्ट की लेखक सूची में कॉनराड हैकेट, मार्सिन स्टोनाव्स्की, युनपिंग टोंग, स्टेफनी क्रेमर और रेबेका लेपर्ट के साथ जेफ डायमंट भी हैं।

यह मॉडल 2020 को आधार वर्ष मानता है और विभिन्न धार्मिक समूहों की आबादी के उम्र व लिंग के हिसाब से बंटवारे, प्रजनन दर, मृत्यु दर, प्रवासन और धार्मिक पहचान में बदलाव के रुझानों को ध्यान में रखकर अनुमान लगाता है कि 2070 तक इन समूहों की आबादी कैसे बदल सकती है।

संभावित बदलाव का अनुमान लगाने के लिए शोधकर्ताओं ने संयुक्त राष्ट्र की वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स के 2024 संस्करण और अंतरराष्ट्रीय प्रवासन के आंकड़ों का भी इस्तेमाल किया।

  • आबादी की गणना- मॉडल में हर समुदाय की उम्र, प्रजनन दर, मृत्यु दर, अंतरराष्ट्रीय प्रवास और धार्मिक पहचान में बदलाव को शामिल किया गया है
  • प्रजनन दर समय के साथ बदलती है-  देशवार दरों का अनुमान लगाने के लिए Pew ने संयुक्त राष्ट्र के मध्यम आबादी परिदृश्य का इस्तेमाल किया है।
  • रुझान बदलेंगे तो नतीजे भी बदल सकते हैं- खास तौर पर प्रवास और धार्मिक पहचान में बदलाव के लिए मॉडल हालिया दरों को आगे बढ़ाता है।

पाकिस्तान कैसे पहुंचेगा पहले नंबर पर ?

प्यू के मुताबिक, 2020 में इंडोनेशिया करीब 23.9 करोड़ मुस्लिम आबादी के साथ पहले स्थान पर था, पाकिस्तान 22.7 करोड़ के साथ दूसरे और भारत 21.3 करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर था।

2070 तक यानी अगले पांच दशकों में पाकिस्तान की मुस्लिम आबादी करीब 46.1 करोड़ तक और भारत की 33.4 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। उस समय दुनिया के करीब 13% मुसलमान पाकिस्तान में रह सकते हैं। इस दिशा में पाकिस्तान के आगे होने की वजहें इस प्रकार आंकी गई हैं-  

  • पाकिस्तान की ज्यादा प्रजनन दर- 2020 से 2025 के बीच पाकिस्तान की राष्ट्रीय प्रजनन दर 3.6 बच्चे प्रति महिला आंकी गई, जबकि इंडोनेशिया में यह 2.1 थी। यह सबसे प्रमुख वजह है।
  • पाकिस्तान की बड़ी युवा आबादी भी अहम कारक है।
  • पाकिस्तान की कुल आबादी दोगुनी हो सकती है। 2020 से 2070 के बीच पाकिस्तान की आबादी 23.5 करोड़ से 47.6 करोड़ होने का अनुमान है। इसी अवधि में इंडोनेशिया की आबादी 27.5 करोड़ से 32.5 करोड़ तक पहुंच सकती है।

भारत में हिंदू और मुस्लिम आबादी कितनी बदलेगी?

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान के मुताबिक, 2020 से 2070 के बीच भारत की कुल आबादी 140.3 करोड़ से बढ़कर करीब 170 करोड़ हो सकती है। हिंदुओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी,  लेकिन मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर अधिक रहने का अनुमान है। प्यू ने भारत के लिए 2020 का आधार अनुमान 2011 की जनगणना के आंकड़ों से तैयार किया है।

