‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री के दिल्ली में बदल गए सुर ? जानिए आतंकवाद और भारत से रिश्तों पर क्या बोले मुसादिक मलिक

By Defence Detective

Published On:

Date:

Pakistan’s climate change minister Musadik Masood Malik speaks to the media at the SCO Civilisational Dialogue Forum in New Delhi.

सिंधु जल विवाद पर भारत को ‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाले पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में मीडिया से बातचीत में मुसादिक मसूद मलिक के सुर एकदम बदले-बदले दिखे। उन्होंने क्षेत्रीय रिश्तों में सुधार की उम्मीद जताई। कहा, “मुझे लगता है कि हमारे सभी रिश्ते बेहतर होंगे।”

वह पुराने किले में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर (मई 2025) के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है।

मलिक ने इस फोरम को साझा इतिहास, संस्कृति और सभ्यता पर कई देशों के बीच बातचीत का “बेहतरीन अवसर” बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों को व्यापक नजरिया अपनाते हुए साझा एजेंडे पर मिलकर काम करना चाहिए।

मलिक इस भारत दौरे में आगरा का ताजमहल और दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह भी जाना चाहते थे। भारतीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों जगहों पर जाने की अनुमति नहीं मिली। सरकारी सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी मंत्री का वीजा SCO फोरम में हिस्सा लेने के लिए जारी किया गया है।

एससीओ का इनविटेशन पाकिस्तान में किसके लिए था, कैसे आए मलिक ?

दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक चल रहे इस फोरम में SCO देशों के रिप्रेजेंटेटिव साझा सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा कर रहे हैं। भारत ने मेजबान के तौर पर पाकिस्तान समेत सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा था। द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पाकिस्तान में इनविटेशन संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत मंत्री औरंगजेब खान खिची को भेजा गया था। लेकिन इस्लामाबाद ने अपने डेलिगेशन का नेतृत्व करने के लिए मलिक को चुना।

  • दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के कार्यवाहक उच्चायुक्त साद वराइच ने मलिक का स्वागत किया। पाकिस्तानी विश्लेषक खुर्रम अब्बास ने दावा किया कि वहां कोई भारतीय अधिकारी मौजूद नहीं था।
  • द टाइम्स ऑफ इंडिया ने ANI के हवाले से बताया कि प्रोटोकॉल के तहत केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के एक निदेशक और विदेश मंत्रालय के पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान प्रभाग के एक अवर सचिव भी मलिक के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
  • सूत्रों के मुताबिक, SCO के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों के स्वागत के लिए समान प्रोटोकॉल अपनाया गया।
  • फोरम के चार सत्रों में कला और स्थापत्य, भाषाओं और पांडुलिपियों, संगीत और खानपान, तथा दार्शनिक परंपराओं पर चर्चा तय है।

मलिक से पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए गोवा आए थे।

भारत से रिश्तों पर क्या बोले मुसादिक मलिक?

भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की उम्मीद है या नहीं? दिल्ली में पहले एससीओ सभ्यतागत डायलाग के दौरान पत्रकारों ने पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक से यही सवाल पूछा। मलिक ने जवाब दिया,

“मुझे लगता है कि हमारे सभी रिश्ते सुधरेंगे।” उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि क्षेत्र के देश राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को व्यापक नजरिए से देखेंगे और साझा प्राथमिकताओं पर आगे बढ़ेंगे।
Musadik Masood Malik, climate minister, Pakistan

मलिक ने एससीओ के इस मंच को साझा इतिहास और संस्कृति पर कई देशों के बीच बातचीत का बड़ा मौका बताया। उनका कहना था कि संस्कृतियां और सभ्यताएं किसी एक देश की सीमाओं में बंधी नहीं होतीं।

सीमा पार आतंकवाद पर क्या कहा ?

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएनएन-न्यूज18 ने मुसादिक मलिक से सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की चिंताओं पर दो बार सवाल पूछा। पहली बार जब उनसे भारत की चिंताओं के बारे में पूछा गया, तो मलिक ने सीधा जवाब देने के बजाय क्षेत्रीय और वैश्विक बदलावों का जिक्र किया।
जब दूसरी बार उनसे सीमा पार आतंकवाद से जुड़े भारत के सरोकारों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने आगे की बातचीत का हवाला देते हुए कहा, “कल, एक बार जब मैं अपना बयान दे दूंगा, तो हमारी बहुत सारी बातचीत होगी।” कल’ से उनका इशारा शनिवार, 21 नवंबर को फोरम में होने वाले संबोधन की ओर था।

भारत आने से पहले पाकिस्तानी मीडिया ने उनसे पूछा था कि क्या वे दिल्ली में सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने दौरे को बहुपक्षीय बताया और कहा कि एजेंडा तय होने पर इस सवाल का जवाब देंगे।

कौन हैं मुसादिक मसूद मलिक और ‘हाथ काटने’ की धमकी कब दी थी?

मलिक पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के नेता और पाकिस्तान की सीनेट के सदस्य हैं। पंजाब से टेक्नोक्रेट सीट पर उनका मौजूदा कार्यकाल मार्च 2030 तक है। वह पहले पेट्रोलियम मंत्रालय संभाल चुके हैं और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के प्रवक्ता भी रहे हैं। शहबाज शरीफ की सरकार में उन्होंने 10 मार्च 2025 को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्रालय का कामकाज संभाला।

  • 29 जून 2026 को इस्लामाबाद में सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मलिक ने भारत पर पाकिस्तान के हिस्से के पानी को नियंत्रित करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने धमकी दी कि जो भी पाकिस्तान के हिस्से के पानी पर हाथ डालेगा, पाकिस्तान उसका हाथ काट देगा।
  • पाकिस्तान का पक्ष उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में तरार ने रखा। उनका कहना था कि 1960 की सिंधु जल संधि अब भी लागू है और इसे एकतरफा रद्द या बदला नहीं जा सकता।

भारत ने 23 अप्रैल 2025 को संधि स्थगित रखने का फैसला किया था। उससे एक दिन पहले पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। नई दिल्ली ने कहा था कि संधि तब तक स्थगित रहेगी, जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को समर्थन विश्वसनीय और स्थायी रूप से बंद नहीं करता।

Leave a Comment

Related News