तुर्की की संसद ने ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ (Mecca Joint Defense Agreement) को अपनी पूरी मंजूरी दे दी है। 5 नवंबर 2026 को संसद ने पाकिस्तान और सऊदी अरब के साथ वाले इस समझौते के अनुमोदन से जुड़ा विधेयक विधेयक पास कर दिया। हालांकि, विपक्षी सांसदों ने गर्मागर्म बहस में मक्का पैक्ट के दायरे और तुर्की के हितों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रावधानों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने चेताया कि समझौते की अस्पष्ट शर्तों का असर तुर्की की मौजूदा अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं पर पड़ सकता है
4 नवंबर को विपक्षी सांसदों ने पूछा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच फिर लड़ाई हुई तो क्या करेंगे हम ? लड़ाई की दशा में तुर्की, पाकिस्तान को हथियार देगा, खुफिया जानकारी साझा करेगा या अपनी सेना भी भेजेगा यानी भारत के खिलाफ सीधी जंग में उतरेगा?
फिलहाल तीन धाराओं वाला विधेयक पैक्ट के अनुमोदन, कानून के प्रकाशन की तारीख से लागू होने और राष्ट्रपति द्वारा उसके क्रियान्वयन से जुड़ा है। बहस और आधिकारिक बयानों के बाद विधेयक से संबंधित प्रक्रियाओं, मदद के दायरे और फैसला लेने की जटिल कानूनी व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर साफ हो चुकी है।
भारत-पाकिस्तान लड़ाई से जुड़े सवालों का सीधा जवाब यह है कि संसद की मंजूरी से पाकिस्तान को शर्तों के साथ तुर्की की मदद का वादा मिला है। पाकिस्तान को किसी वास्तविक युद्ध में तुर्की से क्या मिलेगा, इसका फैसला उस समय होगा।
तुर्की की सरकार ने संसद को बताया कि सामूहिक रक्षा की प्रक्रिया के लिए हमले का सामना कर रहे सदस्य की स्पष्ट मांग जरूरी है। यानी पाकिस्तान द्वारा सहायता की स्पष्ट मांग, तीनों देशों के साझा आकलन और आपसी सहमति के बाद मदद का स्वरूप तय होगा।
अगर तुर्की की सेना भेजने की बात आती है, तो उसके लिए अंकारा में अलग संसदीय मंजूरी लेनी होगी।
सबसे पहले जानिए मक्का पैक्ट क्या है ?
मक्का पैक्ट, तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हुआ संयुक्त रक्षा समझौता है। तीनों देशों ने 7 अगस्त 2026 को सऊदी अरब के मक्का शहर में इस पर हस्ताक्षर किए थे।
- 16 अनुच्छेदों वाले इस समझौते का सबसे अहम प्रावधान यह है कि किसी एक सदस्य पर बाहरी सशस्त्र हमले को तीनों पर हमला माना जाएगा, जो अनुच्छेद 2 में है।
- ऐसी स्थिति में बाकी सदस्य हमले का सामना कर रहे देश की मदद करेंगे। किस तरह की मदद दी जाएगी और उसका दायरा क्या होगा, यह तीनों देश हालात का आकलन करके तय करेंगे।
यानी यह सामूहिक रक्षा सिद्धांत (Collective Defence Principle) स्थापित करता है, जो काफी हद तक नाटो (NATO) के आर्टिकल 5 से मिलता-जुलता है।
मक्का पैक्ट के अन्य मुख्य प्रावधान–
- तत्काल मदद का वादा- हमले की स्थिति में जरूरत और उपलब्ध संसाधनों का आकलन कर तीनों देश आपसी सहमति से मदद का प्रकार और दायरा तय करेंगे। सैन्य तैनाती संभव है। तुर्की को अपने सैनिक भेजने के लिए संसद से अलग अनुमति लेनी होगी। (अनुच्छेद 2 और संसदीय व्याख्या)
- हथियार और सैन्य सप्लाई – शांति, युद्ध और आपात स्थिति में उपलब्धता और अनुकूलता के आधार पर हथियार, गोला-बारूद, ईंधन, स्पेयर पार्ट्स और अन्य उपकरण दिए जा सकेंगे। (अनुच्छेद 10)
- खुफिया जानकारी और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग – तीनों देश सुरक्षित चैनलों से इंटेलिजेंस साझा करेंगे और आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशनल स्तर पर तालमेल बढ़ाएंगे। (अनुच्छेद 5 और 9)
- संयुक्त ट्रेनिंग और रक्षा उत्पादन – साझा सैन्य अभ्यास, कर्मियों के आदान-प्रदान, टेक्नोलॉजी शेयरिंग, संयुक्त रिसर्च और हथियारों के साझा उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। (अनुच्छेद 6 और 7)
- साझा रक्षा समिति – तीनों देशों के विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख समझौते के अमल में तालमेल संभालेंगे। समिति का सचिवालय सऊदी अरब में होगा। (अनुच्छेद 8)
- लागू होने और बाहर निकलने की शर्त – अंतिम अनुमोदन दस्तावेज़ सचिवालय में जमा होते ही पैक्ट लागू होगा। इसकी कोई तय समाप्ति तारीख नहीं है। कोई सदस्य लागू होने के 10 साल बाद कम से कम तीन महीने का लिखित नोटिस देकर बाहर निकल सकता है। (अनुच्छेद 16)
अब समझिए कि मक्का पैक्ट पर तुर्की की संसद से क्या साफ हुआ?
