रक्षा सहयोग (Defence Collaboration) के मोर्चे पर भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। दोनों देशों ने वेस्ट एशिया की बदलती जियोपॉलिटिकल परिस्थितियों और ग्लोबल डिफेंस समीकरणों के बीच अपने रणनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने का फैसला किया है। 26 नवंबर 2026 को अबू धाबी में हुई 14वीं भारत-यूएई संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (India-UAE Joint Defence Cooperation Committee यानी JDCC) की बैठक में दोनों देशों ने अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों (Next-Generation Defence Equipment) के सह-विकास (Co-development) और सह-उत्पादन (Co-production) में तेजी लाने पर सहमति जताई।
भारतीय रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में Next-Generation Defence Equipment शब्दावली का इस्तेमाल किया है। इसके दायरे में हथियारों के साथ-साथ अन्य सैन्य उपकरण भी आते हैं। यह पहल दोनों देशों के रक्षा संबंधों को पारंपरिक क्रेता-विक्रेता (Buyer-Seller) के दायरे से आगे ले जाने और तकनीकी व औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
सरकारी स्तर की बातचीत के अलावा, दोनों देशों की रक्षा कंपनियों के रिप्रजेंटेटिव ने अलग से मुलाकात की और संभावित औद्योगिक साझेदारियों (industrial partnership) पर चर्चा की। पहली संयुक्त परियोजना के तहत किस रक्षा उपकरण पर काम होगा, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अबू धाबी की बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?
बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और UAE के रक्षा मंत्रालय के अंडर सेक्रेटरी लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी ने की। भारतीय डेलिगेशन में रक्षा विभाग, भारतीय सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के रिप्रजेंटेटिव शामिल थे।
- दौरे के दौरान राजेश कुमार सिंह ने UAE के रक्षा मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन मुबारक फाधेल अल मजरूई से भी मुलाकात की।
- दोनों ने खाड़ी और पश्चिम एशिया में बदलते भू-राजनीतिक हालात पर विचार साझा किए और रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
- इस साझेदारी के फ्रेमवर्क पर मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई यात्रा के दौरान हस्ताक्षर किए गए थे।
दोनों देशों ने रक्षा सहयोग पर क्या तय किया ?
JDCC) इस की बैठक में भारत और यूएई ने रक्षा सहयोग को पांच क्षेत्रों में आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
- रक्षा उद्योग (defence industry) और सह-उत्पादन (Co-development) — अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों को मिलकर डिजाइन करना और उनका निर्माण करना।
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा — रक्षा क्षेत्र में AI के इस्तेमाल और साइबर सुरक्षा से जुड़े अनुसंधान में सहयोग बढ़ाना।
- रक्षा नवाचार और उन्नत प्रौद्योगिकी (defence innovation & advanced technology)— दोनों देशों के डिफेंस स्टार्टअप्स और रिसर्च संस्थानों के बीच तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा देना।
- समुद्री सुरक्षा (Maritime Safety) — हिंद महासागर और खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा में सहयोग बढ़ाना।
- सैन्य प्रशिक्षण (military training)— दोनों देशों के सशस्त्र बलों की साथ मिलकर काम करने की क्षमता (Interoperability) बढ़ाने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यासों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार करना।
दोनों देशों ने तय किया कि अगली बैठक से पहले रक्षा सहयोग की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसका मकसद साझा पहलों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना है।
संभावित संयुक्त परियोजनाओं में किन हथियारों पर है नजर?
भारत और यूएई के बीच संभावित ज्वाइंट प्रोजेक्ट में सटीक निशाना साधने वाले हथियार (Precision-Guided Munitions) और एडवांस्ड मिसाइल सिस्टम्स शामिल हैं। यूएई पहले भी भारत की स्वदेशी ‘आकाश’ सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली और ‘पिनाका’ मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर में दिलचस्पी दिखा चुका है। पहली संयुक्त परियोजना के लिए किस सिस्टम को चुना जाएगा, इसका ऐलान अभी बाकी है।
- समुद्री क्षेत्र में भी दोनों देश नौसैनिक जहाजों के संयुक्त विकास और निर्माण के साथ उनकी मरम्मत, रिफिट और रखरखाव में सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
- रक्षा उद्योग में दोनों देशों की कंपनियां पहले से साथ काम कर रही हैं। भारत की ICOMM और यूएई की CARACAL के बीच छोटे हथियारों (Small Arms) के निर्माण के लिए साझेदारी है।
ICOMM का पूरा कॉर्पोरेट नाम ICOMM Tele Limited है। यह हैदराबाद की एक भारतीय इंजीनियरिंग और विनिर्माण कंपनी है, जो मेघा इंजीनियरिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (MEIL) समूह का हिस्सा है।
- ICOMM और यूएई की CARACAL ने मिलकर 21 अप्रैल 2025 को हैदराबाद में छोटे हथियारों के निर्माण की इकाई का उद्घाटन किया था।
- यह साझेदारी CARACAL की तकनीक के हस्तांतरण के तहत भारत में उत्पादन के लिए है।
अब दोनों देशों की कोशिश बड़े और ज्यादा जटिल रक्षा प्लेटफॉर्म के संयुक्त विकास और उत्पादन तक औद्योगिक सहयोग का दायरा बढ़ाने की है।
भारत और यूएई के लिए इस रक्षा साझेदारी के क्या मायने हैं?
