क्या भारत के राफेल 36 से घटकर 32 रह गए ? ब्रिटिश रिपोर्ट पर गंभीर सवाल

By Defence Detective

Published On:

Date:

Indian Air Force Dassault Rafale fighter jet flying in the sky

ब्रिटिश एविएशन पब्लिकेशन FlightGlobal की नई World Air Forces डायरेक्टरी जारी हुई है। जिसमें इंडियन एयरफोर्स के 32 राफेल ‘Active’ श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। यानी यह भारत के 36 राफेल विमानों की मूल खरीद में से चार कम होना बताया जाना है। भारतीय राफेल विमानों में कमी के इस बेबुनियाद दावे ने रिपोर्ट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने इस आंकलन की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए राफेल विमानों की कमी की बात को पूरी तरह खारिज किया है। मंत्रालय ने कहा कि उसकी ओर से राफेल की संख्या पर ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है। डायरेक्टरी में पब्लिश डाटा इंडियन एयरफोर्स के नहीं हैं। FlightGlobal का यह ताजा आंकलन Cirium के सैन्य विमानों के डेटाबेस के आधार पर तैयार किया गया है।

रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि किन विमानों को सक्रिय बेड़े की सूची से बाहर रखा गया और गिनती में बदलाव क्यों किया गया। डायरेक्टरी के साथ ऐसा कोई विमानवार रिकॉर्ड सामने नहीं आया, जिससे पता चले कि कौन-से राफेल सूची से हटे, कब हटे और उनकी स्थिति क्या थी।

हालांकि पाकिस्तानी प्रोपागंडा मशीनरी ने इस कथित कमी को ऑपरेशन सिंदूर में राफेल मार गिराए जाने के दावे (पूरी तरह फर्जी) से जोड़ा है। जबकि FlightGlobal की डायरेक्टरी खुद ही कोई जानकारी नहीं दे पाती सिवाय कमी के दावे के और यही नहीं वह अलग-अलग दावे भी करती रही है। ऐसे में 36 से घटकर 32 राफेल का दावा कैसे भरोसेमंद हो सकता है ?

जानिए राफेल पर FlightGlobal का पिछला दावा और समझिए इसकी विश्वसनीयता

ब्रिटिश विमानन प्रकाशन FlightGlobal ने अपनी पिछली World Air Forces डायरेक्टरी नवंबर 2025 में जारी में जारी की थी। इसमें भारतीय वायुसेना के 35 राफेल ‘Active’ श्रेणी में दर्ज किए थे। ऑपरेशन सिंदूर (मई 2025) के बाद प्रकाशित उस एडिशन के मुकाबले अब नई World Air Forces 2027 डायरेक्टरी में यह संख्या 32 है।

  • सवाल यह है कि दोनों संस्करणों के बीच सक्रिय सूची से कौन-से तीन राफेल हटाए गए और किस आधार पर?
  • नई डायरेक्टरी में न उन विमानों की पहचान दी गई है, न गिनती बदलने की वजह बताई गई है।
  • मतलब साफ है कि यह एक विरोधाभाषी बात है, ऐसे में इसे बिल्कुल भी भरोसे लायक नहीं माना जा सकता है।

इसके अलावा 35 का दावा भी पूरी तरह खंडित है। ऑपरेशन सिंदूर के समय उप वायुसेना प्रमुख रहे रिटायर्ड एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने पाकिस्तान द्वारा राफेल को मार गिराने के दावे को गलत बताया था। उनके मुताबिक, जिन टेल नंबरों को पहले नुकसान के दावों में गिनाया गया था, उनमें शामिल विमान बाद में अंतरराष्ट्रीय अभ्यासों में उड़े।

