चीन के साथ रिश्ते सामान्य हों या तनावपूर्ण, वह किसी भी परिस्थिति में भरोसेमंद नहीं है। वह हमेशा एक शातिर प्रतिद्वंद्वी ही साबित हुआ है। जो अवसर मिलते ही घाव देने की कोशिशों से बाज नहीं आता है। इसके उसकी फितरत को बताने वाला ताजा खुलासा हुआ है कि पिछले साल मई 2025 में जब भारत, ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान पर चढ़ा हुआ था, चीन अंतरिक्ष से गुजरात की जासूसी कर रहा था।
बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष निगरानी कंपनी दिगंतरा (Digantara) के एक नवीनतम विश्लेषण के मुताबिक ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीन प्रमुख चीनी निगरानी उपग्रह लगातार गुजरात के संवेदनशील इलाकों पर अपनी नजरें गड़ाए हुए थे।
द प्रिंट (ThePrint) को मिली और 24 नवंबर को प्रकाशित इस रिपोर्ट के मुताबिक, 10 और 11 मई 2025 को इन उपग्रहों की कवरेज में भुज, नलिया और जामनगर के आसपास के इलाके शामिल थे। इन उपग्रहों की क्षमताओं में रेडियोफ्रीक्वेंसी सिग्नलों की निगरानी, हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) शामिल हैं।
क्या कहता है दिगंतरा का एनालिसिस ?
दिगंतरा के मुताबिक गुजरात के संवेदनशील इलाकों को कवर करने वाले तीन चीनी उपग्रहों की पहचान निंग्शिया-14 (Ningxia-14), गाओफेन-11 (Gaofen-11) और याओगान-30 (Yaogan-30) के तौर पर की गई है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू-कश्मीर और पंजाब की सीमाओं पर सैन्य कार्रवाई चल रही थी।
इसी बीच, दिगंतरा ने 7 से 10 मई 2025 के चार दिनों में भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में चीनी उपग्रहों की टोही गतिविधियों में बढ़ोतरी दर्ज की। द प्रिंट (ThePrint) को मिली रिपोर्ट में गुजरात की कवरेज के लिए खास तौर पर 10 और 11 मई का जिक्र है। इन दो तारीखों पर तीनों उपग्रहों की कवरेज में गुजरात के कई अहम इलाके शामिल थे।
- रिपोर्ट के मुताबिक, 7 मई को, जिस दिन ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ, एक अन्य चीनी उपग्रह याओगान-43 01G (Yaogan-43 01G) की कक्षीय स्थिति में बदलाव (Orbital Drift) दर्ज किया गया।
- इस बदलाव से उपग्रह को भारतीय सैन्य ठिकानों के ऊपर से गुजरते वक्त उन इलाकों को ज्यादा देर तक अपनी कवरेज में रखने की गुंजाइश मिली। रिपोर्ट में इसे Extended Passes कहा गया है।
- दिगंतरा के मुताबिक, इस अभियान ने भारत के अहम सैन्य बुनियादी ढांचे पर अंतरिक्ष से लगातार निगरानी का जोखिम उजागर किया।
रिपोर्ट का आकलन है कि संघर्ष के दौरान चीन अपने उपग्रहों की कक्षीय स्थिति बदल सकता है, इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) की कवरेज बढ़ा सकता है और किसी खास इलाके पर अपनी खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी और टोही (ISR) की क्षमताएं केंद्रित कर सकता है।
गुजरात तट ही क्यों था निशाने पर ?
