अमेरिका में एक संघीय अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता उर्फ निक को 19 साल,7 महीने (235 महीने) जेल की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क में मैनहैटन की संघीय अदालत के जज विक्टर मारेरो ने 20 नवंबर, 2026 को यह सजा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में सुनाई। जज ने साफ किया कि 55 साल के निखिल गुप्ता को सजा पूरी होने के बाद भारत डिपोर्ट (निर्वासित) किया जाएगा।
निखिल ने फरवरी 2026 में खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की भाड़े पर हत्या कराने (Murder-for-hire), उसकी साजिश रचने (Conspiracy) और मनी लॉन्ड्रिंग (Money laundering) की साजिश के तीन आरोपों में दोष स्वीकार किया था। इन तीनों आरोपों में अधिकतम 40 साल की सजा हो सकती थी (पहले दो में 10-10 साल और तीसरे में 20 साल)।
अमेरिकी अभियोजकों (Prosecuters) ने 293 महीने (24 साल 5 महीने) की कैद मांगी थी, जबकि अदालत के प्रोबेशन कार्यालय ने 12 साल की सजा की सिफारिश की थी। प्रोबेशन कार्यालय अदालत से जुड़ी यूनिट है, जो दोषी के बैकग्राउंड और मामले के तथ्यों पर रिपोर्ट तैयार करती है और जज को सजा की अवधि पर सिफारिश देती है।
यह मामला भारत और अमेरिका के संबंधों में एक संवेदनशील कूटनीतिक मुद्दा बन गया है। गुरपतवंत सिंह पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा दोनों की नागरिकता है। भारत ने पन्नू को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया हुआ है।
मूल रूप से पन्नू है कौन और भारत ने उसे आतंकी क्यों घोषित किया?
गुरपतवंत सिंह पन्नू मूल रूप से पंजाब के अमृतसर स्थित खानकोट का रहने वाला है। वह पेशे से वकील है और अमेरिका से सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) चलाता है, जिसकी स्थापना उसने की थी। ‘रेफरेंडम 2020’ नाम की मुहिम के जरिए पन्नू पंजाब को भारत से अलग कर खालिस्तान बनाने की मांग करता रहा है।
भारत सरकार ने 2019 में उसके संगठन SFJ को UAPA के तहत गैरकानूनी संगठन घोषित किया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी गतिविधियों को देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और आंतरिक सुरक्षा के खिलाफ बताया।
- आतंकी घोषित करने का आधार: गृह मंत्रालय ने 1 जुलाई 2020 को पन्नू का नाम UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल किया। इसमें कहा गया कि पन्नू सोशल मीडिया के जरिए पंजाब के युवाओं और गैंगस्टरों को खालिस्तान के लिए उकसा रहा था और इलाके में हिंसा या डर फैलाने के लिए युवाओं को आर्थिक मदद दे रहा था।
- मंत्रालय ने खालिस्तान टाइगर फोर्स से जुड़े हरदीप सिंह निज्जर और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े परमजीत सिंह उर्फ पम्मा के साथ उसके संपर्कों का भी जिक्र किया। I
- भारत में पन्नू पर कार्रवाई: पंजाब पुलिस के कई मामलों और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक मामले में पन्नू को आरोपी बताया गया। सितंबर 2020 में केंद्र ने खानकोट में उसकी 46 कनाल जमीन कुर्क करने का आदेश दिया।
पन्नू की हत्या की साजिश का क्या है पूरा मामला, कैसे आया सामने ?
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, साजिश मई 2023 के आसपास शुरू हुई। पन्नू की हत्या की साजिश भारत से रची गई थी और उसे न्यूयॉर्क में निशाना बनाने की योजना थी। आरोप है कि भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय में उस समय कार्यरत विकास यादव ने न्यूयॉर्क में ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या का इंतजाम करने के लिए भारत में रह रहे निखिल गुप्ता को शामिल किया।
इसके बाद निखिल को विकास यादव के निर्देश पर पन्नू को मारने के लिए सुपारी किलर की तलाश थी। ऐसे में निखिल ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा सहयोगी समझता था, जबकि वास्तव में वह अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय मुखबिर था।
यहीं से साजिश का मामला अमेरिकी एजेंसियों की नजर में आ गया। DEA के उस मुखबिर ने निखिल का संपर्क कथित सुपारी किलर (Hitman) से कराया, जो असल में DEA का अंडरकवर अधिकारी था। यानी जिस व्यक्ति से भाड़े पर हत्या का सौदा हुआ, वह अमेरिकी जांच एजेंसी का अंडरकवर अधिकारी निकला और पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया।
- अभियोग पत्र के मुताबिक, गुप्ता ने हत्या का सौदा तय कराने में मध्यस्थता की।
- विकास यादव, पन्नू की हत्या के लिए कथित सुपारी किलर को एक लाख अमेरिकी डॉलर (उस समय करीब 83 लाख रुपये) देने पर सहमत हुआ।
- 9 जून 2023 के आसपास न्यूयॉर्क के मैनहैटन में यादव के एक सहयोगी ने अंडरकवर अधिकारी को एडवांस के तौर पर 15,000 डॉलर नकद दिए।
पन्नू की निगरानी: –अभियोग पत्र के मुताबिक, विकास यादव ने निखिल गुप्ता को न्यूयॉर्क में पन्नू के घर का पता, उनका फोन नंबर और उनकी दिनचर्या से जुड़ी जानकारी दी थी। गुप्ता ने यह जानकारी उस अंडरकवर अधिकारी को भेजी, जिसे वह सुपारी किलर समझ रहा था। हत्या जल्द से जल्द करने को कहा, साथ ही हिदायत दी कि जून 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा के आसपास हत्या को अंजाम न दिया जाए।
प्राग से कैसे हुई गिरफ्तारी ?
