पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की रेजिमेंट में रहे पूर्व कैप्टन पर भारी-भरकम इनाम, क्यों तलाश रही बलोचिस्तान सरकार ?

By Defence Detective

Updated On:

Date:

Portrait of Rehman Gul, also known as Mureed Baloch

पाकिस्तान में उसकी अपनी ही सेना के एक पूर्व कैप्टन पर भारी-भरकम इनाम रखा गया है। बलोचिस्तान प्रांत की सरकार ने पूर्व सैन्य अधिकारी रहमान गुल उर्फ ‘मुरीद बलोच’ पर फिर 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम का एलान किया है। जो बलूचिस्तान की आजादी के लिए सशस्त्र संघर्ष कर रहे अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के नए सर्वोच्च कमांडर-इन-चीफ बनाए गए हैं। यह इनाम रहमान की गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए है।

गुल के नाम पर यही रकम फरवरी 2026 की मोस्ट वांटेड सूची में भी दर्ज थी। उस वक्त BLA की कमान बशीर जेब के हाथ में थी। अब गुल के BLA का नया कमांडर-इन-चीफ बनने के बाद बलूचिस्तान सरकार ने फिर से इस इनाम की घोषणा की। बीबीसी पश्तो ने 24 नवंबर को प्रांतीय सरकार के बयान के हवाले से इसकी जानकारी दी।

बशीर जेब के बारे में भी इसी इनाम का फिर ऐलान हुआ है। उस पर पहले भी 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपये का इनाम था। पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन रहमान गुल का बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) की कमान संभालना पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठान के लिए नई चुनौती बन सकता है।

कौन है रहमान गुल?

रहमान गुल बलूचिस्तान के सीमावर्ती जिले नुश्की (इसकी उत्तरी सीमा अफगानिस्तान से लगती है) के मेंगल बलूच कबीले के एक जाने-माने परिवार से है। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) के मुताबिक, उसका जन्म 14 अगस्त 1984 को हुआ। उसने नुश्की के गवर्नमेंट बॉयज मॉडल हाई स्कूल में पढ़ाई की। इंटरमीडिएट के लिए वह क्वेटा गया और बाद में पेशावर यूनिवर्सिटी से बीए किया। BLA के बयानों में उसका नाम मुरीद बलूच या उस्ताद मुरीद आता है।

  • उसके पिता मीर मोहम्मद अफजल मेंगल ने 2024 में PB-34 नुश्की विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था।
  • उसके ननिहाल का संबंध पूर्व प्रांतीय शिक्षा मंत्री और कवि गुल खान नसीर तथा 1970 के दशक के विद्रोही कमांडर लवांग खान मेंगल के परिवार से है।
  • PICSS के मुताबिक, गुल ब्राहुई भाषा में ‘मुरीद बलूच’ नाम से कविता लिखता रहा है।

सेना से कब जुड़ा रहमान गुल, कितने साल की सर्विस ?

PICSS के मुताबिक, रहमान गुल ने 2002 में पाकिस्तानी सेना जॉइन की। काकुल स्थित पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी (PMA) में उन्होंने 109वां लॉन्ग कोर्स किया। प्रशिक्षण पूरा होने पर 2004 में उसे 19 फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में कमीशन मिला। करीब आठ साल के करियर का हिसाब 2002 से शुरू होता है और इसमें अकादमी का प्रशिक्षण भी शामिल है। कमीशन मिलने के बाद उन्होंने करीब छह साल नौकरी की।

  • गुल, उत्तर और दक्षिण वजीरिस्तान, दोनों इलाकों में तैनात रहे। उन्होंने वहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खिलाफ सैन्य अभियानों में हिस्सा लिया।
  • रहमान गुल और आसिम मुनीर (अब पाकिस्तान के सेना प्रमुख), दोनों पाकिस्तानी सेना की फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट से जुड़े रहे। यह रेजिमेंट कई बटालियनों से बनी है। गुल ने इसकी 19वीं बटालियन (19 FF) में सेवा की, जबकि मुनीर को 23वीं बटालियन (23 FF) में कमीशन मिला था।
  • 2010 में सेना छोड़ने से पहले उनकी आखिरी तैनाती पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के कोटली इलाके में LoC पर थी।

रहमान गुल ने पाकिस्तानी सेना क्यों छोड़ी?

