हिंद-प्रशांत (Indo-Pacific) क्षेत्र के तेजी से बदलते भू-राजनीतिक और सामरिक समीकरणों के बीच भारत का बेहद दमदार प्रदर्शन सामने आया है। एशिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति (Major Power) के रूप में भारत ने 40.5 अंकों के साथ अपना स्थान और अधिक मजबूत कर लिया है। यह तस्वीर ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) द्वारा जारी बहुप्रतीक्षित एशिया पावर इंडेक्स 2026 (2026 Asia Power Index) में सामने आई है।
ताजा इंडेक्स के मुताबिक, भारत ने न केवल जापान (38.6 अंक) और रूस (32.2 अंक) जैसी पारंपरिक ताकतों पर अपनी बढ़त कायम रखी है, बल्कि 2018 में इस इंडेक्स की शुरुआत के बाद से चीन के साथ अपने शक्ति अंतर (Power Gap) को सबसे निचले स्तर पर ला दिया है।
इस इंडेक्स रिपोर्ट में एक अहम बदलाव अमेरिका और चीन के बीच भी दिखा। इसमें अमेरिका पहले स्थान पर कायम है, लेकिन उसकी बढ़त अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। लोवी के मुताबिक, ईरान युद्ध में वॉशिंगटन की बढ़ती व्यस्तता और एशिया में उसके घटते कूटनीतिक प्रभाव ने इस अंतर को कम करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है।
वहीं यूक्रेन युद्ध के चलते रूस के क्षेत्रीय प्रभाव में भारी कमी दर्ज हुई है। जापान और ऑस्ट्रेलिया अपनी सीमाओं में बंधे हुए हैं।
क्या और कैसे मापती है यह रिपोर्ट ?
ऑस्ट्रेलिया के स्वतंत्र थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और Asia Power Index के प्रोजेक्ट लीड हंटर मार्स्टन और इंडेक्स के डेटा विश्लेषक जैक सातो की यह रिपोर्ट 22 नवंबर 2026 की है।
इंडेक्स मापता (देखता) है कि कोई देश अपनी अर्थव्यवस्था (संसाधन), सेना और अंतरराष्ट्रीय रिश्तों के जरिए दूसरे देशों के फैसलों और क्षेत्रीय घटनाक्रम को कितना प्रभावित कर सकता है।
इसमें 27 देश और क्षेत्र शामिल हैं। इसका दायरा पश्चिम में पाकिस्तान से लेकर प्रशांत क्षेत्र तक है, इसलिए अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी इंडेक्स में आते हैं।
- स्कोर का आधार- लोवी ने 131 संकेतकों और 30 उपश्रेणियों के आधार पर ताकत के आठ पैमाने तैयार किए हैं।
- आठ में चार बताते हैं कि किसी देश के पास कितनी क्षमता – इनमें अर्थव्यवस्था, सैन्य क्षमता, संकट और बाहरी दबाव झेलने की क्षमता तथा भविष्य के संसाधन आते हैं।
- बाकी चार बताते हैं कि वह कितना प्रभाव रखता है- इनमें क्षेत्रीय आर्थिक रिश्ते, रक्षा साझेदारियाँ, कूटनीति (कूटनीतिक प्रभाव) और संस्कृति (सांस्कृतिक प्रभाव) शामिल हैं।
- इन पैमानों के तहत जीडीपी, रक्षा खर्च, सैन्य तैयारी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता, 2050 तक कामकाजी उम्र की अनुमानित आबादी, क्षेत्रीय व्यापार व निवेश, संयुक्त सैन्य अभ्यास, क्षेत्रीय शिखर सम्मेलनों में भागीदारी और लोगों का सीमापार आवागमन जैसे संकेतक देखे जाते हैं।
- 100 में से स्कोर कैसे बनता है? आर्थिक और सैन्य क्षमता का वजन 17.5% प्रत्येक, क्षेत्रीय आर्थिक रिश्तों का 15% और बाकी पाँच पैमानों का 10% प्रत्येक है।
इंडेक्स में एशिया की टॉप-10 ताकतें ?
