मॉडर्न वॉर के बदलते स्वरूप में सस्ते और झुंड में हमला करने वाले ड्रोन (Swarm Drones) दुनिया भर की सेनाओं के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। इस खतरे से निपटने की दिशा में भारत ने एक अहम कदम बढ़ाया है। नागपुर स्थित निजी क्षेत्र की प्रमुख डिफेंस कंपनी सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने राजस्थान की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में ‘भार्गवास्त्र’ (Bhargavastra) के इन-हाउस डेवलपमेंट ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। भार्गवास्त्र भारत का पहला स्वदेशी टू-लेयर व्हीकल-माउंटेड काउंटर-स्वार्म ड्रोन सिस्टम (VMCSDS) है। इसे SDAL ने डिजाइन और डेवलप किया है।
20 से 24 नवंबर 2026 तक चले पांच दिवसीय परीक्षण अभियान के दौरान ट्रायल पूरे हुए। कंपनी ने सिस्टम की डिजाइन और डेवलपमेंट के साथ इसके अलग-अलग हिस्सों को एक साथ इंटीग्रेट करने का काम भी पूरा कर लिया है। इस सफलता के साथ ही यह अत्याधुनिक सिस्टम अब भारतीय सेना में शामिल होने की दहलीज की ओर बढ़ गई है।
भारत की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भार्गवास्त्र को मैदानी और रेगिस्तानी इलाकों से लेकर समुद्र तल से 5,000 मीटर (करीब 16,400 फीट) से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनाती के लिए डिजाइन किया गया है। भार्गवास्त्र का मकसद उस स्थिति से निपटना है, जिसमें एक ही सैन्य ठिकाने की ओर कई छोटे ड्रोन एक साथ बढ़ रहे हों। यानी इसे एक साथ कई ड्रोन को निशाना बनाने के लिए डेवलप किया गया है। इसमें दो तरह की डिफेंस लेयर हैं।
क्या है भार्गवास्त्र, कैसे काम करती है इसकी दोहरी मारक क्षमता?
पौराणिक दिव्यास्त्र के नाम पर बने ‘भार्गवास्त्र’ में दोहरी हार्ड-किल क्षमता है। वाहन पर लगे इस सिस्टम में ड्रोन के झुंड से निपटने के लिए दो डिफेंस लेयर- पहली एयर डिफेंस रॉकेट की और दूसरी गाइडेड माइक्रो-मिसाइल की है। कंपनी के मुताबिक, राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में हुए परीक्षणों में इसकी दोनों रक्षा परतों का एकीकृत प्रदर्शन किया गया।
रॉकेटों वाली परत ड्रोन के झुंड को निशाना बनाने के लिए है, जबकि गाइडेड माइक्रो-मिसाइलें किसी खास ड्रोन पर सटीक वार के लिए हैं।
पहली परत — ड्रोन के झुंड के खिलाफ माइक्रो-रॉकेट
- पहली परत में अनगाइडेड एयर डिफेंस माइक्रो-रॉकेट इस्तेमाल होते हैं।
- ये हवा में फटकर आसपास के इलाके में असर पैदा करते हैं, जिससे पास-पास उड़ रहे कई ड्रोनों को एक साथ निशाना बनाया जा सकता है।
- इस परत का फायदा यह है कि हर ड्रोन के लिए अलग गाइडेड इंटरसेप्टर इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो सकती है।
दूसरी परत — चुनिंदा ड्रोन पर गाइडेड माइक्रो-मिसाइल
दूसरी परत में गाइडेड माइक्रो-मिसाइलें हैं। इनका इस्तेमाल किसी खास हवाई लक्ष्य को निशाना बनाने के लिए किया जाता है। पहली परत से बच निकला ड्रोन भी इसका लक्ष्य हो सकता है।
- भार्गवास्त्र का मॉड्यूलर डिजाइन जरूरत के मुताबिक इसमें इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग जैसे सॉफ्ट-किल विकल्प जोड़ने की गुंजाइश देता है।
- जैमिंग के जरिए ड्रोन के संचार या नियंत्रण लिंक को बाधित करने की कोशिश की जाती है।
भार्गवास्त्र की मारक रेंज कितनी है?
