सरकारी डिफेंस कंपनी का एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर गिरफ्तार, रिश्वत और संवेदनशील डाटा लीक का आरोप

By Defence Detective

Published On:

Date:

Handcuffed hands representing the arrest of accused in a defence deal bribery case

देश के भारत की डिफेंस प्रोडक्शन सिस्टम में भ्रष्टाचार और संवेदनशाली जानकारियों को लीक करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सीबीआइ ने ₹500 करोड़ के Defence Deal में रिश्वतखोरी और संवेदनशील सैन्य जानकारी लीक करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।  जिसमें सरकारी रक्षा कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी और एक प्रमुख निजी डिफेंस कंपनी के सीईओ शामिल हैं।

इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई ने न केवल डिफेंस कॉरिडोर के भीतर खलबली मचा दी है, बल्कि भारतीय सशस्त्र बलों के लिए गोला-बारूद की आपूर्ति श्रृंखला (Ammunition Supply Chain) की अखंडता (integrity) पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस पूरे मामले का एक अहम सिरा निजी कंपनी SMPP लिमिटेड को मिला करीब 500 करोड़ रुपये का गोला-बारूद सप्लाई ठेका है। जिसके तहत सरकारी कंपनी म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) को एक साल की अवधि में SMPP द्वारा गोला-बारूद सप्लाई किया जाना था।

कौन हैं मुख्य आरोपी ?

CBI ने इस मामले में 12 अक्टूबर 2026 को एफआईआर (FIR) दर्ज करने के बाद जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनमें म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनिल कुमार, उनके भाई बी. हर्षवर्धन और एसएमपीपी लिमिटेड (SMPP Ltd) सीईओ-डायरेक्टर आशीष कंसल हैं।

किस पर क्या हैं आरोप ?

अनिल कुमार–  CBI का आरोप है कि अनिल कुमार ने निजी ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं के साथ मिलीभगत करके रिश्वत ली। बदले में सरकारी कामकाज में अनुचित लाभ पहुंचाया। रक्षा उत्पादन, खरीद प्रक्रिया तथा MIL की अन्य रणनीतिक गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भी साझा करने का आरोप है। अनिल कुमार पुणे स्थित MIL में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे।

आशीष कंसल:  वह अनिल कुमार के नियमित संपर्क में थे। यह संपर्क SMPP को एक साल की अवधि में MIL को गोला-बारूद की आपूर्ति के लिए मिले करीब ₹500 करोड़ के अनुबंध से संबंधित बताया गया है। एजेंसी का आरोप है कि कंसल ने प्लानिंग के तहत अनिल कुमार को भारी-भरकम रिश्वत दी।

बी. हर्षवर्धन: इन पर आरोप है कि सौदेबाजी में बिचौलिए और मनी ट्रेल (रिश्वत के पैसे को ठिकाने लगाने) के रूप में काम कर रहे थे। अनिल कुमार ने रिश्वत की रकम को सुरक्षित रखने और छिपाने के लिए अपने भाई को पुणे बुलाया था। हर्षवर्धन को रकम एकत्र करने और उसे छिपाने में मदद करनी थी।

जांच में एक और नाम: CBI की FIR में SMPP के कर्मचारी रवीत कुमार तेवतिया का नाम भी है। एजेंसी के अनुसार, वह अनिल कुमार के संपर्क में थे और साजिश की जांच में उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

सीबीआई की ताबड़तोड़ छापेमारी और भारी कैश बरामदगी

सीबीआई ने पुख्ता सबूत जुटाने के बाद 12 अक्टूबर 2026 को इस मामले में FIR दर्ज कर कई टीमों ने एक साथ देश के चार बड़े शहरों—पुणे, दिल्ली, मैसूर और बेंगलुरु—में आरोपियों के आवासों, कार्यालयों और कॉर्पोरेट परिसरों पर छापेमारी शुरू कर दी। इस मैराथन तलाशी अभियान में सीबीआई को चौंकाने वाली सफलता मिली:

