बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक हिंसा, झड़पों और आगजनी की चपेट में आ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग (Awami League) के 19 नवंबर, 2026 के देशव्यापी बंद से ठीक पहले देश के कई हिस्सों में भारी हिंसा भड़क उठी। देश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मुहम्मद यूनुस के घर को फूंक दिया गया। राजधानी ढाका में 18 नवंबर की शाम से देर रात के बीच तीन जगह देसी बमों के धमाके हुए, जिनमें चार लोग घायल हुए। राजनीतिक प्रापर्टीज पर भी हमले हुए।
राजधानी के बाहर नराइल में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े कार्यकर्ताओं के जुलूस पर हमला हुआ। गोपालगंज में एक थाने, सुरक्षाबलों के वाहनों और एक सांसद के घर को निशाना बनाया गया। हिंसा के बाद सरकार ने संवेदनशील जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की तैनाती बढ़ा दी है।
पिछले दो दिनों में नराइल, फरीदपुर और पिरोजपुर में हिंसा और आगजनी की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है। चटगांव में यूनुस के घर में आग कैसे लगी, इसकी जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार ने हिंसा के लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया है। रहमान ने अवामी लीग (जिसकी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध है) के फिर से खड़े होने को रोकने के लिए लोकतांत्रिक ताकतों के बीच एकता की भी गुहार लगाई।
मोहम्मद यूनुस के घर में कब और कैसे लगी आग?
मोहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पैतृक घर में 18 नवंबर की देर रात आग लगी। पांचलाइश इलाके के इस चार मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे से लपटें उठती दिखीं। पुलिस के मुताबिक, मकान के उस हिस्से में 10 से 15 साल से कोई नहीं रह रहा था। वहां पुराने कपड़े और फर्नीचर रखे हुए थे।
- इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने लपटें देखीं और मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। मकान की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले यूनुस के परिजन सुरक्षित हैं।
- स्थानीय लोगों ने घर में पेट्रोल बम से हमले की आशंका जताई। पुलिस ने भी ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने की बात कही और बताया कि आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।
- स्थानीय निवासियों ने बताया कि यूनुस के पिता ने 1960 के दशक में यह मकान बनवाया था।
- इस पर हमले का संदेह अवामी लीग समर्थकों पर है।
यूनुस के स्थापित ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर भी हुए हमले ?
मोहम्मद यूनुस के स्थापित किए गए ग्रामीण बैंक की शाखाओं और कार्यालयों को भी हाल के दिनों में जमकर निशाना बनाया गया है। द डेली स्टार के मुताबिक, 18 नवंबर की सुबह राजशाही में बैंक की एक शाखा पर पेट्रोल बम फेंके गए।
उसी दौरान हबीगंज, चटगांव, टांगाइल और बारीसाल में बैंक की शाखाओं या कार्यालयों में आग लगाने की घटनाएं सामने आईं। चटगांव के सतकानिया में बैंक कार्यालय में आग लगाई गई। वहीं, फरीदपुर के सालथा में 17 नवंबर की रात एक शाखा में आग लगाने की कोशिश की खबर सामने आई।
बैंक ने रॉयटर्स को बताया कि 10 नवंबर से उसके कम से कम 37 परिसरों में आग लगाई गई या आग लगाने की कोशिश हुई। बैंक के इस आंकड़े में दोनों तरह की घटनाएं शामिल हैं।
राजधानी ढाका में कहां-कहां हुए धमाके?
18 नवंबर की शाम से आधी रात के बीच ढाका के शाहजहांपुर, श्यामपुर और शेर-ए-बांग्ला नगर में देसी बम फटे। तीनों इलाकों की घटनाओं में कुल चार लोग घायल हुए। इसी रात मोहम्मदपुर में एक ट्रक को आग लगा दी गई।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच के प्रमुख शफीकुल इस्लाम ने 18 नवंबर की ब्रीफिंग में बताया कि राजधानी में उस वक्त तक नवंबर के 85 देसी बम धमाके दर्ज हो चुके थे। उनके मुताबिक, सितंबर में 27 और अक्टूबर में 13 धमाके दर्ज हुए थे।
- शाहजहांपुर में खिलगांव रेलगेट बाजार के पास सरकारी प्राथमिक स्कूल के सामने हुए धमाके में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई।
- श्यामपुर के धोलाईपार में रात करीब नौ बजे एक बस काउंटर के सामने धमाके हुए। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
- शेर-ए-बांग्ला नगर में रात करीब दस बजे शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने हुए धमाके में तीन लोग घायल हुए।
ढाका में कैसी सुरक्षा व्यवस्था, कितने जिलों में BGB तैनात ?
