भारत की एयर डिफेंस क्षमता को एक बड़ा रणनीतिक बूस्ट मिलने जा रहा है। रूस ने भारत के टेंडर के जवाब में पांच और S-400 Triumf-एयर डिफेंस स्क्वाड्रनों की आपूर्ति का प्रस्ताव सौंप दिया है। इस सौदे की अनुमानित कीमत 50,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। संभावना यह भी है कि रूस भारत को एस-400 की टेक्नोलॉजी ट्रांसफर भी कर सकता है
अधिकारियों के मुताबिक भारतीय रक्षा मंत्रालय को रूसी प्रस्ताव मिल चुका है और फिलहाल इसकी प्रक्रिया चल रही है।
खास बात यह है कि भारत ने पांच अतिरिक्त S-400 सुदर्शन लान्ग रेंज एयर डिफेंस सिस्टम की खरीद को मार्च 2026 में मंजूरी दी थी, यानी यह फैसला अचानक नहीं बल्कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सामने आए ऑपरेशनल अनुभव के बाद एयर डिफेंस को और मजबूत करने की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है।
इन अतिरिक्त सिस्टम से देश की लेयर्ड एयर डिफेंस क्षमताओं को और मज़बूती मिलने की उम्मीद है, खासकर इसके पूर्वी और पश्चिमी मोर्चों पर।
इसके साथ-साथ, भारत S-400 सिस्टम के लिए मिसाइलों का अपना भंडार भी बढ़ा रहा है। खबरों के मुताबिक, देश इस सिस्टम की ऑपरेशनल तैयारी को मज़बूत करने के लिए 280 से ज़्यादा अतिरिक्त S-400 मिसाइलें खरीदने की प्रक्रिया में है।
भारत में S-400 को ‘सुदर्शन’ या ‘सुदर्शन चक्र’ के तौर पर जाना जाता है।
भारत के पास अभी कितने S-400 ?
भारत ने रूस के साथ अक्टूबर 2018 में पांच S-400 स्क्वाड्रनों का लगभग 35,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था। पहले अनुबंध के तहत अब तक चार स्क्वाड्रन भारत को मिल चुके हैं, जबकि पांचवें और अंतिम स्क्वाड्रन की डिलीवरी नवंबर 2026 तक होने की उम्मीद बताई जा रही है।
- इसका मतलब है कि मौजूदा अनुबंध पूरा होने पर भारत के पास कुल पांच S-400 स्क्वाड्रन होंगे।
- इसके बाद प्रस्तावित पांच नए स्क्वाड्रन भी मिल जाते हैं तो भारतीय वायुसेना की S-400 शक्ति दस स्क्वाड्रन तक पहुंच सकती है।
- नए अनुबंध के बाद deliveries शुरू होने में लगभग तीन वर्ष लग सकते हैं।
यह नया सौदा महत्वपूर्ण क्यों?
नए सौदे का सबसे बड़ा महत्व केवल पांच और यूनिट जोड़ना नहीं है। इसका वास्तविक असर भारत के एयर-डिफेंस कवरेज की गहराई और redundancy पर पड़ेगा।
भारत को एक साथ दो अलग-अलग दिशाओं से हवाई खतरे का सामना करना पड़ सकता है। पश्चिम में पाकिस्तान के पास लड़ाकू विमान, क्रूज मिसाइल, ड्रोन और चीनी मूल की लंबी दूरी की एयर डिफेंस प्रणालियां हैं। दूसरी ओर उत्तर और पूर्व में चीन के पास बड़ी संख्या में लड़ाकू विमान, लंबी दूरी के मिसाइल सिस्टम, बॉम्बर, ड्रोन और विशाल integrated air-defence network है।
ऐसे में सीमित संख्या में लंबी दूरी के एयर डिफेंस सिस्टम को लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात रखना चुनौतीपूर्ण होता है। पांच अतिरिक्त S-400 भारत को एक साथ कई संवेदनशील सेक्टरों में कवरेज बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर रिजर्व क्षमता रखने में मदद कर सकते हैं।
यही इस सौदे का नया रणनीतिक एंगल है—भारत केवल अपनी एयर डिफेंस की ताकत नहीं बढ़ा रहा, बल्कि एक S-400 यूनिट पर अत्यधिक निर्भरता कम करके पूरे नेटवर्क को ज्यादा resilient बना रहा है।
S-400 की असली ताकत क्या है?
S-400 को केवल एक मिसाइल या एक लॉन्चर समझना गलत होगा। यह एक पूरा लॉन्ग-रेंज एयर डिफेंस सिस्टम है, जिसमें सर्विलांस और फायर-कंट्रोल रडार, कमांड नेटवर्क, लॉन्चर और अलग-अलग क्षमताओं वाली इंटरसेप्टर मिसाइलें शामिल होती हैं। भारत सरकार भी S-400 को ऐसी प्रणाली के रूप में वर्णित कर चुकी है जो बड़े इलाके में लगातार और प्रभावी एयर डिफेंस उपलब्ध करा सकती है तथा महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा बढ़ाती है।
S-400 की सबसे बड़ी विशेषता इसकी बहु-स्तरीय मिसाइल क्षमता है। सिस्टम में 48N6E3/48N6E2, 40N6E और 9M96E2 जैसे अलग-अलग इंटरसेप्टर इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
अलग मिसाइलों की वजह से सिस्टम अलग दूरी और ऊंचाई पर आने वाले लक्ष्यों से निपट सकता है। सबसे लंबी दूरी वाली 40N6E मिसाइल के साथ S-400 की अधिकतम engagement range लगभग 400 किलोमीटर तक बताई जाती है। हालांकि वास्तविक engagement range लक्ष्य की ऊंचाई, रडार क्रॉस सेक्शन, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और परिस्थितियों पर निर्भर करती है।
इसका मतलब यह नहीं है कि 400 किलोमीटर के दायरे में हर विमान को स्वतः मार गिराया जा सकता है। असली फायदा यह है कि S-400 का बड़ा detection और engagement envelope दुश्मन के विमान को भारतीय महत्वपूर्ण ठिकानों के काफी करीब आने से पहले ही खतरे के दायरे में ला सकता है।
यही वजह है कि यह एयरबेस, कमांड सेंटर, महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों और अन्य high-value targets की सुरक्षा में उपयोगी है।
ऑपरेशन सिंदूर में S-400 ने क्या किया?
