कौन था यूपी CRPF कैंप अटैक का आरोपी मोहम्मद शरीफ ? फांसी की सजा पलटी, जेल से छूटा और गोलियों से भूना गया  

By Defence Detective

Published On:

Date:

Collage of Mohammad Sharif and seven CRPF personnel killed in the January 2008 Rampur camp terror attack.

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में 10 नवंबर, 2026 की शाम एक बेहद सनसनीखेज वारदात हुई। अज्ञात हमलावरों ने साल 2007-08 के रामपुर सीआरपीएफ (CRPF) ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के प्रमुख आरोपी मोहम्मद शरीफ उर्फ सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी।

करीब एक साल पहले जेल से बाहर आए शरीफ पर पर खजुरिया थाना क्षेत्र में हमला हुआ। इस वारदात ने सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस के मुताबिक वह बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और गोलियों से भूनकर फरार हो गए। हालांकि उसका बेटा सुरक्षित बच गया।

हत्याकांड का एक अहम पहलू घटनास्थल और उससे पहले का घटनाक्रम भी है। रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मोहम्मद शरीफ को मंगलवार शाम करीब चार बजे सत्यापन के लिए थाने बुलाया गया था। वह शाम छह बजे के बाद थाने से निकला। इसके कुछ देर बाद ही, थाने से लगभग 200 मीटर दूर उसे गोली मार दी गई।

ऐसे में हत्या से पहले की उसकी आवाजाही और हमलावरों के आने-जाने का रास्ता जांच के अहम हिस्से हैं। हमलावर कौन थे और उन्हें शरीफ की आवाजाही की जानकारी कैसे मिली—इस तरह के सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

क्या है CRPF कैंप अटैक मामला ?

रामपुर जिले में 31 दिसंबर 2007 और एक जनवरी 2008 की दरमियानी रात करीब 2:25 बजे CRPF Group Centre पर आतंकी हमला हुआ था। नए साल की शुरुआत के कुछ ही घंटे बाद हुए इस हमले में CRPF के सात जवान शहीद हो गए थे।

  • हवलदार ऋषिकेश राय: गांव चंडी, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
  • हवलदार रामजी सरन मिश्रा: रिछरा फाटक रोड, दतिया, मध्य प्रदेश।
  • हवलदार अफजल अहमद: मेन मार्केट, जामा मस्जिद के पास, हरिद्वार, उत्तराखंड।
  • कांस्टेबल मनवीर सिंह: गांव धनौरा टिक्री, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश।
  • कांस्टेबल विकास कुमार: बहादुरपुर, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड।
  • कांस्टेबल देवेंद्र कुमार: गांव कटइया, जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड।
  • कांस्टेबल आनंद कुमार: गांव देहरा, जिला अमरोहा—तत्कालीन ज्योतिबा फुले नगर, उत्तर प्रदेश।

हमले में एक रिक्शा चालक की भी जान गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। पुलिस ने हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की साजिश बताई थी।

कौन है मोहम्मद शरीफ ?

हमले की जांच के दौरान दो पाकिस्तानी नागरिकों सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसी में मोहम्मद शरीफ को भी नाम सामने आया, जो रामपुर जिले के खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव का रहने वाला था। करीब 52 साल के शरीफ के नाम के साथ अदालती रिकॉर्ड में साजिद, अनवर और अली जैसे उपनाम भी दर्ज हैं।

रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हुए इस आतंकी हमले में पुख्ता तौर पर संलिप्तता सामने आने के बाद मोहम्मद शरीफ उर्फ सुहैल को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने मामले को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया और आरोपियों से हथियार, कारतूस तथा ग्रेनेड बरामद करने का दावा किया।

इस मामले में शरीफ के अलावा सबाउद्दीन, जंग बहादुर खान और दो पाकिस्तानी नागरिकों—इमरान शहजाद तथा मोहम्मद फारूक—सहित अन्य लोगों पर भी मुकदमा चला।

2019 में ट्रायल कोर्ट से मोहम्मद शरीफ को क्या सजा मिली ?