गुजरात की तटरेखा रणनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है। यह अरब सागर से लगती है और इसका कच्छ वाला हिस्सा पाकिस्तान के सिंध तट के करीब है। गुजरात के तट और उससे सटे इलाकों में वायुसेना के ठिकाने, पोरबंदर में नौसैनिक अड्डा, कांडला और मुंद्रा जैसे कॉमर्शियल पोर्ट और जामनगर में रिलायंस का रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स मौजूद हैं।
7 से 10 मई के बीच गुजरात के कुछ हिस्सों में ड्रोन गतिविधि, एहतियाती ब्लैकआउट और हवाई हमले के अलर्ट दर्ज हुए। कुछ हवाई अड्डे बंद किए गए और बंदरगाहों का काम भी रोका गया। भुज, नलिया, जामनगर और कच्छ का सीमावर्ती क्षेत्र तनाव के केंद्र में थे। हालांकि, ThePrint के मुताबिक, गुजरात में हमलों का पैमाना और तीव्रता सीमित रही।
- भुज एयरबेस पाकिस्तान सीमा के पास भारतीय वायुसेना का अहम ठिकाना है। पश्चिमी सीमा और उससे सटे अरब सागर में गतिविधियों की निगरानी और प्रतिक्रिया में इसकी भूमिका है। भारत सरकार के मुताबिक, 7 और 8 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से जिन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, उनमें भुज भी शामिल था।
- नलिया एयरबेस पश्चिमी कच्छ में वायुसेना का अग्रिम ठिकाना है। ThePrint के मुताबिक, इस एयरबेस की गतिविधियों पर नजर रखने में पाकिस्तान की दिलचस्पी हो सकती थी।
- नौसैनिक प्रतिष्ठानों में गुजरात स्थित INS Sardar Patel और INS Dwarka शामिल हैं।
- वहीं, जामनगर में रिलायंस का रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जिसके साथ कंपनी की अपनी बंदरगाह सुविधा भी है।
मनोहर पर्रिकर इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस (MP-IDSA) के डिप्टी डायरेक्टर जनरल और भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन अजय लेले ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इन उपग्रहों की बनावट ऐसी है कि ये जहाजों जैसी बड़ी सैन्य संपत्तियों की आवाजाही को आसानी से कैद कर सकते हैं। उन्होंने कहा, समुद्री संपत्तियों की आवाजाही का अंदाजा लगाने के लिए एक अच्छी तस्वीर ही काफी होती है। निगरानी एक कोलाज (विभिन्न जानकारियों के संग्रह) की तरह होती है। अलग-अलग इलाकों से मिली ऐसी जानकारी को जोड़कर सैन्य गतिविधियों की व्यापक तस्वीर बनती है। इसी वजह से मुख्य मोर्चे से दूर गुजरात के तट की निगरानी भी अहम थी।
चीन के तीनों सैटेलाइट क्या कर सकते हैं ?
गुजरात के तटीय इलाके पर इन जिन तीन चीनी सैटेलाइट्स का फोकस था, उनमें गाओफेन-11 हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें ले सकता है, जबकि निंग्शिया-14 और याओगान-30 रडार जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्सर्जन का पता लगा सकते हैं। ये पूरक क्षमताएं चीन को किसी इलाके की तस्वीरों और वहां की इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि, दोनों से खुफिया जानकारी जुटाने में मदद कर सकती हैं।
- निंग्शिया-14 रेडियो फ्रीक्वेंसी उत्सर्जन का पता लगा सकता है, जिससे सक्रिय रडार या रेडियो उपकरण के स्रोत का अंदाजा मिल सकता है
- गाओफेन-11 की हाई-रिजॉल्यूशन ऑप्टिकल तस्वीरों से बंदरगाहों पर खड़े जहाजों, एयरबेस पर खड़े विमानों और आसपास के ढांचे में बदलाव देखे जा सकते हैं।
- याओगान-30 समूह के सैटेलाइट्स बारी-बारी से किसी इलाके को कवर कर सकते हैं, जिससे वहां की इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि को अलग-अलग समय पर दर्ज करने के मौके बढ़ते हैं।
| सैटेलाइट और भूमिका | तकनीक कैसे काम करती है | इससे क्या पता चल सकता है |
| निंग्शिया-14 (Ningxia-14) — सक्रिय इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पकड़ना | समुद्री, तटीय और कम आबादी वाले इलाकों समेत विभिन्न क्षेत्रों में रेडियो स्पेक्ट्रम की निगरानी के लिए बनाया गया कमर्शियल सैटेलाइट समूह। इसके सेंसर जहाजों के रडार, एयर डिफेंस रडार और रेडियो संचार उपकरणों से निकलने वाले रेडियो फ्रीक्वेंसी सिग्नल पकड़ सकते हैं। | सिग्नल के संभावित स्रोत और उसके प्रकार का अंदाजा मिल सकता है। अलग-अलग समय पर मिले सिग्नलों की तुलना से पता चल सकता है कि किसी इलाके में इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि बढ़ी है। |
| गाओफेन-11 (Gaofen-11) — तस्वीरों में जहाज, विमान और ढांचे देखना | सतह से परावर्तित प्रकाश के जरिए हाई-रिजॉल्यूशन ऑप्टिकल तस्वीरें लेता है। ThePrint ने USGS के 2022 सैटेलाइट संग्रह के हवाले से 0.8 मीटर पैनक्रोमैटिक और 3.2 मीटर मल्टीस्पेक्ट्रल रिजॉल्यूशन बताया। पैनक्रोमैटिक तस्वीर का एक पिक्सल जमीन पर लगभग 0.8 × 0.8 मीटर के क्षेत्र को दर्शाता है। | बंदरगाह पर खड़े जहाजों का अनुमानित आकार और स्थान, एयरबेस पर खड़े विमान और रनवे के आसपास के ढांचे देखे जा सकते हैं। अलग-अलग समय की तस्वीरों की तुलना से जहाजों की जगह या बुनियादी ढांचे में बदलाव का पता चल सकता है। |
| याओगान-30 (Yaogan-30) — इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि पर बार-बार नजर रखना | रडार जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्सर्जन का पता लगाने वाली सैटेलाइट सीरीज़। रिपोर्ट के मुताबिक इसकी कक्षा की ऊंचाई करीब 600 किलोमीटर और झुकाव करीब 35 डिग्री है। समूह के सैटेलाइट कक्षा में अंतराल पर तैनात हैं, जिससे वे अलग-अलग समय पर किसी इलाके को कवर कर सकते हैं। | बार-बार कवरेज मिलने से किसी इलाके में रडार गतिविधि कब दर्ज हुई और बाद की कवरेज में उसमें क्या बदलाव दिखा, इसकी तुलना की जा सकती है। |
| तीनों क्षमताएं साथ इस्तेमाल हों तो | सिग्नल का पता लगाना → उस इलाके की तस्वीरों से मिलान → बाद की कवरेज से बदलाव देखना। | इलेक्ट्रॉनिक गतिविधि और तस्वीरों में दिख रहे जहाजों, विमानों या ढांचों को साथ रखकर किसी इलाके में सैन्य गतिविधि का आकलन किया जा सकता है। |
याओगान-30 की निगरानी क्षमता पर अमेरिका भी जता चुका है चिंता ?