S-400 की भारतीय उपयोगिता का सबसे बड़ा वास्तविक उदाहरण ऑपरेशन सिंदूर बना।
मई 2025 में पाकिस्तान ने भारत के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कई सैन्य ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। रक्षा मंत्रालय के अनुसार इनमें श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, भुज समेत कई स्थान शामिल थे। भारतीय Integrated Counter-UAS Grid और Air Defence नेटवर्क ने इन खतरों को ट्रैक और neutralise किया।
इस layered network में S-400, Akash, Barak-8/MRSAM, रडार, इलेक्ट्रॉनिक warfare और counter-drone systems अलग-अलग स्तरों पर काम कर रहे थे। लेकिन S-400 ने सबसे लंबी दूरी वाले एयर-डिफेंस लेयर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पाकिस्तान पर क्या पड़ेगा असर?
पाकिस्तान के पास रूस का S-400 नहीं है। उसकी लंबी दूरी की एयर डिफेंस मुख्य रूप से चीनी प्रणालियों पर आधारित है। पाकिस्तान Army के पास HQ-9/P HIMADS है, जिसकी घोषित aircraft engagement range 100 किलोमीटर से अधिक है।
पाकिस्तान Air Force के पास HQ-9BE का भी उपयोग बताया जाता है, जिसकी दावा की गई aircraft engagement range करीब 260-280 किलोमीटर तक है।
इसलिए पांच अतिरिक्त S-400 भारत को पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ defensive advantage नहीं देंगे, बल्कि airspace denial और deterrence की क्षमता भी बढ़ाएंगे। पाकिस्तानी fighter aircraft, ISR platforms और अन्य high-value airborne assets के लिए भारतीय एयर डिफेंस के engagement envelope को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा।
सबसे बड़ा बदलाव यह होगा कि भारत पश्चिमी मोर्चे पर केवल मौजूदा S-400 की सीमित संख्या पर निर्भर नहीं रहेगा। अतिरिक्त यूनिटों के साथ अधिक व्यापक और overlapping coverage तैयार की जा सकती है।
चीन के खिलाफ भारत को कितनी बढ़त मिलेगी?
यहां तस्वीर थोड़ी अलग है। चीन स्वयं S-400 का उपयोग करता है और रूस से इसकी खरीद करने वाला पहला विदेशी ग्राहक था। चीन को पहला S-400 regimental set 2018 में मिला था।
इसलिए केवल S-400 की संख्या के आधार पर चीन पर निर्णायक बढ़त का दावा करना सही नहीं होगा। चीन के पास S-400 के अलावा अपने घरेलू HQ-9 परिवार और अन्य लंबी दूरी की एयर डिफेंस प्रणालियों का बड़ा नेटवर्क है।
लेकिन भारत के लिए पांच अतिरिक्त S-400 का महत्व इस बात में है कि इससे हिमालयी क्षेत्र और उत्तरी एयर स्पेस में long-range air defence की density बढ़ाई जा सकती है। चीन के साथ किसी संकट की स्थिति में यही अतिरिक्त coverage भारतीय एयरबेस, कमांड नेटवर्क और अन्य महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों को लंबी दूरी के हवाई हमलों से बचाने में उपयोगी होगी।
दूसरे शब्दों में, यह चीन के खिलाफ अकेला “गेम चेंजर” नहीं है, बल्कि भारत की layered air defence architecture में एक बहुत महत्वपूर्ण लंबी दूरी का स्तंभ है।
नए सौदे से क्या बदलेगा?
ऑपरेशन सिंदूर ने S-400 की वास्तविक युद्धक उपयोगिता को सामने ला दिया है। अब पांच अतिरिक्त S-400 खरीदने की कोशिश भारत की उस सीख का अगला चरण है। पाकिस्तान के खिलाफ इससे भारत का long-range air-denial advantage और मजबूत होगा, जबकि चीन के खिलाफ यह भारतीय उत्तरी एयर डिफेंस की गहराई बढ़ाएगा। दस S-400 स्क्वाड्रनों की संभावित भविष्य की ताकत भारत को एक साथ पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों पर लंबी दूरी की एयर डिफेंस तैनाती, rotation और reserve capacity का कहीं बड़ा विकल्प देगी।
स्वदेशी एयर डिफेंस पर भी हो रहा काम
भारत ‘प्रोजेक्ट कुशा’ के तहत अपना खुद का लंबी दूरी का एयर डिफेंस सिस्टम विकसित कर रहा है। इसका मकसद लंबे समय में विदेशी सिस्टम पर निर्भरता कम करना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस स्वदेशी प्रोग्राम ने हाल ही में एक अहम शुरुआती कामयाबी हासिल की है। इसने लगभग 140 किलोमीटर की दूरी पर एक नकली टारगेट (सिमुलेटेड टारगेट) को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।
S-400 फ्लीट के विस्तार के साथ-साथ प्रोजेक्ट कुशा के विकास से भारत के मल्टी-लेयर्ड एयर डिफेंस सिस्टम के और मजबूत होने की उम्मीद है।