हत्या के लिए एडवांस भुगतान के बाद चेक गणराज्य की राजधानी प्राग की कड़ी जुड़ी। अमेरिकी अभियोजन के मुताबिक, DEA के उस गोपनीय मुखबिर ने गुप्ता को प्राग में मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात का मकसद क्या बताया गया था, यह सार्वजनिक अदालती रिकॉर्ड से स्पष्ट नहीं है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद गुप्ता ने चेक पुलिस से कहा कि वह घूमने के लिए आया था।
30 जून 2023 को गुप्ता भारत से प्राग पहुंचा। हवाई अड्डे पर पहुंचते ही चेक अधिकारियों ने उसे अमेरिका के अनुरोध पर गिरफ्तार कर लिया। गुप्ता ने अपने प्रत्यर्पण को चेक अदालतों में चुनौती दी। मई 2024 में चेक संवैधानिक अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी और जून 2024 में उसे अमेरिका को सौंप दिया गया। इस तरह चेक गणराज्य इस मामले में गुप्ता की गिरफ्तारी और अमेरिका को उसके प्रत्यर्पण की जगह बना।
- जून 2024 में निखिल गुप्ता को अमेरिका सौंपा गया। इस तरह उसे प्राग से न्यूयॉर्क लाया गया।
- अभियोग पत्र के मुताबिक, गुप्ता ने अपनी बातचीत में खुद को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से जुड़ा बताया था।
गुप्ता ने क्या स्वीकार किया और अदालत में क्या हुआ?
गुप्ता ने 13 फरवरी 2026 को संघीय जज विक्टर मरेरो के सामने सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश सहित तीनों आरोप स्वीकार किए। सजा की सुनवाई में गुप्ता ने अपनी भूमिका पर पछतावा जताया और पन्नू व अपने परिवार से माफी मांगी। पन्नू ने अदालत में प्रधानमंत्री मोदी पर साजिश से जुड़ा आरोप लगाया।
पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में विकास यादव सह-आरोपी हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने 20 नवंबर 2026 को बताया कि यादव को इस मामले में अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
विकास यादव का कथित सरकारी कनेक्शन और भारत का पक्ष ?
अमेरिकी अभियोजन ने शुरुआती दस्तावेजों में यादव को ‘CC-1’ यानी सह-साजिशकर्ता के तौर पर दर्ज किया था। 17 अक्टूबर 2024 को उसका नाम सार्वजनिक किया गया। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, साजिश के समय यादव भारत के कैबिनेट सचिवालय में कार्यरत था, जिसके अंतर्गत विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) आती है। भारत ने अमेरिकी अधिकारियों को बताया था कि यादव अब सरकारी कर्मचारी नहीं है।
- भारत ने अमेरिकी सूचनाओं के आधार पर नवंबर 2023 में उच्चस्तरीय जांच समिति बनाई थी।
- 15 जनवरी 2025 को गृह मंत्रालय ने बताया कि समिति ने एक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है। मंत्रालय ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया। भारत ने विदेश में ऐसी साजिशों में सरकारी संलिप्तता से इनकार किया है।
- द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने यादव को दिसंबर 2023 में कथित अपहरण और जबरन वसूली के अलग मामले में गिरफ्तार किया था। उसे अप्रैल 2024 में जमानत मिली।
निज्जर हत्याकांड का जिक्र इस केस में क्यों ?
पन्नू के सहयोगी हरदीप सिंह निज्जर की 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अमेरिकी अभियोजन के मुताबिक, अगले दिन गुप्ता ने अंडरकवर अधिकारी से कहा कि निज्जर भी निशाने पर था। उसने यह भी कहा कि अब पन्नू के मामले में इंतजार की जरूरत नहीं है। अभियोजन ने इसी बातचीत को दोनों घटनाओं के बीच कथित संबंध के तौर पर पेश किया।
- गुप्ता की वकील ने निज्जर की हत्या में अपने मुवक्किल की भूमिका के आरोप का खंडन किया।
- कनाडा में करण बराड़, कमलप्रीत सिंह, करणप्रीत सिंह और अमनदीप सिंह पर निज्जर हत्याकांड में आरोप लगाए गए।
- जुलाई 2026 में अमेरिकी अभियोजकों ने एक अलग संघीय मामले में लॉरेंस बिश्नोई और सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर निज्जर की हत्या का निर्देश देने का आरोप लगाया।








