बांग्लादेश की राजनीतिक तनातनी अब सात समंदर पार ब्रिटेन की सड़कों तक पहुंच गई है। 16 नवंबर की रात लंदन के रोमफोर्ड इलाके में बांग्लादेशी नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के प्रमुख नाहिद इस्लाम के स्वागत समारोह के बाहर हिंसक झड़प हो गई। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और NCP के समर्थकों के बीच हुई मारपीट में मीडिया के मुताबिक कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। हालांकि एनसीपी ने 10 लोगों के घायल होने का दावा किया।
ब्रिटिश-बांग्लादेशी समुदाय ने मेफेयर हॉल में नाहिद के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया था। इसका विरोध करने अवामी लीग समर्थक पहुंचे थे और प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच अवामी लीग और NCP समर्थक आमने-सामने आ गए और भिड़ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट, अंडे और पानी की बोतलें फेंके जाने और एक-दूसरे का पीछा करने की घटनाएं हुईं।
हालात बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। अवामी लीग समर्थकों की उग्रता के बीच नाहिद इस्लाम मुख्य दरवाजे से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके और पिछले रास्ते से बाहर निकले। हालांकि अवामी कार्यकर्ताओं ने तब भी दौड़ा लिया, लेकिन नाहिद कार में बैठकर फुर्र हो लिए।
जुलाई 2024 के आंदोलन से उभरे नाहिद इस्लाम ने इस हमले के लिए शेख हसीना की अवामी लीग के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। भारत के खिलाफ अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे नाहिद इस्लाम ने ब्रिटिश सरकार से मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह झड़प कैसे शुरू हुई ?
नाहिद 13 नवंबर को ब्रिटेन यात्रा के लिए रवाना हुआ था और 21 नवंबर को उसकी वापसी निर्धारित है। उसके घोषित कार्यक्रमों में प्रवासी बांग्लादेशियों से संवाद, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में शिक्षकों और छात्रों को संबोधन तथा ब्रिटिश सांसदों और मानवाधिकार संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात शामिल है।
इसी कड़ी में वह 16 नवंबर को रोमफोर्ड स्थित ‘द मेफेयर वेन्यू’ में कार्यक्रम में पहुंचा, जहां अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के समर्थक हॉल के बाहर जुटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। एनसीपी समर्थकों का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने समारोह में आने वाले लोगों पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं तथा कुछ लोगों से मारपीट की।
दूसरी ओर, अवामी लीग ने आरोप खारिज करते हुए दावा किया कि उसके समर्थक नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर रहे थे और एनसीपी कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद टकराव बढ़ा। दोनों पक्ष एक-दूसरे को हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद स्थानीय समय करीब रात 10 बजे हॉल के पीछे की सड़क पर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इसके बाद एक-दूसरे का पीछा करने और मारपीट का सिलसिला लगभग 20 मिनट चला। हालात बिगड़ने पर मौके पर पुलिस की पांच गाड़ियां और दो एम्बुलेंस पहुंचीं थीं।
- कार्यक्रम में जमात-ए-इस्लामी और छात्र शिबिर कार्यकर्ताओं भी मौजूद रहे।
- समर्थक प्रवासी बांग्लादेशी समुदाय और राजनीतिक गठबंधन के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में पहुंचे थे।
नाहिद को पहले भी तीखे विरोध का सामना करना पड़ा था ?
लंदन की घटना से दो दिन पहले 14 नवंबर 2026 को भी नाहिद को अवामी लीग समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा था। जब वह कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की बांग्ला सोसाइटी के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। आयोजन St John’s College के Old Divinity School में हुआ था।
बाहर निकलते समय अवामी लीग समर्थकों ने उन्हें घेरकर विरोध करने का प्रयास किया और दोनों पक्षों में बहस हुई थी। हालांकि फाइनली मामला टल गया था।
कौन है नाहिद इस्लाम, आवामी लीग कार्यकर्ता क्यों खफा ?
