पोखरण में गरजा नोएडा का ‘ज्वाला’ माइक्रो-मिसाइल सिस्टम, कितना अहम है इसका टेस्ट ?

By Defence Detective

Updated On:

Date:

IG Defence’s JWALA Mk‑1 anti-drone missile launching from a vehicle-mounted launcher at Pokhran, Rajasthan.

भारत ने स्वदेशी रक्षा प्रौद्योगिकी (indigenous defence technology) और निजी क्षेत्र के नवाचार (private-sector innovation.) की दिशा में एक और अहम छलांग लगाई है। राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में स्वदेशी काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल सिस्टम ‘ज्वाला एमके-1’ (JWALA MK-1) का सफल परीक्षण किया गया है। नोएडा की निजी रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी आईजी डिफेंस (IG Defence) ने इसे डेवलप किया है।

दावा है कि, यह देश की पहली स्वायत्त काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल प्रणाली (Autonomous counter-drone micro-missile system) है। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से दुश्मन के ड्रोन की पहचान करने और उन्हें मार गिराने के लिए तैयार किया गया है।

यह प्रोजेक्ट छोटे हमलावर और निगरानी ड्रोन से निपटने के लिए भारत के निजी रक्षा उद्योग की एक पहल है। कंपनी का लक्ष्य छोटे ड्रोन के खिलाफ कम लागत वाला मिसाइल विकल्प तैयार करना है। उसने इसके उत्पादन के लिए आंध्र प्रदेश में एक यूनिट की योजना भी बनाई है।

पोखरण में कब हुआ टेस्ट ?

23 नवंबर 2026 को पोखरण में IG Defence ने ज्वाला एमके-1 काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल का सफल टेस्ट फायरिंग की। कंपनी की जारी तस्वीर में मिसाइल 4×4 पिकअप पर लगे लॉन्चर से दागी जाती दिखती है।

कंपनी के संस्थापक और CEO बोधिसत्व संघप्रिय ने सोशल मीडिया पर टेस्ट फायरिंग का वीडियो साझा किया। जारी तस्वीरों में मिसाइल, वाहन पर लगे लॉन्चर से निकलती दिखती है। कंपनी ने इसे अपने काउंटर-ड्रोन प्रोग्राम का अहम पड़ाव बताया।

  • हालांकि परीक्षण में इस्तेमाल हुए लक्ष्य का प्रकार या मॉडल सार्वजनिक नहीं किया गया है।
  • कंपनी ने इस फायरिंग में ड्रोन को निशाना बनाने और उसे गिराने का परिणाम जारी नहीं किया है।

क्या है JWALA Mk‑1 की खासियत, इसकी रेंज कितनी ?

ज्वाला Mk‑1 कम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। इसका घोषित काम अनमैन्ड एरियल व्हीकल से रक्षा करना है। इसी भूमिका के लिए इसे काउंटर-अनमैन्ड एयरक्राफ्ट सिस्टम (C‑UAS) की श्रेणी में रखा गया है।

  • इसे दुश्मन के छोटे ड्रोन का मुकाबला करने के लिए डेवलप किया गया है।
  • कंपनी की उत्पाद सूची में इसकी एंगेजमेंट दूरी 2 से 5 किलोमीटर बताई गई है।
  • लक्ष्य की घोषित एंगेजमेंट ऊंचाई 50 से 5,000 मीटर है।
  • 5 किमी रेंज कंपनी की सूची में दर्ज अधिकतम एंगेजमेंट दूरी है।

एंटी-ड्रोन सिस्टम में यह कितना अलग और क्यों ?

ज्वाला एमके-1 की प्रमुख खासियत इसका स्वदेशी एआई सॉफ्टवेयर ‘ग्रिड’ (GRID) है। आईजी डिफेंस ने इसे मिशन ऑटोनॉमी और बैटल मैनेजमेंट सिस्टम के तौर पर डेवलप किया है।

ड्रोन खतरे से निपटने में यह ‘ग्रिड’ (GRID) केंद्रीय भूमिका निभाता है। यह अलग-अलग सेंसरों से मिली जानकारी को जोड़कर संभावित हवाई लक्ष्यों की पहचान, उनके वर्गीकरण और उनके खिलाफ कार्रवाई के समन्वय में मदद करता है।

