बिहार में मदरसा शिक्षक के घर मध्य प्रदेश की NIA टीम का छापा, क्या है मोहम्मद इजहार-उल-हक की करतूतें ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

AI-generated illustration of two investigators outside a house, representing the NIA search in Madhubani, Bihar.

देश की आंतरिक सुरक्षा में सेंध लगाने और युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर ‘लोन वुल्फ’ (Lone Wolf) हमलों के लिए तैयार करने की सीमा पार साजिश की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपना शिकंजा और कस दिया है। 25 नवंबर 2026 को एनआईए की मध्य प्रदेश यूनिट की सात सदस्यीय टीम ने बिहार के मधुबनी में मदरसा शिक्षक 55 वर्षीय मौलाना मोहम्मद इजहारुल हक उर्फ मोहम्मद इजहार के घर पर छापेमारी की।

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की टीम ने कई घंटे तक घर की तलाशी ली। इस दौरान टीम ने 500 जीबी की एक हार्ड डिस्क, संदिग्ध डिजिटल सामग्री और कुछ कागजी दस्तावेज जब्त किए। टीम ने आरोपी शिक्षक की पत्नी फिरोजा बेगम और बेटे उस्मान गनी को पंडौल थाने ले जाकर करीब 12 घंटे तक अलग-अलग पूछताछ की। उनके मोबाइल फोन का डेटा भी खंगाला गया। पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच जारी है।

यह कार्रवाई मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (MP-ATS) द्वारा जून 2026 में दर्ज आतंकी मामले की तफ्तीश का हिस्सा है। रिपोर्टों के मुताबिक, जांच में इस मामले के तार मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के साथ पाकिस्तान में बैठे कथित आतंकी हैंडलरों से भी जुड़ते नजर आए हैं।

कौन है मौलाना मोहम्मद इजहारुल हक उर्फ मोहम्मद इजहार?

मौलाना मोहम्मद इजहारुल हक मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने उसके गांव का नाम नवटोल बताया है। वह मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के गोआ पोखर स्थित एक मदरसे में बच्चों को पढ़ाता था। PTI ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि वह मदरसा भी चलाता था।

  • इजहार को 15 जून 2026 को मध्य प्रदेश ATS और बिहार ATS की संयुक्त टीम ने गोआ पोखर के मदरसे से गिरफ्तार किया था।
  • इसके तीन दिन पहले यानी 12 जून को भोपाल के काजी कैंप से पकड़े गए मोहम्मद फराज से पूछताछ और डिजिटल सामग्री की जांच में उसका नाम सामने आया था।
  • गिरफ्तारी के बाद इजहार को मधुबनी की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे भोपाल ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड ली गई।

क्या है इसका पाकिस्तानी कनेक्शन और WhatsApp ग्रुप का मामला ?

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इजहार वॉट्सऐप पर पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था। जून में PTI ने जांचकर्ताओं के हवाले से बताया था कि वही हैंडलर एक क्लोज्ड ऑनलाइन ग्रुप भी चलाता था। अधिकारियों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्टों के मुताबिक, इजहार पर उस ऑनलाइन ग्रुप की बैठकों का समन्वय करने और युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती करने की कोशिश का भी आरोप है।

  • हैंडलर का नाम और इजहार से उसकी बातचीत का ब्योरा सार्वजनिक रिपोर्टों में नहीं दिया गया है।
  • जून में अमर उजाला ने इजहार के फोन से हिंसक वीडियो और कट्टरपंथी सामग्री मिलने का दावा किया था।
  • उसी रिपोर्ट में पैसों का इंतजाम करने और समूह का विस्तार करने में इजहार की कथित भूमिका का भी जिक्र था।
  • कितनी रकम का इंतजाम किया गया, उसका लेनदेन कैसे हुआ और पैसे किसने भेजे, इसका ब्योरा सामने नहीं आया है।
  • एजेंसियां इसी समूह की कथित भूमिका की जांच कर रही हैं। इसी मामले में एनआइए ने ताजी छापेमारी की है

कैसे खुला था इस आतंकी नेटवर्क का राज ?