नाहिद इस्लाम जुलाई–अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में था। छात्र आंदोलन के समन्वयकों में शामिल होने के साथ सरकार के इस्तीफे की एकसूत्रीय मांग की घोषणा करने वाला प्रमुख नेता भी था।
यानी हसीना सरकार के पतन में नाहिद की प्रमुख भूमिका रही थी। इसके बाद उसने अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के अंतरिम सरकार के फैसले का भी समर्थन किया था।
5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार गिरने के बाद वह अंतरिम सरकार में सलाहकार बना। फरवरी 2025 में गठित नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) का संस्थापक संयोजक भी वही बना।
- नाहिद को ‘इस्लामिस्ट मिलिटेंट’ और जुलाई आंदोलन को ‘डीप स्टेट की साजिश’ कहा गया।
- अभी वह बांग्लादेश की ढाका-11 सीट से सांसद है।
- संसद में विपक्ष के मुख्य सचेतक यानी चीफ व्हिप की जिम्मेदारी भी संभाल रहा है।
- इस पद पर संसदीय कार्यवाही के दौरान विपक्षी सांसदों के बीच समन्वय और पार्टी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की भूमिका होती है।
हसीना की वापसी की कोशिशों के बीच हुआ टकराव
विदेश में यह टकराव ऐसे समय हुआ है, जब शेख हसीना भारत से बांग्लादेश लौटने की कोशिशों में जुटी हैं और उनकी संभावित वापसी को लेकर देश की सियासत गरमाई हुई है। बांग्लादेश में आगजनी, बम धमाकों और राजनीतिक हिंसा की घटनाओं के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
अब लंदन में नाहिद इस्लाम के कार्यक्रम के बाहर हुई हिंसक झड़प से यह राजनीतिक खींचतान विदेशी धरती पर भी दिखाई दी है। हसीना समर्थकों और जुलाई आंदोलन से उभरे नेताओं के बीच विरोध पहले भी होता रहा है, लेकिन इस बार टकराव में कई लोग घायल हुए और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
भारत के खिलाफ किन बयानों से विवादों में रहा नाहिद?
नाहिद इस्लाम अंतरिम सरकार में सलाहकार बनने के बाद से भारत पर तीखे आरोप लगाता रहा है। अगस्त 2024 में उसने बांग्लादेश की बाढ़ के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया। अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर भारतीय चिंता को खारिज करते हुए उसने इसे बांग्लादेश सरकार की जिम्मेदारी कहा।
बाद में उसने भारत पर अवामी लीग की राजनीतिक वापसी में मदद करने और बांग्लादेश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के आरोप लगाए। NCP का संयोजक बनने के बाद उसने ‘भारतीय वर्चस्व’ के विरोध को रैलियों, सीमा पर लॉन्ग मार्च की चेतावनी और देशव्यापी प्रतिरोध के आह्वान तक पहुंचाया।
- 22 अगस्त 2024—तत्कालीन सूचना सलाहकार के तौर पर नाहिद ने आरोप लगाया कि भारत ने बिना पूर्व चेतावनी बांध खोल दिया, जिससे बांग्लादेश को बाढ़ का सामना करना पड़ा। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि बांग्लादेश में बाढ़ त्रिपुरा के डंबूर बांध को खोलने से नहीं आई थी।
- 14 नवंबर 2024—BBC Hindi को दिए इंटरव्यू में नाहिद ने कहा कि बांग्लादेश के अल्पसंख्यक उसके अपने नागरिक हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सरकार की जिम्मेदारी है। उसने भारत को इस मुद्दे पर चिंता नहीं करने की बात कही।
- 3 दिसंबर 2024—नाहिद ने भारत के सत्ताधारी वर्ग और हिंदुत्ववादी ताकतों पर बांग्लादेश में विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया।
- 6 जुलाई 2025—चापाइनवाबगंज की रैली में नाहिद ने BSF पर सीमा पर हमले और ग्रेनेड फेंकने के आरोप लगाए।
- 8 जुलाई 2025—कुश्तिया में नाहिद ने दावा किया था कि बांग्लादेश पश्चिमी पाकिस्तान की तरह भारत की जंजीरों से भी मुक्त हुआ है।
- 13 दिसंबर 2025— बांग्लादेश के राजनीतिक मंच ‘इंकलाब मंच’ का प्रवक्ता और जुलाई 2024 के हसीना विरोधी आंदोलन से जुड़ा नेता शरीफ उस्मान हादी पर गोलीबारी के बाद नाहिद ने भारत और अवामी लीग की संभावित संलिप्तता का आरोप लगाया।
- 15 दिसंबर 2025— ढाका के केंद्रीय शहीद मीनार से नाहिद ने अगले दिन विजय दिवस पर कथित भारतीय वर्चस्व के खिलाफ प्रतिरोध रैलियां बुलाने की घोषणा की। उसने भारत पर बांग्लादेश की राजनीति और चुनावों में हस्तक्षेप का आरोप लगाया।
- 10 अक्टूबर 2026—नाहिद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के खिलाफ CJP के नेतृत्व में दिल्ली में हुए प्रदर्शनों का समर्थन किया था।








