इजरायल जा रहे विमान का हाईजैक अलर्ट, सऊदी में इमरजेंसी लैंडिंग, क्या विमान को क्रैश कराने की थी साजिश ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

flydubai-plane-emergency-landing-passengers-saudi-arabia.

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई से 30 सितंबर, 2026 को इजरायल के तेल अवीव जा रहा एक यात्री विमान अचानक भारी खतरे में आ गया! विमान से पहले इमरजेंसी सिग्नल और फिर एक ऐसा कोड प्रसारित हुआ, जिसे विमान के अपहरण या unlawful interference से जोड़ा जाता है। इसके बाद बड़े स्तर पर हड़कंप मच गया।

घटनाक्रम के दौरान इजरायल ने अपने फाइटर जेट्स भी रवाना कर दिए। लेकिन इस बीच यात्री विमान ने अपना रास्ता बदला और आखिरकार सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। यह एक इमरजेंसी लैंडिंग थी।

शुरुआती जांच और इजरायली सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, यह कोई आतंकी हाईजैक नहीं था, लेकिन फिर मामला क्या था कि हाईजैक अलर्ट ट्रिगर हो गया।

एक सामान्य यात्री उड़ान पर कब मंडराया सुरक्षा संकट ?

पूरी घटना यूएई की लो-कॉस्ट एयरलाइन फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 से जुड़ी है। Boeing 737 MAX 8 विमान करीब 180 यात्रियों (जिसमें 150 से अधिक इजरायली नागरिक थे) को लेकर दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ा।

शुरुआत में उड़ान सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही थी, लेकिन उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के बाद विमान की स्थिति अचानक बदल गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा में विमान के रास्ते में बदलाव और ऊंचाई में तेज गिरावट दिखाई दी।

  • महज दो मिनट के भीतर विमान 34,000 फीट से सीधे 16,600 फीट पर आ गया। यानी 17,400 फीट की भारी गिरावट दर्ज की गई।
  • यात्रियों के लिए यह बेहद डरावना अनुभव रहा होगा। यही वह क्षण था, जब सामान्य यात्री उड़ान पर एक गंभीर सुरक्षा संकट की आशंका मंडरा गई।
  • विमान के कॉकपिट में क्या चल रहा था, इसकी जानकारी उस समय बाहर मौजूद सुरक्षा अधिकारियों के पास भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी।
  • यही कारण था कि शुरुआती कुछ समय में हाईजैक की आशंका को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया गया।

कौन-कौन से कोड हुए ट्रिगर, जिससे मचा हड़कंप

विमान के ट्रांसपोंडर से पहले सामान्य इमरजेंसी का संकेत देने वाला Squawk 7700 कोड भेजा गया, लेकिन इसके तुरंत बाद विमान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य हाईजैक या गैर-कानूनी हस्तक्षेप (unlawful interference) का कोड Squawk 7500 फ्लैश कर दिया।

जैसे ही इंटरनेशनल एविएशन सिस्टम (अंतरराष्ट्रीय विमानन प्रणाली) पर ‘7500’ कोड एक्टिव हुआ, इजरायल और सऊदी अरब दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं।

इजरायल ने आनन-फानन में स्थिति की निगरानी के लिए आसमान में अपने फाइटर जेट्स (लड़ाकू विमान) रवाना कर दिए। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तुरंत रक्षा अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक बुला ली।

इजरायल ने क्यों आसमान में भेजे लड़ाकू विमान?

किसी यात्री विमान से हाईजैक या अवैध हस्तक्षेप का संकेत मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण सवाल होता है—विमान पर नियंत्रण किसके पास है और वह कहां जा रहा है?

इसी आशंका के बीच इजरायली वायुसेना ने लड़ाकू विमानों को फौरन हवा में भेजा दिया। यह एक सुरक्षा प्रतिक्रिया थी, ताकि अगर विमान पर वास्तव में किसी ने कब्जा कर लिया हो या वह नियंत्रण से बाहर हो रहा हो, तो उसे निगरानी में रखा जा सके।

फिर सऊदी अरब में कैसे हुई लैंडिंग ?

हड़कंप के बीच सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान का रास्ता बदला गया और सऊदी अरब के अधिकारियों ने तत्काल मंजूरी देते हुए विमान को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित ताबुक एयरपोर्ट (Tabuk Airport) पर सुरक्षित लैंड कराया। यात्रियों और विमान की सुरक्षा को लेकर कई घंटों तक गंभीर सस्पेंस बना रहा।

यह घटना जियोपॉलिटिक्स में बेहद मायने रखती है क्योंकि इजरायल और सऊदी अरब के बीच अभी भी औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। इसके बावजूद सुरक्षा और विमानन जरूरत के समय सऊदी क्षेत्र में आपात लैंडिंग संभव हुई।

यानी कुछ ही मिनटों में यह घटना तीन देशों—UAE, Saudi Arabia और Israel—की विमानन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़ गई।

तो क्या है असली इनसाइड स्टोरी ?