बांग्लादेश में हिंसा का आलम यह है कि BGB यानी बॉर्डर गॉर्ड ऑफ बांग्लादेश के जवानों को सुरक्षा के मोर्चे पर उतारना पड़ा है। 19 नवंबरकी सुबह BGB ने सात जिलों में 96 प्लाटून तैनात करने की जानकारी दी। इनमें सबसे ज्यादा 27 प्लाटून गोपालगंज और 23 ढाका जिले में तैनात किए गए।
वहीं ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने राजधानी में 177 चेकपोस्ट लगाए। सामान्य दिनों में इनकी संख्या 30 तक रहती है। शहर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख फ्लाईओवरों के पास वाहनों की जांच बढ़ाई गई।
- ढाका पुलिस के 24 घंटे के अभियान में 565 लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें 71 अवामी लीग और उसकी छात्र इकाई छात्र लीग के सदस्य बताए गए।
- पुलिस ने पूर्व शिक्षा मंत्री और अवामी लीग नेता नुरुल इस्लाम नाहिद को भी ढाका के उत्तरा इलाके में उनके घर से हिरासत में लिया।
- 19 नवंबर की सुबह ढाका में जनजीवन काफी हद तक सामान्य रहा। स्कूल-कॉलेज खुले, लेकिन सड़कों पर सार्वजनिक वाहनों की संख्या कम रही और कुछ स्कूलों ने परीक्षाएं टाल दीं।
बांग्लादेश के 64 जिलों में से अब तक कितने जिलों में हिंसा ?
अवामी लीग के 19 नवंबर के बंद के आह्वान से पहले करीब 10 दिनों में बांग्लादेश के 64 जिलों में से कम से कम 28 में हिंसा की खबरें सामने आईं हैं। पुलिस ने देसी बम धमाकों और वाहनों में आग लगाने की दर्जनों घटनाएं दर्ज की हैं।
इस बीच नरेल जिले के कालिया उपजिला में 18 नवंबर की शाम सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) से जुड़े संगठनों के जुलूस पर हमला हुआ। हमले का आरोप अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर है। इसमें घायल हुए दो स्थानीय नेताओं, शाहीनुर शेख और सोहेल मोल्ला, को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- गोपालगंज जिले के तुंगीपारा में 17 नवंबर की रात थाने में तोड़फोड़ की गई और पुलिस तथा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के वाहनों में आग लगाई गई।
- BNP सांसद एसएम जिलानी के आवास समेत कम से कम 20 घरों को भी निशाना बनाया गया।
- 17 नवंबर शाम को गोपालगंज के काशियानी इलाके में ढाका–खुलना राजमार्ग पर कई जगह वाहनों में आग लगाई गई और रास्ता रोका गया।
- उसी रात खुलना में अज्ञात हमलावरों ने जिला जज की अदालत की इमारत में एक देसी बम फेंका, जो फटा नहीं।
- ढाका–बारीसाल राजमार्ग पर नाकेबंदी के दौरान गंभीर रूप से झुलसे कृषक दल के नेता राजू मोल्ला की मौत हुई।
- पिरोजपुर के भंडारिया में खड़ी बस में आग लगाए जाने से उसके अंदर सो रहे बस हेल्पर मोहम्मद सियाम की मौत हुई।
अवामी लीग ने 19 नवंबर को बंद क्यों बुलाया?
राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध झेल रही अवामी लीग ने सोशल मीडिया के जरिए सप्ताहभर के विरोध कार्यक्रम का ऐलान किया था। इसका मकसद शेख हसीना की वापसी के समर्थन में लोगों को जुटाना था। 19 नवंबर का देशव्यापी बंद उसी कार्यक्रम का आखिरी दिन था। भारत में रह रहीं हसीना ने दिसंबर में लौटने की बात कही है।
रॉयटर्स के मुताबिक, हसीना ने नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन किया था, जिसे ढाका सरकार ने खारिज कर दिया। इसी सप्ताह 17 नवंबर को हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में सुनाई गई मौत की सजा का एक साल पूरा हुआ।
- हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में बांग्लादेश के विशेष न्यायाधिकरण ने मौत की सजा सुनाई थी।
- जुलाई 2024 में बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों के आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन, प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की घातक कार्रवाई के बाद, प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग में बदल गया।
- बढ़ते विरोध के बीच 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद छोड़ा और भारत आ गईं, जिससे उनका करीब 15 साल का शासन खत्म हो गया।
- राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 6 अगस्त को संसद भंग कर दी और 8 अगस्त को नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ ली।
मोहम्मद यूनुस के प्रति आवामी लीग में गुस्सा क्यों ?
