राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा पार संगठित अपराध के खिलाफ एक अहम कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने म्यांमार से भारत में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने असम के कछार जिले के सिलचर शहर से आरोपी नूरुल इस्लाम को दबोचा। यह कार्रवाई मिजोरम में पिछले साल मई में पकड़ी गई मेथम्फेटामाइन की बड़ी खेप की जांच में हुई है।
एनआइए ने 16 नवंबर 2026 को बताया कि नूरुल इस्लाम को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान एजेंसी ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किए। इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है, जिनमें दो मिजोरम, दो त्रिपुरा और एक असम से है। एजेंसी अब इस साजिश में शामिल अन्य लोगों और व्यापक तस्करी नेटवर्क का पता लगा रही है।
मामले की जांच ड्रग्स की खरीद और सप्लाई के साथ उससे जुड़ी संदिग्ध टेरर फंडिंग तक हो रही है। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि मादक पदार्थों के कारोबार का पैसा क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी और आतंकी संगठनों तक तो नहीं पहुंच रहा था। इसी संदेह के चलते मामले में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी UAPA की धाराएं भी लगाई गई हैं।
क्या है मई 2025 का मिजोरम का ड्रग्स जब्ती का मूल मामला ?
इस पूरे मामले की जड़ें 4 मई 2025 की रात करीब 10:30 बजे मिजोरम के सीमावर्ती जिले चम्फाई में हुई एक बड़ी पुलिस कार्रवाई से जुड़ी हैं। डुंगतलांग पुलिस स्टेशन (Dungtlang Police Station) की टीम ने थिंगरांगकॉन और वनजाउ के बीच बुंगजुंग गांव की ओर जा रहे एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली। उससे 236.33 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन टैबलेट्स बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 30.72 करोड़ रुपये बताई गई थी।
- इस संबंध में डुंगतलांग थाने में मूल प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
- ड्रग्स की खेप आठ नायलॉन की बोरियों में रखे 199 बंडलों में छिपाई गई थी।
- पुलिस ने मौके से ₹2,89,500 नकद और तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया।
- गाड़ी से खेप मिलने पर चम्फाई के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद कोलासिब जिले में खेप लेने का इंतजार कर रहे तीन अन्य लोगों को पकड़ा गया।
नुरुल इस्लाम पर असल आरोप क्या है ?
अब एनआइए ने नूरुल इस्लाम को मिजोरम की पिछले साल मई की इसी पकड़ी गई खेप की सीमापार तस्करी का मास्टरमाइंड बताते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने म्यांमार से भारत के दूसरे हिस्सों तक ड्रग्स पहुंचाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क में अहम भूमिका निभाई।
एजेंसी ने उसे इस सीमापार गतिविधि के पीछे का मास्टरमाइंड बताया है। आरोप का केंद्र तस्करी नेटवर्क का संचालन है। जांच में विदेशी सप्लाई और भारत के भीतर अंतरराज्यीय आवाजाही, दोनों शामिल हैं।
- एजेंसी का कहना है कि मादक पदार्थों को आगे पहुंचाने के लिए अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का इस्तेमाल हुआ।
- इससे मामले में सीमा पार से खेप आने और अलग-अलग राज्यों के संपर्कों के जरिए उसकी सप्लाई का आरोप जुड़ता है।
- जारी गिरफ्तारी विवरण में सभी विदेशी सहयोगियों, भारतीय ठिकानों और अंतिम खरीदारों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
NIA को क्यों मिली थी जांच ?
