गुजरात में AK-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी गिरफ्तार, कितने खतरनाक थे मंसूबे ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

Suspected Jaish-e-Mohammed operative Mohammad Saharul Islam Kabiruddin and the AK-47-style rifle seized by Gujarat ATS.

आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर भारतीय खुफिया एजेंसियों और गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) को 27 नवंबर, 2026 को एक बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात एटीएस ने गोपनीय और सुनियोजित ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया है। इसके पास से AK-47 जैसी एक ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल, 23 जिंदा कारतूस और जैश-ए-मोहम्मद का झंडा बरामद हुआ है।

ATS के मुताबिक, यह आरोपी वडोदरा के एयर फोर्स स्टेशन पर ‘लोन-वुल्फ’ हमले की साजिश रच रहा था। यानी उसका इरादा इस हमले को अकेले अंजाम देने का था। लेकिन एजेंसी को उसके गुजरात पहुंचने से पहले ही इस संभावित साजिश की सूचना मिल गई थी। ऐसे में आतंकी धर दबोचा गया औ संभावित आतंकी हमला टल गया।

गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने गांधीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गिरफ्तारी का ब्योरा दिया। उनके मुताबिक आरोपी की योजना हमले के बाद पाकिस्तान जाने और वहां जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की थी। ATS अब इस योजना,आरोपी के फोन, हैंडलर से संपर्क, पैसों के लेनदेन और हथियार की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों की जांच कर रही है।

कौन है गिरफ्तार आतंकी ?

जांच के दौरान इस संदिग्ध आंतकी की पहचान मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरउद्दीन ((Md Saharul Islam)) के रूप में हुई, जो मूल रूप से असम के करीमगंज जिले का रहने वाला है, जिसे अब श्रीभूमि के नाम से जाना जाता है। इसकी उम्र करीब 24 साल बताई जा रही है।

  • ATS की शुरुआती जांच के मुताबिक, सहरुल करीब डेढ़ साल से आतंकी विचारधारा के प्रभाव में था।
  • लगभग एक साल से एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था, जिसकी पहचान जैश-ए-मोहम्मद के
  • मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के तौर पर हुई है।
  • इसी हैंडलर ने सहरुल को गुजरात की यात्रा, होटल और नया फोन खरीदने जैसे खर्चों के लिए ₹50,000 दिए थे।
  • दोनों के बीच सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए बातचीत होती थी।

सहरुल के इरादों का कैसे हुआ भंडाफोड़ ?

केंद्रीय खुफिया एजेंसियां और गुजरात ATS करीब छह महीने से संदिग्ध की गतिविधियों पर तकनीकी साधनों और जमीनी स्तर पर नजर रख रही थीं। ऑपरेशन ने 23 नवंबर को निर्णायक मोड़ लिया, जब एजेंसियों को विशेष खुफिया सूचना मिली कि संदिग्ध आतंकी हमले की योजना को अंजाम देने के लिए गुजरात आ रहा है।

  • गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के मुताबिक, सूचना यह थी कि जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़ा एक व्यक्ति दूसरे राज्य से ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल के साथ गुजरात में दाखिल होने वाला है।
  • उसका मकसद अगले कुछ दिनों के भीतर राज्य के एक सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाना है।
  • इस सूचना पर ATS ने एक विशेष टीम बनाई और तकनीकी निगरानी के साथ जमीनी सूत्रों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

इसे गुजरात एटीएस ने कब और कैसे दबोचा ?

NDTV के मुताबिक, सहरुल असम से अलग-अलग ट्रेनों और बसों के जरिए गुजरात पहुंचा। इसी कड़ी में गुजरात ATS के पुलिस उपाधीक्षक (DySP) हर्ष उपाध्याय को जानकारी मिली कि सहरुल वडोदरा पहुंच चुका है और शहर के मिलन होटल में ठहरा है। उसने कमरा लेने के लिए अपने पहचान दस्तावेज दिए थे। हालांकि जांच टीम के होटल पहुंचने तक वह वहां से निकल चुका था और उसका मोबाइल नंबर बंद था।

  • शुरुआती जांच के मुताबिक, सहरुल होटल छोड़ने के बाद दाहोद गया था, जहां उसने राइफल हासिल की।
  • इस बीच ATS ने तकनीकी जांच और जमीनी खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी तलाश जारी रखी।
  • जब एजेंसी को पता चला कि वह दाहोद से वडोदरा लौट रहा है, तो उसे रास्ते में रोकने के लिए एक टीम तैनात की गई।

PTI ने गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के हवाले से बताया कि टीम ने सहरुल को 26 नवंबर की रात हलोल–वडोदरा रोड पर एक होटल के पास पकड़ लिया। हथियारों के अलावा उसके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और कुछ नकदी भी जब्त की गई।

क्या पहले भी वडोदरा आया था सहरुल ?