भारतीय एयरफोर्स के पास हैं पूरे के पूरे 36, जानिए कैसे

भारतीय वायुसेना के मुख्यालय ने 15 जून 2026 को आरएफपी (Request for Proposal)  जारी कर 36 राफेल के लिए फ्रांसीसी इंजन निर्माता Safran Aircraft Engines से पांच महीने का ‘ब्रिज सपोर्ट’ (अंतरिम सपोर्ट) मांगा था। तब मौजूदा सपोर्ट व्यवस्था की अवधि 18 सितंबर 2026 को खत्म होनी थी। उसके बाद भी बेड़े के रखरखाव और तकनीकी सहायता जारी रखने के लिए अंतरिम पैकेज मांगा गया था।

आरएफआइ में 36 का आंकड़ा सीधे उड़ान घंटों के हिसाब में भी इस्तेमाल हुआ। आरएफपी में हर राफेल के लिए सालाना 150 उड़ान घंटे, यानी महीने के 12.5 घंटे, का आधार लिया गया। इस हिसाब से 36 विमान × 12.5 घंटे × 5 महीने = 2,250 उड़ान घंटे के लिए सपोर्ट मांगा गया।

  • यानी जून का आरएफपी पुष्ट करता है कि ऑपरेशन सिंदूर के एक साल से अधिक समय बाद भी वायुसेना की रखरखाव योजना में सभी 36 राफेल शामिल थे  
  • ऐसे में FlightGlobal के 32 ‘Active’ राफेल के आंकड़ा भी पूरी तरह खारिज हो जाता है।

क्या बाकी राफेल मेंटेनेंस में हो सकते हैं ?

फ्लीट डेटाबेस में ‘Active’ विमान की दर्ज स्थिति होती है। इससे यह पता नहीं चलता कि किसी खास दिन कितने विमान उड़ान या लड़ाकू मिशन के लिए तैयार थे। FlightGlobal की डायरेक्टरी विमानन डेटा कंपनी Cirium के आंकड़ों पर आधारित है।

  • लंबे ओवरहॉल, बड़ी मरम्मत या अपग्रेड के दौरान किसी विमान की गतिविधि की पुष्टि न होने से डेटाबेस में उसकी स्थिति बदल सकती है।
  • इसलिए मेंटेनेंस एक संभावित वजह है। किसी विमान को कुछ दिनों की नियमित सर्विसिंग के चलते सूची से हटाया गया होगा, इसका आधार उपलब्ध रिपोर्ट में नहीं है।
  • इसी तरह चार विमानों के नष्ट होने या चारों के मरम्मत में होने का निष्कर्ष निकालने के लिए विमानवार जानकारी चाहिए।

FlightGlobal क्या है और उसकी World Air Forces डायरेक्टरी में क्या होता है?

FlightGlobal ब्रिटेन का एक एविएशन प्रकाशन है, जो नागरिक और सैन्य विमानन की खबरें और विश्लेषण प्रकाशित करता है। यह DVV Media International का हिस्सा है और Flight International पत्रिका भी प्रकाशित करता है। इसकी सालाना World Air Forces डायरेक्टरी दुनिया के सैन्य विमान बेड़ों का देशवार ब्योरा देती है।

इसमें वायुसेना, नौसेना और थलसेना की विमानन इकाइयों के विमान और हेलिकॉप्टर मॉडल के हिसाब से दर्ज होते हैं। डायरेक्टरी तैयार करने के लिए FlightGlobal विमानन डेटा कंपनी Cirium के फ्लीट रिकॉर्ड का इस्तेमाल करता है।

  1. डायरेक्टरी में लड़ाकू विमान, परिवहन विमान, टैंकर, विशेष मिशन वाले विमान, लड़ाकू हेलिकॉप्टर और प्रशिक्षण विमान अलग-अलग श्रेणियों में रखे जाते हैं।
  2. हर मॉडल के सामने ‘Active’ कॉलम में सक्रिय बेड़े में दर्ज संख्या और ‘Ordered’ कॉलम में ऑर्डर किए गए विमानों की संख्या दी जाती है

Cirium क्या है और यह सैन्य विमानों का रिकॉर्ड कैसे रखती है?

