कर्नाटक में असमिया मजदूर बनकर रह रहा बांग्लादेशी परिवार दबोचा गया, दक्षिण भारत तक कैसे पहुंच रहे घुसपैठिए ?

By Defence Detective

Published On:

Date:

Symbolic AI-generated image depicting police detaining a suspected Bangladeshi family at a coffee plantation in Kodagu, Karnataka.

कर्नाटक का कोडागु (कूर्ग) जिला अपनी हरी-भरी पहाड़ियों और कॉफी के बागानों के कारण ‘स्कॉटलैंड ऑफ इंडिया’ के तौर पर मशहूर है। लेकिन अब यह खूबसूरत पहाड़ी जिला बांग्लादेशी घुसपैठियों के चलते सुरक्षा से जुड़े सवालों को लेकर चर्चा में है। पुलिस ने यहां अवैध रूप से रह एक बांग्लादेशी परिवार को दबोचा है। हिरासत में लिए गए लोगों में दो वयस्क और दो बच्चियां शामिल हैं।

स्थानीय लोगों के सवाल उठाने और पहचान से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और इन्हें पकड़ा गया। परिवार को हिरासत में लेकर उसकी पहचान, भारत में प्रवेश के रास्ते और स्थानीय स्तर पर मदद करने वाले लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

यह एक बड़ा सवाल है कि बांग्लादेशी नागरिक कर्नाटक के इस दूरदराज इलाके तक कैसे पहुंचे और यहां उनकी पहचान व दस्तावेजों की जांच कैसे हुई? आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से ऐसे मामलों की अहमियत इसलिए बढ़ जाती है, क्योंकि इनके पीछे संभावित रूप से अवैध प्रवास, फर्जी दस्तावेजों और लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाले नेटवर्क की भूमिका की जांच जरूरी हो जाती है।

कब पकड़ा गया परिवार, कौन हैं इसके सदस्य ?

14 अक्टूबर 2026 को सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक कोडागु जिले के पोन्नमपेट तालुका के बालेले ग्राम पंचायत क्षेत्र के कोट्टिगेरी गांव में एक कॉफी बागान से बांग्लादेशी परिवार को पुलिस ने हिरासत में लिया।

  • इनकी पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद सुजान, 28 वर्षीय सोनिया अख्तर के तौर पर हुई है। दो अन्य इनकी नाबालिग बच्चियां हैं।
  • यह परिवार खुद को असम का मजदूर/निवासी बताकर पिछले डेढ़ महीने से इस कॉफी बागान में काम कर रहा था।

कैसे पकड़ा गया ?

स्थानीय लोगों और हिंदू जागरण वेदिके के कार्यकर्ताओं को इस बांग्लादेशी परिवार के हाव-भाव और पहचान को लेकर संदेह हुआ और सवाल उठाए। इसके बाद परिवार को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिसिया पूछताछ में जब इनसे भारतीय नागरिकता के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो ये कोई भी पुख्ता प्रमाण पेश नहीं कर सके। कड़ाई से की गई पूछताछ में मोहम्मद सुजान ने स्वीकार किया कि वे मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं।

इस परिवार के भारत में प्रवेश और कर्नाटक के कोडागु जिले तक पहुंचने की कहानी जांच के लिहाज से कई अहम सवाल खड़े करती है।

भारत कब और कैसे आया ?

पूछताछ में मोहम्मद सुजान ने बताया कि वह करीब दो साल पहले पश्चिम बंगाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इस दौरान एक बिचौलिए की मदद लेने की बात भी सामने आई है। हालांकि, सीमा पार कराने के लिए दी गई रकम और बिचौलिए की के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है।

फिर कर्नाटक कैसे पहुंचा ?

भारत में प्रवेश के बाद बांग्लादेशी घुसपैठिया परिवार के कोलकाता और फिर बेंगलुरु (कर्नाटक)  पहुंचने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि सुजान ने बेंगलुरु में कुछ समय तक छोटे-मोटे काम किए। इस दौरान परिवार ने किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और उनकी पहचान की जांच हुई या नहीं, यह जांच का विषय है।

बेंगलुरु से कोडागु तक कैसा पहुंचा ?