NDTV ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि यह मोहम्मद सहरुल इस्लाम की गुजरात की पहली यात्रा नहीं थी। वह इससे पहले भी वडोदरा आ चुका था।, पिछली यात्रा के दौरान उसने संवेदनशील ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई थी। गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी के हवाले से NDTV ने बताया कि सहरुल ने वडोदरा के भारतीय वायुसेना स्टेशन की रेकी की थी।

  • गिरफ्तारी से पहले ATS के पास गुजरात के एक सुरक्षा प्रतिष्ठान पर संभावित हमले की सूचना थी।
  • पूछताछ के बाद उस प्रतिष्ठान की पहचान वडोदरा के वायुसेना स्टेशन के तौर पर सामने आई।
  • ATS अधिकारियों ने कहा कि सहरुल को इसी स्टेशन पर हमला करने का काम सौंपा गया था।
  • उसके फोन से स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो मिलने की बात भी अधिकारियों ने कही।
  • NDTV के अनुसार, फोन की डिजिटल फॉरेंसिक जांच में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा कट्टरपंथी साहित्य भी मिला।

किन कठोर कानूनों के तहत कार्रवाई, किन जवाबो की तलाश ?

गुजरात ATS ने मोहम्मद सहरुल इस्लाम कबीरुद्दीन के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत FIR दर्ज की है। DIG सुनील जोशी की ब्रीफिंग के वक्त आरोपी को संबंधित अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही थी। उस समय FIR नंबर, लगाई गई धाराओं के नंबर और रिमांड पर अदालत के आदेश का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया था।

  • जांच का एक अहम सवाल यह है कि दाहोद में सहरुल को AK-47 जैसी राइफल किसने उपलब्ध कराई।
  • NDTV ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि बरामद राइफल पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई हो सकती है।
  • एजेंसियां हथियार के स्रोत और उसे सहरुल तक पहुंचाने वाले लोगों का पता लगा रही हैं।

जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि क्या गुजरात में किसी स्थानीय मददगार या स्लीपर सेल ने साजिश में आरोपी की मदद की थी। TV9 Gujarati ने सूत्रों के हवाले से दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ की बात कही है। सार्वजनिक तौर पर अब तक सहरुल की ही गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। ATS के मुताबिक, इस कार्रवाई से वडोदरा के वायुसेना स्टेशन पर कथित हमले की साजिश नाकाम हुई है।

जुलाई में कितने हुए थे गिरफ्तार ?

जुलाई 2026 में गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक से अधिक राज्यों में कार्रवाई कर जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें सात गुजरात के बनासकांठा, पाटन और नवसारी जिलों के रहने वाले थे, जबकि एक मध्य प्रदेश का निवासी था।

  • बनासकांठा, गुजरात — अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला (19), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला (22) और इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा (30)।
  • पाटन, गुजरात — जकरिया दुर्रानी मोहम्मद अम्मार घाघा (21), मुफ्ती फौजान इस्माइल दाऊवा (40) और मोहम्मद अमीन शेरा (21)।
  • नवसारी, गुजरात — मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी (22)।
  • मध्य प्रदेश — बिलाल दुर्रानी मोहम्मद अम्मार घाघा (18)।

रिपोर्ट के मुताबिक, संदिग्धों की कथित गतिविधियों के सिलसिले में पाटन के जामिया अबुल हसन मदरसे और नवसारी के जामिया रहमानिया खंभिया का नाम सामने आया था। सुरक्षा एजेंसियों को संदेह था कि संदिग्ध इन संस्थानों की आड़ में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और अपनी गतिविधियों के लिए जरूरी इंतजाम करने में जुटे थे।

Leave a Comment

Related News