बांग्लादेश ने चीन से की 20 हजार करोड़ रुपये की फाइटर जेट डील, भारत के लिए इसके क्या मायने

By Defence Detective

Updated On:

Date:

Chinese J-10CE fighter jet caricature for Bangladesh-China defence deal.

दक्षिण एशिया की जियोपॉलिटिक्स और और सैन्य संतुलन के लिहाज से एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।बांग्लादेश की वायुसेना में आधुनिक चीनी लड़ाकू विमानों को शामिल करने की योजना आगे बढ़ गई है। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने चीन के J-10CE मल्टीरोल लड़ाकू विमानों की खरीद के अंतिम नीतिगत और वित्तीय मंजूरी दे दी है। दोनों देशों की सरकारों के बीच (G2G)  हो रहा यह बांग्लादेश के बड़े और महत्वपूर्ण सैन्य सौदों में से एक माना जा रहा है।

इस प्रस्तावित खरीद में विमानों के अलावा प्रशिक्षण, हथियार, लॉजिस्टिक्स और रखरखाव की सुविधाएं शामिल होने की भी खबर है। हालांकि, अंतिम खरीद डील पर हस्ताक्षर और पूरी डिलीवरी का आधिकारिक कार्यक्रम अभी स्पष्ट नहीं है। यह खरीद बांग्लादेश की वायुसेना को पुराने लड़ाकू विमानों से आधुनिक रडार और लंबी दूरी की हवाई लड़ाई वाली क्षमता की ओर ले जा सकती है।

भारत के लिए इसकी अहमियत पूर्वी पड़ोस में बढ़ती सैन्य क्षमता के साथ बांग्लादेश के रक्षा ढांचे में चीन की मजबूत होती भूमिका से भी जुड़ी है। खरीद और सप्लाई पूरी होने पर पाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के बाद बांग्लादेश इस चीनी लड़ाकू विमान का तीसरा विदेशी ऑपरेटर बन सकता है। इस सौदे पर पहले से बातचीत चल रही थी।

कितने की और क्या है डील, कब आई जानकारी सामने ?

बांग्लादेशी अखबार अगामीर समय की 6 नवंबर 2026 की रिपोर्ट में खरीद को अंतिम नीतिगत और वित्तीय मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई। इसके मुताबिक, प्रधानमंत्री की सहमति के बाद वित्त मंत्रालय ने ब्याज सहित करीब 2.13 अरब डॉलर (लगभग 20 हजार करोड़ रुपये) की इस खरीद के लिए सरकारी भुगतान गारंटी को मंजूर कर ली है।

  • इस खरीद में बांग्लादेश को चीन से 20  J-10CE अत्याधुनिक लड़ाकू विमान मिलेंगे।
  • खरीद चीन की सरकारी कंपनी China National Aero-Technology Import & Export Corporation—CATIC के जरिए होगी।
  • खरीद प्रक्रिया पूरी होने पर विमानों की आपूर्ति 2027 में शुरू होने की संभावना जताई गई है।

नॉर्थईस्ट न्यूज की 7 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, 4 नवंबर को ढाका में तारिक रहमान और चीनी डेलिगेशन की बैठक में इस मंजूरी की जानकारी दी गई थी। डेलिगेशन की अगुआई चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के इंटरनेशनल डिपार्टमेंट के मंत्री लियू हैक्सिंग कर रहे थे।

डील में और क्या-क्या है शामिल?

यह सिर्फ लड़ाकू विमानों की खरीद नहीं है, बल्कि पैकेज में विमान के साथ हथियार, पायलट और तकनीकी कर्मियों की ट्रेनिंग, लॉजिस्टिक्स और लंबे समय का रखरखाव शामिल होगा।

