हिंसा की आग में झुलसा बांग्लादेश, राजधानी ढाका में 50 से अधिक बम धमाके, क्या लौट पाएंगी शेख हसीना ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

A bus engulfed in flames amid arson attacks during the Bangladesh shutdown.

पड़ोसी देश बांग्लादेश एक बार फिर गंभीर आंतरिक सुरक्षा संकट और राजनीतिक हिंसा की चपेट में आ गया है। देश के विभिन्न हिस्सों में आगजनी के हमलों और राजधानी ढाका में एक के बाद एक हुए सिलसिलेवार क्रूड बम (देसी बम) विस्फोटों ने सुरक्षा व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इस हिंसक लहर में फरीदपुर में बस के भीतर सो रहे एक चालक की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मालीबाग क्षेत्र में बम हमले में एक किशोर घायल हो गया है।

हिंसा का यह दौर पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग के प्रतिबंधित छात्र संगठन बांग्लादेश छात्र लीग की ओर से बुलाए गए देशव्यापी बंद के आसपास सामने आया है। संगठन ने 10 नवंबर को राजनीतिक प्रतिबंध हटाने समेत कई मांगों पर हड़ताल का आह्वान किया था। पुलिस कुछ हमलों में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं की संलिप्तता का आरोप लगा रही है।

बिगड़ती कानून-व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति के बीच हालात संभालने के लिए ढाका में अतिरिक्त चेकपोस्ट और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दूसरी ओर, ढाका, गाजीपुर और नारायणगंज के औद्योगिक क्षेत्रों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश यानी BGB की 36 प्लाटून लगाई गई हैं।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ गश्त बढ़ाते हुए ड्रोन, बॉडी-वर्न कैमरों और निगरानी प्रणालियों के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। BGB मुख्यालय का निगरानी केंद्र लाइव फुटेज देखकर मैदानी कार्रवाई का समन्वय कर रहा है।

इन इलाकों में मजदूर आंदोलन भी जारी है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था की चुनौती और बढ़ा दी है।

क्यों बुलाया था देशव्यापी बंद ?

बांग्लादेश छात्र लीग संगठन ने 10 नवंबर को आम हड़ताल का आह्वान किया। इसकी प्रमुख मांगों में शेख हसीना के खिलाफ इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल का फैसला रद्द करना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई और अवामी लीग तथा छात्र लीग पर प्रतिबंध हटाना शामिल है। इसके अलावा और मांगें-

  • निष्कासित छात्रों की पढ़ाई, परीक्षा और छात्रावास के अधिकार बहाल करना।
  • बिजली, ईंधन, गैस और जरूरी सामान की कीमतें घटाना।
  • गारमेंट मजदूरों का न्यूनतम मासिक वेतन 30,000 बांग्लादेशी टका करना।
  • सरकारी नौकरियों में राजनीतिक उत्पीड़न रोकना।
  • शिक्षा पर GDP का छह प्रतिशत खर्च करना।
  • स्कूल-कॉलेज, दुकानें, कारखाने, कार्यालय, बैंक, अदालतें और सार्वजनिक परिवहन बंद रखने का आह्वान।
  • एंबुलेंस, अग्निशमन और मीडिया को बंद से छूट।

ताजी हिंसा का सबसे अधिक शिकार कौन सा शहर ?  

ताजी हिंसा का सबसे व्यापक असर ढाका में दिखा है। यहां पिछले कुछ दिनों से अब  तक 50 से अधिक देसी बम धमाके और आठ बसों में आगजनी की घटनाएँ हुई हैं। फरीदपुर के गोलचामट न्यू बस स्टैंड के पास उपद्रवियों ने खड़ी यात्री बस को आग के हवाले कर दिया। अंदर सो रहे 60 वर्षीय चालक मोहम्मद कालाचांद शेख की मौत हो गई।

  • मालीबाग चौधरीपाड़ा इलाके में मंगलवार तड़के करीब दो बजे देसी बम फेंके जाने से 17 वर्षीय आदोर घायल हो गया।
  • इसके अलावा पुलिस प्रतिष्ठानों जैसे पल्लबी थाने और मालीबाग स्थित CID मुख्यालय पर भी देसी बम फेंके गए।
  • ढाका विश्वविद्यालय के TSC, नीलखेत और सीनेट भवन के गेट समेत कई स्थानों पर धमाके हुए।
  • फार्मगेट मेट्रो स्टेशन के नीचे बस में आग लगाई गई।
  • अदालत परिसर के बाहर भी विस्फोट हुआ। इन घटनाओं में बम हमले और वाहनों में आगजनी अलग-अलग स्थानों पर हुई।

देश में और किन जगहों पर हुई हिंसा ?