  • प्यू के मुताबिक, 2020 में भारत में करीब 111.4 करोड़ हिंदू थे। 2070 तक उनकी संख्या में करीब 17.6 करोड़ यानी 16% की बढ़ोतरी का अनुमान है। लेकिन इसी दौरान देश की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 79.4% से घटकर 75.8% हो सकती है।
  • वहीं भारत में मुसलमानों की संख्या 21.3 करोड़ से बढ़कर 33.4 करोड़ और कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 15.2% से बढ़कर 19.6% हो सकती है। यानी मुस्लिम आबादी में करीब 57% वृद्धि।
  • कम उम्र और अधिक प्रजनन दर इस बदलाव की दो प्रमुख वजहें हैं। 2020 में भारतीय मुसलमानों की मध्यिका आयु (Median Age) 24 वर्ष थी, जबकि हिंदुओं की 29 वर्ष थी। इसका मतलब है कि मुस्लिम आबादी का अपेक्षाकृत बड़ा हिस्सा आने वाले वर्षों में संतान पैदा करने की उम्र में पहुंचेगा।
  • दोनों समुदायों में प्रजनन दर घटी है, फिर भी 2025–2030 के लिए इसका अनुमान मुस्लिम महिलाओं में 2.3 बच्चे प्रति महिला और हिंदू महिलाओं में 1.8 बच्चे प्रति महिला है।
  • गैर-हिंदू आबादी में 42% वृद्धि का अनुमान है। मुसलमानों समेत सभी गैर-हिंदू समूहों की कुल आबादी 2020 के 28.9 करोड़ से बढ़कर 2070 में 41.1 करोड़ हो सकती है।
  • इस दौरान ईसाइयों की हिस्सेदारी 2.2% पर बनी रह सकती है, जबकि बौद्धों की हिस्सेदारी 0.7% से 0.6% और सिखों व जैनों समेत ‘अन्य धर्मों’ की हिस्सेदारी 2.5% से 1.8% रह सकती है।

दुनिया में 2035 तक क्या बदल सकता है?

Pew के मॉडल में 2035 तक दुनिया में 257 करोड़ मुसलमान और 252 करोड़ ईसाई हो सकते हैं। 2070 तक इनकी संख्या क्रमशः 364 करोड़ और 296 करोड़ होने का अनुमान है। 2020 के मुकाबले यह मुस्लिम आबादी में करीब 80% और ईसाई आबादी में करीब 30% की वृद्धि होगी। इसी अवधि में दुनिया की कुल आबादी करीब 789 करोड़ से बढ़कर 1,015 करोड़ हो सकती है।

  • दुनिया की आबादी में मुस्लिम हिस्सेदारी 25.6% से 35.8% हो सकती है। ईसाई हिस्सेदारी 28.8% से 29.1% होने का अनुमान है।
  • दुनिया में हिंदुओं की संख्या करीब 118 करोड़ से 138 करोड़ हो सकती है। वहीं, बौद्धों की संख्या करीब 32 करोड़ से 25 करोड़ और किसी धर्म से असंबद्ध लोगों की संख्या 191 करोड़ से 172 करोड़ होने का अनुमान है।
  • मुस्लिम-बहुल देशों और क्षेत्रों की संख्या 53 से बढ़कर 54 हो सकती है। प्यू के मुताबिक, 2020 के सभी 53 मुस्लिम-बहुल देश और क्षेत्र 2070 तक इस सूची में बने रह सकते हैं।
  • आइवरी कोस्ट इसमें जुड़ने वाला एकमात्र देश होगा, जहां 2070 तक मुस्लिम आबादी की हिस्सेदारी 51.3% होने का अनुमान है।
  • इसी अवधि में ईसाई-बहुल देशों और क्षेत्रों की संख्या 120 से घटकर 110 हो सकती है।

मुस्लिम आबादी सबसे तेजी से क्यों बढ़ सकती है?

Pew के मुताबिक, वैश्विक मुस्लिम आबादी में वृद्धि का सबसे बड़ा कारण मौतों के मुकाबले अधिक जन्म हैं। 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम माताओं से करीब 25.2 करोड़ और ईसाई माताओं से करीब 20.8 करोड़ बच्चों का जन्म हुआ। इस अवधि में मुस्लिम महिलाओं की वैश्विक प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला थी। ईसाई महिलाओं के लिए यह दर 2.5 और हिंदू महिलाओं के लिए 1.9 आंकी गई।

  • Pew के मुताबिक, मुस्लिम आबादी में वृद्धि मुख्य रूप से इसलिए होगी कि आने वाले दशकों में मौतों की तुलना में जन्म अधिक होंगे।
  • कम उम्र वाली आबादी का बड़ा असर होगा। 2020 में मुसलमानों की मध्य आयु 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की 29 साल और ईसाइयों की 31 साल थी। मध्य आयु वह बिंदु है जिसके दोनों ओर आबादी के बराबर हिस्से होते हैं।
  • प्यू के अनुमान के मुताबिक, 2065–2070 में दुनिया भर में मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर 2.2 बच्चे प्रति महिला और ईसाई महिलाओं की 2.1 बच्चे प्रति महिला रह सकती है।
  • धार्मिक पहचान बदलने का असर सीमित है। Pew के सर्वेक्षण-आधारित आकलन में मुस्लिम परिवारों में पले करीब 99% लोग वयस्क होने पर भी खुद को मुस्लिम बताते हैं।

अमेरिका, यूरोप और रूस में क्या होगा ?

