राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पंजाब का लिव-इन जोड़ा गिरफ्तार, ISI के जाल में कैसे फंसी महिला ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

Mahakdeep Kaur and Davinder Singh, arrested in the Sri Ganganagar railway track blast case in Rajasthan.

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हुए रेलवे ट्रैक धमाके के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजस्थान एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), श्रीगंगानगर पुलिस और पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस के एक संयुक्त ऑपरेशन में पंजाब से एक लिव-इन जोड़े को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने पाकिस्तानी इशारे पर वारदात को अंजाम दिया था।

लिव-इन जोड़े की पहचान महकदीप कौर और दविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महकदीप को प्रेमजाल और पैसों का लालच देकर साजिश में शामिल किया गया था। धमाका 3 नवंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में अनूपगढ़–सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुआ था।

विस्फोट से रेलवे स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रैक पर दो-तीन फीट गहरा गड्ढा बन गया। लगभग 75 मिनट पहले ही वहां से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा के लिए इस रूट पर ट्रेन संचालन रोकना पड़ा था।

जांचकर्ताओं का दावा है कि आरोपी पहले भी दो बार धमाके की कोशिश कर चुके थे। उनके कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, 46 जिंदा कारतूस और ₹30,000 नकद बरामद हुए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया ने आरोपियों को कुल ₹2.23 लाख का भुगतान होने का दावा किया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, रेलवे ट्रैक धमाके की साजिश पाकिस्तान स्थित हैंडलर ‘शाह’ और ‘चाचा’ के इशारे पर रची गई थी। जिसमें ‘चाचा’ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा है। विस्फोटक पहुंचाने वाले नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

कौन हैं महकदीप कौर और दविंदर सिंह?

लगभग 21 साल की महकदीप कौर पंजाब के गुरदासपुर जिले के दोस्तपुर गांव की रहने वाली है। उसका 23 वर्षीय साथी दविंदर सिंह इसी जिले के चौड़ा कलां गांव का निवासी है। पुलिस महकदीप को मुख्य आरोपी और दविंदर को वारदात में सहायता करने वाला सहयोगी बता रही है। दोनों को गुरदासपुर से ही गिरफ्तार किया गया।

  • पुलिस के मुताबिक, दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।
  • महकदीप अपने पति करणवीर सिंह से अलग रह रही थी, जो मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में जेल में है।
  • टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, पति-पत्नी अलग रह रहे थे, लेकिन कानूनी तलाक नहीं हुआ था।

इन दोनों तक कैसे पहुंची पुलिस ?

रेलवे ट्रैक धमाके की जांच के दौरान केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट और उनके टेक्निकल एनालिसिस से गुरदासपुर के दो लोगों की संभावित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद राजस्थान ATS और श्रीगंगानगर पुलिस ने महकदीप कौर तथा दविंदर सिंह से जुड़ी जानकारी और सोशल मीडिया खातों की पड़ताल की। इन सुरागों की पुष्टि के लिए राजस्थान की टीम पंजाब भेजी गई।

  • टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने करीब पांच लाख कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया और 400 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
  • राजस्थान की टीम ने पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस तथा गुरदासपुर SSP आदित्य के साथ खुफिया और तकनीकी सूचनाएं साझा कीं।
  • स्थानीय स्तर पर सूचनाओं की पुष्टि और आरोपियों को तलाशने के बाद 14 नवंबर को गुरदासपुर से दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
  • राजस्थान की अदालत ने आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

पाकिस्तानी हैंडलर से इनका संपर्क कैसे हुआ ?