ढाका के अलावा देश के अन्य भागों में भी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें गाजीपुर,चट्टोग्राम से लेकर नाओगांव और बोगुरा तक शामिल हैं।

  • गाजीपुर: चंद्रा इलाके में यात्री बस और सड़क किनारे खड़े मालवाहक वाहन को आग के हवाले किया गया। मालवाहक वाहन में लगी आग बुझाने के लिए दमकल की दो इकाइयां पहुंचीं, लेकिन उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
  • सावर और धामराई: अलग-अलग स्थानों पर खड़ी बसों में आग लगाई गई। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। धामराई के आइंगन और सावर के नामागेंडा इलाके में दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
  • झेनाइदह: शैलकूपा उपजिला में इस्लामिक यूनिवर्सिटी के करीब 35 छात्रों को ले जा रही डबल डेकर बस पर पेट्रोल बम फेंका गया। कोई हताहत नहीं हुआ। ‘दिगंत’ नाम की बस विश्वविद्यालय परिसर लौट रही थी, जब ड्रैगन बागान इलाके में हमला हुआ।
  • चट्टोग्राम: सिटी गेट–मंसूराबाद इलाके में गैराज में मरम्मत के लिए खड़ी बस में आग लगाई गई। शहर के अन्य स्थानों पर पेट्रोल बम और देसी बम फेंके जाने की खबरें भी आईं। पुलिस ने प्रमुख सड़कों पर अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के साथ चेकिंग और गश्त बढ़ा दी।
  • बोगुरा: शेरपुर उपजिला में ढाका-बोगुरा हाईवे पर जूट की बोरियां ले जा रहे वाहन में आग लगा दी गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन वाहन जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
  • नाओगांव: गाबतली चौराहे के पास खड़ी दो बसों में आग लगी। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मच्छर भगाने वाली कॉइल से आग लगने की संभावना सामने आई है; इसे अभी निश्चित आगजनी हमला नहीं बताया गया है। मौके पर तीन बसें साथ खड़ी थीं, जिनमें अल बराका परिवहन की दो बसें आग की चपेट में आईं; कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस प्रतिष्ठान क्यों बनाए जा रहे निशाना, कैसे हो रहे हमले, कितने गिरफ्तार ?

CID मुख्यालय, पल्लबी और जात्राबाड़ी थाने के आसपास बम फेंकने की घटनाएं भी हुईं। पुलिस का आकलन है कि हमलावर ज्यादा प्रचार और लोगों में डर पैदा करने के लिए ऐसे स्थान चुन रहे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, कुछ हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचते हैं, बम फेंकते हैं और भाग जाते हैं। पुलिस ने कुछ गिरफ्तार लोगों का संबंध प्रतिबंधित संगठनों से बताया है। हालांकि, प्रत्येक हमले में जिम्मेदारों की भूमिका जांच का विषय है।

हालिया धमाकों और हमलों के सिलसिले में पिछले 24 घंटे में कम से कम 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। CCTV फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच जारी है।

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने राजधानी के प्रमुख स्थानों पर 160 अतिरिक्त चेकपोस्ट लगाए हैं। अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के साथ गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है।

दिसंबर में लौटने पर अड़ीं हसीना, पासपोर्ट से इनकार, यूएन तक पहुंचा मामला

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर 2026 में हर हाल में देश लौटने का इरादा दोहराया है। उनके वकीलों ने नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र मांगा है। बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री ने इससे इनकार करते हुए कहा कि उनकी वापसी भारत के साथ प्रत्यर्पण संधि के तहत होनी चाहिए। इस बीच मानवाधिकार संगठन RRAG ने उनके देश लौटने के अधिकार को लेकर संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप मांगा है।

  • हसीना ने एसोसिएटेड प्रेस से कहा कि अगर मौत उनकी नियति है, तो वह अपने देश की मिट्टी और अपने लोगों के बीच मरना पसंद करेंगी।
  • 9 नवंबर को Matrix Chambers के वकील स्टीवन पाउल्स ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग को पत्र भेजकर पुराने दस्तावेज रद्द होने के कारण नया पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया।
  • विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने हसीना को “आतंकवादी” बताते हुए पासपोर्ट देने से इनकार किया, जबकि गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने आवेदन की प्रामाणिकता और कानूनी आधार की जांच की बात कही।
  • ढाका पहले से भारत से उनका प्रत्यर्पण मांग रहा है और Reuters की 10 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक नई दिल्ली ने ताजा घटनाक्रम पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी।
  • हसीना स्वयं संयुक्त राष्ट्र नहीं पहुंची हैं, बल्कि RRAG ने महासचिव एंटोनियो गुतारेस और मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क से उन्हें यात्रा दस्तावेज दिलाने के लिए हस्तक्षेप मांगा है।
  • ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि क्या दिसंबर में हो सकेगी हसीना की बांग्लादेश वापसी ?

Leave a Comment

Related News