  1. सेंसर एकीकरण और लक्ष्य का पता लगाना (Detection) — ग्रिड अलग-अलग सेंसरों से मिली जानकारी को जोड़कर संभावित हवाई लक्ष्यों का पता लगाने में मदद करता है।
  2. लक्ष्य का वर्गीकरण (Classification) — ग्रिड का एआई सॉफ्टवेयर सेंसर डेटा का विश्लेषण कर पता लगाए गए हवाई लक्ष्यों को अलग-अलग श्रेणियों में रखता है।
  3. निर्णय में सहायता और कार्रवाई का समन्वय (Decision Support and Engagement Coordination) — संभावित खतरे की पहचान के बाद ग्रिड तय करने में मदद करता है कि उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए। यह उस कार्रवाई का समन्वय भी करता है।
  4. ड्रोन को मार गिराना (Neutralisation) — ज्वाला एमके-1 माइक्रो-मिसाइल को दुश्मन के ड्रोन को हवा में रोककर नष्ट करने के लिए विकसित किया गया है

आधुनिक युद्ध का अर्थशास्त्र: क्यों जरूरी है माइक्रो-मिसाइल?

रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया के संघर्षों ने हवाई रक्षा की एक आर्थिक चुनौती सामने रखी है। दरअसल छोटे ड्रोन का इस्तेमाल निगरानी और हमले, दोनों के लिए बढ़ा है।जब किसी कम कीमत वाले ड्रोन को गिराने के लिए उससे कई गुना महंगी इंटरसेप्टर मिसाइल दागनी पड़ती है, तो हर हमले को रोकने का खर्च बढ़ जाता है।

हमले और बचाव के बीच लागत के इसी अंतर को ‘लागत विषमता’ (Cost Asymmetry) कहते हैं। बार-बार ड्रोन हमले होने पर महंगी इंटरसेप्टर मिसाइलों के भंडार पर भी दबाव पड़ता है।

  • किफायती विकल्प — आईजी डिफेंस ने ज्वाला एमके-1 को छोटे ड्रोन के खिलाफ कम लागत वाले इंटरसेप्टर के तौर पर विकसित किया है। कंपनी ने अभी प्रति मिसाइल की कीमत या उसे दागने का खर्च सार्वजनिक नहीं किया है।
  • हालांकि प्रति मिसाइल और पूरे सिस्टम की कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है।
  • बड़े पैमाने पर उत्पादन — कंपनी का लक्ष्य ऐसी ड्रोन-रोधी मिसाइल विकसित करना है, जिसका उत्पादन बड़ी संख्या में किया जा सके। बड़े पैमाने पर उत्पादन और सैन्य तैनाती की समयसीमा अभी सार्वजनिक नहीं है।
  • हार्ड-किल क्षमता — ज्वाला एमके-1 को ड्रोन को हवा में रोककर विस्फोट से नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस तरीके को ‘हार्ड-किल’ कहते हैं।  

सीमा पर क्या भूमिका निभा सकती है ज्वाला एमके-1 ?

पंजाब और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की ओर से आने वाले ड्रोन सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए हैं। सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ पहुंचाने के लिए भी ड्रोन का इस्तेमाल हुआ है। इस चुनौती के बीच पोखरण में ज्वाला एमके-1 की टेस्ट फायरिंग कम दूरी की स्वदेशी ड्रोन-रोधी प्रणाली के विकास में एक कदम है।

वाहन पर लगे लॉन्चर की वजह से इसे जरूरत के मुताबिक एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। यह इसे सेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के लिए कम दूरी की ड्रोन-रोधी सुरक्षा का एक संभावित विकल्प बनाता है।

भारत के निजी रक्षा क्षेत्र में इस तरह की प्रणालियों पर एक से अधिक कंपनियां काम कर रही हैं। नागपुर की सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) इससे पहले अपनी काउंटर-ड्रोन माइक्रो-मिसाइल प्रणाली ‘भार्गवास्त्र’ का परीक्षण कर चुकी है।

प्रोजेक्ट यहां तक कैसे पहुंचा ?

ज्वाला को मई 2026 में प्रयागराज के North Tech Symposium में सार्वजनिक तौर पर दिखाया गया था। 3 अक्टूबर को कंपनी ने कार्यक्रम के तहत दो रॉकेट मोटरों की टेस्ट फायरिंग की। अक्टूबर में कंपनी ने बताया था कि वह मिसाइल के अधिकांश प्रमुख हिस्से विकसित कर चुकी है। इनमें लक्ष्य पहचान से जुड़े उपकरण और उड़ान के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम शामिल थे। नवंबर में कार्यक्रम पोखरण के फ्लाइट टेस्ट तक पहुंचा।

  • 14 नवंबर को कंपनी ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ नेल्लोर में प्रस्तावित निर्माण इकाई के लिए MoU किया।
  • करीब 200 एकड़ में प्रस्तावित इस परिसर में ज्वाला और प्रोपल्शन सिस्टम बनाने की योजना है।
  • यूनिट में उत्पादन शुरू होने की तारीख उपलब्ध रिपोर्ट में नहीं दी गई है

Leave a Comment

Related News