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद मामले की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी।   जब जांच शुरू हुई, तो इस बड़े सुरक्षा अलर्ट के पीछे की बेहद चौंकाने वाली वजह सामने आई। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और फ्लाईदुबई एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यह कोई आतंकी हमला या हाईजैकिंग की कोशिश नहीं थी। फिर सबसे मुख्य सवाल है कि यह पूरी घटना किस वजह से घटी ? इजरायली अधिकारियों की शुरुआती जांच में सामने आया है कि –

  • कॉकपिट में पायलटों के बीच ‘हिंसक घटना’ हुई। जिसकी वजह से इजरायल जाने वाली फ्लाइट को सऊदी अरब में लैंड कराना पड़ा।
  • फ्लाईदुबई ने भी घटना की पुष्टि करते हुए यात्रियों की सुरक्षा की जानकारी दी, लेकिन विवाद के कारणों या कॉकपिट में वास्तव में क्या हुआ, इस पर विस्तृत जानकारी नहीं दी।
  • सूत्रों और इजरायली चैनल 12 के मुताबिक, जांच के दौरान ऐसे संकेत मिले हैं कि को-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी, जिसके बाद कॉकपिट में खून-खराबा और चीख-पुकार मच गई।
  • इसी हिंसक हाथापाई के दौरान विमान असंतुलित हुआ और पायलटों द्वारा अनजाने या इमरजेंसी में 7500 (हाईजैक) का कोड एक्टिव हो गया।
  • एक शक यह भी है कि एक पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की होगी, लेकिन दूसरे पायलट ने इज़राइली यात्रियों की मदद से उसे काबू कर लिया।

वर्तमान स्थिति और यात्रियों का रेस्क्यू ?

एयरलाइन और सुरक्षा सूत्रों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बयान जारी कर कहा है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। सऊदी अरब में फंसे इजरायली नागरिकों को तेल अवीव वापस लाने के लिए फ्लाईदुबई द्वारा एक वैकल्पिक विमान भेजा जा रहा है। 

सऊदी अरब, UAE और इजरायल के रिश्ते कैसे हैं?

दुबई से इजरायल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग ने तीनों देशों के रिश्तों को भी चर्चा में ला दिया है। UAE और इजरायल के बीच औपचारिक रिश्ते हैं। सऊदी अरब ने अभी तक इजरायल को औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है और दोनों के बीच राजनयिक संबंध भी नहीं हैं। जबकि सऊदी अरब और UAE खुद करीबी खाड़ी साझेदार होने के बावजूद क्षेत्रीय मुद्दों पर मतभेद रखते हैं।

  • UAE–इजरायल: दोनों देशों ने 15 सितंबर 2020 को Abraham Accords के तहत राजनयिक संबंध स्थापित किए। इसके बाद दोनों देशों ने अबू धाबी और तेल अवीव में दूतावास खोले।
  • UAE–इजरायल संपर्क: दोनों के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन, तकनीक और सरकारी स्तर पर संपर्क विकसित हुआ है। सितंबर 2026 में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अबू धाबी यात्रा की भी रिपोर्ट सामने आई।
  • सऊदी अरब–इजरायल: पिछले कुछ सालों में अमेरिका की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य करने की बातचीत आगे बढ़ी थी। लेकिन 7 अक्टूबर 2023 के बाद गाजा युद्ध ने इस प्रक्रिया को रोक दिया।
  • सऊदी के मुताबिक फिलिस्तीनी राज्य के बिना इजरायल से राजनयिक संबंध नहीं। सऊदी अरब की आधिकारिक स्थिति में 1967 की सीमाओं पर स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य और पूर्वी यरुशलम को उसकी राजधानी बनाने की बात कही गई है।
  • सऊदी अरब–UAE: दोनों GCC (Gulf Cooperation Council) के महत्वपूर्ण देश और लंबे समय से क्षेत्रीय साझेदार हैं, लेकिन यमन समेत कुछ मुद्दों पर उनके बीच मतभेद भी सामने आए हैं। सितंबर 2026 में दोनों पक्षों के शीर्ष नेताओं की बैठक को रिश्तों में तनाव कम करने की कोशिश के तौर पर देखा गया।
  • गाजा पर स्थिति: सितंबर 2026 में UAE और सऊदी अरब सहित कई देशों ने संयुक्त बयान में गाजा में मानवीय स्थिति, युद्धविराम और दो-राष्ट्र समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की मांग दोहराई।

Leave a Comment

Related News