भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा (International Border) से सटे पश्चिम बंगाल के संवेदनशील इलाकों में अवैध घुसपैठ (Illegal Infiltration) और फर्जी दस्तावेजों के सहारे पहचान बदलकर स्थायी रूप से बतौर नागरिक रहने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। दक्षिण दिनाजपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी परिवार के पांच सदस्यों को दबोचा है। जांच में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है कि यह परिवार पिछले लगभग सात साल से अपनी असली पहचान छिपाकर और फर्जी हिंदू नामों का सहारा लेकर भारतीय नागरिक के रूप में रह रहा था।
इतना ही नहीं, इस परिवार ने भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को चकमा देते हुए आधार कार्ड, वोटर कार्ड और भारतीय पासपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हासिल कर लिए थे। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर टिन का मकान भी बनवा लिया और पूरे हक के साथ भारतीय नागरिक की तरह रहने लगा। यह पूरी घटना सीमा सुरक्षा और स्थानीय प्रशासनिक निगरानी की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर और अनसुलझे सवाल खड़े करती है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए परिवार के सदस्यों की नागरिकता और उनके भारत में अवैध प्रवास से संबंधित जांच कर रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रशासन ने परिवार को वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। परिवार को दक्षिण दिनाजपुर के तपन स्थित होल्डिंग सेंटर (Holding Centre) में रखा गया है।
कब और कहां का, क्या है पूरा मामला ?
यह मामला दक्षिण दिनाजपुर (Dakshin Dinajpur) जिले के सीमावर्ती क्षेत्र हिली (Hili) ब्लॉक का है। 13 नवंबर 2026 को पुलिस की जांच और पूछताछ के दौरान बांग्लादेशी घुसपैठिया परिवार की असली पहचान का खुलासा हुआ था। अब यह बड़े स्तर पर सामने इसलिए आया क्योंकि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इस परिवार का अवैध मकान 22 नवंबर, 2026 को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, यह परिवार अपनी पहचान छिपाकर स्थानीय आबादी के बीच रह रहा था।
- परिवार हिली पुलिस थाना क्षेत्र के त्रिमोहिनी पावर हाउस (Trimohini Power House) इलाके में रहता था।
- परिवार का मकान स्थानीय बिजली विभाग के कार्यालय के नजदीक था।
- पुलिस के मुताबिक, परिवार ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अपना मकान बना रखा था।
- भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच टिन की छत वाले अवैध मकान को अब ध्वस्त कर दिया गया है।
बांग्लादेश में कहां का रहने वाला है यह परिवार और कब आया भारत?
पुलिस की जांच में बांग्लादेशी मुस्लिम परिवार के मुखिया की वास्तविक पहचान अब्दुल रशीद फकीर के रूप में हुई है। पकड़े गए पांच सदस्यों में अब्दुल रशीद के अलावा उसकी पत्नी, दो बेटे और एक नाबालिग बेटी शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में परिवार के बांग्लादेश स्थित मूल निवास और भारत आने के समय का भी खुलासा हुआ है।
- यह परिवार मूल रूप से बांग्लादेश के बोगुरा (Bogura) जिले का रहने वाला है।
- इसका मूल निवास बोगुरा सदर के हरिपुर का चांदमुहा गांव बताया गया है।
- पुलिस के मुताबिक, परिवार बांग्लादेश के महास्थानगढ़ (Mahasthangarh) क्षेत्र से भारत आया था।
- परिवार ने वर्ष 2019 के आसपास हिली सीमा के रास्ते भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया था और तब से दक्षिण दिनाजपुर जिले में रह रहा था।
इस मुस्लिम परिवार ने कौन सी हिंदू पहचान अपनाई?
पुलिस के मुताबिक, भारत में बसने के बाद इस बांग्लादेशी मुस्लिम परिवार ने अपनी मूल पहचान छिपाकर हिंदू नाम और ‘दास’ उपनाम अपना लिया था। परिवार ने इन्हीं कथित फर्जी भारतीय पहचानों को कानूनी रूप से मजबूत करने के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड और भारतीय पासपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण अति संवेदनशील दस्तावेज भी हासिल कर लिए।
- परिवार का मुखिया अब्दुल रशीद फकीर भारत में सौरभ दास के नाम से रह रहा था।
- उसकी पत्नी अख्तर जहां, पिंकी दास के नाम का इस्तेमाल कर रही थी।
- परिवार का 21 वर्षीय बड़ा बेटा आकाश फकीर, आकाश दास के नाम से रह रहा था।
- दूसरे बेटे की भारतीय पहचान राहुल दास के रूप में बताई गई है।
- परिवार की नाबालिग बेटी ने भी दास उपनाम अपना रखा था।
- हालांकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के दौरान इनके नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए थे।
यह पहचान न खुले, इसके लिए क्या-क्या तिकड़म अपनाते थे ?
स्थानीय निवासियों के मुताबिक,यह परिवार हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होता था और सभी परंपराओं को अपनाता था। त्रिमोहिनी इलाके में बसा यह बांग्लादेशी परिवार स्थानीय हिंदू आबादी के बीच पूरी तरह घुल-मिल गया था।
परिवार के सदस्य न केवल पड़ोसियों के साथ सामान्य रूप से मिलते-जुलते थे, बल्कि हिंदू धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते थे। यही वजह थी कि लंबे समय तक स्थानीय लोगों को उनकी वास्तविक पहचान और नागरिकता पर संदेह नहीं हुआ।
- परिवार के सदस्य स्थानीय हिंदू पूजा-पाठ, त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों में नियमित रूप से शामिल होते थे।
- परिवार का 21 वर्षीय बेटा आकाश स्थानीय शिवाजी संघ (Shibaji Sangha) क्लब की ओर से आयोजित काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन यात्रा में भी शामिल हुआ था।
फिर कैसे हुआ परिवार की वास्तविक पहचान का खुलासा?