पुलिस के मुताबिक, पति करणवीर सिंह की गिरफ्तारी के बाद महकदीप कौर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर ‘शाह’ के संपर्क में आई। जांच में ‘चाचा’ नाम के एक अन्य हैंडलर से उसके संपर्क की बात भी सामने आई है।

जांचकर्ताओं का आरोप है कि शाह ने रोमांटिक बातचीत और आर्थिक मदद के जरिए उसका भरोसा जीता और फिर रेलवे ट्रैक पर धमाके की साजिश में शामिल किया। हालांकि, पहली बातचीत किस प्लेटफॉर्म पर हुई और संपर्क की पहल किसने की, इसका स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया है।

  • द ट्रिब्यून के मुताबिक, शाह ने चैट और WhatsApp कॉल के जरिए महकदीप के साथ प्रेम संबंध बनाया।
  • आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद उसे भुगतान किया गया और विस्फोट की वारदात के लिए कहा गया।
  • पुलिस के अनुसार, महकदीप ने अपने लिव-इन साथी दविंदर सिंह की मदद से साजिश को अंजाम दिया।
  • दविंदर भी सीधे पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था या उसे निर्देश महकदीप से मिलते थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
  • पुलिस इसे हनीट्रैप के जरिए महिला को आतंकी साजिश में शामिल करने का मामला बता रही है।

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ भी शामिल ?

ATS के ADG दिनेश एमएन ने रेलवे लाइन ब्लास्ट मामले में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की भूमिका का दावा किया है। संदेह है कि हैंडलर ‘चाचा’ का संबंध ISI से है। जबिक शाह पर टारगेट तय करने, धन उपलब्ध कराने और आरोपियों को निर्देश देने का आरोप है।

पुलिस का दावा है कि हैंडलर ने आरोपियों को बताया था कि विस्फोटक कहां से लेना है और उसे रेलवे लाइन पर कहां लगाना है। हैंडलरों की वास्तविक पहचान और उनके पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

पहले कब-कब हुई थी धमाके की कोशिश ?

जांच में सामने आया है कि आरोपियों का श्रीगंगानगर आना केवल नवंबर की घटना तक सीमित नहीं था। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने अक्टूबर में भी रेलवे लाइन पर विस्फोट करने की कोशिश की थी। पहली बार उपकरण नहीं मिला और दूसरी बार लगाया गया बम नहीं फटा।

  • 6 अक्टूबर: आरोपियों की योजना विस्फोटक उपलब्ध नहीं होने के कारण आगे नहीं बढ़ सकी।
  • 12–13 अक्टूबर:  लगाया गया टाइमर बम तकनीकी खराबी के कारण निष्क्रिय रहा।
  • 3 नवंबर: तीसरी बार उसी क्षेत्र की रेलवे लाइन पर विस्फोट हुआ। i

आरोपियों को कहां से मिला था विस्फोटक ?

विस्फोटक की सप्लाई इस जांच की एक और अहम कड़ी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को राजस्थान पहुंचने के बाद निर्धारित स्थान से IED का पैकेट मिला था। हैंडलर ने उन्हें उपकरण लेने और रेलवे लाइन पर रखने की जगह के बारे में निर्देश दिए थे।

  • जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि विस्फोटक भारत में कैसे पहुंचा और उसे निर्धारित स्थान तक कौन लाया।
  • NDTV के अनुसार, आरोपी बठिंडा से टैक्सी लेकर श्रीविजयनगर आए और एमआर होटल में ठहरे थे।
  • स्थानीय आवास, मोटरसाइकिल और घटनास्थल तक पहुंचने की व्यवस्था की भी जांच हो रही है।

तीन अन्य लोगों से भी पूछताछ, रिमांड में खुलेगी अगली कड़ी

दो मुख्य आरोपियों के अलावा तीन अन्य लोगों को संदिग्ध स्थानीय सहायता के सिलसिले में हिरासत में लिया गया है। उन पर ठहरने और परिवहन की व्यवस्था में मदद का संदेह है।

  • हिरासत में लिए गए मददगारों की भूमिका और उन्हें साजिश की जानकारी होने की जांच की जा रही है।
  • पुलिस मोबाइल संपर्कों, वित्तीय लेन-देन और विस्फोटक की डिलीवरी से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।
  • अब जांच की अगली अहम कड़ी उस नेटवर्क की पहचान है, जिसने सीमा पार से मिले निर्देशों को राजस्थान में वारदात तक पहुंचाया।

Leave a Comment

Related News