चीन से बांग्लादेश जा रही थी ‘मौत की खेप’ ? इंडोनेशिया ने मिसाइलों में काम आने वाले केमिकल से लदा जहाज रोका

By Defence Detective

Published On:

Date:

MV Star Line, the Comoros-flagged cargo ship intercepted off Belawan, Indonesia

दक्षिण एशिया की जियोपॉलिटिक्स और सुरक्षा परिदृश्य में एक बड़ा भूचाल वाला मामला सामने आया है। इंडोनेशिया की नौसेना ने Strait of Malacca (मलक्का जलडमरूमध्य) के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चीन से बांग्लादेश जा रहे एक एक मालवाहक जहाज (कार्गो शिप) को पकड़ा है। इस जहाज से भारी मात्रा में सोडियम परक्लोरेट बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल रॉकेट और मिसाइलों के प्रोपेलेंट बनाने में किया जा सकता है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इंडोनेशियाई नौसेना के एक क्षेत्रीय कमांडर का आंकलन है कि जब्त सामग्री से लगभग 100  मिसाइलें तैयार की जा सकती हैं। इस घटना ने साल 2004 के कुख्यात चटगांव हथियार तस्करी कांड की यादों को फिर से ताजा कर दिया है।

जहाज का गंतव्य बांग्लादेश का मोंगला बंदरगाह था। इंडोनेशियाई नौसेना की जांच अब जहाज के दस्तावेजों और खेप के खरीदार पर केंद्रित है। इस खेप को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि बांग्लादेश में इसे किसने मंगाया था और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था।

कैसे पकड़ा गया जहाज और क्या-क्या बरामद हुआ ?

इंडोनेशियाई नौसेना के गश्ती पोत KRI Sigalu-857 ने 7 नवंबर को मलक्का स्ट्रेट के पास उत्तर सुमात्रा के बेलावान (Belawan) पोर्ट के पास मालवाहक जहाज MV Star Line को उसके निर्धारित मार्ग से हटकर जाते देखा। इससे गश्ती दल को शक हुआ। नौसेना के मुताबिक, जहाज के चालक दल ने गश्ती पोत की रेडियो कॉल का जवाब नहीं दिया।

क्षेत्रीय नौसेना कमांडर के मुताबिक, ‘एमवी स्टार लाइन’ ने बेलावान की ओर जाने की वजह ईंधन भरना बताया था। कमांडर का कहना था कि जहाज ने यह बहाना गश्ती पोत से बचने के लिए बनाया था। गश्ती पोत KRI Sigalu-857 ने मालवाहक जहाज को बेलावान के पास समुद्र में रोका और उसकी तलाशी ली। कार्रवाई 20 नवंबर को सार्वजनिक की गई है।

  • जहाज कहां से चला था? कोमोरोस के झंडे वाला यह जहाज (IMO 8356962) चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से चला था। इसे 8 नवंबर को बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह पहुंचना था।
  • तलाशी में क्या मिला? जहाज के 36 में से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट मिला।इसके अलावा 54 पैलेट पर लाखों खाली 4G LTE सिम कार्ड थे।
  • इंडोनेशियाई मीडिया के मुताबिक, कंटेनरों के विवरण में रसायन का नाम दर्ज था। रसायन किसने मंगाया और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

शिप के कागजों में गड़बड़ी थी और खरीदार का पता नहीं ?

जहाज के पंजीकरण दस्तावेज पर वैधता 8 अक्टूबर 2027 तक लिखी थी। हालांकि, पंजीकरण का स्टेटस ‘निलंबित’ (Suspended) दिख रहा था। इंडोनेशियाई अधिकारी जांच रहे हैं कि जहाज के पास समुद्री यात्रा की वैध अनुमति थी या नहीं।

खतरनाक माल ढोने के नियमों के पालन की भी जांच हो रही है। उधर, बांग्लादेश में रसायन मंगाने वाले इंपोर्टर का नाम अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है।

  • अधिकारी दस्तावेजों में संभावित जालसाजी और जहाज का AIS (ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम)  बंद किए जाने की आशंका की भी पड़ताल कर रहे हैं।
  • अंतिम इस्तेमाल का सवाल बाकी है- माल किसने भेजा, किसके नाम बुक किया गया और आखिर में किसे सौंपा जाना था, ये अलग-अलग सवाल हैं। रसायन का इस्तेमाल किस काम के लिए होना था, इसका भी खुलासा बाकी है

मामले पर चीन-बांग्लादेश की चुप्पी ?

