बांग्लादेश की हिरासत में कैसे पहुंचा BSF जवान ? उसी शाम लौटा भारत

By Defence Detective

Published On:

Date:

BSF jawan with Indian and Bangladeshi border officials during his handover after a flag meeting.

भारत और बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 17 नवंबर, 2026 को एक बेहद संवेदनशील घटनाक्रम देखने को मिला, जब सीमा सुरक्षा बल (BSF) का एक सशस्त्र जवान अनजाने में बांग्लादेशी सीमा के भीतर दाखिल हो गया। इस घटना के बाद बांग्लादेश के सीमा रक्षक बल ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश’ (BGB) ने  BSF जवान को हिरासत में ले लिया। समाचार एजेंसी यूएनआई से एक BSF अधिकारी ने कहा कि जवान तस्करों का पीछा करते हुए सीमा पार कर गया था।

जवान की वापसी के लिए दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के वरिष्ठ कमांडरों के बीच त्वरित संवाद और शाम को एक फ्लैग मीटिंग (Flag Meeting) हुई। इसके बाद  BGB ने जवान को सकुशल BSF के हवाले कर दिया। वापसी के बाद जवान को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।

BGB द्वारा बीएसएफ जवान को हिरासत में लिए जाने के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर वायरल हैं। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, एक वीडियो में स्थानीय लोगों की मौजूदगी के बीच BGB के दो कर्मी जवान को एक स्थानीय निवासी की मोटरसाइकिल पर ले जाते दिखे। BSF अधिकारियों ने इन वीडियो का संज्ञान लिया और घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा घटनाक्रम ?

अधिकारियों के मुताबिक यह घटना 17 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे मेघालय से लगी भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हुई। सीमा के जिस हिस्से से BSF का जवान बांग्लादेश की ओर गया, वहां बाड़ नहीं लगी है।

पीटीआइ के मुताबिक इसमें भारतीय तरफ का जिला वेस्ट जयंतिया हिल्स और उसका इलाका जोवाई बताया गया है ,वहीं यूएनआई के मुताबिक, यह इलाका भारतीय तरफ मेघालय के हाट थिम्माई (नया बाजार) सेक्टर के ठीक सामने है।

जबकि बांग्लादेश की ओर, जहां जवान को पकड़ गया, वह सिलहट जिले के गोवाइनघाट उपजिला के बिछनाकांदी इलाका बताया गया है।

  • बीएसएफ जवान तस्करों का पीछा कर रहा था। इसी दौरान उसने अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गया।
  • इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट की रिपोर्ट में जवान के बांग्लादेशी क्षेत्र में करीब 200 गज यानी लगभग 183 मीटर अंदर जाने की बात कही गई है।
  • हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा पार करने के बाद जवान को स्थानीय लोगों ने पकड़ा और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हवाले कर दिया।
  • भारतीय अधिकारियों के अनुसार, सीमा के इस हिस्से में दोनों तरफ से पर्यटक आते हैं।

बीएसएफ जवान को किसने पकड़ा ?

बिछनाकांडी के सीमावर्ती इलाके में भारतीय जवान के पहुंचने पर वहां मौजूद स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने जवान को पकड़ लिया और बाद में उसे बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हवाले कर दिया।

  • इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट ने BGB अधिकारियों के हवाले से लिखा कि उसकी गश्ती टीम ने जवान को देखा और हिरासत में लिया।
  • इन रिपोर्टों में जवान को पहली बार किसने रोका, इसका क्रम अलग है। हिरासत लेने वाली टीम BGB की 48वीं बटालियन की थी।
  • जवान को हिरासत में लेने के बाद BGB कर्मी उसे एक स्थानीय ग्रामीण की मोटरसाइकिल पर बैठाकर बिछनाकांदी बॉर्डर आउटपोस्ट ले गए। उस समय मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा थे

घटना से जुड़े वायरल वीडियो में क्या दिखा ?

वीडियो में दो BGB कर्मी और कुछ स्थानीय लोग जवान को पकड़े और घेरे हुए दिखते हैं। इसके बाद बीजीबी कर्मी, जवान को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाते हुए नजर आते हैं।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस  ने वीडियो के आधार पर लिखा कि भीड़ में कुछ लोग जवान को गालियां दे रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, जवान को अपने वॉकी-टॉकी पर “QRT भेजो” कहते भी सुना गया। QRT का मतलब क्विक रिस्पॉन्स टीम है।

  • हिंदुस्तान टाइम्स ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से लिखा कि स्थानीय लोगों ने जवान से धक्का-मुक्की की और उसे आने नहीं दिया।
  • हालांकि अखबार ने बताया कि वह वायरल वीडियो की प्रामाणिकता स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं कर सका है।

BSF जवान की पहचान, रैंक और हथियार के बारे में क्या पता चला ?

