भारत से दुश्मनी, लेकिन सामान मंगाने को मजबूर पाकिस्तान, व्यापार पर रोक के बावजूद क्या और कैसे हो रही खरीदारी ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

File photo of a truck crossing the Wagah border with a Pakistani soldier standing guard, used to illustrate India-Pakistan trade.

भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक, सैन्य और व्यापारिक संबंध बेहद निचले स्तर पर हैं। दोनों देशों के बीच सामान्य सीधा व्यापार बंद है और अटारी-वाघा बॉर्डर से नियमित व्यापारिक आवाजाही भी ठप है। लेकिन हाल ही में जारी आधिकारिक आर्थिक आँकड़ों ने एक चौंकाने वाला विरोधाभास पेश किया है।

भारी तनाव और व्यापार पर पाबंदियों के बावजूद पाकिस्तान में भारतीय सामानों का इंपोर्ट जारी है और अब पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक यानी स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (SBP) के आँकड़ों में भारतीय सामानों के के लिए भुगतान में करीब 69 प्रतिशत की बढ़ोतरी सामने आई है। यानी पाकिस्तान की भारतीय सामानों पर निर्भरता बनी हुई है।

SBP के अनुसार, वित्त वर्ष 2026–27 की पहली तिमाही, जुलाई–सितंबर 2026 में भारतीय सामानों के इंपोर्ट के लिए भुगतान 61.74 मिलियन डॉलर यानी 6.174 करोड़ डॉलर रहा।

पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 36.55 मिलियन डॉलर यानी 3.655 करोड़ डॉलर था। भारतीय मुद्रा में ये रकम लगभग 587 करोड़ और 348 करोड़ रुपये बैठती है।

ध्यान देने वाली बात यह भी है कि जुलाई–सितंबर 2026 की इसी तिमाही में पाकिस्तान से भारत को एक्सपोर्ट जीरो रहा। यानी भारत की पाकिस्तान से कोई खरीद दर्ज नहीं हुई, जबकि पाकिस्तान भारतीय सामान मंगाता रहा।

भारत से क्या खरीद रहा है पाकिस्तान ?

पाकिस्तान की भारत से खरीदारी मुख्य रूप से दवाओं, वैक्सीन और दवा उद्योग में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स पर केंद्रित है। वित्त वर्ष 2025–26 में भारतीय आयात का अधिकांश हिस्सा इन्हीं उत्पादों का रहा।

  1. फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट और ऑर्गेनिक केमिकल्स: वित्त वर्ष 2025–26 में पाकिस्तान के भारत से कुल इंपोर्ट में इन दोनों श्रेणियों की संयुक्त हिस्सेदारी 96.2 प्रतिशत थी, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 93 प्रतिशत थी।
  2. इनमें तैयार दवाओं के साथ दवा बनाने में इस्तेमाल होने वाले सक्रिय घटक यानी Active Pharmaceutical Ingredients (API) भी शामिल हैं। API दवा का वह घटक होता है, जो बीमारी के उपचार में मुख्य असर पैदा करता है।
  3. वैक्सीन, रक्त उत्पाद और संबंधित वस्तुएँ: इस श्रेणी का सालाना इंपोर्ट 70.3 मिलियन डॉलर से बढ़कर 93.6 मिलियन डॉलर हो गया—यानी लगभग 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी।
  4. इसी श्रेणी में इंसानों के इस्तेमाल वाली वैक्सीन का इंपोर्ट 11.1 मिलियन डॉलर से बढ़कर 32.3 मिलियन डॉलर पहुँचा, जो लगभग तीन गुना है।

पाकिस्तान भारत से कैंसर के उपचार से जुड़े उत्पाद, एंटी-रेबीज वैक्सीन और साँप के जहर के उपचार में इस्तेमाल होने वाला एंटीवेनम भी मंगाता रहा है।

भारतीय सामानों की खरीद के लिए पाकिस्तान मजबूर क्यों ?

