भारत की ब्रह्मोस मिसाइल से क्यों घबराया तुर्की ? यूएन में खोला मोर्चा

By Defence Detective

Published On:

Date:

Composite image showing Turkish President Recep Tayyip Erdoğan on one side and Indian Prime Minister Narendra Modi with a Republic of Cyprus representative on the other, with a BrahMos missile in the background.

आतंकी पनाहगार पाकिस्तान के साथ मिलकर फुदकने वाले तुर्की की भारत की एक अहम डिफेंस डिप्लोमेसी से नींद उड़ गई है। महज 70 किलोमीटर की दूरी पर बैठे अपने पड़ोसी देश साइप्रस के हाथों में दुनिया की सबसे घातक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में शुमार  ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल आने की आहट मात्र से तुर्की के सैन्य गलियारों में भारी बेचैनी है। तुर्की ने साइप्रस की भारत से संभावित ब्रह्मोस मिसाइल खरीद का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में उठाया है।

संयुक्त राष्ट्र में तुर्की के स्थायी प्रतिनिधि अहमत यिल्दिज़ ने 2 नवंबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को एक राजनयिक लेटर भेजा। इसके साथ  स्वघोषित ‘टर्किश रिपब्लिक ऑफ नॉर्दर्न साइप्रस’ (TRNC) यानी उत्तरी साइप्रस के तुर्क-साइप्रस प्रशासन के रिप्रजेंटेटिव मुरात सोयसल की चिट्ठी भी अटैच थी। यही दोनों लेटर (राजनयिक पत्र और इसके साथ अटैच पत्र) 4 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद के आधिकारिक दस्तावेज़ A/81/476–S/2026/881 के रूप में प्रसारित किए गए।

इन्हीं प्रसारित लेटर में साइप्रस रिपब्लिक की बढ़ती सैन्य गतिविधियों और रक्षा साझेदारियों पर आपत्ति जताई गई है। इसी चिट्ठी के संलग्नक में भारत से ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की संभावित खरीद से जुड़ी रिपोर्टों का हवाला दिया गया है।

क्या है पूरा मामला ?

यिल्दिज़ की चिट्ठी और सोयसल का अटैच लेटर, दोनों 2 नवंबर 2026 के हैं। यिल्दिज़ ने रिक्वेस्ट किया कि इन्हें महासभा के एजेंडा आइटम 39, ‘साइप्रस का प्रश्न’, और सुरक्षा परिषद के दस्तावेज़ के तौर पर प्रसारित किया जाए। इसे ही UN ने 4 नवंबर को इसे A/81/476–S/2026/881 क्रमांक से जारी किया। मामला अब उजागर हुआ है।

  • ब्रह्मोस मिसाइल की संभावित डील और चिंताओं का जिक्र सोयसल के लेटर में था। तुर्की ने मुरात सोयसल यही लेटर संयुक्त राष्ट्र में प्रसारित कराकर ब्रह्मोस का मुद्दा वहाँ उठाया।
  • सोयसल ने लिखा कि साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडूलिडीस की मई 2026 की नई दिल्ली यात्रा से रणनीतिक रिश्ते मजबूत हुए और ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइलों की खरीद को लेकर “reported arrangements” की बात सामने आई।
  • अपने लेटर में सोयसल ने ब्रह्मोस की अनुमानित मारक दूरी 650 किलोमीटर बताई है।

हालांकि भारत और साइप्रस की मई की आधिकारिक घोषणाओं में ब्रह्मोस का नाम नहीं है। कितनी मिसाइलें या बैटरियाँ खरीदी जाएँगी, कीमत क्या होगी और डिलीवरी कब होगी, इन बातों की भी सार्वजनिक पुष्टि नहीं है।

आखिर यह चिट्ठी क्यों भेजी गई थी?

इसकी शुरुआत 29 सितंबर 2026 के साइप्रस के एक पत्र से हुई। साइप्रस रिपब्लिक ने UN महासचिव से शिकायत की थी कि जून और जुलाई में तुर्की की सैन्य गतिविधियों के दौरान उसके हवाई क्षेत्र और समुद्री सीमा का उल्लंघन हुआ। नवंबर की चिट्ठी उसी शिकायत का जवाब थी।

  • यह जवाब सोयसल ने इसलिए दिया क्योंकि सितंबर की शिकायत में तुर्की की सैन्य गतिविधियों के साथ-साथ उत्तरी साइप्रस की राजनीतिक स्थिति का मुद्दा भी था।
  • सोयसल ने अपने पत्र में कहा कि उनकी आपत्ति साइप्रस रिपब्लिक के उस रुख़ पर है, जिसके तहत उसकी सरकार पूरे द्वीप का प्रतिनिधित्व करती है।
  • उन्होंने दावा किया कि साइप्रस विवाद में साइप्रस रिपब्लिक का वार्ताकार उत्तरी साइप्रस का तुर्क-साइप्रस प्रशासन है।

साइप्रस को लेकर तुर्की का मूल विवाद क्या है?