BSF जवान का नाम भारतीय मीडिया की इन रिपोर्टों में सामने नहीं आया है। लेकिन रैंक के संबंध में समाचार एजेंसी PTI ने उसे कॉन्स्टेबल रैंक का जवान बताया, जबकि हिंदुस्तान टाइम्स ने हेड कॉन्स्टेबल लिखा। इंडिया टुडे नॉर्थ ईस्ट की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, उस वक्त जवान की पहचान और रैंक आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं की गई थी।

  • PTI के मुताबिक, घटना के वीडियो में जवान के पास एक INSAS राइफल, एक पंप-एक्शन गन और एक वॉकी-टॉकी दिखाई दिए।
  • फ्लैग मीटिंग के बाद जवान और उसकी सर्विस राइफल दोनों BSF को सौंपे गए।

वायरल वीडियो पर फूटा आक्रोश

बिछनाकांडी की घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो BSF जवान के साथ हुए बर्ताव पर लोगों ने नाराजगी जताई। सोशल मीडिया यूजर्स ने BGB को याद दिलाया 1971। कहा कि जिस BSF के जवान के साथ आज ऐसा बर्ताव हुआ, उसी बल ने बांग्लादेश की मुक्ति की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी

  • वहीं कुछ अन्य यूजर्स ने जवान साथ हुए बर्ताव को अस्वीकार्य बताया और नई दिल्ली से इस मामले को ढाका के सामने सख्ती से उठाने की मांग की।
  • उनकी प्रतिक्रिया थी कि बांग्लादेश भारत के संयम को कमजोरी समझने की भूल न करे। भारत को स्पष्ट संदेश देना चाहिए कि ऐसी घटना दोबारा हुई तो उसके परिणाम होंगे।

क्या है भारत-बांग्लादेश सीमा की चुनौतियां और फ्लैग मीटिंग का प्रोटोकॉल ?

भारत और बांग्लादेश के बीच लगभग 4,096.7 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है, जिसकी निगरानी भारतीय साइड से सीमा सुरक्षा बल (BSF) करता है। यह सीमा पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा और मिजोरम से लगती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फरवरी 2025 में लोकसभा को बताया था कि करीब 79 फीसदी सीमा पर बाड़ लग चुकी थी।

  • मेघालय में कितनी सीमा पर बाड़ नहीं है? हिंदुस्तान टाइम्स की 17 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, मेघालय की बांग्लादेश से करीब 443 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है और इसमें करीब 40 किलोमीटर पर बाड़ नहीं है।
  • बाड़ लगाने में कहां दिक्कत आती है? फरवरी 2025 के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पूरी भारत-बांग्लादेश सीमा पर करीब 864.5 किलोमीटर में बाड़ लगनी बाकी थी। इसमें करीब 174.5 किलोमीटर ऐसा हिस्सा था जहां बाड़ लगाना व्यवहार्य नहीं माना गया। गृह मंत्रालय ने भूमि अधिग्रहण, BGB की आपत्तियों, काम के लिए सीमित मौसम, भूस्खलन और दलदली जमीन को बाड़ लगाने में आने वाली चुनौतियों में गिनाया।
  • बिना बाड़ वाले इलाकों की निगरानी कैसे होती है? गृह मंत्रालय के मुताबिक, BSF सीमा पर गश्त और निगरानी चौकियों के साथ कैमरे, थर्मल इमेजर और नाइट विजन उपकरण इस्तेमाल करती है। नदी वाले हिस्सों में निगरानी के लिए नावें और तैरती सीमा चौकियां भी तैनात की जाती हैं।
  • दोनों सीमा बलों के बीच बातचीत का क्या ढांचा है? गृह मंत्रालय के अनुसार, BSF और BGB 1975 के संयुक्त भारत-बांग्लादेश दिशानिर्देशों के तहत अलग-अलग स्तरों पर संपर्क करते हैं।
  • 2011 के समन्वित सीमा प्रबंधन प्लान (CBMP) में दोनों बलों के नोडल अधिकारियों की बैठकों का भी ढांचा है। फ्लैग मीटिंग सीमा पर हुई किसी घटना को लेकर स्थानीय कमांडरों की सीधी बातचीत का जरिया है।

Leave a Comment

Related News