दरअसल Cirium के डेटाबेस पर ही राफेल की संख्या तय हुई। इसलिए जानना आवश्यक है कि यह कैसे काम करती है। Cirium (सिरियम) विमानन से जुड़े आंकड़े जुटाने और उनका विश्लेषण करने वाली निजी कंपनी है। इसके डेटाबेस में हर विमान का अलग रिकॉर्ड होता है।

सैन्य विमानों के मामले में कंपनी उनकी पहचान संख्या यानी टेल नंबर के आधार पर रिकॉर्ड रखती है। सार्वजनिक तस्वीरों, विमानों के देखे जाने की सूचनाओं, उपलब्ध फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और रक्षा रिपोर्टों से उसे किसी विमान की पहचान और सेवा की स्थिति अपडेट करने में मदद मिलती है।

FlightGlobal अपनी World Air Forces डायरेक्टरी के लिए इसी सैन्य विमान डेटाबेस का इस्तेमाल करता है।

फिर 32 ‘Active’ से राफेल की कुल संख्या क्यों तय नहीं होती?

मान लीजिए किसी राफेल की हाल की उड़ान का सार्वजनिक रिकॉर्ड उपलब्ध है। इससे उसके इस्तेमाल में होने का संकेत मिलता है। लेकिन किसी दूसरे राफेल की हाल की उड़ान का रिकॉर्ड न मिले, तो उसकी स्थिति अपने आप स्पष्ट नहीं होती। वह लंबी ओवरहॉल, बड़ी मरम्मत या अपग्रेड में हो सकता है। ये संभावित वजहें हैं। FlightGlobal ने किसी राफेल के बारे में ऐसी वजह नहीं बताई है।

कब हुआ था 36 राफेल का सौदा ?

भारत ने फ्रांस के साथ  23 सितंबर 2016 को भारतीय वायुसेना के लिए 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने का समझौता किया। इसकी शुरुआत 10 अप्रैल 2015 को हुई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में फ्रांस से 36 राफेल खरीदने की घोषणा की। करीब 17 महीने की बातचीत के बाद दोनों सरकारों ने 7.87 अरब यूरो (तब करीब ₹59,000 करोड़) के समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस रकम में विमानों के साथ हथियार, सिमुलेटर और रखरखाव का खर्च भी शामिल था।

पहला राफेल अक्टूबर 2019 में फ्रांस में भारत को औपचारिक रूप से सौंपा गया, जबकि पहली खेप जुलाई 2020 में भारत पहुंची। दिसंबर 2022 में 36वें विमान के पहुंचने के साथ पूरे बैच की भारत में आमद पूरी हुई।  

भारतीय राफेल की मुख्य स्पेसिफिकेशन क्या है ?

भारतीय वायुसेना के लिए 2016 के सौदे में 28 सिंगल-सीट राफेल EH और 8 ट्विन-सीट राफेल DH खरीदे गए थे। फ्रांस की दसॉ एविएशन का राफेल दो इंजन वाला मल्टीरोल लड़ाकू विमान है, जो हवा से हवा और हवा से जमीन, दोनों तरह के मिशन कर सकता है।

स्पेसिफिकेशनआंकड़ा
इंजन2 × Safran M88 टर्बोफैन
अधिकतम थ्रस्टप्रति इंजन 7.5 टन-फोर्स
अधिकतम गतिऊंचाई पर मैक 1.8
अधिकतम परिचालन ऊंचाई50,000 फीट
लंबाई15.30 मीटर
पंखों का फैलाव10.90 मीटर
ऊंचाई5.30 मीटर
अधिकतम टेकऑफ वजन24.5 टन
अधिकतम बाहरी भार9.5 टन, जिसमें हथियार और बाहरी ईंधन टैंक शामिल हो सकते हैं
आंतरिक ईंधन क्षमता4.7 टन
हार्डपॉइंट14
अधिकतम पॉजिटिव G-लोड+9G
  • रडार और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर — RBE2 AESA रडार और SPECTRA इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट।
  • प्रमुख हथियार — हवा से हवा में मार करने वाली Meteor और MICA मिसाइलें, जमीन पर हमले के लिए SCALP क्रूज मिसाइल और HAMMER गाइडेड हथियार

Leave a Comment

Related News