संसदीय बहस और विधेयक के साथ पेश आधिकारिक व्याख्या से साफ हुआ कि लड़ाई में तुर्की की मदद का फैसला कैसे होगा और सैनिक भेजने के कदम पर क्या होगा।
- सामूहिक रक्षा पर कार्रवाई अपने आप शुरू नहीं होगी- तुर्की की संसद में पेश आधिकारिक व्याख्या के मुताबिक, किसी सदस्य पर बाहरी सशस्त्र हमला होने की स्थिति में तीनों देश पहले परामर्श करेंगे।
- सामूहिक रक्षा के तहत क्या कदम उठाया जाए, इसका फैसला तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब की सहमति से होगा।
- तुर्की की संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष फुआत ओकताय ने कहा कि समझौते के तहत साझा फैसला जरूरी है।
- तुर्की के सैनिक भेजने के लिए अलग संसदीय मंजूरी आवश्यक होगी- 4 नवंबर की बहस में तुर्की की संसद की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष फुआत ओकताय ने कहा कि तुर्की को उसकी मर्जी के खिलाफ किसी संघर्ष में नहीं खींचा जा सकता।
- अगर तुर्की की सेना को किसी संघर्ष में हिस्सा लेने के लिए विदेश भेजने की बात आती है, तो उसके लिए संसद से अलग प्रस्ताव पारित कराना होगा।
- तुर्की की राष्ट्रीय रक्षा समिति के अध्यक्ष हुलुसी अकार ने भी कहा कि विदेश में सैनिक भेजने की जरूरत पड़ी तो पहले संसद की अनुमति ली जाएगी।
- मदद का प्रकार और स्तर हर मामले में तय होगा- पैक्ट तत्काल सहायता का वादा करता है। लेकिन कौन-सी मदद दी जाए और कितनी, यह जरूरत के आकलन और उपलब्ध संसाधनों पर निर्भर करेगा।
- तुर्की अपनी संवैधानिक प्रक्रिया, घरेलू कानूनों और सक्षम अधिकारियों के फैसलों के तहत कदम उठाएगा।
- भारत का सवाल उठा, पाकिस्तान के लिए कोई तय पैकेज सामने नहीं आया- सांसद नामिक तान ने पूछा कि अगर समझौते की वजह से तुर्की का भारत से आमना-सामना हुआ तो क्या होगा। इस पर सदन में संसदीय मंजूरी की प्रक्रिया स्पष्ट हुई है।
- भारत-पाकिस्तान के बीच फिर लड़ाई होने पर तुर्की कौन-से हथियार देगा, किस स्तर की खुफिया मदद देगा या सैनिक भेजेगा, इसका कोई अग्रिम फैसला घोषित नहीं हुआ।
भारत से लड़ाई की दशा में पाकिस्तान को तुर्की से क्या मदद मिल सकती है?
मक्का पैक्ट पर तुर्की की संसदीय बहस से साफ हुआ कि पाकिस्तान को हथियार, गोला-बारूद और खुफिया जानकारी देने से लेकर सैन्य संसाधनों की तैनाती तक की गुंजाइश है।
अगर किसी टकराव में पाकिस्तान पर बाहरी सशस्त्र हमले की शर्त पूरी होती है, तो तुर्की, पाकिस्तान और सऊदी अरब परामर्श करके तय करेंगे कि किस तरह की मदद दी जाए। तुर्की के सैनिक भेजने के लिए उसकी संसद की अलग मंजूरी लगेगी।
क्या मक्का पैक्ट अब लागू हो गया है ?
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने 23 अक्टूबर को कहा था कि पाकिस्तान और सऊदी अरब अपनी राष्ट्रीय अनुमोदन प्रक्रियाएँ पूरी कर चुके हैं।
- समझौते के अनुच्छेद 16 के मुताबिक पैक्ट उस दिन प्रभावी होगा, जिस दिन अंतिम अनुमोदन दस्तावेज़ सऊदी अरब में संयुक्त कमेटी के सचिवालय में जमा होगा।
- 6 नवंबर तक तुर्की की संसद की मंजूरी की पुष्टि हुई है। अंतिम दस्तावेज़ जमा होने की सार्वजनिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
भारत-पाकिस्तान युद्ध में पैक्ट कब लागू होगा ?
अनुच्छेद 2 बताता है कि किसी एक सदस्य पर बाहरी सशस्त्र हमला तीनों पर हमला माना जाएगा। इसी अनुच्छेद में कहा गया है कि अन्य सदस्य पहले आवश्यक मदद का वस्तुनिष्ठ आकलन करेंगे और फिर उसका स्वरूप और दायरा तय करेंगे।
भारत-पाकिस्तान के मामले में इसका मतलब है कि युद्ध छिड़ने की खबर भर से तुर्की की सैन्य प्रतिक्रिया तय नहीं होगी। तीनों को घटनाक्रम का आकलन करना होगा और तय करना होगा कि पाकिस्तान के मामले में बाहरी सशस्त्र हमले वाली शर्त पूरी होती है या नहीं।
अगर पाकिस्तान खुद हमला शुरू करता है, तो उसकी अपनी सैन्य कार्रवाई से सामूहिक आत्मरक्षा का प्रावधान अपने आप सक्रिय नहीं होगा। इस पर पाकिस्तान तुर्की को लड़ने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। तुर्की की संसद में पेश आधिकारिक व्याख्या स्पष्ट करती है कि सामूहिक रक्षा लागू करने का फैसला परामर्श और सहमति से होगा।








