बांग्लादेशी तस्करों का पीछा करते हुए BSF जवान शहीद, 48 घंटे बाद मिला पार्थिव शरीर

By Defence Detective

Published On:

Date:

BSF Constable K Venu in inset against the backdrop of the Kushiyara River in Assam.

भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा (International Border) पर पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF)  का एक जवान बलिदान हो गया है। असम में पशु तस्करों के एक समूह को पकड़ने के साहसिक अभियान के दौरान लापता हुए BSF कांस्टेबल (जीडी) के. वेणु (Constable K. Venu) का पार्थिव शरीर बरामद हुआ है। दो दिनों के सघन तलाशी अभियान के बाद 25 नवंबर, 2026 की सुबह करीब 8:20 बजे श्रीभूमि (पूर्ववर्ती करीमगंज) जिले में स्टीमरघाट के नजदीक कुशियारा नदी में उनका पार्थिव शरीर बहता हुआ पाया गया।

इस दुखद घटना ने न केवल सुरक्षा बलों और बलिदानी जवान के परिजनों को गहरे शोक में डुबो दिया है, बल्कि भारत-बांग्लादेश की नदीय सीमा (Riverine Border) की सुरक्षा संबंधी चुनौतियों, सीमा पार सक्रिय संगठित पशु तस्करी के नेटवर्क और तस्करी विरोधी अभियानों के दौरान जवानों के सामने आने वाली चुनौतियों को भी रेखांकित करता है।

जवान के लापता होने के बाद से ही इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं। एक ओर नदी में डूबने की आशंका थी, तो दूसरी ओर पशु तस्करों द्वारा जवान को अगवा कर बांग्लादेश ले जाने की खबरें भी सामने आई थीं। फिर कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बल (BGB) ने जवान को जीवित बचा लिया है।

कौन थे BSF जवान के. वेणु, कहां थी तैनाती?

कांस्टेबल (जीडी- जनरल ड्यूटी) के. वेणु सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 75वीं बटालियन (75th Battalion) के जवान थे। उनकी बटालियन BSF के मिजोरम और कछार फ्रंटियर (Mizoram and Cachar Frontier) के अंतर्गत भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी, सुरक्षा और सीमा पार होने वाली गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने की जिम्मेदारी संभालती है।

  • के. वेणु की तैनाती असम के कछार (Cachar) जिले के काटीगोरा (Katigorah) क्षेत्र में स्थित हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट (Harinagar BOP) पर थी।
  • हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 32 वर्षीय के. वेणु मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले थे।
  • हालांकि, कुछ अन्य मीडिया रिपोर्टों में उनकी उम्र 30 वर्ष और गृह राज्य आंध्र प्रदेश बताया गया है।

कब और कैसे हुई घटना ?

22 और 23 नवंबर, 2026 की दरमियानी रात हरिनगर बॉर्डर आउटपोस्ट (Harinagar BOP) के कंपनी कमांडर को विशिष्ट खुफिया सूचना (Specific Intelligence) मिली कि चार से पांच अज्ञात संदिग्ध तस्कर भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते मवेशियों, विशेषकर भैंसों की तस्करी करने की फिराक में हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, संदिग्ध तस्कर भारतीय सीमा में दाखिल हो चुके थे।

  • खुफिया सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव (Head Constable Jitendra Yadav) और कांस्टेबल के. वेणु ने तस्करों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।
  • जब BSF के दोनों जवानों ने तस्करों को ललकारा, तो वे मवेशियों को छोड़कर पास की बराक नदी (Barak River) में कूद गए।
  • बराक नदी आगे चलकर सुरमा (Surma) और कुशियारा (Kushiyara) नामक दो शाखाओं में विभाजित होती है।
  • तस्करों को भागने से रोकने और उन्हें पकड़ने के लिए अदम्य साहस का परिचय देते हुए हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव और कांस्टेबल के. वेणु भी तेज बहाव वाली नदी में कूद पड़े।

फिर कैसे लापता हुए कांस्टेबल वेणु?

