पंजाब में घर लौट रहे पुलिस कांस्टेबल की हत्या, आइएसआइ समर्थित आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी, कैसे बिछाया गया मौत का जाल ?

By Defence Detective

Updated On:

Date:

Portrait of Punjab Police officer Vinod Kumar alongside a CCTV still showing him near two motorcycle riders before his murder in Gurdaspur.

पंजाब के सीमावर्ती जिले गुरदासपुर से सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राज्य पुलिस के हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वह पंजाब पुलिस की टेक्निकल सर्विसेज विंग में थे और सुजानपुर थाने में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर तैनात थे।

पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब वारदात से पहले का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया, जिसमें उन्हें मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश लोग लिफ्ट देते दिखाई दिए। इस बीच, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) समर्थित बताए जा रहे आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। संगठन का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी से बताया गया है।

इस घटना के बाद पूरे पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया गया है और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई हैं। पुलिस आतंकी एंगल के साथ ही सोशल मीडिया पर किए गए जिम्मेदारी के दावे की भी जांच कर रही है।

विनोद कुमार की हत्या कब और कहां हुई ?

पठानकोट जिले के सुजानपु थाने में तैनात करीब 42 साल के विनोद कुमार गुरदासपुर जिले के कृष्णा नगर के रहने वाले थे। उनका काम पुलिस संचार व्यवस्था से जुड़ा था। वह प्रशिक्षण के तहत संगरूर में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर गए हुए थे और वहां से लौट रहे थे। घटना के समय वह वर्दी पहने हुए थे।

  • परिवार के मुताबिक, संगरूर से लौटते समय उनके साथ 15 नवंबर 2026 की रात यह वारदात हुई।
  • घटनास्थल गुरदासपुर में मानकौर बाइपास के पास अमृतसर–पठानकोट हाईवे क्षेत्र में है, जहां गुरदासपुर के बाइपास क्षेत्र में है, जहां विनोद का शव मिला।

घर लौट रहे विनोद ने रात करीब सवा नौ बजे अपने भाई राम लाल को फोन किया था। उन्होंने भाई से उन्हें लेने आने को कहा। लेकिन जब राम लाल निर्धारित जगह पहुंचे, तो विनोद वहां नहीं मिले। इसके बाद परिवार ने उनसे संपर्क करने और आसपास तलाशने की कोशिश शुरू की।

  • बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। तलाश के दौरान बाद में उनका शव मिला।
  • परिजनों ने बताया कि उनका बैग और बटुआ भी गायब था।

हत्या कैसे हुई, ‘लिफ्ट’ का जाल या सोची-समझी किडनैपिंग?

वारदात से पहले का सीसीटीवी फुटेज इस मामले में अभी तक सबसे महत्वपूर्ण सुराग बनकर उभरा है। फुटेज के मुताबिक विनोद कुमार सड़क किनारे खड़े दिखाई देते हैं। इसी दौरान चेहरे ढके हुए दो लोग मोटरसाइकिल पर उनके पास पहुंचते हैं। पीछे बैठा व्यक्ति उन्हें लिफ्ट की पेशकश करता दिखाई देता है, जिसके बाद विनोद दोनों के बीच बैठ जाते हैं और मोटरसाइकिल वहां से चली जाती है। बाद में उनका शव मिलता है। माना जा रहा है, कि उन्हें ‘लिफ्ट’ के बहाने बैठाया और बाद में हत्या कर दी गई।

  • शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इसी फुटेज का हवाला देकर आरोप लगाया कि दो नकाबपोश लोगों ने विनोद का अपहरण किया और बाद में उनकी हत्या कर दी।
  • कहां से शुरू हुई हत्या की साजिश? पुलिस यह पता लगा रही है कि मोटरसाइकिल सवार कौन थे और विनोद की हत्या का घटनाक्रम क्या था।
  • फुटेज में जबरन बैठाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, विनोद ने मोटरसाइकिल सवारों से लिफ्ट ली थी। एडीजीपी प्रवीण कुमार ने अपहरण की खबरों को खारिज किया है।

लिफ्ट लेने और हत्या के बीच कितना अंतर था, यह जांच का अहम हिस्सा है। जांचकर्ताओं ने संभावित पिकअप स्थल और शव मिलने की जगह की दूरी के आधार पर घटनाक्रम का अनुमान लगाया है। पुलिस को संदेह है कि रात करीब साढ़े नौ बजे गोली मारी गई होगी।

क्या है तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान, ISI और शहजाद भट्टी से कैसे जुड़े तार ?

तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान यानी TTH वह आतंकी संगठन है, जिसने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित पोस्टर के जरिए विनोद कुमार की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। जांच अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्टों में इसे पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी द्वारा संचालित, ISI समर्थित मुखौटा संगठन बताया गया है। इस दावे के सामने आने के बाद हत्या में सीमा पार आतंकी नेटवर्क की संभावित भूमिका भी जांच के दायरे में है।

  • हत्या को दिया ‘ऑपरेशन नूर’ नाम: पोस्टर में संगठन ने विनोद कुमार की हत्या को ‘ऑपरेशन नूर’ का हिस्सा बताया और पुलिस व सुरक्षाकर्मियों पर आगे भी हमले करने की धमकी दी। TTH पहले भी पंजाब के कम से कम दो पुलिसकर्मियों की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा कर चुका है।
  • कौन है शहजाद भट्टी? शहजाद भट्टी पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर से आतंकी बना सरगना है, जिसे जांच अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्टों में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान का संचालक बताया गया है। गृह मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को उसके ‘शहजाद भट्टी नेटवर्क’ को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित किया था।

पुलिस की जांच कहां तक पहुंची ?

विनोद कुमार के हत्यारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। जांच की निगरानी कर रहे स्पेशल डीजीपी (कानून-व्यवस्था) पी.के. सिन्हा के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह पुलिसकर्मी को निशाना बनाकर किया गया हमला प्रतीत होता है। पुलिस संभावित आतंकी संबंध के साथ व्यक्तिगत रंजिश समेत दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है।

  • सीसीटीवी में दिखाई दिए मोटरसाइकिल सवारों की पहचान और हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले कथित पोस्टर की प्रामाणिकता जांच के अहम बिंदु हैं।
  • पुलिस उस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिसमें विनोद दो लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर जाते दिखाई देते हैं। इससे विनोद की आखिरी गतिविधियों और हत्या के घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ सकती हैं।
  • तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के नाम से प्रसारित पोस्टर के पीछे मौजूद लोगों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह जांच रही है कि जिम्मेदारी लेने का दावा वास्तविक संलिप्तता से जुड़ा है या नहीं।

इस साल अब तक पुलिसकर्मियों की ऐसी कितनी हत्याएं ?

विनोद कुमार की हत्या पंजाब के सीमावर्ती जिलों में पुलिसकर्मियों पर हुए घातक हमलों की अगली कड़ी है। इंडियन एक्सप्रेस और टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, उनकी मौत के साथ इस साल मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या छह हो गई है, जिनमें एक होमगार्ड जवान भी शामिल है।

गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन में पुलिसकर्मियों को चौकी के भीतर, ड्यूटी पर जाते समय और घर लौटते वक्त निशाना बनाया गया। हालांकि, सभी हत्याओं के पीछे एक ही संगठन या नेटवर्क की भूमिका स्थापित नहीं हुई है।

  • फरवरी में चौकी के भीतर दो हत्याएं: 22–23 फरवरी की दरम्यानी रात गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक एक पुलिस चौकी में एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की हत्या हुई थी।
  • मई में ड्यूटी जाते समय हमला: 24 मई को मजीठा के पास एएसआई जोगा सिंह की गोली मारकर हत्या, तब वह ड्यूटी पर जा रहे थे।
  • सितंबर में पीसीआर ड्यूटी पर हत्या: 18 सितंबर को अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह को पीसीआर ड्यूटी के दौरान मार दिया गया था।
  • अक्टूबर में घर लौटते वक्त निशाना: 11 अक्टूबर को तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। वह गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद घर लौट रहे थे।

Leave a Comment