परिवार करीब छह सप्ताह पहले कोडागु जिले के बालेले इलाके में पहुंचा था, जहां वह कॉफी बागान में काम कर रहा था। हालांकि, उन्हें वहां किसने काम दिलाया, क्या किसी बिचौलिए ने उनकी मदद की और क्या उन्हें जानबूझकर वहां भेजा गया था—इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

इस परिवार के पास से बेंगलुरु पंजीकरण वाली मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। अगर यह परिवार के किसी सदस्य के नाम पर है, तो यह पता लगाना आवश्यक होगा कि उसका पंजीकरण किन दस्तावेजों के आधार पर हुआ। यदि वाहन किसी अन्य व्यक्ति का है, तो उसके मालिक और परिवार के बीच संबंध की जांच भी महत्वपूर्ण हो सकती है।

जांच में क्या महत्वपूर्ण ?

इस घटनाक्रम में तीन स्तरों पर जांच महत्वपूर्ण है।

  • सीमा पार कराने वाला व्यक्ति: बिचौलिए की पहचान, उसकी भूमिका और परिवार से उसके संपर्क की जांच।
  • भारत में आगे की यात्रा: कोलकाता से बेंगलुरु और फिर कोडागु तक परिवार कैसे पहुंचा, इसका पता लगाना।
  • स्थानीय स्तर पर मदद: परिवार को काम और रहने की जगह किसने दिलाई तथा क्या किसी ने उसकी पहचान या दस्तावेजों की जांच किए बिना सहायता की।

इन सवालों के जवाब मिलने पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह केवल रोजगार की तलाश में आया एक परिवार था या इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका भी थी।

कॉफी बागान में काम करने वालों के सत्यापन पर सवाल

कोडागु का यह मामला बागान मालिकों और श्रमिकों के दस्तावेजों के सत्यापन पर भी ध्यान खींचता है। स्थानीय स्तर पर मजदूरों की भर्ती के दौरान उनकी पहचान और काम करने की पात्रता की जांच कितनी प्रभावी है, यह एक महत्वपूर्ण सवाल है।

कोडागु पुलिस अधीक्षक ने मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बागान मालिकों को श्रमिकों की पृष्ठभूमि की जांच अधिक सख्ती से करने की चेतावनी देने की बात कही। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा कानूनों के तहत केवल अवैध सीमा प्रवेश के मामले में बागान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान नहीं है।

अब आगे क्या कार्रवाई ?

रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस बांग्लादेशी परिवार को बेंगलुरु स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश करने और निर्वासन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही थी।

आगे की कार्रवाई में राष्ट्रीयता और दस्तावेजों का सत्यापन, भारत में प्रवेश से संबंधित तथ्यों की जांच तथा लागू कानूनों के तहत आवश्यक प्रक्रिया शामिल हो सकती है। निर्वासन से पहले संबंधित अधिकारियों को पहचान और कानूनी स्थिति की पुष्टि करनी होगी।

2026 में दक्षिण भारतीय राज्यों में पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक

नीचे एक चार्ट दिया गया है। जो 17 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों में दर्ज प्रमुख कार्रवाइयों का ब्योरा देती है।

राज्यतारीखस्थानसंख्याकार्रवाई का विवरण
कर्नाटक14 अक्टूबरकोडागु, बालेले4एक परिवार के चार सदस्यों को कथित अवैध निवास के मामले में हिरासत में लिया गया।
कर्नाटक8 अगस्तबेंगलुरु24ऑपरेशन मुक्ता के तहत इलेक्ट्रॉनिक सिटी और व्हाइटफील्ड में कार्रवाई हुई।
कर्नाटकजुलाईमंगलुरु19निर्माण स्थलों पर कार्रवाई में लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तीन कथित बिचौलियों को भी गिरफ्तार किया।
तमिलनाडु14–15 जुलाईहोसुर, कृष्णागिरि73महिलाओं और बच्चों समेत 73 लोगों को हिरासत में लिया गया।
तमिलनाडु2–3 अगस्तचेन्नई, OMR क्षेत्र30 से अधिकदस्तावेज सत्यापन अभियान के दौरान संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया।
तेलंगानाजूनजीडिमेटला, हैदराबाद7किराये के मकान से सात लोगों को पकड़े जाने की खबर आई।
केरलअक्टूबरअडिमाली, इडुक्की1निर्माण कंपनी में काम कर रहे एक व्यक्ति को कथित अवैध प्रवेश और निवास के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
केरलसितंबरकन्नूर और एझिमाला6अलग-अलग कार्रवाइयों में छह लोगों की गिरफ्तारी की खबर सामने आई।
केरल5 जूनकोच्चि, पलारिवट्टम10कथित तौर पर वैध यात्रा दस्तावेजों के बिना रह रहे लोगों को गिरफ्तार किया गया।
केरल30 जूनमावूर, कोझिकोड3प्रवासी मजदूरों के शिविर में जांच के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Leave a Comment