पोर्न से ड्रोन! क्या है यह अजीब प्लान ?  खींच रहा पूरी दुनिया का ध्यान

By Defence Detective

Published On:

Date:

Symbolic image showing Ukraine's proposed adult-content tax revenue linked to military drone funding

रूस के खिलाफ जारी युद्ध ने यूक्रेन के सामने सिर्फ हथियारों और सैनिकों की चुनौती नहीं खड़ी की है, बल्कि पैसे की भी बहुत बड़ी समस्या पैदा कर दी है। युद्ध जितना लंबा खिंचता है, उतना ही ज्यादा पैसा, सेना, ड्रोन, मिसाइल, गोला-बारूद और दूसरे सैन्य सामान पर खर्च होता है।

ऐसे में यूक्रेन अब कमाई का एक ऐसा रास्ता तलाश रहा है, जिस पर सामान्य परिस्थितियों में शायद ही कोई सरकार इतनी गंभीरता से विचार करे। मामला है पोर्नोग्राफी यानी वयस्क कंटेंट के कारोबार को अपराध की श्रेणी से बाहर निकालकर उसे कानूनी और टैक्स के दायरे में लाने का।

यूक्रेन की संसद में ऐसा विधेयक आगे बढ़ रहा है, जिसके तहत सहमति से वयस्कों द्वारा बनाए और वितरित किए जाने वाले पोर्न कंटेंट को अपराध की श्रेणी से बाहर किया जा सकता है। इसके साथ ही इस गतिविधि को औपचारिक अर्थव्यवस्था में लाकर टैक्स वसूलने का रास्ता खुल सकता है।

सांसदों का तर्क है कि अगर इसे कानूनी ढांचे में लाया जाए तो सरकार को टैक्स मिलेगा और लोगों को भी साफ कानूनी स्थिति मिलेगी।

क्या यूक्रेन ने पोर्न को कानूनी कर दिया ?

अभी नहीं। यूक्रेन में अभी पोर्नोग्राफी के उत्पादन और वितरण पर आपराधिक पाबंदी है। नया कानून अभी संसद की प्रक्रिया में है, जिसे 14 जुलाई 2026 को यूक्रेन की संसद ने पहली रीडिंग में मंजूरी दी थी। इसके पक्ष में 231 सांसदों ने वोट किया। अब इसे दूसरी रीडिंग और उसके बाद अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया से गुजरना है। मतलब यह कि यूक्रेन वयस्कों की सहमति से बनने वाले पोर्न कंटेंट को अपराध की श्रेणी से बाहर करने की तैयारी कर रहा है।

कहां से आया ड्रोन कनेक्शन ?

यहीं से यह मामला खास बनता है। यूक्रेन के लिए ड्रोन अब युद्ध के सबसे महत्वपूर्ण हथियारों में शामिल हो चुके हैं। रूस और यूक्रेन दोनों बड़े पैमाने पर FPV ड्रोन, निगरानी ड्रोन और लंबी दूरी के हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। युद्ध जितना लंबा हो रहा है, उतने ही ज्यादा ड्रोन चाहिए। लेकिन हर ड्रोन के लिए पैसा चाहिए।

अनुमानित आकलन है कि अगर एडल्ट-कंटेंट इंडस्ट्री को कानूनी ढांचे में लाकर उस पर टैक्स लगाया जाए तो सरकार को सालाना करीब 25 मिलियन डॉलर टैक्स मिल सकता है। इतनी रकम से लगभग 30 हजार सैन्य ड्रोन खरीदे जा सकते हैं।
Yaroslav Zhelezniak, Member of parliament, Ukraine

इसी मामले को “Porn to pay for drones” यानी “पोर्न से ड्रोन खरीदने” के रूप में पेश किया जा रहा है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार ने तय कर लिया है कि पोर्न से आने वाला हर डॉलर सीधे ड्रोन खरीदने में लगाया जाएगा। असल बात यह है कि 25 मिलियन डॉलर की संभावित टैक्स आय को ड्रोन की कीमत से जोड़कर इस प्रस्ताव की सैन्य उपयोगिता समझाई जा रही है।

फिर पोर्न इंडस्ट्री से टैक्स की जरूरत क्यों ?

OnlyFans के आंकड़े बताते हैं कि यूक्रेन में ऑनलाइन एडल्ट-कंटेंट से कमाई करने वालों की संख्या और उनकी आय मामूली नहीं है। सरकार जिस उद्योग को टैक्स के दायरे में लाने की बात कर रही है, वह पहले से मौजूद है। फर्क सिर्फ इतना होगा कि अभी उसका एक बड़ा हिस्सा कानूनी जोखिम के साथ चलता है और प्रस्तावित व्यवस्था में उसे औपचारिक अर्थव्यवस्था में लाने की कोशिश होगी।

यूक्रेन में ऑनलाइन एडल्ट-कंटेंट का कारोबार पहले से मौजूद है। OnlyFans जैसे प्लेटफॉर्म पर यूक्रेनी कंटेट क्रिएटर बड़ी रकम कमा रहे हैं।

OnlyFans की मूल कंपनी Fenix International के आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में करीब 7,900 यूक्रेनी कंटेट क्रिएटरों ने इस प्लेटफॉर्म के जरिए 131 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमाए थे।

