बांग्लादेश में डिफेंस इंडस्ट्री खड़ी करेगा तुर्की ? एर्दोगन से मिले ‘अज़ीज़ दोस्त और भाई’ तारिक रहमान

By Defence Detective

Published On:

Date:

urkish President Recep Tayyip Erdogan meets Bangladesh Prime Minister Tarique Rahman in Antalya on November 10, 2026.

बांग्लादेश और तुर्की अपने रक्षा संबंधों को और आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन के बीच हुई द्विपक्षीय मुलाकात ने इस चर्चा को तेज कर दिया है। 10 नवंबर, 2026 को तुर्की के अंताल्या शहर में रेचेप तैयप एर्दोगान से उनकी मुलाकात में बांग्लादेश में रक्षा उद्योग स्थापित करने और संयुक्त निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। एर्दोगान ने उन्हें अपना ‘अज़ीज़ दोस्त और भाई’ (My valuable friend and brother)) बताते हुए संबंधों को आगे ले जाने की इच्छा जताई।

बांग्लादेश सरकार देश में डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क बनाने की पहल कर रही है और इसमें तुर्की की भागीदारी चाहती है। हालांकि इस विषय पर अभी कोई समझौता या समझौता ज्ञापन यानी MoU नहीं हुआ है। योजना फिलहाल शुरुआती चर्चा और संभावनाएँ तलाशने के चरण में है।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से फरवरी में दिया गया भारत यात्रा का निमंत्रण लंबित है। सितंबर में ढाका ने नई दिल्ली के BRICS सम्मेलन में शामिल होने से यह कहते हुए इनकार किया था कि तारिक रहमान को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के बजाय BIMSTEC अध्यक्ष की हैसियत से बुलाया गया है। भारत ने स्पष्ट किया था कि उन्हें द्विपक्षीय यात्रा और BRICS सम्मेलन के लिए दो अलग निमंत्रण दिए गए थे।

कहां हुई मुलाकात, और क्या-क्या हुई बात ?

तारिक रहमान और एर्दोगन की द्विपक्षीय बैठक 10 नवंबर 2026 की शाम तुर्की के अंताल्या स्थित मैक्स रॉयल होटल में हुई। स्थानीय समय के अनुसार बातचीत शाम करीब 7:15 बजे शुरू हुई और लगभग 30 मिनट चली।

बांग्लादेश की ओर से विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर भी उपस्थित थे। तारिक रहमान 11–12 नवंबर को आयोजित COP31 के विश्व नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर तुर्की पहुँचे थे। बैठक इसी सम्मेलन से पहले हुई।

  • बैठक के बाद विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने बताया कि बांग्लादेश सरकार ने देश में रक्षा औद्योगिक पार्क यानी Defence Industrial Park स्थापित करने की पहल की है। इसमें तुर्की के निवेश और संयुक्त उपक्रमों की संभावनाओं पर बातचीत हुई।
  • इसके अलावा बैठक में व्यापार, ऊर्जा, खनिज संसाधनों और रोहिंग्या संकट सहित कई मुद्दे भी उठे। बांग्लादेश सरकार ने संबंधों को नई रणनीतिक ऊँचाई मिलने की बात कही है

क्या है ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क’ का पूरा प्लान?

बांग्लादेश अपने देश में रक्षा उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क’ चाहता है। इस पर तुर्की के निवेश और संयुक्त उपक्रमों की संभावनाओं पर चर्चा हुई। हालांकि, बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर के मुताबिक, बातचीत अभी शुरुआती चरण में है और इस विषय पर कोई समझौता या MoU नहीं हुआ है।