  • हथियारों की आपूर्ति: विमानों के साथ हथियार भी दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि कौन-कौन सी मिसाइलें और कितनी संख्या में मिलेंगी, इसका पूरा विवरण अभी सार्वजनिक नहीं है।
  • पायलटों और ग्राउंड क्रू का प्रशिक्षण: बांग्लादेशी पायलटों को विमान उड़ाने और ग्राउंड क्रू को उनके संचालन व रखरखाव की ट्रेनिंग दी जाएगी।
  • स्पेयर पार्ट्स और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट: विमानों को नियमित रूप से उड़ान के लिए तैयार रखने के लिए जरूरी कलपुर्जे और लॉजिस्टिक्स सहायता भी पैकेज का हिस्सा होंगे।
  • दीर्घकालिक रखरखाव और तकनीकी सहायता: विमानों की सर्विसिंग तथा तकनीकी जरूरतों के लिए लंबे समय तक सहायता देने का प्रावधान भी बताया गया है। इसकी अवधि और विस्तृत शर्तें अभी सामने नहीं आई हैं।

J-10CE की क्या है मारक क्षमता और टेक्निकल स्पेसिफिकेशन ?

J-10CE, चीन के J-10C लड़ाकू विमान का एक्सपोर्ट वर्जन है, जिसे आम तौर पर 4.5 जनरेशन की श्रेणी में रखा जाता है। इसे चीन की सरकारी कंपनी AVIC (Aviation Industry Corporation of China) के अंतर्गत चेंगदू एयरक्राफ्ट इंडस्ट्री ने विकसित किया है।

यह मल्टीरोल विमान हवाई मुकाबले के साथ जमीन पर सटीक हमले करने के लिए भी बनाया गया है। इसकी लड़ाकू क्षमता में आधुनिक रडार, लंबी दूरी की मिसाइलों और दूसरे सैन्य प्लेटफॉर्म के साथ मिलकर काम करने की अहम भूमिका है।

  • आधुनिक AESA रडार: इसका एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड एरे रडार कई हवाई लक्ष्यों को एक साथ खोजने और ट्रैक करने में सक्षम है। इससे पायलट को दुश्मन की गतिविधियों की जानकारी और हथियार इस्तेमाल करने के लिए जरूरी डेटा मिलता है।
  • नजरों से दूर हवाई हमला: यह PL-15E बियॉन्ड-विजुअल-रेंज मिसाइल इस्तेमाल कर सकता है, जिससे सामने वाले विमान को आंखों से देखे बिना निशाना बनाया जा सकता है। इसकी शुरुआती प्रदर्शित रेंज करीब 145 किलोमीटर थी। बाद की चीनी सैन्य मीडिया रिपोर्ट में 200 किलोमीटर से अधिक रेंज का दावा किया गया है।
  • करीबी हवाई मुकाबला: नजदीकी डॉगफाइट के लिए यह PL-10E इन्फ्रारेड गाइडेड मिसाइल ले जा सकता है, जो नजदीकी हवाई मुकाबले की हवा-से-हवा में मार करने वाली मिसाइल है। इसकी रेंज लगभग 20 किलोमीटर है। इसका इमेजिंग इन्फ्रारेड सीकर दुश्मन विमान से निकलने वाले तापीय संकेतों को पहचानकर उसका पीछा करता है। थ्रस्ट-वेक्टरिंग तकनीक इसे तेजी से दिशा बदलने और बचने की कोशिश कर रहे विमान का पीछा करने में मदद करती है।
  • इसे जटिल इलेक्ट्रॉनिक माहौल में भी सटीक हमले करने के लिए तैयार किया गया है। यह दूसरे विमानों और सहायक सैन्य प्रणालियों के साथ कोऑर्डिनेशन में काम कर सकता है।

टेक्निकल स्पेसिफिकेशन:-

मापदंडविवरण
चालक दलएक पायलट
लंबाईलगभग 16.9 मीटर
पंखों का फैलावलगभग 9.8 मीटर
ऊंचाईलगभग 5.7 मीटर
अधिकतम टेकऑफ वजनलगभग 19.3 टन
इंजनएक WS-10B आफ्टरबर्निंग टर्बोफैन
अधिकतम गतिलगभग माक 1.8
अधिकतम उड़ान ऊंचाईलगभग 17,000 मीटर
फेरी रेंजलगभग 2,950 किलोमीटर
अधिकतम जी-लिमिट+9G / −3G
हवा में ईंधन भरनासक्षम

सौदे में भुगतान की शर्तें क्या हैं ?

