जम्मू-कश्मीर की वादियों में शांति भंग करने की नापाक कोशिशें एक बार फिर तेज हो गई हैं। दक्षिण कश्मीर के संवेदनशील माने जाने वाले कुलगाम जिले में 11 नवंबर 2026 को दोपहर बाद करीब 2:15 बजे आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए एक कायराना हमला किया। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए हैं।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी धरपकड़ के लिए पूरे इलाके में सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) छेड़ दिया है।
दोनों घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अनंतनाग जिले के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं हमलावरों की पहचान और उनके संगठन को लेकर पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
कौन हैं घायल जवान?
हमले में घायल तीनों जवान CRPF की 46वीं बटालियन के हैं। उनकी पहचान हेड कॉन्स्टेबल सोमवीर सिंह (मध्य प्रदेश), कॉन्स्टेबल संतोष चंद्रू (पश्चिम बंगाल) और कॉन्स्टेबल राकेश दास (असम) के रूप में हुई है।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक एक जवान के पैर, दूसरे के हाथ और तीसरे की पीठ में गोली लगी है। फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत आधिकारिक मेडिकल अपडेट का इंतजार है।
जवानों पर कैसे हुआ हमला ?
CRPF की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवान कुलगाम जिले में मीर बाजार के पास अखरान इलाके में सुरक्षा जांच के लिए लगाए गए नाके पर तैनात थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
- इसमें शुरुआती रिपोर्टों में दो जवानों के घायल होने की बात आई है। बाद की मीडिया रिपोर्ट में घायलों की संख्या तीन बताई गई है।
- नाका सड़क पर सुरक्षा जांच के लिए बनाया जाने वाला चेकपॉइंट होता है। यहां तैनात जवान वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच करते हैं।
हमलावरों के खिलाफ अभी तक क्या कार्रवाई ?
गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। फरार हमलावरों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अभी तक किसी हमलावर की गिरफ्तारी या उसके मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
हमले के पीछे किस आतंकी संगठन या नेटवर्क का हाथ है, इसे लेकर भी पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। जांच और सुरक्षाबलों के अगले आधिकारिक बयान से घटना की तस्वीर और स्पष्ट होगी।
फिलहाल सुरक्षाबलों का अभियान फरार हमलावरों की तलाश पर केंद्रित है। उनकी पहचान और घायल जवानों की स्थिति को लेकर अगला आधिकारिक अपडेट अहम होगा।
जम्मू-कश्मीर में हाल की आतंकी घटनाएं और सुरक्षाबलों की कार्रवाईयां
कुलगाम में CRPF जवानों पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क, उनके मददगारों और फंडिंग से जुड़े मामलों में कार्रवाई जारी है। पिछले कुछ हफ्तों में सुरक्षाबलों ने हथियार बरामद किए हैं और कई संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश के दौरान भी गोलीबारी हुई थी। हाल के प्रमुख घटनाक्रम इस प्रकार हैं:
- 8 नवंबर, कुलगाम: पुलिस, सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की संयुक्त टीम ने दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से एक पिस्तौल, एक मैगजीन, दो कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।
- 6 नवंबर, बांदीपोरा: जेल से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जांच में दो और आरोपी गिरफ्तार किए गए। इसके साथ मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या आठ हो गई। पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क पर अलगाववादी प्रचार और महिलाओं को उससे जोड़ने के प्रयासों का आरोप है। इससे पहले 24 अक्टूबर को चार महिलाओं समेत छह लोग गिरफ्तार किए गए थे
- 30 अक्टूबर, शोपियां: पुलिस ने टेरर फंडिंग नेटवर्क का खुलासा करते हुए दस संदिग्ध आतंकी सहयोगियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जांच में अलग-अलग जेलों में बंद आतंकियों और उनके सहयोगियों से जुड़े वित्तीय संपर्क सामने आए।
- 17 अक्टूबर, कुपवाड़ा: केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधि दिखने पर जवानों ने घुसपैठियों को चुनौती दी, जिसके बाद गोलीबारी हुई। बाद की समाचार रिपोर्टों में दो घुसपैठियों के मारे जाने की जानकारी दी गई।
- सितंबर के अंत में, बडगाम: संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर मूसा उर्फ आसिफ फौजी मारा गया। गृह मंत्रालय ने 30 सितंबर को बताया कि यह कार्रवाई मई 2026 से जारी ‘ऑपरेशन शेरुवाली’ का हिस्सा थी।








