कैलिफ़ोर्निया की मेयर निकली चीनी एजेंट, चीन से मिलते थे डायरेक्ट ऑर्डर्स

By Shilpi Sharma

Published On:

Date:

अमेरिकी प्रशासन में चीनी घुसपैठ

कैलिफ़ोर्निया के आर्केडिया शहर की मेयर ईलीन वांग (58) पर अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने आरोप लगाया है कि वो चीन के एजेंट के रूप में काम कर रही हैं। जांच के दौरान ईलीन वांग ने मान लिया है कि वो चीनी सरकार की एजेंट हैं। उन्होंने अपने पद इस्तीफ़ा दे दिया है। DOJ के अनुसार, वांग और उनके सहयोगी याओनिंग “माइक” सन ने 2020 से U.S. News Center नामक वेबसाइट चलाई। यह वेबसाइट स्थानीय चीनी-अमेरिकी समुदाय के लिए समाचार स्रोत होने का दावा करती थी, लेकिन वास्तव में उस पर चीन सरकार के निर्देशों के अनुसार कंटेंट प्रकाशित किया जाता था।

ईलीन वांग और उनके सहयोगी याओनिंग “माइक” सन को चीन सरकार से सीधे आदेश मिलते थे कि वेबसाइट पर कौन‑सी खबरें और लेख प्रकाशित करने हैं। इसका मतलब यह था कि वे खुद से कोई भी कंटेंट नहीं चुनते थे, बल्कि चीन के अधिकारियों की मंज़ूरी और निर्देशों के आधार पर काम करते थे। जून 2021 में वांग ने चीन सरकार के अधिकारी द्वारा भेजा गया शिनजियांग पर लेख वेबसाइट पर डाला और बाद में उस अधिकारी को स्क्रीनशॉट भेजकर बताया कि कितने लोगों ने लेख देखा। नवंबर 2021 में उन्होंने एक अन्य व्यक्ति से कहा: “यह वही है जो विदेश मंत्रालय भेजना चाहता है।” इस तरह यह साफ़ हो गया कि वेबसाइट पर प्रकाशित कंटेट इंडिपेंडेट जर्नलिज़्म नहीं था, बल्कि चीन सरकार की सोच और नीतियों को बढ़ावा देने का साधन था। यही कारण है कि अमेरिकी न्याय विभाग ने इसे अवैध एजेंट गतिविधि माना और वांग पर कार्रवाई की।

अमेरिकी जेल में बीतेगी चीनी एजेंट की ज़िंदगी

FBI डायरेक्टर काश पटेल के मुताबिक वांग ने 2020 से 2022 तक चीन के लिए एजेंट के रूप में काम किया और अमेरिका में चीन का प्रचार फैलाया। उन्होंने यह भी बताया कि एफबीआई और उसके साझेदार संस्थान ऐसे विदेशी प्रभाव को अमेरिकी संस्थानों से हटाने के लिए आक्रामक कदम उठा रहे हैं। ईलीन वांग ने खुद पर चीन सरकार के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम करने के गंभीर आरोपों को स्वीकार कर लिया है और अमेरिकी न्याय विभाग के साथ समझौता किया है। ऐसे में उन्हेंं अधिकतम 10 साल की सज़ा हो सकती है। हांलाकि, उन्हें अभी तक अंतिम सज़ा सुनाई नहीं गई है, लेकिन DOJ ने स्पष्ट किया है कि वह आने वाले हफ्तों में अदालत में औपचारिक रूप से दोषी ठहराई जाएंगी, जिसके बाद सज़ा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वांग नवंबर 2022 में सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं और फरवरी 2026 में मेयर बनीं। सिटी मैनेजर डॉमिनिक लाज़ारेटो ने स्पष्ट किया कि वांग पर लगे आरोप उनके शपथ ग्रहण से पहले की गतिविधियों से जुड़े हैं और आंतरिक समीक्षा में पाया गया कि शहर की वित्तीय व्यवस्था, स्टाफ या निर्णय प्रक्रिया में कोई दखल नहीं दिया गया। वांग के वकील ब्रायन सन ने कहा कि वांग अपनी निजी ज़िंदगी में हुई गलतियों के लिए माफ़ी मांगती हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वांग का आर्केडिया समुदाय के प्रति प्रेम और समर्पण कभी कम नहीं हुआ।

