देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाली वर्दी पर एक ऐसा दाग लगा है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी हैरत में डाल दिया है। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां सीमा की कंटीली तार पार कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहे दो बांग्लादेशियों को BSF ने पकड़ लिया।
लेकिन पूछताछ के बाद मामला सिर्फ इन दो घुसपैठियों की गिरफ्तारी तक नहीं रुका। जांच की कड़ी एक सेना के जवान तक पहुंची और पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस जवान ने ही इन घुसपैठियों को भारतीय सीमा में दाखिल कराने के लिए कथित रूप से सहयोग किया था।
अब पुलिस सिर्फ यह पता नहीं लगा रही कि दोनों बांग्लादेशी भारत क्यों आ रहे थे, बल्कि यह भी जांच रही है कि क्या उन्हें सीमा पार कराने में जवान के अलावा पीछे कोई और नेटवर्क भी था ?
कब का और क्या है पूरा मामला ?
मामला उत्तर 24 परगना जिले में स्वरूपनगर इलाके के बिथारी-हाकिमपुर क्षेत्र का है। सोमवार रात दो बांग्लादेशी नागरिकों ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगी कंटीली तार की बाड़ पार करने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सजग BSF जवानों की नजर उन पर पड़ गई। दोनों को रोककर हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद में उन्हें स्वरूपनगर पुलिस को सौंप दिया गया।
दोनों की पहचान जॉय बरुई और बैशाखी बरुई के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के गोपालगंज जिले के निवासी बताए गए हैं।
उत्तर 24 परगना में जिले में पेट्रापोल और घोजाडांगा जैसे वैध अंतरराष्ट्रीय सीमा-पार केंद्र भी मौजूद हैं।
मामला सेना के जवान तक कैसे पहुंचा ?
घुसपैठ की इस कोशिश ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब जांच की कड़ी भारतीय सेना के एक जवान तक पहुंच गई। घुसपैठ की कोशिश में गिरफ्तार जॉय बरुई और बैशाखी बरुई से पुलिस ने पूछताछ किया। जिसके बाद कथित तौर पर यह बात सामने आई कि सेना के एक जवान ने उन्हें भारतीय सीमा में इंट्री करवाने की सौदेबाजी की थी।
इसके बाद मंगलवार को जवान को हुगली जिले के मगरा में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान गौतम अधिकारी के तौर पर हुई है।इस जवान की पोस्टिंग राजस्थान के जोधपुर में बताई गई है और घटना के समय वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।
अधिकारियों ने इस बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ भी नहीं बताया है कि घुसपैठ की कोशिश के समय अधिकारी खुद बाड़ के पास मौजूद थे या उनकी कथित मदद किसी और तरह की थी।
तीनों को कितने दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी ?
मामले में पुलिस ने जॉय बरुई, बैशाखी बरुई और सेना के जवान गौतम अधिकारी यानी तीनों आरोपियों को उत्तर 24 परगना के बशीरहाट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को 14 दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया है।
तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या यह सिर्फ घुसपैठ का मामला है?
भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी मुख्य रूप से BSF के पास है। ऐसे में किसी सेवारत सैन्यकर्मी पर सीमा पार से लोगों की अवैध एंट्री में मदद करने का आरोप लगना जांच एजेंसियों के लिए स्वाभाविक रूप से गंभीर विषय है।
अब इस मामले का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यानी जांच का चरण काफी अहम है, क्योंकि पुलिस को सिर्फ गिरफ्तारी तक नहीं रुकना है। उसे यह पता लगाना होगा कि दोनों बांग्लादेशी नागरिकों का भारत आने का मकसद क्या था और उन्हें सीमा पार कराने में किसी तरह के संगठित नेटवर्क का हाथ तो नहीं है। सेना के जवान से उनका संपर्क कैसे हुआ, क्या जवान उन्हें पहले से जानता था।
फिलहाल अभी इसे सुरक्षा तंत्र में किसी बड़े संगठित सेंध का मामला कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन इन सवालों के जवाब अभी सामने आने बहुत जरूरी हैं।
एक जरूरी बात यह भी कि आरोपों को अभी अंतिम नतीजा न माना जाए।
सेना के जवान का रोल सामने आना क्यों गंभीर पहलू है?
इस मामले की संवेदनशीलता सिर्फ इसलिए नहीं है कि दो बांग्लादेशी नागरिक अवैध तरीके से भारत में आने की कोशिश कर रहे थे। बल्कि गिरफ्तार बांग्लादेशियों से पूछताछ ने मामले को एक दूसरे स्तर तक पहुंचा दिया कि क्या उन्हें भारत के अंदर से कोई मदद मिल रही थी? वह भी सेना के एक जवान से ? यही सवाल इस केस को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाता है।
सेना के एक सेवारत जवान पर ही सीमा पार कराने में मदद का आरोप लगना सुरक्षा एजेंसियों के लिए जांच का बेहद गंभीर मामला है। इसलिए जांच में जवान के व्यक्तिगत रोल के साथ-साथ उसके संपर्क, कम्युनिकेशन और दोनों बांग्लादेशी नागरिकों से संबंध भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं।
भारतीय सुरक्षा के लिए असली सबक क्या है?