नवंबर 2019 में रामपुर की ट्रायल कोर्ट ने दो भारतीयों—मोहम्मद शरीफ और सबाउद्दीन—तथा दो पाकिस्तानी नागरिकों—इमरान शहजाद और मोहम्मद फारूक—को फांसी की सजा सुनाई थी। एक अन्य भारतीय जंग बहादुर खान को उम्रकैद मिली थी।

  • मोहम्मद शरीफ — भारतीय: बदनपुरी, रामपुर, उत्तर प्रदेश।
  • सबाउद्दीन — भारतीय: गंधवार गांव, मधुबनी, बिहार।
  • जंग बहादुर खान — भारतीय: मिलक कामरू, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश।
  • इमरान शहजाद — पाकिस्तानी: समानी, भिंबर जिला, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK)।
  • मोहम्मद फारूक — पाकिस्तानी: गुजरांवाला, पंजाब, पाकिस्तान।

वहीं, गुलाब खान और मोहम्मद कौसर को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर बरी कर दिया गया था। सजा पाए आरोपियों ने ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ इलाहाबाद हाई कोर्ट में अपील की।

2025 में हाई कोर्ट ने क्यों पलटा फैसला ?

मामले में 29 अक्टूबर 2025 को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मोहम्मद शरीफ समेत पांचों को हत्या और आतंकी कृत्य सहित प्रमुख आरोपों से बरी कर दिया। इसके साथ चार को मिली फांसी और एक को मिली उम्रकैद की सजा रद्द हो गई। हाई कोर्ट ने जांच और साक्ष्यों में गंभीर कमियों के आधार पर यह निर्णय सुनाया था।

  • हालांकि, पांचों को प्रतिबंधित हथियार रखने के अपराध में आर्म्स एक्ट के तहत दस वर्ष का कठोर कारावास और एक-एक लाख रुपये जुर्माने की सजा दी गई थी।
  • क्योंकि शरीफ पहले ही 17 वर्ष से अधिक समय जेल में बिता चुका था, इसलिए नवंबर 2025 में बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हो गया।
  • इसके बाद वह गांव में परिवार के साथ रहकर खेती कर रहा था। 10 नवंबर 2026 की शाम अज्ञात हमलावरों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

फांसी वाले मामले में यूपी सरकार ने क्या कदम उठाया था?

यूपी सरकार ने चार आरोपियों की फांसी और एक की उम्रकैद रद्द करने तथा उन्हें प्रमुख आरोपों से बरी करने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। 11 फरवरी 2026 को जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने राज्य सरकार की याचिका पर पांचों आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।

पीठ ने मामले को चार सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया था। इसका अर्थ हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ राज्य सरकार की चुनौती पर सुनवाई आगे बढ़ना था।

मामले में आजम खान का नाम क्यों आया?

मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद रामपुर के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना के बयान से पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान का नाम चर्चा में आया। सक्सेना ने पीटीआई से बातचीत में आरोप लगाया कि आजम खान ने शरीफ के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने और उसे रिहा करने की मांग करते हुए पत्र लिखा था।  

इसी आधार पर उन्होंने आजम खान पर आतंकवादियों का समर्थन करने का आरोप लगाया। हालांकि, यह बयान पुराने मुकदमे में आजम खान के कथित हस्तक्षेप को लेकर है

शरीफ हत्याकांड का अहम सवाल ?

फिलहाल, शरीफ हत्याकांड का अहम सवाल है कि उसे किसने और क्यों मारा ? मामले में हमलावरों की पहचान और हत्या का कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि शरीफ को हाल में कोई धमकी मिली थी या उसका किसी से विवाद चल रहा था। फिलहाल हत्या को किसी संगठन, पुरानी रंजिश या बदले की कार्रवाई से जोड़ने वाला पुलिस निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Comment

Related News