राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील ‘चिकन नेक’ (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) वाले उत्तर बंगाल में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में चेंगराबांधा सीमा चौकी (इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट) से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। जो टूरिस्ट वीजा की आड़ में भारत आकर भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण ठिकानों और प्रमुख पर्यटन स्थलों की रेकी कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद उसे मेखलीगंज थाने ले जाया गया, जहां न्यूज़9 की रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय पुलिस, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। बांग्ला अखबार एई समय (Ei Samay) ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया कि गिरफ्तार बांग्लादेशी के पास से भारत के एक हवाई अड्डे की तस्वीरें और ढाका स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग से जुड़े दस्तावेज और कनेक्शन मिले। आशंका है कि वह पाकिस्तान के इशारे पर जासूसी कर रहा था।
अखबार ने हवाई अड्डे का नाम और दस्तावेजों की प्रकृति नहीं बताई। रिपोर्ट के मुताबिक, सलीम के मोबाइल फोन में भी कई संदिग्ध तस्वीरें मिलीं। सूत्रों का दावा है कि पूछताछ में वह उन तस्वीरों को लेने की वजह का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। आगे पूछताछ में उसकी करतूतों की और कड़ियां खुलने की उम्मीद है।
कौन है सलीम और कब आया था भारत?
पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद सलीम हुसैन (Selim Hossen) के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के कुरिग्राम जिले का रहने वाला है। वह वैध बांग्लादेशी पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था।
- गिरफ्तारी से पहले उसने भारत में करीब दो हफ्ते बिताए थे। हालांकि उसके भारत आने की सटीक तारीख अभी स्पष्ट नहीं है।
- सेलिम की उम्र को लेकर रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी है। एई समय (Ei Samay) ने उसकी उम्र 22 साल बताई है।
- जबकि द दार्जिलिंग क्रॉनिकल की सोशल मीडिया रिपोर्ट में उसे 30 साल का बताया गया है।
सलीम पकड़ा कैसा गया ?
द दार्जिलिंग क्रॉनिकल के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक केंद्रीय खुफिया एजेंसी से सलीम की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद उस पर नजर रखी जा रही थी। आनंदबाज़ार पत्रिका के मुताबिक, उसे रोकने के लिए कोलकाता के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने लुकआउट नोटिस जारी किया था।
19 नवंबर को बांग्लादेश लौटने के लिए पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में चेंगराबांधा इमिग्रेशन चेकपोस्ट पहुंचा। तब इमिग्रेशन अधिकारियों ने लुकआउट नोटिस के आधार पर उसे चेकपोस्ट पर रोक लिया। पासपोर्ट और वीजा की जांच के दौरान उसकी पहचान हुई। बाद में पश्चिम बंगाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
- आनंदबाज़ार पत्रिका के मुताबिक, उस समय तीन बांग्लादेशी नागरिक एक साथ अपने देश लौट रहे थे।
- इमिग्रेशन अधिकारियों ने बाकी दो यात्रियों को बांग्लादेश जाने दिया।
- उन दोनों की पहचान और सेलिम से उनके संबंध का ब्योरा रिपोर्ट में नहीं दिया गया है।
सलीम हुसैन ने किन सैन्य ठिकानों की रेकी की ?
बांग्लादेशी सलीम हुसैन पर उत्तर बंगाल में दो सैन्य ठिकानों और कई पर्यटन स्थलों की रेकी करने का शक है। News9 Live ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि सलीम बागडोगरा और हासीमारा एयरबेस गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह दार्जिलिंग के कई पर्यटन स्थलों पर भी गया था। जांच एजेंसियों को शक है कि इन दौरों का मकसद सैन्य और पर्यटन स्थलों की पहचान करना था।
- बागडोगरा एयरबेस– भारतीय वायुसेना का यह स्टेशन पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में, सिलीगुड़ी शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर बागडोगरा में स्थित है।बागडोगरा का यात्री हवाई अड्डा भी इसी एयरफील्ड पर संचालित होता है और नागरिक उड़ानें वायुसेना के रनवे का इस्तेमाल करती हैं।
- इस एयरबेस का सामरिक महत्व इसकी जगह से जुड़ा है। यह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के इलाके में है, जिसे ‘चिकन नेक’ कहा जाता है। यही संकरा भूभाग पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है।
- भारतीय वायुसेना के इस ठिकाने का नाम संदिग्ध रेकी में सामने आया है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट नहीं है कि सलीम सैन्य परिसर के भीतर गया था या उसकी गतिविधियां बाहर तक सीमित थीं। I
- हासीमारा एयरबेस – भारतीय वायुसेना का यह स्टेशन उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा में स्थित है। यह वायुसेना की पूर्वी वायु कमान का हिस्सा है। जुलाई 2021 में यहां 101 स्क्वाड्रन में राफेल लड़ाकू विमान शामिल किए गए थे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, हासीमारा में राफेल की तैनाती का मकसद पूर्वी क्षेत्र में वायुसेना की लड़ाकू क्षमता बढ़ाना था सलीम ने यहां किस हिस्से का जायजा लिया, इसका ब्योरा सामने नहीं आया है।
- दार्जिलिंग के पर्यटन स्थल- सलीम के उत्तर बंगाल दौरे की जांच में सैन्य ठिकानों के साथ नागरिक स्थलों का भी जिक्र है। वह दार्जिलिंग के कई पर्यटन स्थलों का जायजा लेने गया था। रिपोर्ट में पर्यटन स्थलों के नाम या वहां सलीम की गतिविधियों का ब्योरा नहीं दिया गया है।
ढाका के पाकिस्तानी राजनयिक से सलीम का क्या कनेक्शन?
गिरफ्तारी के बाद सलीम हुसैन के पास से अनील अशगर कलहोरो (Aneel Ashgar Kalhoro) का विजिटिंग कार्ड मिला है। कलहोरो ढाका स्थित पाकिस्तान के उच्चायोग में तैनात हैं। सलीम ने कलहोरो से करीबी संपर्क होने की बात कुबूल की है।
News9 Live ने भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ के अधिकारियों के हवाले से बताया कि कलहोरो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी हैं और राजनयिक पद की आड़ में ढाका में तैनात हैं। आनंदबाज़ार पत्रिका ने खुफिया सूत्रों के हवाले से उनकी तैनाती सांस्कृतिक अताशे (सांस्कृतिक मामलों के अधिकारी) के तौर पर बताई है।
सांस्कृतिक अताशे किसी दूतावास या उच्चायोग में तैनात वह राजनयिक अधिकारी होता है, जो मेजबान देश के साथ सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देता है। उसके काम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और कलाकारों व सांस्कृतिक संस्थाओं के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा देना शामिल होता है।
बागडोगरा में पहले भी ऐसा मामला आया था?
बागडोगरा के पास मई 2025 में भी जासूसी के शक में एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा गया था। जिसकी पहचान अशरफुल आलम के रूप में हुई थी। उसे सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बागडोगरा सैन्य छावनी के पास पकड़ा था। उस समय भी सैन्य प्रतिष्ठान के आसपास जानकारी जुटाने का शक था। पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने उससे पूछताछ की थी।
- अशरफुल आलम बांग्लादेश के रंगपुर का रहने वाला था।
- उसने पूछताछ में पहले एक खुफिया अधिकारी के तौर पर काम करने का दावा किया था।
- हालांकि उस पुराने मामले और सलीम की गिरफ्तारी के बीच किसी संबंध की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।