ईलीन के मंगेतर रह चुके याओनिंग भी काट रहे हैं सज़ा

याओनिंग “माइक” सन, 65 वर्ष के राजनीतिक रणनीतिकार, चीनो हिल्स, कैलिफ़ोर्निया से हैं। उन्हें फरवरी 2026 में 48 महीने (4 साल) की संघीय जेल की सज़ा सुनाई गई क्योंकि उन्होंने भी चीन के लिए गुप्त एजेंट के रूप में काम करने का दोष स्वीकार किया था। सन ने अक्टूबर 2025 में अपना दोष स्वीकार किया कि वे चीन सरकार के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने अमेरिकी अटॉर्नी जनरल को कभी सूचित नहीं किया, जबकि कानून (Foreign Agents Registration Act – FARA) के तहत यह ज़रूरी था। वे 2022 में दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया के एक स्थानीय सिटी काउंसिल उम्मीदवार के चुनाव अभियान में सलाहकार बने और उसी दौरान चीन सरकार से निर्देश लेते रहे।

अप्रैल 2023 में जब ताइवान की राष्ट्रपति Tsai Ing-Wen अमेरिका आईं, तो सन ने चीन के अधिकारियों को उनकी गतिविधियों की रीयल-टाइम जानकारी दी और आर्टिकल्स पब्लिश करने की मंज़ूरी भी मांगी। उन्होंने समर्थकों और विरोधियों की तस्वीरें खींचकर चीन सरकार को भेजीं और फरवरी 2023 की एक रिपोर्ट में उन्होंने अपने पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के अनुभव का ज़िक्र किया और चीन के हितों को बढ़ावा देने के लिए $80,000 की फंडिंग मांगी ताकि वॉशिंगटन डी.सी. में स्वतंत्रता दिवस पर चीन समर्थक प्रदर्शन आयोजित किया जा सके। सन ने चीन सरकार के कहने पर अमेरिका में चीन‑समर्थक खबरें और प्रचार फैलाया। उन्होंने अमेरिकी समाज और राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश की और उन संगठनों पर निगरानी रखी जिन्हें चीन अपने खिलाफ मानता है। इस वजह से अमेरिकी अधिकारियों ने उनकी गतिविधियों को देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए सीधा खतरा बताया और न्यायालय ने सज़ा सुनाई।

अमेरिका में चीन की जासूसी और प्रभाव अभियानों पर बढ़ती चिंता

अमेरिकी एजेंसियों ने चीन की जासूसी और प्रभाव अभियानों को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। एफबीआई ने कहा कि चीन ऐसे तरीक़े अपनाता है जिनसे वह अमेरिकी नेताओं और जनता की राय को बदल सके ताकि नीतियाँ उसके पक्ष में बनें। उन्होंने चीन की काउंटरइंटेलिजेंस और आर्थिक जासूसी गतिविधियों को अमेरिका की अर्थव्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए बड़ा ख़तरा बताया। 2025 में अमेरिकी कांग्रेस की हाउस कमेटी ऑन होमलैंड सिक्योरिटी ने रिपोर्ट दी कि 2021 से अब तक चीन की जासूसी और दमन के 60 से ज़्यादा मामले सामने आए हैं। इनमें अमेरिकी सैन्य जानकारी चीन को भेजना, व्यापारिक रहस्य चुराना और गुप्त चीनी पुलिस स्टेशन बनाना शामिल है।

अप्रैल 2026 में व्हाइट हाउस ने चीन पर आरोप लगाया कि वह अमेरिकी आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस लैब्स की बौद्धिक संपदा (Intellectual Property) को बड़े पैमाने पर चुरा रहा है। अमेरिकी सीनेटर चक ग्रासली ने कहा कि चीन हर साल 400 से 600 अरब डॉलर की बौद्धिक संपदा चोरी करता है, जो हर अमेरिकी टैक्सपेयर पर लगभग 5,000 डॉलर का बोझ डालता है। दूसरी ओर, चीन ने इन आरोपों को बार‑बार खारिज किया है। उसने कहा कि विदेशों में उसके “पुलिस स्टेशन” नहीं हैं, बल्कि वे सिर्फ़ प्रवासी नागरिकों की मदद के लिए सेवा केंद्र हैं।

Leave a Comment