बांग्लादेश में चीनी नागिरकों के भारत विरोधी अभियान पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने गहरी नाराजगी जताई है। 10 नवंबर, 2026 को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चीनी व्लागरों द्वारा ढाका की स्लम बस्तियों को नई दिल्ली का बताकर फैलाए जा रहे प्रोपागंडा को आपत्तिजनक करार दिया। कहा कि किसी भी देश की गलत और विकृत तस्वीर पेश करने वाली ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

“जहाँ तक ढाका को दिल्ली के रूप में दिखाने के लिए विदेशी तत्वों को खरीदने के प्रयासों का सवाल है, झूठी बातें फैलाने से केवल उन लोगों की विश्वसनीयता कमजोर होती है जो ऐसी गतिविधियाँ कर रहे हैं और जो उन्हें फिल्मा रहे हैं।”
Randhir Jaiswal, Official Spokesperson of the Ministry of External Affairs of India
इस बयान के बाद बेहद गंभीर सवाल उठता है कि “क्या ढाका को दिल्ली बताकर दिखाने वाले ये वीडियो किसी प्रायोजित अभियान का हिस्सा हैं? फिलहाल उन्होंने इस पर बांग्लादेशी अधिकारियों से उचित कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई।
ढाका के उत्तरा और टेकपाड़ा इलाकों में चीनी नागरिक कई महीनों से लाइव वीडियो बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इनकी संख्या 150 से अधिक होने का अनुमान लगाया है। कुछ प्रसारणों में ढाका की गलियों और झुग्गियों को नई दिल्ली बताया गया, जबकि वहाँ रहने वाले लोगों के घरों, साफ-सफाई और खानपान पर अपमानजनक टिप्पणियाँ की गईं।
स्थानीय पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने की बात कही है।
क्या है पूरा मामला, कैसे आया सामने?
बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो की पड़ताल से यह पूरा मामला सामने आया, जिसके मुताबिक ढाका के उत्तरा सेक्टर-12 और उससे सटे टेकपाड़ा (Tekpara) में कई महीनों से चीनी नागरिक वीडियो बना रहे हैं। जिन्हें ये नई दिल्ली का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। टेकपाड़ा नहर किनारे बसा इलाका है, जहाँ बड़ी संख्या में कम आय वाले परिवार रहते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह शुरू होने वाली रिकॉर्डिंग कई बार रात तक चलती रहती थी। निवासियों ने बिना अनुमति घरों और यहाँ तक कि बाथरूम में घुसकर रिकॉर्डिंग करने की शिकायत की। विरोध करने पर चले जाने और बाद में लौट आने के भी आरोप हैं।
- प्रोथोम आलो के पत्रकारों ने 27 अक्टूबर और 3 नवंबर को संबंधित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ 17 चीनी नागरिकों से बातचीत की कोशिश की।
- अधिकांश चीनी नागरिकों ने विस्तृत जवाब नहीं दिए। कुछ ने अंग्रेजी नहीं आने की बात कही, जबकि कुछ अपना नाम और राष्ट्रीयता बताकर चले गए।
- चीनी भाषा में हो रहे प्रसारणों के चुनिंदा हिस्सों का Google Translate से अनुवाद किया गया। इसके बाद चीनी जानने वाले चार बांग्लादेशियों से अनुवाद जँचवाया गया।
- इसी पड़ताल में ढाका की लोकेशन को नई दिल्ली बताने वाली टिप्पणियाँ सामने आईं। स्थानीय लोग भाषा नहीं समझने के कारण पहले नहीं जानते थे कि उनके बारे में क्या कहा जा रहा है।
चीनी महिला व्लागर ने क्या कहा ?
रिपोर्ट में सबसे प्रमुख उदाहरण मियानमियान नाम की चीनी महिला का है। उसने खुद को चीन के सिचुआन प्रांत की रहने वाली बताया।1 नवंबर को वह उत्तरा सेक्टर-12 की नहर के पास खड़ी होकर टेकपाड़ा दिखा रही थी। रिपोर्ट में दिए अनुवाद के मुताबिक, उसने दर्शकों से कहा—“यह नई दिल्ली है।”
- उसने वहाँ के घरों को बेहद गंदा बताते हुए टिन की छत वाले मकानों में पंखा तक नहीं होने की बात कही। इलाके को पिछड़ा और अस्वच्छ बताने के साथ कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी की।
- इस तरह बांग्लादेश के एक इलाके की तस्वीरें दिखाकर दर्शकों के सामने भारत की राजधानी के बारे में भ्रामक जानकारी पेश की गई।
चाय को ‘गोमूत्र’ बताने तक पहुँची टिप्पणी
एक अन्य चीनी नागरिक वांग वेई टेकपाड़ा के छोटे पुल के पास चाय की दुकानों पर रिकॉर्डिंग करता मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, उसने स्थानीय लोगों को चाय पीते दिखाकर दावा किया कि वे गोमूत्र से बनी चाय पी रहे हैं।
दूसरी दुकान पर उसने गंदे नदी के पानी से चाय बनाने का आरोप लगाया। कुछ महिला व्लॉगर्स ने कथित तौर पर भारत में शादी करने और पति तथा परिवार के साथ वहीं रहने की कहानी भी सुनाई, जबकि रिकॉर्डिंग ढाका में हो रही थी।
बांग्लादेशी मिलीभगत, प्रोडक्ट प्रमोशन और कमाई का कनेक्शन ?
स्थानीय गाइड ऋतु अख्तर ने बताया कि वह कई महीनों से चीनी नागरिकों की मदद कर रही थी। इसके बदले उसे प्रतिदिन 700 से 800 बांग्लादेशी टका मिलते थे। उसके मुताबिक, कुछ अन्य बांग्लादेशी महिलाएँ भी गाइड का काम कर रही थीं।
उसने बताया कि चीनी नागरिक WeChat और Douyin जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो और लाइव प्रसारण से कमाई करते हैं। फांगयोउ नाम के चीनी नागरिक ने पत्रकारों को बताया कि WeChat पर प्रसारण उत्पादों के प्रचार के लिए किया जाता है।
हालाँकि, उसने उसी इलाके को चुनने और लंबे समय तक रिकॉर्डिंग करने पर विस्तृत जवाब नहीं दिया।
बांग्लादेशी पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
उत्तरा वेस्ट थाने के प्रभारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने स्वीकार किया कि इलाके में चीनी नागरिक वीडियो बनाते देखे गए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें रिकॉर्डिंग का उद्देश्य और वीडियो कहाँ दिखाए जाते हैं, इसकी जानकारी नहीं थी। हालाँकि, वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया था।
- पुलिस के स्तर पर भाषा की समस्या और रिकॉर्डिंग करने वालों से पर्याप्त जानकारी नहीं मिलना भी सामने आया।
- उपलब्ध रिपोर्टों में इन आरोपों पर गिरफ्तारी, निर्वासन या वीडियो हटवाने की ठोस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
मामले पर क्या है चीन की प्रतिक्रिया ?
भारतीय विदेश मंत्रालय ने मामले को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और बांग्लादेश के संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की उम्मीद जताई है। वहीं चीन सरकार या ढाका स्थित चीनी दूतावास की कोई पुष्ट सार्वजनिक प्रतिक्रिया अब तक नहीं मिली है। सवाल बांग्लादेश और उसके अधिकारियों पर भी हैं।