गोपालपुर में मई 2025 के परीक्षणों के बाद आई रिपोर्टों के मुताबिक, भार्गवास्त्र छोटे ड्रोन को 2.5 किलोमीटर तक की दूरी पर निशाना बना सकता है। यह भार्गवास्त्र सिस्टम की रिपोर्टेड मारक रेंज है। इसकी दोनों रक्षा परतों, यानी माइक्रो-रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइल, की अलग-अलग मारक रेंज का ब्योरा हालिया रिपोर्टों में नहीं दिया गया है।
- इसके अलावा एक रिपोर्ट के मुताबिक, भार्गवास्त्र को एक साथ 64 हवाई लक्ष्यों को निशाना बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
- दूसरी रिपोर्ट में एक बार की बौछार में 64 रॉकेट दागने की क्षमता बताई गई है।
- मारक रेंज वह दूरी है जहां तक सिस्टम ड्रोन को निशाना बना सकता है।
- रडार के साथ इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड (EO/IR) सेंसर भी हैं, जो दिन और रात में लक्ष्य को ट्रैक करने में मदद करते हैं।
जानिए भार्गवास्त्र का सेंसर सूट और C4I कमांड नेटवर्क क्या है ?
भार्गवास्त्र में लॉन्चर के साथ रडार, ट्रैकिंग सेंसर और कमांड-एंड-कंट्रोल यूनिट भी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, सिस्टम के अलग-अलग हिस्सों को तीन सैन्य वाहनों पर लगाया गया है, ताकि इन्हें जरूरत के मुताबिक एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सके।
- रडार और सेंसर — रिपोर्टों में स्वदेशी सर्विलांस रडार की डिटेक्शन रेंज 6 से 10 किलोमीटर बताई गई है। किसी ड्रोन का पता कितनी दूरी से चलेगा, यह उसके रडार क्रॉस-सेक्शन पर भी निर्भर करता है। पैसिव रेडियो-फ्रीक्वेंसी (RF) डिटेक्टर ड्रोन से जुड़े रेडियो सिग्नल पकड़ता है, जबकि इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल/इन्फ्रारेड (EO/IR) सिस्टम दिन और रात में लक्ष्य को ट्रैक करने में मदद करता है।
- C4I कमांड सेंटर — C4I (Command, Control, Communications, Computers and Intelligence) सेंटर रडार और दूसरे सेंसरों से मिलने वाली जानकारी को एक जगह लाता है। यह हवाई लक्ष्यों की पहचान करने, खतरों की प्राथमिकता तय करने और प्रतिक्रिया का समन्वय करने में मदद करता है। पहले प्रकाशित सिस्टम स्पेसिफिकेशन में लक्ष्य का पता लगाने से इंटरसेप्शन तक का समय 16 सेकंड से कम बताया गया था।
गोपालपुर से पोखरण तक कैसे आगे बढ़े परीक्षण ?
जनवरी 2025 में ओडिशा के गोपालपुर सीवर्ड फायरिंग रेंज में माइक्रो-मिसाइल से दो शुरुआती फायरिंग हुई थीं। दोनों फायरिंग में पहले से तय परीक्षण लक्ष्यों को निशाना बनाया गया। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी वहां मौजूद थे। इस चरण में माइक्रो-मिसाइल की शुरुआती फायरिंग क्षमता दिखाई गई।
13 मई 2025 को उसी रेंज पर रॉकेट वाली परत के तीन परीक्षण हुए। पहले दो परीक्षणों में एक-एक रॉकेट दागा गया। तीसरे में दो रॉकेट कम अंतराल पर दागे गए। उस समय जारी जानकारी के मुताबिक, चारों रॉकेटों ने तय लॉन्च पैरामीटर पूरे किए। ये फायरिंग आर्मी एयर डिफेंस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई थीं।
24 जुलाई 2026 को नागपुर में भारतीय सेना की एक टीम ने रक्षा खरीद प्रक्रिया के Make-II कार्यक्रम के तहत प्रोजेक्ट की प्रगति देखी। कंपनी ने ड्रोन का झुंड उड़ाया। सेंसरों ने उसे डिटेक्ट किया, कंट्रोल सिस्टम ने अलर्ट दिया और लॉन्चर को लक्ष्य असाइन किए गए। सुरक्षा कारणों से कंपनी परिसर में उस दिन वास्तविक रॉकेट फायरिंग नहीं हुई। इस प्रदर्शन में सेना की टीम ने देखा कि ड्रोन के डिटेक्शन से लेकर लॉन्चर को लक्ष्य सौंपने तक सिस्टम के अलग-अलग हिस्से साथ कैसे काम करते हैं।
सेना को कब मिल सकता है भार्गवास्त्र ?
पोखरण में कंपनी के डेवलपमेंट ट्रायल पूरे होने के बाद अब नजर भार्गवास्त्र को भारतीय सेना के हवाले करने की समयसीमा पर है। 23 नवंबर की Indian Defence News की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने सिस्टम सौंपने के लिए मार्च 2027 तक का समय दिया है। वहीं, इसे विकसित करने वाली Solar Defence and Aerospace Limited (SDAL) का लक्ष्य जनवरी 2027 में ही हैंडओवर करना है, यानी रिपोर्ट में बताई गई समयसीमा से दो महीने पहले।