साइप्रस पूर्वी भूमध्यसागर (Eastern Mediterranean Sea) में तुर्की के दक्षिणी तट से करीब 70 किलोमीटर दूर और सीरिया के पश्चिम में स्थित एक आइलैंड है, जो अब डिवाइडेड है। दरअसल पूरा मामला जुलाई 1974 के साइप्रस संघर्ष में वहां ग्रीस की सैन्य सरकार के समर्थन से हुए तख्तापलट और उसके बाद तुर्की की सैन्य कार्रवाई से जुड़ा है।

15 जुलाई 1974: ग्रीस के सैन्य अधिकारियों की देखरेख में साइप्रस की नेशनल गार्ड ने राष्ट्रपति मकारियोस तृतीय की सरकार का तख्तापलट कर दिया। तख्तापलट के समर्थक साइप्रस का ग्रीस में विलय चाहते थे। जबकि तुर्की विलय नहीं चाहता था।

पांच दिन बाद यानी 20 जुलाई 1974 को तुर्की ने साइप्रस के उत्तरी तट पर सैन्य अभियान शुरू किया। उसने तुर्की मूल के साइप्रसवासियों की सुरक्षा के हवाले से यह कदम उठाया। और अंत में लगभग 36 प्रतिशत हिस्सा तुर्की के सैन्य नियंत्रण में आ गया।

  • तभी से साइप्रस द्वीप उत्तर और दक्षिण में बंटा है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ही देश मान्य है, साइप्रस गणराज्य (Republic of Cyprus)।
  • दक्षिणी हिस्सा साइप्रस गणराज्य की सरकार के नियंत्रण में है। भारत के साथ रक्षा सहयोग इसी सरकार का है।
  • उत्तरी हिस्से में अलग तुर्क-साइप्रस प्रशासन है। उसने 1983 में खुद को ‘टर्किश रिपब्लिक ऑफ नॉर्दर्न साइप्रस’ घोषित किया। उसे अलग देश के रूप में सिर्फ़ तुर्की मान्यता देता है। ब्रह्मोस का ज़िक्र इसी उत्तरी प्रशासन के प्रतिनिधि मुरात सोयसल के पत्र में था।

साइप्रस की संभावित ब्रह्मोस खरीद पर तुर्की की नज़र क्यों?

साइप्रस आइलैंड तुर्की के दक्षिणी तट से के बहुत नजदीक है। इस आइलैंड के उत्तरी हिस्से की राजनीतिक स्थिति को लेकर तुर्की और साइप्रस रिपब्लिक के बीच लंबे समय से विवाद है। ऐसे में भौगोलिक नज़दीकी और पुराने विवाद के चलते साइप्रस गणराज्य की सैन्य क्षमता में किसी भी बड़े बदलाव का पूर्वी भूमध्यसागर में क्षेत्रीय महत्व है।

ब्रह्मोस के कई वर्ज़न हैं, जिनकी मारक दूरी अलग-अलग है। मूल वर्ज़न की रेंज 290 किलोमीटर है, जबकि रक्षा प्रकाशन जेन्स ने लंबी दूरी वाले वर्ज़न की रेंज 450 से 500 किलोमीटर आँकी है। साइप्रस के मामले में संयुक्त राष्ट्र में प्रसारित लेटर के अटैचमेंट में 650 किलोमीटर की अनुमानित रेंज का ज़िक्र है।

  • भारत और रूस के संयुक्त उपक्रम में विकसित ब्रह्मोस एक सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल है।
  • इसकी रफ़्तार करीब मैक2.8 है, यानी ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना।
  • यह समुद्र की सतह के पास कम ऊँचाई पर भी उड़ सकती है, जिससे रडार को इसका पता देर से लग सकता है।
  • तेज़ रफ़्तार के कारण, पता लगने के बाद भी हवाई रक्षा प्रणालियों के पास प्रतिक्रिया के लिए कम समय होता है।

भारत और साइप्रस गणराज्य का रक्षा सहयोग कब शुरू हुआ और कैसे बढ़ा?

भारत और साइप्रस गणराज्य ने 29 दिसंबर 2022 को रक्षा और सैन्य सहयोग पर समझौता ज्ञापन (MoU) किया। इसके बाद 23 जनवरी 2025 को साइप्रस गणराज्य की राजधानी निकोसिया में पहला सालाना द्विपक्षीय रक्षा सहयोग कार्यक्रम तय हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून 2025 की साइप्रस यात्रा में दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी की नींव रखी। फिर 18 फरवरी 2026 को निकोसिया में उस साल के रक्षा सहयोग कार्यक्रम पर हस्ताक्षर किए गए।

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडूलिडीस 20 से 23 मई 2026 तक भारत की यात्रा पर आए।

 22 मई को नई दिल्ली में मोदी के साथ उनकी बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के बीच 2026–2031 के रक्षा सहयोग रोडमैप का स्वागत किया गया।

इसमें रक्षा उद्योगों के बीच साझेदारी, नई तकनीकों पर सहयोग और सैन्य प्रशिक्षण को आगे बढ़ाने पर ज़ोर दिया गया।

दोनों देशों के रक्षा उद्योग संगठनों ने भी एक समझौता ज्ञापन किया। समुद्री सहयोग के तहत दोनों पक्षों ने समुद्र में खोज और बचाव अभियानों के लिए आपसी समन्वय की तकनीकी व्यवस्था पर हस्ताक्षर किए। संयुक्त बयान में भारतीय नौसैनिक जहाज़ों के साइप्रस के बंदरगाहों पर नियमित दौरों को बढ़ावा देने और संयुक्त समुद्री प्रशिक्षण व अभ्यास की संभावनाएँ तलाशने की बात भी कही गई। इससे पहले सितंबर 2025 में भारतीय नौसेना का INS त्रिकंड साइप्रस के लिमासोल बंदरगाह जा चुका था।

Leave a Comment

Related News