बांग्लादेश इस खरीद की पूरी रकम एकमुश्त चुकाने के बजाय शुरुआती एडवांस और बाकी भुगतान किस्तों में करने की व्यवस्था अपना रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक,

  • ब्याज सहित कुल देनदारी 2.13 अरब डॉलर जिसमें मूल खरीद लगभग 1.96 अरब डॉलर और ब्याज करीब 17 करोड़ डॉलर।
  • शुरुआती भुगतान लगभग 39.19 करोड़ डॉलर बताया गया है। यह मूल खरीद राशि का करीब 20 प्रतिशत बनता है।
  • इसके बाद दो साल की भुगतान मोहलत मिलेगी और शेष रकम छह असमान वार्षिक किस्तों में चुकाई जाएगी।
  • इस व्यवस्था से तत्काल पूरा भुगतान करने की जरूरत घटेगी, लेकिन आने वाले वर्षों में सरकारी वित्त पर भुगतान का दायित्व बना रहेगा।

J-10CE बांग्लादेश के लिए कितना बड़ा बदलाव?

सिंगल इंजन वाला यह एक मल्टीरोल लड़ाकू विमान है। मल्टीरोल का अर्थ है कि विमान अलग-अलग हथियारों के साथ हवाई लड़ाई और जमीनी लक्ष्यों पर हमले जैसे काम कर सकता है। बांग्लादेश के लिए इसका सबसे बड़ा फायदा होगा:

  • पुराने लड़ाकू विमानों की जगह आधुनिक प्लेटफॉर्म।
  • बेहतर रडार और लक्ष्य पहचानने की क्षमता।
  • नजर की सीमा से बाहर हवाई मुकाबले की क्षमता।
  • आधुनिक संचार और हथियारों के साथ काम करने की सुविधा।

रिपोर्टों में इस खरीद को पुराने F-7 विमानों के प्रतिस्थापन, सीमित MiG-29 बेड़े की क्षमता बढ़ाने और Forces Goal 2030 आधुनिकीकरण कार्यक्रम से जोड़ा गया है।

आधुनिक लड़ाकू विमान मिलने से बांग्लादेश की हवाई निगरानी, इंटरसेप्शन और हवाई मुकाबले की क्षमता बेहतर हो सकती है। हालांकि, सभी पुराने विमानों को हटाने की समयसीमा सार्वजनिक नहीं है

चीन पर कितनी बढ़ेगी निर्भरता, पहले से क्या-क्या चीनी हथियार इस्तेमाल कर रहा बांग्लादेश?

खरीद के बाद स्पेयर पार्ट्स, हथियार, सॉफ्टवेयर सहायता और रखरखाव के लिए चीन से लंबे समय तक जुड़ाव रहेगा। इससे बांग्लादेश के सैन्य ढांचे में चीनी तकनीक और सहायता की भूमिका और मजबूत होगी।

बांग्लादेश की चीन पर सैन्य निर्भरता केवल प्रस्तावित J-10CE खरीद तक सीमित नहीं है। उसकी थलसेना, वायुसेना और नौसेना पहले से चीनी लड़ाकू विमान, टैंक, मिसाइल सिस्टम और युद्धपोत इस्तेमाल कर रही हैं।