नवभारत लाइव की 12 जून की रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य प्रदेश ATS ने  संदिग्ध गतिविधयों के सीक्रेट इन्फॉर्मेशन के बेस पर भोपाल के काजी कैंप इलाके में कार्रवाई की और वहां से मोहम्मद फराज को पकड़ा। 12 जून 2026 को ही ATS ने फराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के प्रावधानों के तहत FIR दर्ज की। उसी दिन उसे गिरफ्तार किया गया। धारा 152 देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों से जुड़ी है।

  • फ्री प्रेस जर्नल  ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि फराज पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के निर्देश पर वॉट्सऐप ग्रुप से जुड़ा था।
  • आरोप है कि वह दूसरे युवाओं को भी भर्ती करने की कोशिश कर रहा था। रिपोर्टों के मुताबिक, फराज से पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की वॉट्सऐप चैट की जांच में मधुबनी के मदरसा शिक्षक मोहम्मद इजहारुल हक का नाम सामने आया।
  • फिर जांच भोपाल से मधुबनी तक पहुंच गई और इजहार गिरफ्तार किया गया।

मध्य प्रदेश ATS से एनआइ के हाथ में क्यों पहुंचा मामला ?

इस मामले की शुरुआती जांच मध्य प्रदेश ATS कर रही थी। गिरफ्तार आरोपियों के फोन और ऑनलाइन गतिविधियों की पड़ताल के दौरान जांच का दायरा मध्य प्रदेश और बिहार से आगे राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक पहुंचा।

PTI की जून की रिपोर्ट के मुताबिक, ATS ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता निवासी नईम अब्दुल्ला कुरैशी और राजस्थान के अलवर जिले से मोहम्मद शाकिर को भी गिरफ्तार किया। फ्री प्रेस जर्नल ने नईम को फराज का पुराना मदरसा साथी बताया और अधिकारियों के हवाले से लिखा कि फराज ने ही उसे समूह से जोड़ा था।

  • उसी दौर में NDTV ने MP ATS की कार्रवाई में मध्य प्रदेश के धार से हाजी अजहर के पकड़े जाने की खबर दी।
  • अमर उजाला ने हरियाणा के नूंह से शाकिर नाम के एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी का जिक्र
  • साथ ही पाकिस्तानी हैंडलर्स का कनेक्शन था ही। यानी अंतराज्यीय और देश के बॉर्डर पार जुड़ाव का मामला।

इस तरह कई राज्यों तक फैली जांच और पाकिस्तान से मामले के जुड़ाव को देखते हुए NIA ने मध्य प्रदेश ATS से इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली। अब NIA की मध्य प्रदेश इकाई मामले की जांच कर रही है।

क्या है ‘लोन वुल्फ’ हमला और क्यों चिंताजनक है यह मॉड्यूल?

‘लोन वुल्फ’ हमला वह होता है जिसे कोई व्यक्ति अकेले अंजाम देता है। ऐसा व्यक्ति ऑनलाइन प्रचार या किसी समूह के संपर्क से प्रभावित हो सकता है। इस मामले में जांचकर्ताओं को शक है कि एक बंद ऑनलाइन ग्रुप के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उनमें से कुछ को अकेले हमला करने के लिए तैयार करने की कोशिश की जा रही थी।

इन युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित कर उन्हें अपने ही आसपास उपलब्ध संसाधनों (जैसे चाकू, वाहन या स्थानीय स्तर पर तैयार विस्फोटक) का इस्तेमाल कर अकेले ही भीड़भाड़ वाले इलाकों या महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला करने के लिए उकसाया जाता है।

जांच एजेंसियों के लिए चुनौती यह पता लगाना है भी कि समूह से जुड़े लोगों में से कोई हिंसक कार्रवाई की तैयारी तक पहुंचा था या नहीं। जब कोई व्यक्ति अकेले तैयारी करता है, तो उसकी गतिविधियों को किसी बड़े स्थानीय नेटवर्क से जोड़कर वक्त रहते पहचानना मुश्किल हो सकता है।

Leave a Comment