स्थानीय क्लब शिवाजी संघ (Shibaji Sangha) की ओर से आयोजित काली प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने इस बांग्लादेशी परिवार की वास्तविक पहचान उजागर कर दी। विसर्जन यात्रा में नाचने को लेकर स्थानीय युवक सुमन सरकार और कथित आकाश दास (बांग्लादेशी परिवार का सदस्य) के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई।
- धक्का-मुक्की के दौरान आकाश जमीन पर गिर गया और उसे चोट लग गई।
- क्लब के अन्य सदस्यों ने हस्तक्षेप कर उस समय विवाद शांत करा दिया।
- आरोप है कि उसी रात आकाश धारदार हथियार लेकर सुमन के घर पहुंचा और उसे धमकी दी।
- दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने हिली पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आकाश और उसके परिवार से पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे। परिवार ने अपनी भारतीय नागरिकता के समर्थन में कई दस्तावेज पेश किए। हालांकि, दस्तावेजों की पड़ताल में पुलिस को कई गड़बड़ियों का पता चला। इस दौरान पुलिस को उसके घर से बांग्लादेश से संबंधित दस्तावेज मिले। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और आखिरकार परिवार की वास्तविक पहचान सामने आ गई।
भारत में क्या काम करता था परिवार, नागरिकता हासिल करने की भी थी कोशिश?
बांग्लादेश से भारत आने के बाद परिवार ने त्रिमोहिनी इलाके में ही रहने और रोजी-रोटी का इंतजाम कर लिया था। आनंदबाजार पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार ने सड़क किनारे सरकारी जमीन पर अपना ठिकाना बनाने के साथ आइसक्रीम का कारोबार शुरू कर दिया था। वहीं, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के बाद नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता हासिल करने की कोशिश का भी जिक्र है।
घुसपैठिया परिवार की मदद करने वाला युवक भी गिरफ्तार?
बंगाली समाचारपत्र आनंदबाजार पत्रिका की 23 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बांग्लादेशी परिवार के पांच सदस्यों के अलावा उनकी मदद करने के आरोप में एक भारतीय युवक को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस युवक की पहचान को लेकर मीडिया रिपोर्टों में विरोधाभास है।
- आनंदबाजार पत्रिका ने गिरफ्तार भारतीय युवक का नाम सौरभ दास बताया है।
- दूसरी ओर, अन्य मीडिया रिपोर्टों में सौरभ दास को बांग्लादेशी परिवार के मुखिया अब्दुल रशीद फकीर का फर्जी भारतीय नाम बताया गया है।
- ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि सौरभ दास नाम का कोई अलग भारतीय युवक भी गिरफ्तार हुआ है या यह नाम परिवार के मुखिया की फर्जी पहचान से ही जुड़ा है।
बुलडोजर कार्रवाई के दिन एक और बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
त्रिमोहिनी में बांग्लादेशी परिवार के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई के कुछ घंटे बाद हिली पुलिस ने अवैध घुसपैठ से जुड़े एक अन्य मामले में बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह महिला भी करीब चार वर्षों से भारतीय सीमा के भीतर अवैध रूप से रह रही थी।
- गिरफ्तार महिला की पहचान 24 वर्षीय सेलिना खातून के रूप में हुई है।
- वह मूल रूप से बांग्लादेश के रंगपुर जिले के बदरगंज थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव की रहने वाली है।
- पुलिस ने उसे हिली ब्लॉक की धलपाड़ा ग्राम पंचायत के चांपाहाट हरिबासर इलाके से गिरफ्तार किया।
- पूछताछ में सेलिना ने स्वीकार किया कि वह करीब चार वर्षों से इस इलाके में रह रही थी।
- पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे भी होल्डिंग सेंटर भेज दिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से गंभीर सवाल
भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील इलाके में एक विदेशी परिवार का करीब सात सालों तक अपनी वास्तविक धार्मिक और राष्ट्रीय पहचान छिपाकर भारतीय नागरिकों के रूप में रहना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मामला है। फर्जी पहचान के आधार पर अहम भारतीय दस्तावेज हासिल करना, सरकारी जमीन पर मकान बनाना और स्थानीय स्तर पर कारोबार स्थापित कर लेना सीमा सुरक्षा, प्रशासनिक निगरानी और दस्तावेज सत्यापन व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कड़े पहरे वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार कर एक पूरा परिवार भारत में दाखिल कैसे हुआ? सीमा पार कराने से लेकर भारत में बसने और रोजगार स्थापित करने तक किन लोगों ने उसकी मदद की? आखिर किसकी मिलीभगत से इन विदेशी नागरिकों ने भारतीय पहचान संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज हासिल कर लिए?
सुरक्षा और जांच एजेंसियों के लिए अब यह पता लगाना बेहद जरूरी है कि क्या यह महज एक परिवार का मामला है या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो बांग्लादेशी घुसपैठियों को सीमा पार कराने से लेकर फर्जी भारतीय पहचान, दस्तावेज और बसने तक में मदद करता है। साथ ही, उन लोगों की भूमिका और जवाबदेही तय करना भी जरूरी है, जिनके स्तर पर दस्तावेजों के सत्यापन में चूक हुई या कथित तौर पर जानबूझकर अनदेखी की गई।