23 नवंबर 2026 तक इस मामले पर बीजिंग की ओर से कोई सार्वजनिक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। बांग्लादेश के विदेश या गृह मंत्रालय की ओर से भी कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया था।

चीन लंबे समय से बांग्लादेश और म्यांमार को सैन्य उपकरणों की आपूर्ति करता रहा है। जहाज से बरामद सोडियम परक्लोरेट एक दोहरे उपयोग वाला (डुअल-यूज) रसायन है, जिसका इस्तेमाल नागरिक उद्योगों और सैन्य उत्पादन, दोनों में हो सकता है।

इस खेप का अंतिम इस्तेमाल क्या होना था, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

फिर क्यों चर्चा में आया 2004 का चटगांव कांड ?

इस ताजा घटना ने 2 अप्रैल 2004 को बांग्लादेश के चटगांव में कर्णफुली नदी के किनारे पकड़ी गई हथियारों की बड़ी खेप की याद दिला दी है। उस समय असॉल्ट राइफलें, रॉकेट लॉन्चर, ग्रेनेड और लाखों गोलियां जब्त की गई थीं। इन्हें दस ट्रकों में भरकर पुलिस के गोदाम तक ले जाया गया था।

बाद में एक बांग्लादेशी सैन्य विशेषज्ञ ने अदालत में गवाही दी कि जांचे गए हथियार और गोला-बारूद चीन में बने थे। अभियोजन के मुताबिक, यह खेप भारत के पूर्वोत्तर में सक्रिय उग्रवादी संगठन उल्फा (ULFA) के लिए थी। मामले में बांग्लादेश की सैन्य खुफिया एजेंसी DGFI के पूर्व अधिकारियों पर भी मुकदमा चला। पाकिस्तान की ISI की भूमिका के आरोप भी लगे थे।

बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद फरवरी 2026 में तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री पद संभाला। ऐसे माहौल में चीन से बांग्लादेश जा रही 405 टन सोडियम परक्लोरेट की खेप का खरीदार और उसका अंतिम इस्तेमाल भारत की सुरक्षा के लिहाज से अहम सवाल हैं।

क्या है सोडियम परक्लोरेट और किस-किस काम आता है ?

जहाज से बरामद सोडियम परक्लोरेट (NaClO₄) सफेद, पानी में घुलने वाला एक केमिकल साल्ट है। यह एक शक्तिशाली ऑक्सीडाइज़र है, यानी यह दूसरी सामग्री के जलने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है। यह खुद ईंधन की तरह नहीं जलता। बड़ी मात्रा में यह रसायन आग की चपेट में आए या लंबे समय तक तेज गर्मी के संपर्क में रहे, तो विस्फोट का खतरा हो सकता है।

  • सोडियम परक्लोरेट का इस्तेमाल अमोनियम परक्लोरेट और पोटैशियम परक्लोरेट जैसे दूसरे साल्ट बनाने में कच्चे माल के तौर पर होता है। प्रयोगशालाओं में इसका इस्तेमाल नमूनों के रासायनिक विश्लेषण में भी होता है।
  • कुछ व्यावसायिक विस्फोटकों में यह ऑक्सीडाइज़र के तौर पर काम आता है। ब्रिटेन की ड्रिंकिंग वॉटर इंस्पेक्टरेट की रिपोर्ट में विद्युत-आधारित धातु प्रसंस्करण (electrometallurgy) में भी इसका इस्तेमाल दर्ज है।
  • आतिशबाजी और रॉकेट प्रोपेलेंट- सोडियम परक्लोरेट से बनने वाला पोटैशियम परक्लोरेट पटाखों और आतिशबाजी में इस्तेमाल होता है। अमोनियम परक्लोरेट ठोस रॉकेट और मिसाइल प्रोपेलेंट में ऑक्सीडाइज़र के तौर पर काम आता है

Leave a Comment

Related News