भारत के लिए यह खाड़ी के रक्षा बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने का मौका है। भारतीय कंपनियां यूएई की सैन्य जरूरतों के मुताबिक उपकरण विकसित कर सकती हैं और वहां की कंपनियों के साथ उत्पादन में हिस्सेदारी कर सकती हैं। अगर यूएई किसी ऐसे उपकरण को अपने सैन्य बेड़े में शामिल करता है, तो भारतीय कंपनियों के पास उसे खाड़ी के दूसरे देशों में पेश करने के लिए एक उदाहरण होगा।
यूएई के लिए यह रक्षा आत्मनिर्भरता बढ़ाने का अवसर है। परियोजना की शर्तों के आधार पर अमीराती कंपनियों को डिजाइन, स्थानीय उत्पादन, रखरखाव और अपग्रेड का काम मिल सकता है। इससे यूएई अपने रक्षा आपूर्तिकर्ताओं के विकल्प बढ़ा सकता है और कुछ उपकरणों व सेवाओं के लिए विदेशी कंपनियों पर निर्भरता घटा सकता है।
ऊर्जा और समुद्री व्यापार की सुरक्षा दोनों देशों का साझा हित है। खाड़ी और अरब सागर के समुद्री मार्ग यूएई के तेल निर्यात, भारत की ऊर्जा आपूर्ति और द्विपक्षीय व्यापार के लिए अहम हैं। समुद्री सहयोग का एक ठोस आधार जुलाई 2025 का समझौता है, जिसमें इंडियन कोस्ट गार्ड और यूएई नेशनल गार्ड ने खोज और बचाव, समुद्री प्रदूषण से निपटने और समुद्री डकैती के खिलाफ सहयोग तय किया था
कब और कैसे आगे बढ़ी भारत–यूएई की यह रणनीतिक रक्षा साझेदारी?
इस पूरी रक्षा साझेदारी की औपचारिक प्रक्रिया 19 जनवरी 2026 को आगे बढ़ी थी। उस दिन UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की नई दिल्ली यात्रा के दौरान दोनों देशों ने Letter of Intent का आदान-प्रदान किया था। उसमें रणनीतिक रक्षा साझेदारी का फ्रेमवर्क तैयार करने की मंशा दर्ज की गई थी।
- इसके बाद 15 मई 2026 को प्रधानमंत्री मोदी की UAE यात्रा के दौरान दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों ने उस फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर किए।
- अब इस साझेदारी का अगला ठोस पड़ाव पहली नामित परियोजना होगी।
- उसी से पता चलेगा कि भारत और UAE ने संयुक्त विकास के लिए कौन-सा उपकरण चुना और उसके डिजाइन से लेकर उत्पादन तक किस साझेदार को क्या जिम्मेदारी मिलेगी।
इस औद्योगिक बातचीत के बैकग्राउंड में 31 जुलाई 2025 का नई दिल्ली रक्षा उद्योग फोरम भी है। उसमें 90 से ज्यादा भारतीय और आठ अमीराती कंपनियां शामिल हुई थीं।
उस फोरम में मानवरहित सिस्टम, नौसैनिक प्लेटफॉर्म, सटीक मार वाले गोला-बारूद और अंतरिक्ष आधारित तकनीक पर चर्चा हुई थी। जहाज निर्माण, पुराने जहाजों की मरम्मत और अपग्रेड तथा दोनों देशों में इस्तेमाल होने वाले प्लेटफॉर्म के रखरखाव की संभावनाएं भी उस दौर की बातचीत में सामने आई थीं।








