‘रामायण’ का मुरीद हुआ ईरान, गिनाईं धर्मग्रंथ की पांच अहम सीखें

By Defence Detective

Published On:

Date:

An illustrated Ramayana manuscript depicting Rama and Sita, flanked by Indian and Iranian flags in a cinema hall.

गोवा की राजधानी पणजी में चल रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के ‘फिल्म्स फ्रॉम BRICS’ शोकेस का आगाज 22 नवंबर को बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड (भाग 1)’ की स्क्रीनिंग से हुआ। पर्दे पर भारतीय महाकाव्य की इस भव्य प्रस्तुति को देखने के बाद ईरानी डेलिगेशन इसकी तारीफ करते नहीं थका। भारत में ईरानी दूतावास ने रामायण की कहानी में छिपे धर्म, सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत सहित इसके विभिन्न शाश्वत संदेशों की जमकर सराहना की है।

ईरानी डेलिगेशन ने इसे ‘कालजयी ज्ञान’ बताते हुए कहा कि भारत की समृद्ध कला परंपराएं न केवल देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रमाण हैं, बल्कि दुनिया की विभिन्न सभ्यताओं को आपस में जोड़ने वाले एक मजबूत पुल का काम भी करती हैं। ईरानी डेलिगेशन ने भी निर्देशक नितेश तिवारी के साथ यह फिल्म देखी। इसके बाद भारत में ईरान के दूतावास ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर रामायण की तारीफ की।

ईरानी दूतावास ने रामायण और महाभारत से लेकर भारत के शास्त्रीय साहित्य, प्रदर्शन कलाओं और आज के सिनेमा तक को देश की सांस्कृतिक समृद्धि की मिसाल बताया। उसने कहा कि जब कला प्राचीन ज्ञान को जीवंत करती है, तो वह सरहदों के पार सभ्यताओं को जोड़ती है और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाती है।

जानिए रामायण पर ईरानी दूतावास का पूरा संदेश

फिल्म देखने के बाद भारत में ईरान के दूतावास ने अपने आधिकारिक X हैंडल @Iran_in_India से एक पोस्ट साझा की। दूतावास ने लिखा, गोवा में IFFI 2026 के ब्रिक्स फिल्म कार्यक्रम के उद्घाटन पर हमें ‘रामायण: राइज़ ऑफ़ अ लेजेंड (भाग 1)’ देखने और इसके निर्देशक नितेश तिवारी के साथ इस असाधारण महाकाव्य के कालातीत ज्ञान पर विचार करने का अवसर मिला।

रामायण इन आदर्शों से लेकर बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय तक, मानवता को पीढ़ी-दर-पीढ़ी गहरी सीख देती है।

  1. धर्म (सही और न्यायपूर्ण आचरण)- (Righteousness)।
  2. सत्य (सच्चाई) – (Truth)।
  3. मर्यादा (नैतिक निष्ठा) – (Moral Integrity)।
  4. सेवा (निःस्वार्थ सेवा) – (Selfless Service)।
  5. भक्ति (श्रद्धापूर्ण समर्पण) – (Devotion)।

भारत की कलात्मक विरासत वास्तव में भव्य है। रामायण और महाभारत से लेकर शास्त्रीय साहित्य, प्रदर्शन कलाओं और समकालीन सिनेमा तक, भारत की रचनात्मक परंपराएँ उसकी सभ्यता की समृद्धि की अद्भुत अभिव्यक्ति हैं।

जब कला प्राचीन ज्ञान को जीवंत करती है, तो वह सभ्यताओं को जोड़ती है, सीमाओं से परे जाती है और हमें हमारी साझा मानवता की याद दिलाती है।

‘Films from BRICS’ क्या है?

गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित IFFI के तीसरे दिन BRICS देशों और उनके साझेदारों की फिल्मों के लिए बनाए गए विशेष खंड का उद्घाटन हुआ। IFFI का यह विशेष खंड है, जिसमें 11 BRICS सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों की 21 फिल्में शामिल हैं। इसकी थीम ‘Stories Without Borders’ है। फिल्मों का चयन अलग-अलग भाषाओं और शैलियों से किया गया है। इनमें पारिवारिक स्मृतियों, सामाजिक दबाव और पर्यावरण जैसे विषयों पर बनी फिल्में भी हैं।

  • कार्यक्रम की सूची में 1982, 9 Temples to Heaven, And the Snow was Falling और Baab जैसी फिल्में भी शामिल हैं।
  • उसी दिन आयोजित BRICS फिल्म राउंडटेबल में ईरान, रूस, नाइजीरिया और इंडोनेशिया के प्रतिनिधियों ने भारतीय अधिकारियों के साथ फिल्म उद्योग में सहयोग पर चर्चा की।
  • बातचीत में मिलकर फिल्में बनाने, दूसरे देशों में उनके वितरण, तकनीक के आदान-प्रदान और सांस्कृतिक साझेदारी की संभावनाओं पर बात हुई।

ईरान की तरफ से इसमें कौन-कौन पहुंचा था ?

भारत में ईरानी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन डॉ. मुस्तफा गोहरिफर के साथ ईरान के विदेश मंत्रालय के थिंक टैंक इंस्टीट्यूट फॉर पॉलिटिकल एंड इंटरनेशनल स्टडीज (IPIS) के भारत में प्रतिनिधि डॉ. ओमिद बाबेलियान भी इस समारोह में शामिल हुए।

नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NFDC) के चेयरमैन जी. कृष्णकुमार ने दोनों को सम्मानित किया। समारोह में ईरान के अलावा नाइजीरिया, इंडोनेशिया और रूस के राजनयिक प्रतिनिधियों का भी स्वागत किया गया।

  • नाइजीरिया के राजदूत सईदु दहीरू मुहम्मद को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रभात ने सम्मानित किया।
  • इंडोनेशिया से एर्नी वाहयुनी और मेलिजा करुनिया हराहाप मौजूद थीं। वाहयुनी वहां इंडोनेशियाई दूतावास के प्रभारी का प्रतिनिधित्व कर रही थीं।
  • रूस की ओर से मुंबई में उसके कार्यवाहक महावाणिज्य दूत अलेक्सांद्र फुरसोव पहुंचे। विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव शंभु लिंगप्पा हक्की ने फुरसोव और वाहयुनी को सम्मानित किया।

ईरान के संदेश के क्या हैं मायने ?

सामरिक दृष्टिकोण से देखें तो ईरानी दूतावास की इस प्रतिक्रिया के सांस्कृतिक और कूटनीतिक मायने हैं। भारत और ईरान के बीच संबंध हजारों साल पुराने हैं। संस्कृत और अवेस्ताई भाषा की जड़ें एक ही प्राचीन हिंद-ईरानी भाषा-परिवार में हैं।

  • मौजूदा ग्लोबल सीनरियो में , जहां पश्चिम एशिया और हिंद महासागर क्षेत्र में कई जटिल चुनौतियां मौजूद हैं, वहां ब्रिक्स फिल्म कार्यक्रम में भारत और ईरान के बीच दिखी सांस्कृतिक गर्मजोशी एक सकारात्मक संकेत है।
  • चाबहार बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (INSTC) जैसी रणनीतिक परियोजनाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक स्तर पर ऐसी गर्मजोशी भी द्विपक्षीय विश्वास को मजबूत करने में मदद कर सकती है।

ईरानी दूतावास ने रामायण के नैतिक आदर्शों, रामायण और महाभारत समेत भारत की कलात्मक विरासत और समकालीन भारतीय सिनेमा की सराहना की। यह प्रतिक्रिया दिखाती है कि भारत की सांस्कृतिक विरासत सीमाओं के पार लोगों को जोड़ने की क्षमता रखती है।

Leave a Comment

Related News