भारत से खरीदारी जारी रहने के पीछे पाकिस्तान के दवा उद्योग की आर्थिक और उत्पादन संबंधी जरूरतें हैं। पाकिस्तान के वित्त मंत्रालय के पूर्व सलाहकार खाकान नजीब के मुताबिक, भारतीय उत्पाद सस्ते,  अधिक आसानी से उपलब्धता और भौगोलिक नजदीकी इस खरीदारी की प्रमुख वजहें हैं।

भारत ने विशेष रूप से दवाओं के सक्रिय घटकों यानी API के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धी उद्योग विकसित किया है। इसलिए पाकिस्तान की कंपनियों के लिए भारतीय सप्लायरों को तुरंत बदलना आसान नहीं है।

  • प्रतिस्पर्धी कीमत: पाकिस्तान की दवा कंपनियाँ लंबे समय से भारत से सामग्री खरीदती रही हैं, क्योंकि उसकी कीमत और उपलब्धता उनके लिए अनुकूल रही है।
  • भौगोलिक नजदीकी: भारत की निकटता सप्लाई को व्यावहारिक बनाती है। दूसरे स्रोत चुनते समय परिवहन खर्च और डिलीवरी में लगने वाला समय भी देखना पड़ता है।
  • सप्लायर बदलने की अतिरिक्त जरूरतें: नए स्रोत से खरीदारी में माल की कीमत के साथ बीमा, गुणवत्ता प्रमाणन, नियामकीय मंजूरी और भरोसेमंद आपूर्ति भी महत्वपूर्ण होती है।

पाकिस्तान की ट्रेड डेवलपमेंट अथॉरिटी के पूर्व प्रमुख मुहम्मद जुबैर मोतीवाला का दावा है कि भारत के बजाय दूसरे देशों से कुछ कच्चा माल मंगाने पर कारोबारों की लागत 40–50 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।

प्रतिबंध के बावजूद पाकिस्तान कैसे पहुंच रहा है भारतीय सामान?

भारतीय सामान पाकिस्तान पहुँचने के पीछे  मेडिकल प्रोडक्ट के लिए मिली छूट और कुछ सामानों की तीसरे देशों से सप्लाई दो प्रमुख पहलू हैं। पाकिस्तान ने सामान्य व्यापार पर प्रतिबंधों के बावजूद अपने दवा नियामक DRAP (Drug Regulatory Authority of Pakistan) के अंतर्गत आने वाले चिकित्सीय उत्पादों के इंपोरट की परमिशन बनाए रखी है।

वहीं, पाकिस्तान की ट्रेड डेवलपमेंट अथॉरिटी के पूर्व प्रमुख मुहम्मद जुबैर मोतीवाला के मुताबिक, कुछ भारतीय सामान दुबई (यूएई) और मलेशिया जैसे रास्तों से पहुँचता है। यानी थर्ड कंट्री रूट का इस्तेमाल भी हो रहा है।

कैसे काम करता है यह रास्ता: ऐसी व्यवस्था में भारत में बना सामान पहले किसी तीसरे देश के कारोबारी या डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर तक पहुँचता है और वहाँ से पाकिस्तानी खरीदार को भेजा जाता है।

क्या रिश्तों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं?

जुबैर मोतीवाला के मुताबिक दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते बेहतर होते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि बर्फ पिघल रही है। ऐसा ही लग रहा है। हाल ही में मछुआरों को रिहा किया गया और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया।”

  • 29 अगस्त को, भारत ने वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते 25 पाकिस्तानी नागरिकों (जिनमें मछुआरे भी शामिल थे) को उनके देश वापस भेजा।
  • 5 नवंबर 2026 को ढाका में SAFF चैंपियनशिप के दौरान भारत और पाकिस्तान के फुटबॉल खिलाड़ियों ने मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाया। इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3–2 से हराया।
  • यह हाल के समय के उस चलन से अलग था, जिसमें दोनों देशों की टीमें अन्य खेलों में इस तरह के व्यवहार से बचती रही हैं।

भारत–पाकिस्तान व्यापार पर कब और कैसे लगी रोक?

भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार पर प्रतिबंधों का मौजूदा दौर अगस्त 2019 से शुरू हुआ था। हालांकि, पाकिस्तान ने बाद में दवाओं और संबंधित चिकित्सीय उत्पादों के लिए छूट दी। अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद बढ़े तनाव के बीच व्यापार और ट्रांजिट पर नई पाबंदियाँ लगाई गईं।

  • अगस्त 2019 में व्यापार क्यों निलंबित: जम्मू-कश्मीर के विशेष संवैधानिक दर्जे को समाप्त करने के भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान ने द्विपक्षीय व्यापार निलंबित कर भारतीय वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध लगाया।
  • फिर सितंबर 2019 में चिकित्सीय उत्पादों को छूट: पाकिस्तान ने अपने Drug Regulatory Authority of Pakistan (DRAP) के अंतर्गत आने वाले चिकित्सीय उत्पादों के भारत से इंपोर्ट की परमिशन दी।
  • अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद फिर से तनाव बढ़ा। हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और सिंधु जल संधि को स्थगन में रखने का फैसला किया।
  • 24 अप्रैल को पाकिस्तान की नई घोषणा: पाकिस्तान ने भारत के साथ व्यापार निलंबित करने की घोषणा की, जिसमें पाकिस्तान के रास्ते तीसरे देशों से भारत आने-जाने वाला व्यापार भी शामिल था।
  • इसके बाद मई की शुरुआत में भारत ने इंपोर्ट रोक दिया।
  • फिर पाकिस्तान में 5 मई 2025 के आधिकारिक स्पष्टीकरण के मुताबिक, DRAP के अंतर्गत आने वाले API, वैक्सीन और अन्य संबंधित चिकित्सीय उत्पादों का भारत से इंपोर्ट प्रतिबंधों से बाहर रहा।
  • इसके बाद हुआ ऑपरेशन सिंदूर, लेकिन व्यापार संबंधी नई पाबंदियों की शुरुआत इस टकराव से पहले ही हो चुकी थी।

कर्ज, महंगाई और बेरोजगारी के बीच कैसी है पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था?

पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर भारी सरकारी कर्ज, रोजगार की कमी और बढ़ती कीमतों का दबाव बना हुआ है।

आर्थिक पहलूआँकड़ाअवधि
कुल सरकारी कर्ज86.72 लाख करोड़ पाकिस्तानी रुपये, GDP का 68.3%जून 2026 के अंत तक
सरकार का विदेशी कर्ज98.075 अरब डॉलर30 जून 2026 तक
विदेशी सरकारी कर्ज का भुगतान14.436 अरब डॉलर, जिसमें 3.238 अरब डॉलर ब्याजवित्त वर्ष 2025–26
बेरोजगारी दर7.1%श्रमबल सर्वेक्षण 2024–25
गरीबीलगभग 29% आबादी, करीब 7 करोड़ लोगविश्व बैंक का 2024–25 का अनुमान
खुदरा महंगाई दर9.6% सालानाअक्टूबर 2026
शुद्ध प्रत्यक्ष विदेशी निवेश1.64 अरब डॉलर, करीब 34% गिरावटवित्त वर्ष 2025–26
नई तिमाही में विदेशी निवेश72 करोड़ डॉलर, करीब 20% बढ़ोतरीजुलाई–सितंबर 2026
GDP वृद्धि दर3.7%वित्त वर्ष 2025–26
GDP वृद्धि का अनुमान3.5%वित्त वर्ष 2026–27
कुल विदेशी मुद्रा भंडार26.86 अरब डॉलर30 अक्टूबर 2026
केंद्रीय बैंक का विदेशी मुद्रा भंडार21.56 अरब डॉलर30 अक्टूबर 2026
वस्तुओं का निर्यात11.34 अरब डॉलरजुलाई–अक्टूबर 2026
वस्तुओं का आयात25.96 अरब डॉलरजुलाई–अक्टूबर 2026
वस्तुओं का व्यापार घाटा14.63 अरब डॉलर, करीब 16% बढ़ोतरीजुलाई–अक्टूबर 2026

2 thoughts on “भारत से दुश्मनी, लेकिन सामान मंगाने को मजबूर पाकिस्तान, व्यापार पर रोक के बावजूद क्या और कैसे हो रही खरीदारी ?”

Leave a Comment

Related News