यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ जंग तेज हो रही है। पाकिस्तान की वायुसेना के भी इस लड़ाई में शामिल होने की अपुष्ट खबर सामने आई है। इसी बीच ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर संघर्ष को और खतरनाक मोड़ पर पहुंचा दिया है।
8 अक्टूबर को हुए हमलों में तीन सऊदी नागरिकों की मौत हुई, जिनमें सऊदिया एयरलाइन के एक कैप्टन भी शामिल थे। एयरपोर्ट पर खड़े एक यात्री विमान को भी भारी नुकसान पहुंचा। हमलों के बाद कई एयरलाइंस ने रियाद की उड़ानें रद्द कर दीं और अंतरराष्ट्रीय विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
यह घटनाक्रम एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि अगर सऊदी अरब को पाकिस्तान और दूसरे सहयोगियों का सैन्य समर्थन मिल रहा है, तो हूती विद्रोही उसके प्रमुख एयरपोर्ट और नागरिक विमानन ढांचे को निशाना बनाने में कैसे सफल हो रहे हैं?
रियाद एयरपोर्ट पर आखिर क्या हुआ?
सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन के मुताबिक, 8 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो हमले हुए। पहला हमला एयरपोर्ट की सुविधाओं पर हुआ, जबकि दूसरे में सऊदिया एयरलाइन के जमीन पर खड़े विमान को नुकसान पहुंचा।
चश्मदीदों और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज के अनुसार, हवाई अड्डे के टर्मिनल और विमान पार्किंग बे (Tarmac) के पास भीषण विस्फोट हुए, जिसके बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार उठते देखा गय।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उनकी वायु रक्षा प्रणाली (Patriot Missile Systems) ने कुछ मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद कम से कम दो मिसाइलें हवाई अड्डे के संवेदनशील हिस्सों और ग्राउंडेड एयरबस विमान पर जा गिरीं, जिससे विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया
हमले में सऊदिया एयरलाइन के कैप्टन हमूद अली अलकथामी (Hamoud Ali Alkalthami) समेत तीन की मौतों के साथ कई घायल भी हुई। जिस विमान को नुकसान पहुंचा, उसमें हमले के समय कोई यात्री सवार नहीं थे।
हूतियों ने हमले की जिम्मेदारी ली, सऊदी अरब ने भी किया पलटवार
हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ मिसाइल हमलों की घोषणा की और कहा कि वह अपनी सैन्य कार्रवाई जारी रखेगा। हूती संगठन ईरान के साथ निकटता रखने वाला सशस्त्र समूह है और यमन के बड़े हिस्से पर उसका नियंत्रण रहा है।
दूसरी ओर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की। सऊदी मीडिया के मुताबिक, गठबंधन ने हूती मिसाइलों के तीन लॉन्चर नष्ट किए। यमन की राजधानी सना में सऊदी हवाई हमलों की भी खबर आई। इस तरह संघर्ष केवल सीमित मिसाइल हमलों तक नहीं रहा, बल्कि दोनों पक्षों के बीच हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाई का सिलसिला तेज हो गया।
वैश्विक विमानन क्षेत्र में हड़कंप ?
इस भीषण हूती हमले के बाद रियाद हवाई अड्डे पर 330 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और वैश्विक विमानन कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।
- एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर सहित कई एयरलाइंस ने सुरक्षा चिंताओं के बीच रियाद की उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कीं।
- दिल्ली से रियाद जा रही एयर इंडिया की एक नियमित उड़ान (AI2243) को उस समय बीच हवा से वापस मोड़ा गया, जब विमान अरब सागर के ऊपर था और रियाद हवाई अड्डे पर हमले की लाइव रिपोर्ट प्राप्त हुई विमान को सुरक्षित वापस दिल्ली डायवर्ट किया गया।
- पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस ने भी रियाद की उड़ानें सस्पेंड कीं। पाकिस्तानी पीएम ने हमलों की निंदा की।
- अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने भी अपने संचालन की समीक्षा की
भारत सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया और एडवायजरी
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है और सऊदी अरब के प्रति अपनी एकजुटता प्रकट की है। इसके साथ ही, रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय प्रवासियों के लिए एक सख्त सुरक्षा एडवायजरी जारी की है। सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सतर्क रहने, घरों के भीतर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
- दूतावास ने विशेष रूप से भारतीय नागरिकों को हिदायत दी है कि वे सोशल मीडिया पर इस हमले से जुड़े किसी भी अपुष्ट वीडियो, अफवाह या संवेदनशील दृश्यों को शेयर या रीपोस्ट न करें, क्योंकि इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है।