इस घटना से एक महत्वपूर्ण सुरक्षा चुनौती साफ दिखाई देती है कि सीमा पर सिर्फ बाड़ और निगरानी ही पर्याप्त नहीं होती, अंदर और बाहर के संपर्कों पर भी नजर जरूरी होती है।
इस केस में दो स्तर दिखाई देते हैं:-
पहला स्तर—सीमा सुरक्षा:
BSF ने बाड़ पार करने की कोशिश कर रहे दोनों लोगों को पकड़ लिया।
दूसरा स्तर—घुसपैठ की सहायता की जांच:
पूछताछ के बाद पुलिस ने एक भारतीय सेना के जवान के कथित रोल की जांच शुरू की।
यानी सीमा सुरक्षा का मतलब केवल सीमा रेखा पर किसी व्यक्ति को रोकना नहीं है। यह भी पता लगाना जरूरी है कि कोई व्यक्ति कहां से आया, किसके संपर्क में था और भारत में प्रवेश के बाद उसे कौन मदद देने वाला था।
पश्चिम बंगाल में कहां-कहां बांग्लादेश से लगती है सीमा?
पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा लगभग 2,216.7 किलोमीटर लंबी है। गृह मंत्रालय के अगस्त 2025 के आंकड़ों के मुताबिक इसमें 1,647.696 किमी पर बाड़ लग चुकी थी, जबकि 569.004 किमी हिस्सा उस समय बिना बाड़ के था। इसमें कुछ हिस्सा नदी/भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फेंसिंग के लिए अनुकूल नहीं है।
राज्य के उत्तर से दक्षिण की ओर बांग्लादेश से सीमा साझा करने वाले प्रमुख जिले इस तरह समझे जा सकते हैं:-
- कूचबिहार
- जलपाईगुड़ी
- उत्तर दिनाजपुर
- दक्षिण दिनाजपुर
- मालदा
- मुर्शिदाबाद
- नदिया
- उत्तर 24 परगना
- दक्षिण 24 परगना
इन जिलों में सीमा की प्रकृति एक जैसी नहीं है। कहीं जमीन पर बाड़ है, तो कहीं नदियां, चार/नदी द्वीप और दलदली या जलमय भूभाग सीमा सुरक्षा को जटिल बनाते हैं। उदाहरण के लिए, मुर्शिदाबाद जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा करीब 94.9 किमी है, जिसमें 62.5 किमी हिस्सा नदी वाला और 32.4 किमी जमीन वाला बताया गया है।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर वैध चेकपॉइंट कहां हैं?
यहां घुसपैठ के रास्ते और वैध सीमा-पार करने के रास्ते को अलग-अलग समझना जरूरी है। पश्चिम बंगाल सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर भारत-बांग्लादेश सीमा के प्रमुख इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) के रूप में ये नाम दिए गए हैं:-
| प्रमुख ICP/सीमा बिंदु | जिला/क्षेत्र |
| पेट्रापोल | उत्तर 24 परगना |
| घोजाडांगा | उत्तर 24 परगना |
| महादिपुर | मालदा |
| हिली | दक्षिण दिनाजपुर |
| चांगड़ाबांधा | कूचबिहार |
| फुलबाड़ी | जलपाईगुड़ी |
पश्चिम बंगाल सरकार का पोर्टल इन्हें सीमा पर वाहनों और माल की आवाजाही के लिए स्थापित ICP के रूप में सूचीबद्ध करता है।
इसके अलावा गेदे जैसे वैध सीमा-पार यात्री/रेल संपर्क भी हैं। कोलकाता कस्टम्स के रिकॉर्ड में पेट्रापोल, घोजाडांगा, महादिपुर, हिली, चांगड़ाबांधा और गेदे समेत विभिन्न Land Customs Stations और सीमा इकाइयों का उल्लेख मिलता है।
फिर अवैध घुसपैठ कहां से होती है?
इसे किसी एक-दो “घुसपैठ गेट” से जोड़ना सही नहीं होगा। पश्चिम बंगाल की सीमा बहुत लंबी है और इसका बड़ा हिस्सा नदी, जलधारा और कठिन भौगोलिक इलाके से होकर गुजरता है। इसलिए सुरक्षा चुनौती अलग-अलग सेक्टरों में अलग रूप लेती है।
सरकार ने खुद संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में vulnerability mapping, BSF की गश्त, नाके, निगरानी चौकियां और नदी वाले हिस्सों में स्पीडबोट/वॉटरक्राफ्ट से निगरानी की व्यवस्था का उल्लेख किया है।
यानी पश्चिम बंगाल में घुसपैठ किसी एक तय रास्ते तक सीमित नहीं है। लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा, नदी वाले हिस्से और जहां फेंसिंग संभव नहीं है, वहां निगरानी की चुनौती बढ़ जाती है। ऐसे संवेदनशील हिस्सों में BSF पेट्रोलिंग, बॉर्डर आउटपोस्ट, नाके और नदी गश्ती के जरिए निगरानी करती है।
गृह मंत्रालय के ताजा उपलब्ध आंकड़े भी बताते हैं कि समस्या वास्तविक है—2023 में पश्चिम बंगाल में 1,547, 2024 में 1,694 और 31 जुलाई 2025 तक 723 “incoming apprehensions” दर्ज किए गए थे।
पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी की जिम्मेदारी किसकी ?
पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश सीमा पर मुख्य निगरानी और सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी BSF (Border Security Force) की है। गृह मंत्रालय के अनुसार भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF सीमा की निगरानी, गश्त, नाके, बॉर्डर आउटपोस्ट और तकनीकी निगरानी के जरिए सुरक्षा करती है।
पश्चिम बंगाल में खास तौर पर BSF का South Bengal Frontier करीब 913 किमी भारत-बांग्लादेश सीमा की निगरानी करता है। BSF पारंपरिक गश्त और सेंट्री पोस्ट के साथ Pan-Tilt-Zoom Camera कैमरे, नाइट-विजन, सेंसर और कंट्रोल रूम जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करती है