  • पार्क में क्या होगा? इसका मकसद रक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनियों, उत्पादन इकाइयों और संबंधित सुविधाओं को एक निर्धारित औद्योगिक क्षेत्र में विकसित करना है, जिससे बांग्लादेश अपनी घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ा सके और विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता घटा सके।
  • तुर्की की क्या भूमिका होगी? हुमायूं कबीर ने बताया कि दोनों पक्षों ने बांग्लादेश में रक्षा उद्योग विकसित करने के लिए तुर्की के निवेश और संयुक्त उपक्रमों की संभावनाएँ तलाशी हैं। निवेश की रकम, कंपनियों और बनने वाले हथियारों की घोषणा अभी नहीं हुई है।
  • योजना पहले से मौजूद है: 26 जनवरी 2026 को बांग्लादेश के निवेश प्राधिकरण के प्रमुख ने चट्टोग्राम के मीरसराय में प्रस्तावित भारतीय आर्थिक क्षेत्र की जगह रक्षा आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बताई थी।  इसलिए इसे एर्दोगान से मुलाकात में पहली बार सामने आई परियोजना कहना सही नहीं होगा।
  • पैसा कहाँ से आएगा? पहले सामने आए व्यापक प्रस्ताव में सरकारी बजट, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की साझेदारी, संयुक्त उपक्रम तथा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश जैसे विकल्प बताए गए थे।
  • किन तकनीकों पर ध्यान है? तारिक रहमान ने 8 जुलाई 2026 को रक्षा औद्योगिक क्षेत्र पर विचार की जानकारी देते हुए ड्रोन, सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत सैन्य तकनीक और रक्षा उपकरणों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने का उल्लेख किया था। फिलहाल अभी इन्हें तुर्की के साथ तय उत्पादन सूची नहीं माना जाना चाहिए।
  • तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान के दौरे में क्या हुआ था? जून 2026 के ढाका दौरे के दौरान रक्षा सहयोग आगे बढ़ाने पर बातचीत हुई और 6 जून को रक्षा एवं विदेश मामलों पर मंत्री स्तर की संयुक्त समिति बनाने का निर्णय लिया गया था।
  • अब क्या स्पष्ट होना बाकी है? अंताल्या की बातचीत में तुर्की की भागीदारी वाली परियोजना का स्थान, निवेश, उत्पादन और समयसीमा सार्वजनिक नहीं की गई। दरअसल अभी “तुर्की की भागीदारी की संभावनाओं पर शुरुआती बातचीत हुई है”।

तुर्की के साथ बांग्लादेश के कैसे हैं रक्षा संबंध ?

बांग्लादेश और तुर्की के बीच रक्षा सहयोग पहले से है, जिसमें हथियारों की खरीद, सैन्य प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता शामिल हैं। शेख हसीना के कार्यकाल में भी यह साझेदारी आगे बढ़ी थी और अब तारिक रहमान की सरकार इसे विस्तार देना चाहती है।

  • बांग्लादेश की सेना तुर्की की Baykar कंपनी के Bayraktar TB2 ड्रोन इस्तेमाल करती है।
  • जो निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और निर्देशित हथियारों से हमला करने में सक्षम हैं।
  • इसके अलावा बांग्लादेश के पास Roketsan के TRG-300 Kaplan/Tiger और TRG-230 गाइडेड रॉकेट सिस्टम हैं।
  • TRG-300 के अलग-अलग संस्करणों की अधिकतम मारक दूरी 90 से 120 किलोमीटर है, जबकि निर्माता TRG-230 की रेंज 20–70 किलोमीटर बताता है।
  • बांग्लादेश की सेना Otokar Cobra बख्तरबंद वाहनों का भी इस्तेमाल करती है, जो सैनिकों को सुरक्षित लाने-ले जाने, गश्त और निगरानी जैसी भूमिकाओं में काम आते हैं।

यह सहयोग हथियार खरीद तक सीमित नहीं है। कम-से-कम 3,000 बांग्लादेशी रक्षा अधिकारियों को तुर्की में विशेष प्रशिक्षण मिल चुका था। तुर्की ने Bangladesh Machine Tools Factory को गोले बनाने में तकनीकी सहायता भी दी है।

जुलाई 2026 में बांग्लादेश के सेना प्रमुख की तुर्की यात्रा के दौरान रक्षा उद्योग, सैन्य तकनीक, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर बातचीत हुई थी। अब प्रस्तावित रक्षा औद्योगिक पार्क में तुर्की के निवेश की चर्चा इस साझेदारी को और व्यापक बनाने की कोशिश है।

भारत के लिए इसके क्या मायने ?

बांग्लादेश सरकार के प्रस्तावित डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क में तुर्की की भागीदारी का प्रस्ताव भारत के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण पहलू है। यह प्रस्ताव आगे बढ़ता है तो भारत के पूर्वी पड़ोसी में तुर्की की रक्षा कंपनियों की मौजूदगी बढ़ सकती है।

  • बांग्लादेश पहले से तुर्की के ड्रोन, गाइडेड रॉकेट सिस्टम और बख्तरबंद वाहन इस्तेमाल करता है। ऐसे में स्थानीय उत्पादन और तकनीकी सहयोग इस सैन्य साझेदारी को अधिक व्यापक और दीर्घकालिक बना सकते हैं।
  • भारत के लिए इसका महत्व इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्क में कौन-सी कंपनियाँ आती हैं, किस तरह के हथियार या उपकरण बनते हैं और कितनी तकनीक साझा की जाती है।

Leave a Comment

Related News