शीर्ष छह देशों का क्रम पिछले संस्करण जैसा रहा है। इसके इतर भारत और चीन की बात करें तो 2025 में चीन 73.7 अंकों के साथ दूसरे और भारत 40.0 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर था। 2026 में दोनों की रैंक बरकरार रही, लेकिन चीन का स्कोर 73.6 पर आ गया और भारत का स्कोर 40.5 तक बढ़ा। इससे दोनों के बीच का अंतर 33.7 से घटकर 33.1 अंक रह गया।
2025 में अमेरिका 80.5 अंकों के साथ पहले स्थान पर था। इस बार अमेरिका का स्कोर 78.9 और चीन का 73.6 रह गया, जिससे दोनों के बीच का अंतर 6.8 से घटकर 5.3 अंक हो गया।
| रैंक | देश | 2026 स्कोर | सालाना बदलाव |
| 1 | अमेरिका | 78.9 | −1.5 |
| 2 | चीन | 73.6 | −0.1 |
| 3 | भारत | 40.5 | +0.5 |
| 4 | जापान | 38.6 | −0.2 |
| 5 | रूस | 32.2 | +0.1 |
| 6 | ऑस्ट्रेलिया | 31.7 | −0.1 |
| 7 | दक्षिण कोरिया | 31.0 | −0.5 |
| 8 | सिंगापुर | 26.9 | +0.1 |
| 9 | इंडोनेशिया | 21.7 | −0.8 |
| 10 | मलेशिया | 20.5 | लगभग स्थिर |
Asia Power Index 2026 में लोवी इंस्टीट्यूट ने समग्र स्कोर के आधार पर ये श्रेणियाँ तय की हैं।
| श्रेणी | स्कोर | उदाहरण |
| Super Power | 70 या अधिक | अमेरिका, चीन |
| Major Power | 40 से 69 | भारत |
| Middle Power | 15 से 39 | जापान, रूस, पाकिस्तान |
| Minor Power | 15 से कम | उत्तर कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका |
भारत ने 2025 में 40.0 अंक के साथ दूसरी यानी Major Power श्रेणी में जगह बनाई थी और 2026 में भी उसमें अकेला है।
एशिया में कैसे मजबूत हुई भारत की स्थिति?
रिपोर्ट के अनुसार, भारत का समग्र स्कोर 0.5 अंक बढ़ा। इस बढ़त में रक्षा नेटवर्क, भविष्य के संसाधनों और सांस्कृतिक प्रभाव में हुए सुधार का प्रमुख योगदान रहा। भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया में बढ़ते रक्षा संबंधों, ब्रह्मोस मिसाइल की बिक्री और भारतीय संस्कृति की बढ़ती पहुँच से फायदा मिला।
बेहतर आर्थिक अनुमानों ने भविष्य की क्षमता का स्कोर भी बढ़ाया। इसी दौरान कमजोर रुपये और विदेश में भारतीय निवेश में गिरावट का असर मौजूदा आर्थिक क्षमता के स्कोर पर दिखा।
- लोवी इंस्टीट्यूट के मुताबिक, दक्षिण-पूर्व एशिया में बढ़ते रक्षा सहयोग और भारत-रूस की संयुक्त रूप से विकसित ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के निर्यात ने भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूत किया। इस श्रेणी में भारत 11वें से नौवें स्थान पर पहुँच गया।
- सैन्य क्षमता (Military Capability)। इस श्रेणी में भारत का स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 48.5 हो गया। भारत ने चौथा स्थान बरकरार रखा।
- भविष्य के संसाधन (Future Resources)– भारत के स्कोरकार्ड में इस श्रेणी का स्कोर 1.2 अंक बढ़कर 56.2 हो गया और भारत तीसरे स्थान पर कायम रहा।
- लोवी ने इस बढ़त को बेहतर आर्थिक पूर्वानुमान से जोड़ा है। इस पैमाने में 2035 तक की अनुमानित आर्थिक और रक्षा क्षमता तथा 2050 में कामकाजी उम्र की अनुमानित आबादी को शामिल किया जाता है।
| पैमाना | भारत की रैंक | स्कोर |
| आर्थिक क्षमता | 3 | 26.4 |
| भविष्य के संसाधन | 3 | 56.2 |
| सैन्य क्षमता | 4 | 48.5 |
| संकट और बाहरी दबाव झेलने की क्षमता | 4 | 55.4 |
| कूटनीतिक प्रभाव | 4 | 70.3 |
| सांस्कृतिक प्रभाव | 4 | 43.8 |
| क्षेत्रीय आर्थिक रिश्ते | 7 | 19.9 |
| रक्षा साझेदारियाँ | 9 | 18.6 |
भारत की क्या चुनौतियाँ ?
लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का समग्र स्कोर बढ़ा, लेकिन आर्थिक क्षमता के पैमाने पर उसके अंक घटे। चीन से उसका फासला कम हुआ, फिर भी दोनों के कुल स्कोर में 33.1 अंक का अंतर है।
- आर्थिक क्षमता में गिरावट– भारत इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना रहा, लेकिन उसका स्कोर 0.7 अंक गिरकर 26.4 रह गया। लोवी के मुताबिक, रुपये की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की आकलन पद्धति में बदलाव ने दूसरे देशों के मुकाबले भारत की GDP की स्थिति पर असर डाला। इसी दौरान भारत से विदेशों में जाने वाला निवेश भी करीब 20 अरब डॉलर घटा।
- चीन से अब भी बड़ा फासला– भारत और चीन के बीच समग्र स्कोर का अंतर 2018 में इंडेक्स की शुरुआत के बाद सबसे कम है। इसके बावजूद चीन का 73.6 का स्कोर भारत के 40.5 के मुकाबले करीब 82 प्रतिशत अधिक है।
- संसाधनों से कितना प्रभाव? भारत का Power Yield −3.3 रहा। यानी संसाधनों के आधार पर अपेक्षित समग्र स्कोर से भारत 3.3 अंक पीछे था। यह कमी 2023 के बाद पहली बार घटी। जापान का स्कोर +10.9 रहा, जो उसके संसाधनों के मुकाबले अधिक क्षेत्रीय प्रभाव दिखाता है।
- लोवी के सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता आंका गया। क्षेत्रीय नेतृत्व के इस संकेतक पर भारत तीन पायदान ऊपर आया।
- वहीं वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा के आकलन में मोदी की रेटिंग घटी। रिपोर्ट ने इसे खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की सीमित कूटनीतिक भूमिका से जोड़ा।
अमेरिका और चीन के बीच गैप क्यों सिमटा?
अमेरिका और चीन के समग्र स्कोर में अब 5.3 अंक का अंतर है। सैन्य क्षमता में भी दोनों के बीच दूरी 2018 के बाद सबसे कम है। लोवी के अनुसार, अमेरिका ने प्रशांत से सैन्य संसाधन खाड़ी की ओर भेजे और ईरान युद्ध ने उसकी लंबी दूरी की मिसाइलों के भंडार पर दबाव डाला। ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ अमेरिकी संयुक्त अभ्यास और रक्षा संवाद भी कम हुए।
- अमेरिकी कूटनीति को झटका– स्कोर 6 अंक गिरकर 76.7 रह गया। यह लगातार चौथी और अब तक की सबसे बड़ी सालाना गिरावट है। रिपोर्ट ने ईरान युद्ध, अमेरिकी टैरिफ और दक्षिण कोरिया के साथ अभ्यास घटाने की डोनाल्ड ट्रंप की मांग को इसके कारणों में गिना।
- चीन की बढ़त कहाँ? उसकी सैन्य क्षमता, सांस्कृतिक प्रभाव और बाहरी दबाव झेलने की क्षमता बढ़ी। प्रशांत में जल्दी और बड़े पैमाने पर सैन्य बल तैनात करने में चीन आगे है।
- अमेरिका कहाँ आगे? रक्षा खर्च, वायु शक्ति और दुनिया भर में सैन्य बल पहुँचाने की क्षमता में अमेरिका की बढ़त कायम है। आर्थिक क्षमता में दोनों के स्कोर लगभग बराबर हैं।
पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित बाकी एशिया पर क्या बताती है यह रिपोर्ट
दक्षिण-पूर्व एशिया पर होर्मुज संकट, महंगे ईंधन और खाद, अमेरिकी टैरिफ और दक्षिण चीन सागर के तनाव का असर पड़ा। इंडोनेशिया का कूटनीतिक स्कोर 5.5 अंक गिरा। इस पैमाने पर उससे बड़ी गिरावट केवल अमेरिका में हुई। जापान, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया का कूटनीतिक प्रभाव भी घटा। दक्षिण कोरिया ने आठ में से पाँच पैमानों पर अंक गंवाए।
- पाकिस्तान ‘Middle Power’– इंडेक्स में पाकिस्तान 0.6 अंक की बढ़त के साथ 15.0 अंक पर पहुँचा और 16वें स्थान पर रहा। लोवी ने अमेरिका–ईरान युद्धविराम वार्ता और जून के इस्लामाबाद मेमोरेंडम में उसकी भूमिका को बढ़त की वजह बताया। एक महीने के भीतर लड़ाई फिर शुरू होने से रिपोर्ट ने इस लाभ के टिकने की संभावना कम आंकी। बांग्लादेश 20वें, श्रीलंका 21वें और नेपाल 26वें स्थान पर रहे।
- अमेरिकी सहयोगियों में रक्षा सहयोग बढ़ा। ऑस्ट्रेलिया ने जापान से मोगामी-क्लास फ्रिगेट खरीदने का समझौता किया। जापान और फिलीपींस के बीच सैन्य अभ्यास बढ़े।
- चीन, रूस और उत्तर कोरिया के द्विपक्षीय संबंध गहरे हुए- लोवी ने रक्षा और आर्थिक सहयोग में बढ़त दर्ज की। रिपोर्ट में साझा त्रिपक्षीय भागीदारी के प्रमाण नहीं मिले। लोवी के आकलन में एशिया का शक्ति संतुलन अब भी मुख्य रूप से अमेरिका और चीन के इर्द-गिर्द है।