यूक्रेन का एडल्ट-कंटेंट कारोबार — उपलब्ध आंकड़े

नोट- , यूक्रेन की मुद्रा ह्रीव्निया (Ukrainian Hryvnia) का प्रतीक है।

सूचकआंकड़ा
OnlyFans कमाई करने वाले यूक्रेनी, 20237,914
OnlyFans आय, 2023₴5 अरब (~$135–140M)
OnlyFans कमाने वाले, 2020–225,435
OnlyFans आय, 2020–22$111M
2024 में घोषित आय₴132.8M
2024 में आय घोषित करने वाले152
2024 घोषित आय पर टैक्स₴13M+
2020–22 की कर देनदारी₴384.7M
पूरी इंडस्ट्री का आधिकारिक सालाना कारोबारउपलब्ध नहीं
पूरी इंडस्ट्री में रोजगारउपलब्ध नहीं
GDP में आधिकारिक हिस्सेदारीउपलब्ध नहीं
2023 OnlyFans आय/GDP का मोटा अनुपात0.08

यानी सरकार के सामने एक ऐसी इंडस्ट्री है जिसमें पैसा पहले से घूम रहा है। अभी समस्या यह है कि कानून उसे अपराध मानता है। यहीं से एक अजीब स्थिति पैदा हुई।

टैक्स दो तो मुश्किल, न दो तो मुश्किल

यूक्रेन के टैक्स अधिकारी एडल्ट-कंटेंट क्रिएटरों की विदेशी प्लेटफॉर्म से होने वाली कमाई पर टैक्स मांगने लगे। लेकिन दूसरी तरफ देश का आपराधिक कानून पोर्नोग्राफी के उत्पादन और वितरण को प्रतिबंधित करता है। इसका सीधा मतलब यह हुआ कि कोई क्रिएटर अपनी कमाई सरकार को घोषित करता है तो सरकार को पता चलता है कि वह किस तरह की गतिविधि से पैसा कमा रहा है।

यानी एक तरफ “अपनी आय बताओ और टैक्स दो”, दूसरी तरफ उसी गतिविधि पर आपराधिक कार्रवाई का खतरा। जेलेज़न्याक ने इस स्थिति को बेहद विरोधाभासी बताया है। सरकार के नजरिए से भी यह समस्या इसलिए बड़ी है क्योंकि जिस आर्थिक गतिविधि पर टैक्स लिया जा सकता है, उसे पूरी तरह अपराध मानने से वह पैसा औपचारिक अर्थव्यवस्था से बाहर चला जाता है।

पुलिस पर भी गंभीर आरोप  

इस कानून के समर्थकों का एक और बड़ा तर्क है—भ्रष्टाचार। यूक्रेनी जांच एजेंसियों ने ऐसे मामलों की जांच की है जिनमें पुलिस अधिकारियों पर एडल्ट-कंटेंट कारोबार चलाने वालों से कथित तौर पर पैसे लेने और उन्हें कार्रवाई से बचाने के आरोप लगे हैं। The Wall Street Journal की रिपोर्ट के अनुसार, तीन क्षेत्रों में जांच के दौरान अधिकारियों पर एडल्ट-कंटेंट कारोबार से जुड़े लोगों से हर महीने 20 हजार डॉलर से अधिक की कथित वसूली के मामले सामने आए।

कानून बदलने के समर्थकों का कहना है कि अगर सहमति से वयस्कों द्वारा बनाए जाने वाले कंटेंट को अपराध की श्रेणी से हटा दिया जाए तो पुलिस कारनामे का यह रास्ता काफी हद तक बंद हो सकता है।

OnlyFans क्रिएटर की शिकायत से क्या हुआ?

इस बहस में यूक्रेनी OnlyFans क्रिएटर स्वितलाना ड्वोर्निकोवा का मामला भी सामने आया। ड्वोर्निकोवा का कहना है कि उन्होंने करीब 9 लाख डॉलर टैक्स के रूप में चुकाए हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई के बाद उन्होंने एक याचिका शुरू की, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार उनकी कमाई पर टैक्स लेती है तो उसी काम के लिए उन्हें अपराधी क्यों माना जाए।

उनकी याचिका को एक सप्ताह में 25 हजार से ज्यादा लोगों का समर्थन मिला। इसके बाद मामला राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की तक पहुंचा और उन्होंने संसद में इस मुद्दे पर विचार किए जाने की बात कही।

युद्ध ने बहस को कितना महत्वपूर्ण बना दिया?

यूक्रेन की वित्तीय स्थिति बेहद दबाव में है। रूस के साथ युद्ध लगातार रक्षा खर्च बढ़ा रहा है। यूक्रेन को अपनी सेना, हथियारों और सैन्य उत्पादन के लिए भारी रकम चाहिए और वह विदेशी आर्थिक तथा सैन्य सहायता पर भी निर्भर है।

हाल ही में यूक्रेन की संसद विदेशी पार्सलों पर टैक्स लगाने वाले एक प्रस्ताव को भी पास नहीं कर सकी। उस प्रस्ताव से करीब 227 मिलियन डॉलर सालाना जुटने का अनुमान था।

इससे साफ होता है कि यूक्रेन के लिए घरेलू स्तर पर अतिरिक्त राजस्व जुटाना कितना महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में 25 मिलियन डॉलर बहुत बड़ी रकम नहीं है, लेकिन युद्ध के दौरान सरकार के लिए हर अतिरिक्त राजस्व स्रोत महत्वपूर्ण हो सकता है।

पहले भी आ चुका है बिल

मई 2026 में यूक्रेन की संसद ने इसी तरह के एक पुराने विधेयक पर मतदान किया था। उसे पास कराने के लिए 226 वोट चाहिए थे, लेकिन केवल 207 सांसदों ने समर्थन किया। इसलिए वह बिल खारिज हो गया। इसके बाद नया विधेयक लाया गया है।

Leave a Comment