चीनी हथियार/उपकरणइस्तेमाल करने वाली सेनाअहम जानकारी
F-7BG और F-7BGI लड़ाकू विमानवायुसेनाहवाई सुरक्षा और इंटरसेप्शन के लिए इस्तेमाल। इनके दो सीट वाले FT-7 संस्करण प्रशिक्षण में भी काम आते हैं।
K-8W जेट ट्रेनरवायुसेनालड़ाकू पायलटों का प्रशिक्षण; हल्के हमले की भूमिका भी निभा सकता है। 2014 से इस्तेमाल में है।
MBT-2000 टैंकथलसेनाचीन से खरीदे गए 44 मुख्य युद्धक टैंक बख्तरबंद क्षमता का हिस्सा हैं।
VT-5 हल्के टैंकथलसेनामुख्य युद्धक टैंकों से हल्की श्रेणी के चीनी टैंक; शुरुआती खरीद 44 टैंकों की थी।
Type-59/59G और Type-69 श्रृंखलाथलसेनाचीनी मूल के पुराने टैंक और उनके उन्नत संस्करण; इनमें Type-59G ‘दुर्जय’ भी शामिल है।
FM-90 एयर डिफेंस सिस्टमथलसेना और वायुसेनाकम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली, जिसका उपयोग नजदीकी हवाई खतरों से सुरक्षा के लिए होता है।
WS-22 मल्टीपल रॉकेट लॉन्चरथलसेनाजमीनी लक्ष्यों पर रॉकेट हमलों के लिए इस्तेमाल होने वाली चीनी प्रणाली।
QW-2 और FN-6 मिसाइलेंथलसेनासैनिकों द्वारा ले जाए जा सकने वाले कम दूरी के विमानभेदी हथियार।
Type-035G मिंग-क्लास पनडुब्बियांनौसेनाचीन से मिली दो डीजल-इलेक्ट्रिक पनडुब्बियां—BNS नबजात्रा और BNS जॉयजात्रा।
C13B ‘शाधीनता’ श्रेणी के कॉर्वेटनौसेनाचार चीनी निर्मित मिसाइल कॉर्वेट; इनमें BNS शाधीनता, प्रत्यय, संग्राम और प्रोत्ताशा शामिल हैं।
Type-053H3 फ्रिगेटनौसेनाचीन से मिले BNS उमर फारूक और BNS अबू उबैदाह जैसे मिसाइल युद्धपोत।
C-802 एंटी-शिप मिसाइलेंनौसेनासमुद्र में दुश्मन के जहाजों को निशाना बनाने वाली चीनी मिसाइलें, जो उसके युद्धपोतों पर तैनात हैं।

भारत के पूर्वी क्षेत्र के लिए क्या मायने?

भारत के लिए इस घटनाक्रम का बड़ा पहलू पूर्वी पड़ोस में आधुनिक चीनी लड़ाकू विमान के साथ प्रशिक्षण, हथियार और तकनीकी सहायता की स्थायी व्यवस्था विकसित होना है। पश्चिम में पाकिस्तान में पहले से ही चीन सैन्य पैठ गहरी है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच भी शेख हसीना के तख्तापलट के बाद सैन्य ताल्लुकात बढ़े हैं।

  • सैन्य नजरिए से देखें तो आधुनिक रडार और लंबी दूरी की मिसाइलों वाला बेड़ा भारत के पूर्वी क्षेत्र की सुरक्षा योजना में ध्यान देने योग्य बदलाव होगा।
  • पुराने विमानों की तुलना में बांग्लादेश की लक्ष्य पहचानने और दूर से हवाई मुकाबला करने की क्षमता बढ़ सकती है।
  • बंगाल की खाड़ी के ऊपर उसकी हवाई गश्त और वायु सुरक्षा भी मजबूत हो सकती है।

ढाका-इस्लामाबाद-बीजिंग का नेक्सस ?

पाकिस्तान के सैन्य ढांचे में चीन की पैठ पहले से गहरी है और उसकी वायुसेना चीनी J-10CE लड़ाकू विमान भी इस्तेमाल कर रही है। शेख हसीना की सत्ता से विदाई के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच भी सैन्य संपर्क और रक्षा सहयोग बढ़ा है।

अब बांग्लादेश की इसी चीनी लड़ाकू विमान को खरीदने की तैयारी ढाका-इस्लामाबाद की बढ़ती सैन्य नजदीकी और दोनों देशों में बीजिंग के प्रभाव को एक साथ जोड़ती है।

भारत के लिए अहम सवाल है कि उसके पश्चिम और पूर्व में मजबूत होते ये रक्षा संबंध आने वाले समय में सैन्य सहयोग का क्या रूप लेते हैं।

Leave a Comment