अमेरिका में 2065 तक ईसाइयों की हिस्सेदारी 50% से नीचे जा सकती है। फिर भी 2070 में ईसाई वहां सबसे बड़ा धार्मिक समूह रह सकते हैं। उस समय किसी धर्म से असंबद्ध लोगों का हिस्सा करीब 41% और मुसलमानों का हिस्सा करीब 4% होने का अनुमान है। कनाडा में ईसाइयों की हिस्सेदारी 2030 तक आधे से नीचे जा सकती है।

  • Pew के अनुसार, 2070 तक डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो दुनिया की सबसे बड़ी ईसाई आबादी वाला देश बन सकता है।
  • यूरोप में ईसाई हिस्सेदारी करीब 67% से 52% रह सकती है, जबकि मुस्लिम हिस्सेदारी 6% से 13% हो सकती है।
  • रूस की कुल आबादी 14.64 करोड़ से घटकर 9.75 करोड़ रह सकती है। लेकिन इस दौरान ईसाइयों और मुसलमानों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है, जबकि दोनों की कुल संख्या घटने का अनुमान है।
  • रूस में मुसलमान 8.2 प्रतिशत से बढ़कर 11.2 प्रतिशत हो सकते हैं। ईसाई 69.9 से 72.6 प्रतिशत तक पहुंच सकते हैं।

2070 तक चीन में क्या बदलेगा?

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान में चीन का सबसे बड़ा बदलाव उसकी कुल आबादी में गिरावट है। 2020 में चीन की आबादी 142.6 करोड़ थी, जो 2070 तक 100.5 करोड़ रह सकती है। यानी 50 साल में करीब 42.1 करोड़ लोगों की कमी।

इसकी मुख्य वजह जन्मों से ज्यादा मौतें होने का अनुमान है। घटती कुल आबादी के बीच चीन में मुसलमानों और किसी धर्म से खुद को न जोड़ने वाले लोगों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है

धार्मिक समूह2020 में चीन की आबादी में हिस्सा2070 का अनुमान
किसी धर्म से खुद को न जोड़ने वाले89.6%91.3%
मुसलमान1.8%2.6%
बौद्ध3.7%2.6%
अन्य धर्मों के अनुयायी3.0%2.5%
ईसाई1.8%1.1%

2070 तक किस धार्मिक समूह की आबादी कितनी होगी ?

धार्मिक समूह2020 में आबादी2070 में अनुमानित आबादीविश्व आबादी में हिस्सेदारी, 2020 → 2070
मुस्लिम202 करोड़364 करोड़25.6% → 35.8%
ईसाई227 करोड़296 करोड़28.8% → 29.1%
किसी धर्म से असंबद्ध191 करोड़172 करोड़24.2% → 17.0%
हिंदू118 करोड़138 करोड़14.9% → 13.6%
बौद्ध32 करोड़25 करोड़4.1% → 2.5%
अन्य धर्म17 करोड़19 करोड़2.2% → 1.9%
यहूदीकरीब 1.5 करोड़करीब 2 करोड़0.2% → 0.2%

2070 में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले 10 देश

प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमान में पाकिस्तान पहले, भारत दूसरे और नाइजीरिया तीसरे स्थान पर होगा। 2020 में पहले नंबर पर रहा इंडोनेशिया चौथे स्थान पर आ सकता है। pewresearch.org

रैंकदेशअनुमानित मुस्लिम आबादीदुनिया की मुस्लिम आबादी में हिस्सा
1पाकिस्तान46.102 करोड़12.7%
2भारत33.362 करोड़9.2%
3नाइजीरिया28.213 करोड़7.8%
4इंडोनेशिया27.386 करोड़7.5%
5बांग्लादेश21.816 करोड़6.0%
6मिस्र17.249 करोड़4.7%
7इथियोपिया12.831 करोड़3.5%
8सूडान11.620 करोड़3.2%
9तुर्किये9.939 करोड़2.7%
10अफगानिस्तान9.931 करोड़2.7%

Leave a Comment

Related News