अवामी लीग और मोहम्मद यूनुस के बीच गहरे टकराव और गुस्से की मुख्य वजह सत्ता परिवर्तन, पार्टी पर लगा प्रतिबंध और सालों पुरानी राजनीतिक दुश्मनी है। अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद फरवरी 2026 तक यूनुस ने अंतरिम सरकार का नेतृत्व किया, जिस दौरान लिए गए फैसलों ने अवामी लीग के गुस्से को चरम पर पहुंचा दिया।
- यूनुस की अंतरिम सरकार ने मई 2025 में आतंकवाद विरोधी कानून के तहत अवामी लीग की गतिविधियों पर रोक लगाई। इसके बाद पार्टी फरवरी 2026 का आम चुनाव नहीं लड़ सकी।
- शेख हसीना और उनके समर्थक यूनुस को 2024 के छात्र आंदोलन के पीछे का मुख्य सूत्रधार मानते हैं। हसीना ने यूनुस को “सत्ता का भूखा देशद्रोही” तक कहा है।
- अवामी लीग का आरोप है कि यूनुस के कार्यकाल में 1971 के मुक्ति संग्राम और शेख मुजीबुर रहमान की विरासत को निशाना बनाया गया।
- हसीना ने यूनुस प्रशासन पर कट्टरपंथियों को बढ़ावा देने और आतंकवाद के मामलों में दोषी ठहराए गए लोगों को जेल से रिहा करने का आरोप लगाया
2006 में नोबेल शांति पुरस्कार मिलने के बाद यूनुस ने 2007 में राजनीतिक पार्टी बनाने की कोशिश की, जिससे हसीना के साथ उनके रिश्तों में तल्खी बढ़ी। हसीना के शासन में बांग्लादेश के केंद्रीय बैंक ने 2011 में सेवानिवृत्ति की उम्र पार करने का हवाला देकर यूनुस को ग्रामीण बैंक के प्रबंध निदेशक पद से हटाया।
यूनुस शासन में भारत के साथ कैसा रहा रवैया ?
अगर यूनुस के कार्यकाल को भारत के साथ संबंधों के लिहाज से गंभीर गिरावट कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। जब वह शेख हसीना के तख्तापलट के बाद बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया बने, तो उनके प्रशासन ने लगातार भारत-विरोधी रुख अपनाया।
यूनुस शासन के दौरान बांग्लादेश में कट्टरपंथी ताकतों को खुली छूट मिली, जियोपॉलिटक्स में चीन-पाकिस्तान को वरीयता दिया, जिससे भारत के साथ कूटनीतिक संबंधों में भारी गिरावट आई। भारत की सीमाओं पर भी सुरक्षा चुनौतियां खड़ी करने का प्रयास किया गया।
यूनुस के कार्यकाल का सबसे विवादित घटनाक्रम मार्च 2025 में उनकी चीन यात्रा के दौरान सामने आया। 26 से 29 मार्च की यात्रा में उन्होंने बांग्लादेश को भारत के पूर्वोत्तर के सात राज्यों के लिए समुद्र तक पहुंच का प्रवेश-द्वार बताते हुए चीन को इस क्षेत्र में आर्थिक अवसरों का लाभ उठाने का निमंत्रण दिया। इस बयान को भारत के रणनीतिक हितों के लिहाज से संवेदनशील माना गया, क्योंकि पूर्वोत्तर और सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
- यूनुस सरकार के दौरान बांग्लादेश और पाकिस्तान के रिश्तों में भी बदलाव दिखाई दिया। 11 नवंबर 2024 को कराची से आया एक मालवाहक जहाज चटगांव बंदरगाह पहुंचा। यह 1971 के बाद दोनों देशों के बीच पहला प्रत्यक्ष समुद्री माल संपर्क था।
- यूनुस ने भारत के साथ तीस्ता नदी जल बंटवारे जैसे संवेदनशील मुद्दों पर कूटनीतिक बातचीत के बजाय अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को घेरने और बयानबाजी करने की नीति अपनाई।
- यूनुस के संरक्षण में बांग्लादेश की सीमाओं पर भारत विरोधी तत्वों की सक्रियता अचानक बढ़ गई, जिससे भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहना पड़ा।