रहमान गुल ने 2010 में कैप्टन के पद पर रहते हुए पाकिस्तानी सेना छोड़ी और उसी साल बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) में शामिल हो गए। सेना छोड़ने की वजह पर जेम्सटाउन फाउंडेशन की प्रोफाइल एक संभावित कारण बताती है। उसके मुताबिक, सैन्य सेवा के दौरान बलूच आबादी के साथ सुरक्षा बलों के कथित दमनकारी बर्ताव को देखकर गुल का सेना से मोहभंग हुआ हो सकता है। गुल ने खुद अपने फैसले की क्या वजह बताई, इसका जिक्र इस रिपोर्ट में नहीं है।

  • बीबीसी उर्दू के मुताबिक, BLA में शामिल होने के बाद गुल ने कच्छी जिले के पहाड़ी बोलान इलाके में असलम बलोच उर्फ ‘उस्ताद असलम अचू’ के नेतृत्व में काम किया।
  • इंडिया टुडे के मुताबिक, गुल ने बाद में खारान और कलात में BLA की कमान संभाली। इसके बाद वे संगठन की मजीद ब्रिगेड के प्रमुख बने।
  • जेम्सटाउन फाउंडेशन की प्रोफाइल के मुताबिक, ‘मुरीद’ नाम से पहचाने जाने वाले गुल ने कविता की दो किताबें और अपने साथी लड़ाकों पर लेख भी लिखे।

अपनी सैन्य सूझबूझ और अनुशासन के दम पर रहमान गुल तेजी से आगे बढ़े। वर्ष 2018 में उन्हें BLA की सबसे घातक और आत्मघाती इकाई ‘मजीद ब्रिगेड’ (Majeed Brigade) का प्रमुख बनाया गया।

  • इस यूनिट ने बलूचिस्तान से कराची तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) से जुड़े चीनी कर्मियों को निशाना बनाया है।
  • 14 नवंबर 2026 को BLA ने गुल को अपना नया कमांडर-इन-चीफ घोषित किया।

किन मामलों में वांटेड है रहमान गुल?

बीबीसी उर्दू ने बलूचिस्तान के काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) के हवाले से गुल के खिलाफ 100 से ज्यादा मामले बताए हैं। सिंध में भी उसका नाम कई मामलों में दर्ज है। अप्रैल 2022 में कराची यूनिवर्सिटी में हुए आत्मघाती हमले में तीन चीनी शिक्षक और उनके पाकिस्तानी ड्राइवर मारे गए थे। उस मामले में आतंकवाद निरोधी अदालत ने गुल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।

अक्टूबर 2024 में कराची एयरपोर्ट के पास चीनी काफिले पर हुए हमले में दो चीनी इंजीनियरों समेत तीन लोगों की मौत हुई। इसमें भी गुल का नाम।

  • पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों ने गुल को मार्च 2025 के जाफर एक्सप्रेस हमले से भी जोड़ा। जियो न्यूज़ ने उन्हीं सूत्रों के हवाले से 20 सितंबर 2025 को अफगानिस्तान के हेलमंद में उसकी मौत का दावा प्रकाशित किया था।
  • 20 नवंबर 2026 की ब्रीफिंग में एक पत्रकार ने गुल की कथित भूमिका का मुद्दा उठाया। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने BLA पर सरकार का रुख दोहराया, लेकिन ट्रेन हमले में गुल की भूमिका पर कोई नया सबूत पेश नहीं किया।

रहमान गुल का BLA प्रमुख बनना पाकिस्तान के लिए क्यों बड़ा खतरा ?

पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन रहमान गुल ने BLA की मजीद ब्रिगेड का नेतृत्व करने के बाद अब पूरे संगठन की कमान संभाली है। रहमान का सैन्य अनुभव BLA के नए प्रमुख के तौर पर उनकी नियुक्ति को पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठान के लिए अहम बनाता है।

एक पूर्व कैप्टन होने के नाते रहमान गुल पाकिस्तानी सेना की कमान संरचना, संचार प्रणाली, लॉजिस्टिक्स, युद्ध रणनीति और काउंटर-इंसर्जेंसी (आतंकवाद विरोधी) अभियानों की बारीकियों से भली-भांति परिचित हैं। वे जानते हैं कि पाकिस्तानी फौज किसी इलाके में घेराबंदी या ऑपरेशन कैसे प्लान करती है, जिससे BLA को घात लगाकर हमला (Ambush) करने में बड़ी बढ़त मिल सकती है।

  • सुरक्षा हलकों में यह आशंका भी उठती है कि आठ साल तक सेना में रहने के कारण पाकिस्तानी सुरक्षा तंत्र के भीतर आज भी उनके कुछ संपर्क सूत्र हो सकते हैं।
  • अब तक BLA के ज्यादातर नेता छात्र राजनीति या कबायली पृष्ठभूमि से आते थे, लेकिन रहमान गुल काकुल अकादमी से प्रशिक्षित एक पेशेवर सैनिक हैं। रहमान गुल जिस मजीद ब्रिगेड की कमान संभाल चुके हैं, उसने पाकिस्तान में चीनी हितों को निशाना बनाया है।

Leave a Comment

Related News