पशु तस्करों का पीछा करते हुए बराक नदी में उतरने के बाद परिस्थितियां अचानक बदल गईं। रात का घना अंधेरा और नदी की तेज जलधारा दोनों जवानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, पानी के तेज बहाव के बीच दोनों जवान एक-दूसरे से अलग हो गए।

  • हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव किसी तरह तैरकर सुरक्षित किनारे पर लौटने में कामयाब रहे, लेकिन कांस्टेबल के. वेणु वापस नहीं लौट सके।
  • कांस्टेबल वेणु 23 नवंबर की सुबह करीब 3:10 बजे लापता हो गए। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि वे नदी की तेज जलधारा में बह गए होंगे।
  • हालांकि फिर 25 नवंबर को श्रीभूमि जिले में कुशियारा नदी में उनका शरीर मिला।
  • नदी में उतरने के बाद कांस्टेबल वेणु के साथ वास्तव में क्या हुआ और किन परिस्थितियों में वे लापता हुए, इसका विस्तृत घटनाक्रम अभी सामने नहीं आया है।

किन-किन एजेंसियों ने चलाया तलाशी अभियान?

काफी प्रयासों के बावजूद जब वेणु का कोई सुराग नहीं मिला था, तो BSF ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से व्यापक तलाशी एवं बचाव अभियान (Search and Rescue Operation) शुरू किया। और लगभग 48 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में शामिल प्रमुख बल थे-

  • सीमा सुरक्षा बल (BSF)।
  • असम पुलिस और रिवर पुलिस (River Police)।
  • राज्य आपदा मोचन बल (SDRF)।
  • राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF)।
  • प्रशिक्षित गोताखोरों की टीमें।

सुरक्षा और बचाव एजेंसियों के व्यापक संयुक्त प्रयासों के बावजूद पहले दिन जवान का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

क्या जवान को अगवा कर बांग्लादेश ले जाया गया था?

तलाशी अभियान के दौरान कॉन्स्टेबल वेणु के लापता होने को लेकर एक नया पहलू सामने आया। कुछ मीडिया रिपोर्टों में आशंका जताई गई कि संदिग्ध पशु तस्कर उन्हें अगवा कर बांग्लादेश ले गए होंगे। संदेह उठा कि उनके साथ वहां पर कुछ बड़ा गलत हुआ होगा।

इस बीच भारतीय सीमा सुरक्षा बल ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (Border Guard Bangladesh-BGB) से भी संपर्क साधा था।

  • 24 नवंबर को BSF और BGB के बीच कमांडेंट स्तर की बैठक हुई।
  • भारतीय अधिकारियों ने लापता जवान के संबंध में बांग्लादेशी अधिकारियों से जानकारी मांगी।
  • बांग्लादेश की ओर से जवान के उसके क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी नहीं दी गई।
  • बैठक का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकल सका।

BGB द्वारा जवान को बचाए जाने की भी आई थी खबर?

घटनाक्रम में उस समय नया मोड़ आया, जब कुछ मीडिया संस्थानों ने दावा किया कि कॉन्स्टेबल वेणु को बांग्लादेश में जीवित खोज लिया गया है। द टाइम्स ऑफ इंडिया और द सेंटिनल की रिपोर्टों में दावा किया गया था कि BGB ने जवान को बांग्लादेश के सिलहट डिवीजन के अमलशीद (Amalshid) गांव में खोज निकाला है।

इन रिपोर्टों में यहां तक कहा गया कि जवान को एक BGB आउटपोस्ट ले जाया गया है और दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद उन्हें भारत को सौंप दिया जाएगा।

हालांकि, BSF के मिजोरम और कछार फ्रंटियर के उप महानिरीक्षक (DIG) अहसान शाहेदी (Ahsan Shahedi) ने इन खबरों को गलत बताते हुए स्पष्ट किया था कि जवान की तलाश जारी है।

क्या के. वेणु के शरीर पर चोट के निशान थे ?

कॉन्स्टेबल वेणु की तलाश उस समय खत्म हुई, जब कुशियारा नदी (Kushiyara River) में उनका पार्थिव शरी पानी में तैरता मिला। बीएसएफ अधिकारियों ने शव पर शुरुआती जांच में बाहरी चोट के निशान नहीं मिलने की जानकारी दी है। हालांकि, कुछ स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में चोट के निशान होने का दावा किया गया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SMCH) भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद पार्थिव शरीर को हवाई मार्ग से उनके गृह राज्य ले जाकर सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी है।

Leave a Comment

Related News