  • छापेमारी के दौरान कुल ₹2.23 करोड़ का बेहिसाब कैश बरामद किया गया।
  • इस कुल राशि में से अकेले ₹1.73 करोड़ रुपये अनिल कुमार के पुणे स्थित ठिकाने से बरामद हुए।
  • बाकी ₹50 लाख रुपये अन्य आरोपियों के ठिकानों से जब्त किए गए।
  • नकदी के अलावा, केंद्रीय एजेंसी ने कई एन्क्रिप्टेड हार्ड ड्राइव, लैपटॉप, मोबाइल फोन और रक्षा मंत्रालय से जुड़े कई क्लासिफाइड (गोपनीय) दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं।

कैसे हुआ मामले का खुलासा?

इस पूरे मामले का खुलासा कथित हवाला के जरिए नकदी पहुंचाए जाने की सूचना से हुआ। CBI को जानकारी मिली थी कि पुणे में सरकारी रक्षा कंपनी म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार के घर बड़ी रकम पहुंचाई जाने वाली है।

एजेंसी ने इस सूचना के आधार पर कार्रवाई की और नकदी की डिलीवरी के दौरान करीब 1.73 करोड़ रुपये बरामद किए। इसके बाद जांचकर्ताओं ने हवाला नेटवर्क के जरिए रकम के स्रोत का पता लगाना शुरू किया। पैसों की कड़ियां जोड़ते हुए जांच SMPP लिमिटेड के CEO आशीष कंसल तक पहुंची।

क्या है म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) ?

म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) रक्षा मंत्रालय के अधीन भारत सरकार की एक सरकारी रक्षा उत्पादन कंपनी है, जिसका मुख्यालय पुणे, महाराष्ट्र में है।

  • इसकी स्थापना 1 अक्टूबर 2021 को पुराने ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड (OFB) के पुनर्गठन के बाद हुई थी।
  • कंपनी की देशभर में 12 विनिर्माण इकाइयां हैं, जहां भारतीय सशस्त्र बलों के लिए गोला-बारूद, तोप और टैंक के गोले, मोर्टार बम, रॉकेट तथा विस्फोटक तैयार किए जाते हैं।
  • वित्त वर्ष 2024–25 में कंपनी का कारोबार लगभग ₹8,214 करोड़ रहा था।

SMPP लिमिटेड क्या है ?

यह भारत की एक निजी रक्षा उपकरण और गोला-बारूद निर्माता कंपनी है। इसका मुख्यालय दिल्ली में है और इसकी स्थापना 1985 में हुई थी। कंपनी इस प्रकार की चीजें बनाती है।

  • बुलेटप्रूफ जैकेट और बैलिस्टिक हेलमेट
  • सैनिकों के लिए सुरक्षा कवच और आर्मर प्लेट
  • सैन्य वाहनों, विमानों और हेलीकॉप्टरों के लिए सुरक्षा कवच
  • टैंक और तोपों के गोला-बारूद के कुछ घटक
  • ड्रोन और काउंटर-ड्रोन प्रणालियों के क्षेत्र में भी विस्तार

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से मामला कितना गंभीर है?

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब भारत सरकार रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों के तहत घरेलू रक्षा विनिर्माण को तेजी से बढ़ावा दे रही है। इस मामले के तीन प्रमुख सुरक्षा पहलू हैं:

  • गोपनीयता: यदि रक्षा उत्पादन या खरीद की संवेदनशील जानकारी अनधिकृत लोगों तक पहुंची है, तो यह रक्षा संस्थानों की सूचना-सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
  • रक्षा खरीद की पारदर्शिता: रिश्वत के बदले किसी कंपनी को अनुचित लाभ मिलने का आरोप सरकारी खरीद प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़ा है।
  • निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों का गठजोड़: यदि आरोप साबित होते हैं, तो यह रक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार रोकने और ठेकेदारों की निगरानी मजबूत करने की जरूरत दिखाएगा।

1 thought on “सरकारी डिफेंस कंपनी का एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर गिरफ्तार, रिश्वत और संवेदनशील डाटा लीक का आरोप”

Leave a Comment

Related News