गाओफेन और याओगान श्रृंखला के चीनी उपग्रहों की निगरानी क्षमताओं का जिक्र 21 मार्च 2024 को यूएस-चाइना इकोनॉमिक एंड सिक्योरिटी रिव्यू कमीशन (USCC) की सुनवाई में भी हुआ था। सुनवाई में विशेषज्ञ जे. माइकल डाहम ने याओगान-30 को चीन के सबसे सक्षम लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) सैटेलाइट समूहों में गिना।
- डाहम के आकलन के मुताबिक, कक्षा में समान अंतराल पर तैनात इस समूह के 30 सैटेलाइट पूर्वी एशिया और पश्चिमी प्रशांत में लगभग लगातार इलेक्ट्रॉनिक निगरानी कर सकते हैं।
- उनके अनुसार, इस घनी कवरेज से अमेरिकी और सहयोगी सेनाओं के पास ऐसे मौके कम हो सकते हैं, जब वे अपने रडार और संचार उपकरण चलाएं और उनसे निकलने वाले सिग्नल इन उपग्रहों की पकड़ से बाहर रहें।
क्या चीन ने गुजरात की सैटेलाइट जानकारी पाकिस्तान को दी?
ThePrint की गुजरात वाली रिपोर्ट में पाकिस्तान को सैटेलाइट डेटा दिए जाने का कोई सबूत पेश नहीं किया गया है। गुजरात की रिपोर्ट ThePrint की तीन-भाग वाली सीरीज़ की यह दूसरी कड़ी है।
- पहली कड़ी में Digantara के हवाले से बताया गया कि 22 अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले से छह दिन पहले एक चीनी सैटेलाइट ने इलाके के ऊपर से गुजरने की अपनी आवृत्ति दोगुनी कर दी थी।
- कंपनी ने 15 से 30 अप्रैल के बीच 37 कक्षीय बदलाव भी दर्ज किए, जिनसे पहलगाम के ऊपर सैटेलाइटों के पास बढ़े। इन गतिविधियों का आतंकी हमले से संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
पहलगाम हमले में इस्तेमाल GoPro का चीन से क्या कनेक्शन है?
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। हमले से बचे कुछ लोगों ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बताया कि आतंकी GoPro कैमरे से हमले की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम में मुठभेड़ के बाद आतंकियों के ठिकाने से GoPro Hero 12 Black कैमरा बरामद हुआ था।
- कैमरा आतंकियों तक कैसे पहुंचा, यह पता लगाने के लिए NIA ने उसका सीरियल नंबर अमेरिकी कंपनी GoPro को दिया। कंपनी ने अपने रिकॉर्ड की जांच कर बताया कि उसने यही कैमरा चीन में अपने एक अधिकृत वितरक को भेजा था।
- यहीं से जांच में चीन का नाम आया। भारत ने चीनी अधिकारियों से उस कैमरे की बिक्री का रिकॉर्ड मांगा है, ताकि पता चले कि वितरक ने उसे किसे बेचा और खरीदार से वह लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों तक कैसे पहुंचा।
मार्च 2026 में जम्मू की एक अदालत ने चीन से औपचारिक तौर पर जानकारी मांगने की अनुमति दी। दोनों देशों के बीच पारस्परिक कानूनी सहायता संधि न होने के कारण भारत ने अनुरोध राजनयिक चैनल से भेजा। 20 नवंबर 2026 को NIA प्रमुख राकेश अग्रवाल ने कहा कि चीन से जवाब अब तक नहीं मिला है।