इस मामले की शुरुआती जांच मिजोरम पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के आधार पर शुरू की थी। बाद में इसका अंतरराष्ट्रीय (सीमा पार संबंध) और अंतरराज्यीय संबंधों के साथ संदिग्ध आतंकी फंडिंग का पहलू सामने आया और फिर इसकी जांच की जिम्मेदारी NIA को सौंपी गई।
जिसकी आधिकारिक FIR में संदेह जताया गया है कि म्यांमार से आने वाली मेथम्फेटामाइन का इस्तेमाल क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी और आतंकी संगठनों की फंडिंग के लिए किया जा रहा है। इस तरह जांच का दायरा ड्रग्स की बरामदगी से आगे बढ़कर उससे जुड़े नेटवर्क और धन के इस्तेमाल तक पहुंच गया।
- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 जनवरी 2026 को NIA को आगे की कार्रवाई का आदेश दिया।
- एजेंसी ने 13 जनवरी 2026 को RC-02/2026/NIA/DLI के तहत मामला दर्ज किया।
- इसमें NDPS कानून की धाराएं 22(c), 25 और 29 के साथ आतंकी कृत्यों के लिए धन जुटाने से संबंधित UAPA की धारा 17 भी शामिल है।
आगे जांच किस दिशा में बढ़ रही है?
NIA अब इस साजिश में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का विस्तार पता लगा रही है। जांच का अगला महत्वपूर्ण हिस्सा पकड़ी गई खेप से जुड़े संपर्कों की पहचान है। इसके साथ संदिग्ध आतंकी फंडिंग की पड़ताल जारी है। नुरुल इस्लाम की गिरफ्तारी के बाद एजेंसी की कार्रवाई नेटवर्क की बाकी कड़ियों पर केंद्रित है।
- जांच में तस्करी की साजिश में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका निर्धारित की जाएगी।
- सीमापार सप्लाई और भारत में खेप आगे पहुंचाने वाले संपर्कों के बीच संबंध खंगाले जा रहे हैं।
- किसने ड्रग्स भेजीं, किसे मिलनी थीं और उससे जुड़े पैसे कहां जाने थे—इन कड़ियों का खुलासा पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट करेगा।
क्या है मेथम्फेटामाइन ?
जब्त किया गया मादक पदार्थ मेथम्फेटामाइन एक शक्तिशाली सिंथेटिक उत्तेजक (Synthetic Stimulant) है, जिसके सेवन से लत और गंभीर शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों का खतरा रहता है। भारत के नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के मुताबिक-
- इसे नियंत्रित मनःप्रभावी पदार्थ (Psychotropic Substance) के रूप में अधिसूचित किया गया है।
- इसके अवैध निर्माण, कब्जे, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर कठोर दंड का प्रावधान है।
वहीं मेथम्फेटामाइन और कैफीन के मिश्रण से बनी गोलियों को आमतौर पर ‘याबा’ कहा जाता है। हालांकि, चल रहे मामले में जब्त गोलियों को मेथम्फेटामाइन टैबलेट्स बताया गया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती: म्यांमार सीमा और ‘गोल्डन ट्रायंगल’
पूर्वोत्तर में ड्रग तस्करी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चुनौती है, खासकर जब उसकी कमाई से उग्रवादी और आतंकी संगठनों की फंडिंग का संदेह हो। मिजोरम की म्यांमार से 510 किलोमीटर और मणिपुर की 398 किलोमीटर सीमा लगती है—कुल 908 किलोमीटर। दुर्गम पहाड़ियां और जंगल सीमावर्ती इलाकों में निगरानी कठिन बनाते हैं।
इस क्षेत्र के नजदीक स्थित ‘गोल्डन ट्रायंगल’ म्यांमार, लाओस और थाईलैंड के सीमावर्ती हिस्सों को कहा जाता है, जो अवैध अफीम और सिंथेटिक ड्रग्स के उत्पादन का बड़ा केंद्र है।
UNODC (United Nations Office on Drugs and Crime) के अनुसार, इस क्षेत्र से जुड़ी मेथम्फेटामाइन की खेप पूर्वोत्तर भारत में भी पकड़ी जाती रही हैं। मौजूदा मामले में म्यांमार से सप्लाई और अलग-अलग भारतीय राज्यों के आरोपियों की संलिप्तता इसी सीमापार चुनौती को सामने लाती है।








