ग्रामीणों की सतर्कता से दबोचा गया बांग्लादेशी घुसपैठियों का बड़ा गिरोह, मददगार भी धरा गया

By Defence Detective

Updated On:

Date:

Group of Bangladeshi infiltrators caught by BSF near India Bangladesh border

पश्चिम बंगाल के भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमंडी इलाके में 6 अक्टूबर 2026 की सुबह बांग्लादेशी घुसपैठियों के गिरोह को BSF ने हिरासत में लिया। उनके साथ एक भारतीय व्यक्ति को भी पकड़ा गया है, जिस पर इन लोगों को अवैध तरीके से सीमा पार कराने में मदद करने का संदेह है।

मामले की खास बात यह है कि ये घुसपैठिए भारत में अवैध तरीके से इंट्री करने के बाद लंबे समय तक यहां रह रहे थे और काम के लिए जम्मू-कश्मीर तक गए थे। अब वे पश्चिम बंगाल के रास्ते वापस बांग्लादेश जाने की कोशिश कर रहे थे। इस संबंध में सूचना मिलने पर BSF ने कार्रवाई की।

दक्षिण दिनाजपुर का यह इलाका भारत-बांग्लादेश सीमा की संवेदनशील पट्टी में आता है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों का रात या तड़के सुबह सीमा क्षेत्र के पास एकत्र होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर विषय है।

अब असली सवाल यह है कि ये लोग भारत में कब दाखिल हुए, किस नेटवर्क ने उन्हें यहां पहुंचाया, जम्मू-कश्मीर तक कैसे गए और बांग्लादेश लौटने के लिए क्या किसी बड़े नेटवर्क की मदद ले रहे थे। इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

कैसे और कितने घुसपैठिए पकड़े गए ?

घटना कुशमंडी ब्लॉक के लोहागंज-पंचनगर इलाके में सामने आई है। मामले में 25 घुसपैठियों को धरा गया है। यह क्षेत्र मालिगांव ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है और भारत-बांग्लादेश सीमा के बेहद करीब है।

6 अक्टूबर को तड़के स्थानीय लोगों ने एक साथ अपरिचितों के झुंड को इलाके में देखा। इन लोगों के पास सामान भी था। सीमा के करीब बड़ी संख्या में इन अजनबी लोगों को देखकर स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ।

जब झुंड में शामिल लोगों से पूछताछ की गई तो कुछ लोग वहां से भागकर आसपास के धान के खेतों में छिपने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों ने इसके बाद BSF और पुलिस को सूचना दी। सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और घुसपैठियों को हिरासत में ले लिया।

इस मामले की एक और खास बात ?

इस पूरे घटनाक्रम में एक और खास बात स्थानीय ग्रमीणों की सतर्कता रही। जिसकी वजह से पूरा मामला खुला और घुसपैठियों का झुंड दबोचा जा सका। रिपोर्ट के अनुसार, गांव के लोगों ने सबसे पहले इस झुंड को देखा था।

जब यह झुंड धान के खेतों में छिपने की कोशिश करने लगा, तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और पास के आम के बागान में रोककर रखा। इसके बाद BSF और पुलिस को सूचना दी गई। तब जाकर इस समूह को धरा गया।

यानी इस मामले में सीमा पर सिर्फ तकनीकी निगरानी ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की चौकसी भी सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी साबित हुई।

घुसपैठियों से रुपये ले रहा था मददगार ?

BSF ने बांग्लादेशी नागरिकों के साथ एक भारतीय व्यक्ति को भी पकड़ा है। उसकी पहचान गंगारामपुर के काजलतोर निवासी राजू राय के रूप में हुई है। उस पर इन लोगों को सीमा पार कराने में मदद करने का संदेह है।

The Telegraph की रिपोर्ट के मुताबिक यह दलाल प्रत्येक घुसपैठिये से करीब 12,000 रुपये ले रहा था। इस हिसाब से 25 लोगों से ली जाने वाली रकम करीब 3 लाख रुपये बैठती है।

घुसपैठियों की कब और कैसे हुई थी भारत में इंट्री ?

मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पकड़े गए घुसपैठिए भारत में कब और कैसे आए, इसके साथ यहां रहने की पूरी कहानी की जांच की जा रही है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इन लोगों ने कुछ समय पहले बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश किया था। इसके बाद वे रोजगार के लिए जम्मू-कश्मीर गए और वहां काम करने की बात सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में उनके करीब दो साल पहले भारत आने का भी दावा किया गया है।

एक और अहम सवाल है कि अवैध तरीके से भारत में इंट्री करने वाले इन बांग्लादेशियों को देश के भीतर लंबी दूरी तक जाने और रोजगार हासिल करने में किस नेटवर्क ने मदद की और दो साल तक कैसे बचे रहे।

पकड़े गए घुसपैठियों के पास कौन से दस्तावेज मिले ?

इस मामले में एक और अहम बिंदु भारतीय पहचान दस्तावेजों से जुड़ा है। The Telegraph के मुताबिक, पकड़े गए लोगों के पास  से भारतीय आधार कार्ड जैसे पहचान दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।

अब जांच एजेंसियों के सामने यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि ये दस्तावेज वास्तविक हैं या फर्जी, और यदि वास्तविक हैं तो इन्हें किस प्रक्रिया के तहत हासिल किया गया। किन लोगों ने इसमें इनकी मदद की।

यही वजह है कि मामले की जांच केवल सीमा पार करने के आरोप तक सीमित नहीं रह सकती। पहचान दस्तावेज, भारत में इंट्री का रास्ता, यहां रहने की अवधि, रोजगार और कथित दलाल के नेटवर्क—इन सभी पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।

गिरोह, बांग्लादेश में कहां जाने वाला था ?

रिपोर्टों के मुताबिक, पकड़े गए बांग्लादेशी, पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले की तरफ जाने की कोशिश में थे। यानी इस बार BSF की कार्रवाई ऐसे समय हुई जब यह ग्रुप भारत से बाहर निकलने की तैयारी में था।

यानी ये लोग “भारत में घुसते हुए नहीं, बल्कि भारत से बांग्लादेश लौटने की कोशिश के दौरान पकड़े गए।

घुसपैठियों पर क्या कार्रवाई हुई ?

पकड़े गए लोगों को BSF के गंगला बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। उनके बयान वीडियो रिकॉर्ड किए गए। इसके बाद BSF की 91वीं बटालियन के अधिकारियों ने उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए कुशमंडी पुलिस के हवाले कर दिया।

अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि इन लोगों को सीमा तक कौन लेकर आया, उनके भारत में प्रवेश की व्यवस्था किसने की और दलाल का नेटवर्क कितना बड़ा है।

बांग्लादेश से कितनी लंबी सीमा साझा करता है पश्चिम बंगाल?

पश्चिम बंगाल भारत-बांग्लादेश सीमा का सबसे बड़ा हिस्सा संभालने वाला राज्य है। राज्य में बांग्लादेश के साथ करीब 2,216.7 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा है। जो नौ जिलों से होकर गुजरती है।

गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 के बीच पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ से जुड़े 3,964 ‘Incoming Apprehensions’ दर्ज किए गए। इनमें 2023 में 1,547, 2024 में 1,694 और 2025 में 31 जुलाई तक 723 मामले शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल के 9 सीमावर्ती जिले-

जिलासीमा की स्थिति/खास बात
कूचबिहारलंबी भारत-बांग्लादेश सीमा; कई हिस्से नदी वाले
जलपाईगुड़ीबांग्लादेश और भूटान दोनों से अंतरराष्ट्रीय सीमा
दार्जिलिंगजिले का सीमित हिस्सा बांग्लादेश सीमा से जुड़ा
उत्तर दिनाजपुरबांग्लादेश सीमा वाला उत्तर बंगाल का संवेदनशील इलाका
दक्षिण दिनाजपुरहिली सहित महत्वपूर्ण भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र
मालदाकरीब 165.5 किमी अंतरराष्ट्रीय सीमा
मुर्शिदाबादभारत-बांग्लादेश सीमा का बड़ा और संवेदनशील हिस्सा
नदियाजिले की पूर्वी सीमा बांग्लादेश से लगती है
उत्तर 24 परगनामहत्वपूर्ण सीमा क्षेत्र और पेट्रापोल जैसे प्रमुख क्रॉसिंग के कारण अहम

कूचबिहार की करीब 549.45 किमी भारत-बांग्लादेश सीमा दर्ज है, जबकि दक्षिण दिनाजपुर में करीब 252 किमी की सीमा है।

Leave a Comment

Related News